यूएई से कराची आ रहा विमान लापता: पांच चालक दल के सदस्यों के साथ पाकिस्तानी कार्गो विमान का संपर्क टूटा
विज्ञापन
संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) से कराची आ रहा एक पाकिस्तानी कार्गो विमान मंगलवार शाम को लापता हो गया। पाकिस्तान एयरपोर्ट्स अथॉरिटी (पीएए) के अनुसार, इस विमान में चालक दल के पांच सदस्य सवार थे। लापता विमान की तलाश के लिए समुद्र में खोज और बचाव अभियान शुरू किया गया है। पीएए ने सोशल मीडिया पर बताया कि के2 एयरवेज का बी737 कार्गो विमान शारजाह से कराची आ रहा था। मंगलवार रात 9:18 बजे विमान ने नेविगेशन सिस्टम में खराबी की सूचना दी, जिसके बाद कराची एरिया कंट्रोल सेंटर ने उसे गाइड किया। इसके बाद रात 9:22 बजे विमान तेजी से नीचे की ओर जाता दिखा और उसका रास्ता भी बदल गया। इसके तुरंत बाद कराची से लगभग 155 समुद्री मील (एनएम) पश्चिम में विमान का रडार और संचार संपर्क टूट गया। घटना के बाद रेस्क्यू कोऑर्डिनेशन सेंटर को सक्रिय कर दिया गया है और विभिन्न एजेंसियों की मदद से समुद्र में खोज अभियान चलाया जा रहा है।
भारत ने जेसन मिलर की फर्म के साथ बढ़ाया लॉबिंग अनुबंध
भारत ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के करीबी सहयोगी जेसन मिलर की फर्म 'एसएचडब्ल्यू पार्टनर्स एलएलसी' के साथ अपना लॉबिंग अनुबंध बढ़ा दिया है। फॉरेन एजेंट्स रजिस्ट्रेशन एक्ट (फारा) के तहत सार्वजनिक किए गए दस्तावेजों के अनुसार, यह नया अनुबंध 24 अप्रैल को हस्ताक्षरित हुआ और यह 23 अप्रैल 2027 तक चलेगा। इसके लिए भारत हर महीने 1,50,000 डॉलर (सालाना 18 लाख डॉलर) का भुगतान करेगा। भारतीय दूतावास ने पिछले साल पहलगाम आतंकी हमले के ठीक बाद इस फर्म को काम पर रखा था। यह फर्म अमेरिकी सरकार, कांग्रेस और अन्य संस्थानों के समक्ष नीतिगत मामलों पर रणनीतिक सलाह और सरकारी संबंधों में मदद देती है।
दस्तावेजों के अनुसार, मिलर ने इस साल 25 जनवरी से दो फरवरी के बीच ट्रंप प्रशासन के कई बड़े अधिकारियों जैसे जेमिसन ग्रीर, स्कॉट बेसेंट, हॉवर्ड लटनिक और सूसी वाइल्स से फोन पर बात की। इसके बाद दो फरवरी को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रपति ट्रंप की बातचीत के बाद दोनों देशों ने अंतरिम द्विपक्षीय व्यापार समझौते की घोषणा की थी। इसके अलावा, मिलर ने रूस से कच्चे तेल की खरीद पर प्रतिबंधों से छूट के मामले में भी अमेरिकी अधिकारियों से संपर्क किया था। उन्होंने मार्च और अप्रैल में ट्रेजरी विभाग के फ्रांसिस ब्रुक से पांच बार बात की और नवंबर-दिसंबर 2025 के बीच भारत में अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर से तीन बार मुलाकात की। अमेरिका में लॉबिंग कानूनी रूप से मान्य है।
बांग्लादेश के रोहिंग्या कैंप में भूस्खलन: मलबे में दबने से आठ मासूम बच्चों की दर्दनाक मौत, पांच घायल
बांग्लादेश के कॉक्स बाजार स्थित उखिया उपजिला के रोहिंग्या शरणार्थी शिविर में भारी बारिश के बाद अचानक हुए भीषण भूस्खलन में मलबे में दबने से आठ मासूम बच्चों की दर्दनाक मौत हो गई। शरणार्थी राहत और प्रत्यावर्तन आयुक्त मिजानुर रहमान ने इस बेहद दुखद घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि हादसे की चपेट में आए पांच अन्य घायल बच्चों को रेस्क्यू कर तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। संयुक्त राष्ट्र शरणार्थी उच्चायुक्त की ओर से जारी तस्वीरों में तबाही का खौफनाक मंजर साफ देखा जा सकता है, जहां बांस और तिरपाल से बने अस्थायी आशियाने मिट्टी के भारी मलबे में दफन हो गए और स्थानीय प्रशासन व राहत एजेंसियां मौके पर बचाव कार्य में जुटी हैं।
मरियम नवाज ने हिज्बुल आतंकी बुरहान वानी को बताया नायक
पाकिस्तान के पंजाब प्रांत की मुख्यमंत्री मरियम नवाज ने हिज्बुल मुजाहिद्दीन के मारे गए आतंकी बुरहान वानी को सच्चा नायक बताते हुए कहा कि उनका देश कश्मीर के मुद्दे को अंतरराष्ट्रीय मंचों पर उठाता रहेगा। बुरहान जुलाई 2016 में दक्षिण कश्मीर में सुरक्षाबलों के साथ मुठभेड़ में मारा गया था।
बुरहान की दसवीं बरसी पर जारी एक बयान में मुख्यमंत्री मरियम ने कहा, बुरहान वानी कश्मीर के लोगों के लिए हमेशा एक सच्चा नायक रहेगा। पाकिस्तान कश्मीरी लोगों की आवाज उठाता रहेगा और उनके मुद्दे को हर अंतरराष्ट्रीय मंचों पर मजबूती से रखेगा। मरियम का यह बयान ऐसे समय आया, जब पिछले सप्ताह उनकी एक तस्वीर सामने आई थी, जिसमें वह पाकिस्तान मरकजी मुस्लिम लीग (पीएमएमएल) के प्रमुख खालिद मसूद संधू के साथ दिखाई दी थीं। पीएमएमएल प्रतिबंधित जमात-उद-दावा का राजनीतिक संगठन माना जाता है।
जमात-उद-दावा प्रमुख हाफिज सईद को 2008 के मुंबई आतंकी हमलों का मास्टरमाइंड माना जाता है। इसके अलावा राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने हाफिज सईद को पिछले साल पहलगाम में हुए आतंकी हमले में भी आरोपी बनाया है। जम्मू की विशेष अदालत में दाखिल एनआईए की पूरक चार्जशीट के मुताबिक, लश्कर सरगना हाफिज ने पाकिस्तान में बैठकर पहलगाम आतंकी हमले की साजिश रची थी, जिसमें 26 भारतीय नागरिकों की मौत हुई थी।