मिस्र में यात्री ट्रेनों की टक्कर में दो की मौत, 29 घायल
मिस्र के स्वास्थ्य मंत्रालय ने शनिवार को बताया कि उत्तर-पूर्व काहिरा के शार्किया गवर्नरेट के जगाजिग शहर में दो यात्री ट्रेनों की टक्कर में दो लोगों की मौत हो गई। जबकि 29 अन्य घायल हो गए। मंत्रालय ने कहा, घायलों को अस्पतालों में ले जाया गया और बचाव अभियान जारी है। रेलवे प्राधिकरण ने एक बयान में कहा कि एक ट्रेन जगाजिग शहर से इस्माइलिया शहर की ओर जा रही थी, जबकि दूसरी मंसूरा शहर से जगाजिग शहर की ओर जा रही थी।
मालदीव-चीन ने रक्षा सहयोग मजबूत करने के तरीकों पर की चर्चा
मालदीव और चीन ने दोनों देशों के बीच रक्षा सहयोग को मजबूत करने के तरीकों पर चर्चा की। मालदीव के रक्षा मंत्रालय ने शुक्रवार को एक्स पर एक पोस्ट में कहा, रक्षा मंत्री घासन मौमून ने 11वें बीजिंग जियांगशान फोरम के मौके पर अपने चीनी समकक्ष एडमिरल डोंग जून से मुलाकात की। चर्चा के विवरण का खुलासा किए बिना कहा, 'बैठक के दौरान, दोनों मंत्रियों ने दोनों देशों के बीच रक्षा सहयोग को मजबूत करने के तरीकों पर चर्चा की।' चीन में मालदीव के राजदूत डॉ. फजील नजीब भी बैठक के दौरान मौजूद थे। मालदीव और चीन पहले भी सैन्य संबंधों को मजबूत करने के लिए बातचीत कर चुके हैं।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, मार्च में मालदीव और चीन ने मालदीव की सैन्य और सुरक्षा सेवाओं को सैन्य सहायता प्रदान करने के लिए एक समझौते पर हस्ताक्षर किए। समझौते के तहत, राष्ट्रपति मोहम्मद मुइज्जू ने कहा था कि चीन मालदीव को सैन्य उपकरण और प्रशिक्षण प्रदान करेगा। हालांकि, उन्होंने विवरण नहीं दिया।
भारत में नए कानून के चलते एनजीओ को दान में मुश्किलें
अमेरिकी डेमोक्रेटिक नेता एवं वरिष्ठ सांसद टिम केन ने कहा है कि भारत के विदेशी अंशदान विनियमन अधिनियम (एफसीआरए) के कारण वहां संचालित एनजीओ के लिए अन्य देशों से दान प्राप्त करना ‘बहुत कठिन’ हो गया है।
उन्होंने कहा, एमनेस्टी और अन्य संगठनों को भारत में सेवाएं या तो सीमित करनी पड़ीं अथवा बंद करनी पड़ी हैं, क्योंकि उनका संचालन दान से जुटाए धन पर निर्भर है। केन ने सीनेट की विदेश संबंध समिति द्वारा आयोजित ‘एनजीओ विरोधी कानून और लोकतांत्रिक दमन के अन्य तरीकों’ पर संसद में चर्चा के दौरान यह बयानबाजी की।
बाइडन व स्टारमर ने पुतिन की धमकियों को किया नजरअंदाज
अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन व ब्रिटिश पीएम कीर स्टारमर ने वाशिंगटन में मिलकर रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन की धमकियों को नजरअंदाज किया। पीएम स्टामर से पूछा गया कि क्या उन्होंने रूस के अंदर लंबी दूरी तक मार करने वाली स्टॉर्म शैडो मिसाइल के इस्तेमाल की यूक्रेन को मंजूरी देने को लेकर बाइडन को सहमत कराया है। इस पर उन्होंने कहा, इस पर कोई अंतिम फैसला नहीं हो पाया। जब उनसे पुतिन की धमकी के संबंध में राय व्यक्त करने को कहा गया तो उन्होंने इसे नरअंदाज कर दिया।
पश्चिम ने रूस पर हमले का मन बनाया : मॉस्को
रूस के उप विदेश मंत्री सर्गेई रयाबकोव का दावा है कि कि यूक्रेन को रूस पर लंबी दूरी की मिसाइलों से हमला करने की अनुमति देने का मन बना लिया है। यदि ऐसा हुआ तो रूस जवाब देगा।
जी-20 देश दुष्प्रचार से लड़ने व एआई दिशानिर्देशों पर सहमत
जी-20 समूह नेताओं ने दुष्प्रचार से लड़ने और एआई पर एक एजेंडा स्थापित करने को लेकर सहमति जताई है। उन्होंने डिजिटल प्लेटफार्मों को पारदर्शी व कानूनी ढांचे के अनुरूप बनाने पर जोर दिया।