हैरिस ने रैली में फूंका बिगुल ट्रंप को हराएंगे, हम ही जीतेंगे
अमेरिकी राष्ट्रपति चुनाव में डेमोक्रेट उम्मीदवार कमला हैरिस ने कई प्रमुख प्रांतों में लोकप्रियता में बढ़त हासिल कर ली है। उनकी रैलियों में रिकॉर्ड भीड़ आ रही है। हैरिस ने एक कार्यक्रम में कहा, ‘हम ट्रंप को हराएंगे, यह चुनाव जीतेंगे।’ हैरिस ने इस कार्यक्रम में 1.2 करोड़ डॉलर का चंदा जुटाया।
ब्रिटिश नौसेना प्रमुख ने लंदन में आईएनएस तबर का दौरा किया
रॉयल नेवी के प्रथम सी लॉर्ड और चीफ ऑफ नेवल स्टाफ एडमिरल बेन की ने लंदन में अपने प्रवास के दौरान आईएनएस तबर का दौरा किया। आईएनएस तबर के कमांडिंग ऑफिसर कैप्टन एमआर हरीश ने बेन की को जहाज की क्षमताओं और दोनों नौसेनाओं के बीच संबंधों को बढ़ावा देने के लिए ऑपरेशनल डिप्लॉयमेंट के उद्देश्य की जानकारी दी।
सिंगापुर: भारतवंशी पूर्व मंत्री ईश्वरन की सुनवाई टली
सिंगापुर के भारतीय मूल के पूर्व परिवहन मंत्री एस ईश्वरन के मुकदमे की 13 अगस्त को होने वाली सुनवाई टल गई है। अटॉर्नी-जनरल चैंबर्स (एजीसी) ने कहा कि मुकदमे की तारीख 10 से 13 सितंबर पुनर्निर्धारित कर दी गई है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, ईश्वरन उच्च न्यायालय के फैसले के खिलाफ अपील करने का इरादा रखते हैं, जहां जुलाई में एक न्यायाधीश ने अभियोजन पक्ष को अपने सभी 56 गवाहों के बयान सौंपने के लिए मजबूर करने के अपने प्रयास को खारिज कर दिया था। 62 वर्षीय पूर्व मंत्री पर कुल 35 आरोप हैं, जिनमें से दो भ्रष्टाचार के हैं। अन्य 32 मामले एक लोक सेवक के रूप में अधिक मूल्य की वस्तुएं प्राप्त करने के लिए हैं, जबकि एक न्याय के मार्ग में बाधा डालने के लिए है।
भारतीय राजदूत विनय मोहन क्वात्रा ने सोमवार को अमेरिका में भारत के नये राजदूत के रूप में कार्यभार संभाल लिया। इस दौरान उन्होंने दोनों देशों के बीच महत्वपूर्ण साझेदारी को मजबूत करने की दिशा में काम करते रहने की प्रतिबद्धता जताई। विनय क्वात्रा (61 वर्षीय) बीती 14 जुलाई को ही भारत के विदेश सचिव पद से सेवानिवृत्त हुए थे।
क्वात्रा अमेरिका में भारत के नये राजदूत के रूप में सेवाएं देने के लिए सोमवार को वाशिंगटन पहुंचे। उन्होंने तरणजीत सिंह संधू की जगह ली, जो साल की शुरुआत में विदेश सेवा से सेवानिवृत्त हुए थे। संधू 2020 से 2024 तक अमेरिका में भारत के राजदूत पद पर कार्यरत थे। कार्यभार संभालने के तुरंत बाद क्वात्रा ने 'एक्स' पर एक पोस्ट में लिखा, 'अमेरिका में भारत के राजदूत के रूप में कार्यभार संभालने का सौभाग्य प्राप्त हुआ। भारतीय दूतावास की टीम इस महत्वपूर्ण साझेदारी को मजबूत करने के लिए पूरी शिद्दत से काम करना जारी रखेगी।' क्वात्रा वाशिंगटन स्थित भारतीय दूतावास में वाणिज्यदूत के रूप में सेवाएं दे चुके हैं। विदेश सचिव नियुक्त किए जाने से पहले वह फ्रांस और नेपाल में भी भारत के राजदूत के तौर पर अपनी सेवाएं दे चुके हैं।
महिलाओं के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज
पाकिस्तान में दो महिलाओं के खिलाफ ईशनिंदा के आरोप में रिपोर्ट दर्ज की गई है। पंजाब प्रांत के कसूर जिले के रायकलां गांव में एक इमाम काशिफ अली ने एक निजी स्कूल की प्रधानाचार्य शहनाज खान और उसकी सहयोगी शाजिया करामत पर आरोप लगाया कि दोनों ने कुरान के पन्ने जला दिए और परिवार के साथ गांव से भाग गईं। काशिफ अली ने मस्जिद से यह एलान किया तो लोगों में आक्रोश फैल गया। पुलिस अधिकारी खालिद सलीम ने बताया कि जानकारी मिलने के बाद भीड़ आरोपी शहनाज खान के घर और स्कूल पर पहुंची। तब तक वे भाग चुकी थीं। हालांकि वहा पुलिस तैनात कर दी गई है। दोनों महिलाओं के खिलाफ धारा 295-बी के तहत रिपोर्ट दर्ज की गई है। पिछले सप्ताह भी पुलिस ने ईसाई बहनों सामिया मसीह और सोनिया मसीह के खिलाफ ईशनिंदा का मुकदमा दर्ज किया था। आरोप था कि दोनों बहनों ने अपने घर के बाहर कुरान के पन्नों से भरी एक बोरी फेंक दी थी। माइनॉरिटी अलायंस पाकिस्तान के चेयरमैन एडवोकेट अकमल भट्टी ने कहा कि ईसाई बहनों के खिलाफ बेअदबी के आरोप झूठे हैं।