फैसल करीब कुंडी बने खैबर पख्तूनख्वा के राज्यपाल
पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी (पीपीपी) के फैसल करीब कुंडी ने शनिवार को खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के राज्यपाल के रूप में शपथ ली। पेशावर उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश इश्तियाक इब्राहिम ने राजभवन में आयोजित एक समारोह के दौरान फैसल करीब कुंडी को पद की शपथ दिलाई। पीपीपी नेता कुंडी ने 2008 से 2013 तक नेशनल असेंबली के उप सभापति के रूप में काम किया है। उन्होंने पाकिस्तान डेमोक्रेटिक मूवमेंट (पीडीएम) गठबंधन की सरकार में प्रधानमंत्री के सलाहकार के रूप में भी काम किया। शपथ के बाद कुंडी ने कहा कि प्रांत और केंद्र के बीच एक बुल बनाने के लिए हर संभव प्रयास किया जाएगा।
अच्छे व बुरे आतंकवाद में कोई फर्क ही नहीं : इंटरपोल महासभा में भारत
फ्रांस में हाल में संपन्न हुई इंटरपोल की 19वीं महासभा में भारत ने आतंकवाद, साइबर सक्षम वित्तीय धोखाधड़ी और ऑनलाइन कट्टरपंथ जैसे अंतरराष्ट्रीय अपराधों से निपटने पर जोर दिया। भारत ने इन्हें रोकने के लिए इंटरपोल के जरिये ठोस कार्रवाई की मांग की और कहा कि अच्छे और बुरे आतंकवाद में कोई भी अंतर नहीं होता। बता दें, पाकिस्तान पड़ोस में फैलाए आतंकी जाल को अच्छा आतंकवाद कहता है। भारत की तरफ से प्रवीण सूद ने कहा, ऑनलाइन कट्टरपंथ वैश्विक सुरक्षा के लिए बड़ी चुनौती है।
भारत-स्वीडन का प्रौद्योगिकियों पर ध्यान केंद्रित करने पर विशेष बल
भारत और स्वीडन द्वारा स्टॉकहोम में आयोजित विदेश कार्यालय परामर्श के 7वें सत्र में सेमीकंडक्टर, ग्रीन स्टील और ग्रीन बैटरी जैसी नई उभरती प्रौद्योगिकियों पर ध्यान केंद्रित करने पर जोर दिया गया। इस दौरान द्विपक्षीय सहयोग के सभी क्षेत्रों में प्रगति का स्वागत किया गया और नवाचार, स्थिरता, व्यापार और निवेश के प्राथमिकता वाले क्षेत्रों में आगे बढ़ने पर विचार-विमर्श किया गया। बैठक में भारतीय पक्ष का नेतृत्व विदेश मंत्रालय में सचिव (पश्चिम) पवन कपूर ने किया।
ब्रिटेन के टीवी शो में दिखेंगी राधिका-सीमा
अगले हफ्ते से ब्रिटेन में चैनल-4 के एक टीवी शो में नई वास्तविक दुनिया शृंखला के तहत दो भारतवंशी महिला पेशेवर सीमा आनंद व राधिका हॉवर्थ को दिखाया जाने वाला है। इसमें प्रतियोगियों को भारी नकद पुरस्कार के लिए कुछ घंटों में पैसे दोगुना करने की चुनौती दी गई है।
कांगो : विस्थापितों के शिविरों में धमाके, बच्चों समेत 12 की मौत
पूर्वी कांगो के किवु प्रांत में विस्थापित लोगों के दो शिविरों पर किए गए हमलों में बच्चों समेत 12 की मौत हो गई। स्थानीय अधिकारियों, एक सहायता समूह और संयुक्त राष्ट्र ने यह जानकारी दी। यह घटना उत्तरी किवु की प्रांतीय राजधानी गोमा शहर के पास लैक वर्ट और मुगुंगा में हुई। संयुक्त राष्ट्र ने इन हमलों को ‘मानवाधिकारों और अंतरराष्ट्रीय मानवीय कानून का घोर उल्लंघन’ बताया। संयुक्त राष्ट्र ने कहा, इन हमलों को युद्ध अपराध माना जा सकता है।
पाकिस्तान : प्रदर्शन कर रहे लोगों पर पुलिस ने चलाई गोली, 4 मरे
पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत के चमन जिले में अर्धसैनिक फ्रंटियर कोर ने शांतिपूर्वक विरोध प्रदर्शन कर रहे लोगों पर गोलियां चला दीं। इससे चार लोगों की मौत हो गई और और 21 अन्य घायल हो गए। प्रमुख बलूच कार्यकर्ता महरंग बलूच ने पाकिस्तानी सुरक्षा बलों की कार्रवाई को शांतिपूर्ण सभा के मौलिक अधिकार का घोर उल्लंघन करार दिया है। टोलो न्यूज के अनुसार, यह घटना स्पिन बोल्डक-चमन क्रॉसिंग की रुकावट के कारण विरोध प्रदर्शन के बाद हुई।
संयुक्त राष्ट्र के विशेष दूत ने अफगानिस्तान में मीडिया पर पाबंदियों को लेकर जताई चिंता
अफगानिस्तान के लिए संयुक्त राष्ट्र मानवाधिकार परिषद (यूएनएचआरसी) के विशेष दूत रिचर्ड बेनेट ने अफगानिस्तान में मीडिया पर बढ़ रहे प्रतिबंधों पर चिंता जताई है। बेनेट ने विश्व प्रेस स्वतंत्रता दिवस के मौके पर अफगानिस्तान में मीडिया के महत्व पर जोर दिया और पत्रकारों के लिए दुनियाभर में समर्थन का आग्रह किया। टोलो न्यूज ने यह जानकारी दी।
वहीं, अफगानिस्तान में अमेरिकी प्रभारी केरेन बी डेकर ने अलग-अलग संदेशों में पत्रकारोंकी आवाज को सुनने के महत्व पूर जोर दिया। उन्होंने कहा, अफगानिस्तान के पत्रकार वहां की आवाज हैं। उन्हें सुनने की जरूरत है। इस विश्व प्रेस स्वतंत्रता दिवस पर हम दुनिया भर में प्रेस की आजादी के लिए एकजुट हैं।