पाकिस्तान ने अफगानिस्तान से कहा- हमले के साजिशकर्ताओं को सौंपें
उधर, पाकिस्तान ने शुक्रवार को अफगानिस्तान से आग्रह किया कि वह हाल ही में हुए आतंकवादी हमलों के कथित साजिशकर्ताओं को इस्लामाबाद को सौंपे। खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के बेशम इलाके में 26 मार्च को एक वाहन को निशाना बनाया गया था। पाकिस्तान ने जांच में पाया है कि हमले की योजना प्रतिबंधित तहरीक-ए-तालिबान (टीटीपी) ने बनाई थी और अफगानिस्तान में अपने ठिकानों से इस हमले को अंजाम दिया था।
विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता मुमताज जहरा बलोच से मीडिया ब्रीफिंग के दौरान पूछा गया था कि क्या पाकिस्तानी अधिकारियों ने गुरुवार को काबुल में हुई बैठक में अफगानिस्तान की अंतरिम सरकार से 26 मार्च को हुए हमले के साजिशकर्ताओं को सौंपने की मांग की थी। इस पर प्रवक्ता ने कहा, हां, जवाब में हां में है। उन्होंने कहा, पाकिस्तान ने हमले की जांच के संबंध में परिणाम साझा किए हैं। हमले के दोषियों को पकड़ने में अफगानिस्तान की मदद मांगी है। उन्होंने कहा कि अफगान पक्ष किसी भी आतंकवादी गतिविधि के लिए अपनी सरजमीं का इस्तेमाल रोकने के लिए प्रतिबद्ध है और जांच के निष्कर्षों की जांच करने व पाकिस्तान के साथ काम करने के लिए सहमत हुआ है।
मलयेशिया के पर्वतारोही को बचाया गया
उत्तरी अमेरिका के सबसे ऊंचे पर्वत की चोटी के पासक तीन दिनों से फंसे मलयेशिया के एक पर्वतारोही को बचा लिया गया है। लेकिन उसके साथी की मौत हो गई। उनकी टीम के तीसरे सदस्य को इस हफ्ते अलास्का में डेनाली से नीचे उतरने के बाद बचाया गया था। कई दिनों तक बादल छाए रहने और हवा चलने के बाद शुक्रवार सुबह डेनाली नेशनल पार्क और प्रिजर्व के कर्मी 19,600 फीट की ऊंचाई पर जीवित पर्वतारोही को बचाने में सफल रहे, जहां वह और उसका साथी मंगलवार देर रात से बर्फ की गुफा में छिपे हुए थे।
जुकरबर्ग को राहत, जज ने स्वीकारी मुकदमा खारिज करने की अर्जी
न्यू मैक्सिको के न्यायाधीश ब्रायन बिडशेड ने मार्क जुकरबर्ग के खिलाफ दायर मुकदमे को खारिज करने का अनुरोध स्वीकार कर लिया। मुकदमे में मेटा के विरुद्ध सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर युवा यूजरों को यौन शोषण से बचाने में नाकामी का आरोप लगााया गया था। मुकदमे के वादियों ने कहा, मेटा कर्मियों का अनुमान है कि कंपनी के प्लेटफार्म पर हर दिन 1 लाख बच्चे यौन उत्पीड़न के शिकार होते हैं।
भारत का क्षेत्रीय रक्षा कूटनीति पर ध्यान
शांगरी-ला संवाद की शुरुआत में शुक्रवार को जारी एक रिपोर्ट में कहा गया कि भारत ने अपना ध्यान क्षेत्रीय रक्षा कूटनीति, जुड़ाव और मुद्दा-आधारित साझेदारी पर बढ़ाया है। लंदन के इंटरनेशनल इंस्टीट्यूट फॉर स्ट्रैटेजिक स्टडीज (आईआईएसएस) की रिपोर्ट के मुताबिक, भारत की बढ़ती रक्षा भूमिका व साझेदारी संभवतः भारत-चीन संबंधों की बढ़ती प्रतिस्पर्धा में योगदान देगी।
रिपोर्ट के मुताबिक, यदि भारत-चीन संबंध और बिगड़ते हैं तो यह क्षेत्र दो शक्तियों के बीच बंट सकता है। इससे रक्षा संबंध और बिगड़ सकते हैं। एशिया-प्रशांत क्षेत्रीय सुरक्षा आकलन (एपीआरएसए) की एक रिपोर्ट में कहा गया है कि पसंदीदा सुरक्षा भागीदारी के कारण क्षेत्रीय मनमुटाव बढ़ सकता है। रिपोर्ट के अनुसार, भारत इन सब के बावजूद एशिया-प्रशांत क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ना पसंद करेगा।
आगामी महीनों में सैन्य वार्ता फिर शुरू करेंगे अमेरिका-चीन
अमेरिकी रक्षा मंत्री लॉयड ऑस्टिन ने सिंगापुर में शुक्रवार को चीन के रक्षा मंत्री डोंग जून से हुई बैठक के बाद कहा, आगामी माह में अमेरिका-चीन के बीच सैन्य संचार फिर से शुरू किया जाएगा। दोनों महाशक्तियों के बीच जारी तनाव के बीच सिंगापुर में यह वार्ता बेहद अहम मानी जा रही है। दोनों नेताओं ने यहां क्षेत्रीय-वैश्विक सुरक्षा मुद्दों पर चर्चा के लिए शांगरी-ला संवाद से इतर यह मुलाकात की। यह बैठक 18 महीनों में अमेरिकी और चीनी रक्षा प्रमुखों के बीच पहली आमने-सामने की मुलाकात थी।
भारत ने तैयार की स्वास्थ्य कार्यों को लागू करने को प्रतिबद्ध अहम रूपरेखा
भारत ने जिनेवा यूनिसेफ आदि की मदद से आयोजित एक कार्यक्रम में महिलाओं, बच्चों व किशोरों के स्वास्थ्य-कल्याण के लिए कार्यों को लागू करने की भारत की प्रतिबद्धता पर अहम रूपरेखा पेश की। जिनेवा में 77वीं विश्व स्वास्थ्य सभा पर आयोजित में केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव अपूर्व चंद्रा ने स्वास्थ्य-कल्याण के लिए सक्रिय रूपरेखा लागू करने को लेकर सभी वैश्विक संस्थाओं को अवगत कराया।