अमेरिकी गवर्नर पद के उम्मीदवार विवेक रामास्वामी ने वॉल स्ट्रीट जर्नल में एक लेख में कहा कि वे नए साल के संकल्प के हिस्से के रूप में इस साल सोशल मीडिया छोड़ देंगे। उन्होंने बताया कि मैंने 2026 में सोशल मीडिया से पूरी तरह परहेज करने की योजना बनाई है। नए साल की पूर्व संध्या पर, मैंने अपने फोन से X और इंस्टाग्राम डिलीट कर दिए। इसके बाद रामास्वामी ने कहा कि उनकी टीम उनके लिए प्रचार करने के लिए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल करेगी।
रणनीतिक तौर पर शानदार था अभियान: ट्रंप
वेनेजुएला में की गई सैन्य कार्रवाई को लेकर अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने मंगलवार को कहा कि यह एक अद्भुत सैन्य कार्रवाई थी। वास्तव में एक स्तब्ध कर देने वाली सैन्य उपलब्धि है। लोग कह रहे हैं कि यह सबसे अविश्वसनीय अभियानों में से एक था। यह बहुत जटिल अभियान था। 152 विमान थे, जमीन पर बड़ी संख्या में हमारे सैनिक थे। लेकिन यह कमाल का था। सोचिए, हमारे पक्ष में कोई भी नहीं मारा गया। दूसरी तरफ बहुत से लोग मारे गए। दुर्भाग्य से ऐसा हुआ। ज्यादातर सैनिक क्यूबा के थे, लेकिन बहुत-बहुत लोग मारे गए। उन्हें पता था कि हम आ रहे हैं। हमारे सैनिक हेलिकॉप्टरों से कूद रहे थे। रणनीति के लिहाज से यह बेहद शानदार था। लगभग पूरे देश की बिजली एक झटके में बंद कर दी गई। तभी उन्हें समझ आया कि कुछ गड़बड़ है। कहीं बिजली नहीं थी, सिर्फ मोमबत्ती वालों के पास रोशनी थी। सब कुछ बंद था। इस तरह हमने उन्हें अचानक पकड़ लिया। यह रणनीतिक तौर पर शानदार था।
ब्रिटेन ने इस्लामी उपदेशक के प्रवेश पर लगाई रोक
ब्रिटिश मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि ब्रिटेन ने 2023 को इस्राइल में हुए हमले के बाद चरमपंथी हमास नेटवर्क का बचाव करने के कारण एक इस्लामिक उपदेशक के देश में प्रवेश पर रोक लगा दी है। 'द डेली टेलीग्राफ' के अनुसार, गृह सचिव शबाना महमूद ने अमेरिका के एक विद्वान डॉ. शेडी एलमासरी की यात्रा अनुमति रद्द कर दी। एलमासरी इस सप्ताहांत से बर्मिंघम, बोल्टन और लंदन में मुस्लिम चैरिटी ग्लोबल रिलीफ ट्रस्ट द्वारा आयोजित बातचीत में शामिल होने वाले थे।
हालांकि ब्रिटिश गृह मंत्रालय ने व्यक्तिगत मामलों पर टिप्पणी करने से इनकार कर दिया, लेकिन एक प्रवक्ता ने कहा कि ब्रिटेन में ऐसे विदेशी नागरिकों के लिए कोई जगह नहीं है जो 'नफरत फैलाते हैं या चरमपंथी विचारों को बढ़ावा देते हैं'। प्रवक्ता ने कहा, जो कोई भी नफरत भड़काने या हमारे समुदायों को बांटने की कोशिश करेगा, उसे यूके में प्रवेश करने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
ईरान में आर्थिक विरोध प्रदर्शन में अब तक 35 की मौत
ईरान में महंगाई, बेरोजगारी और खराब आर्थिक हालात के खिलाफ चल रहे विरोध प्रदर्शनों में हिंसा तेज हो गई है। मानवाधिकार कार्यकर्ताओं के अनुसार, अब तक कम से कम 35 लोगों की मौत हो चुकी है और 1,200 से ज्यादा लोगों को हिरासत में लिया गया है। यह प्रदर्शन एक हफ्ते से ज्यादा समय से जारी हैं। अमेरिका स्थित मानवाधिकार कार्यकर्ता समाचार एजेंसी ने बताया कि मारे गए लोगों में 29 प्रदर्शनकारी, चार बच्चे और दो सुरक्षाकर्मी शामिल हैं। संगठन का कहना है कि उसे ईरान के अंदर मौजूद कार्यकर्ताओं से जानकारी मिलती है और पहले भी उसकी रिपोर्टिंग भरोसेमंद रही है।
वहीं, ईरान की अर्ध-सरकारी फ़ार्स न्यूज एजेंसी के अनुसार, इन प्रदर्शनों में 250 पुलिसकर्मी और बसीज बल के 45 सदस्य घायल हुए हैं। बसीज बल, ईरान की शक्तिशाली इस्लामिक क्रांतिकारी गार्ड कोर से जुड़ा माना जाता है। सरकार ने अशांति के लिए विदेशी ताकतों को जिम्मेदार ठहराया है, जबकि मानवाधिकार संगठन बल प्रयोग की आलोचना कर रहे हैं। हालात अभी भी तनावपूर्ण बने हुए हैं।
यूक्रेन युद्ध: रूस के सीमा क्षेत्रों में ड्रोन हमले, दो की मौत
यूक्रेन और रूस के बीच चल रहे युद्ध के बीच रूस के सीमा क्षेत्रों में ड्रोन हमलों की खबर सामने आई है। स्थानीय अधिकारियों के मुताबिक, यूक्रेनी ड्रोन हमलों में दो लोगों की मौत हो गई है। ये हमले ऐसे समय पर हुए हैं, जब इस युद्ध को खत्म करने के लिए पेरिस में शांति वार्ता होने वाली है। रूस के बेलगेरोड क्षेत्र के गवर्नर व्याचेस्लाव ग्लाडकोव ने बताया कि एक ड्रोन ने एक कार को निशाना बनाया, जिसमें एक व्यक्ति की मौत हुई और एक बच्चा समेत दो लोग घायल हुए।
इसके अलावा कुर्स्क इलाके में भी एक ड्रोन हमले में एक और व्यक्ति की जान गई। वहीं, यूक्रेन के खार्किव क्षेत्र में रूसी हमलों से तीन लोग घायल हुए हैं। शुक्रवार को हुए रूसी मिसाइल हमले में मरने वालों की संख्या बढ़कर पांच हो गई है। यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोडिमीर जेलेंस्की ने कहा कि सुरक्षा गारंटी से जुड़े दस्तावेजों पर बातचीत तेज हो गई है। पेरिस में यूरोपीय और अमेरिकी प्रतिनिधियों के साथ अहम बैठकें प्रस्तावित हैं।
बीरगंज में कर्फ्यू का टाइम बढ़ाया
नेपाल में भारतीय सीमा से सटे बीरगंज के कुछ हिस्सों में सांप्रदायिक तनाव बढ़ने के बाद जारी कर्फ्यू का समय और बढ़ा दिया गया है। बीरगंज के कई अलग-अलग क्षेत्रों में हिंदू और मुस्लिम समुदायों में हिंसक झड़पें देखने को मिली। ऐसे में प्रशासन की ओर से कर्फ्यू को 6 जनवरी तक बढ़ा दिया गया है। जिला प्रशासन कार्यालय, परसा के जारी आदेश के मुताबिक बीरगंज में तनावपूर्ण स्थिति के बीच कर्फ्यू आज, 6 जनवरी को दोपहर 1 बजे तक बढ़ा दिया गया है।
गाजा में इस्राइली हवाई हमला: पांच साल की बच्ची समेत दो की मौत
गाजा पट्टी में एक इस्राइली हवाई हमले में पांच साल की बच्ची और उसके चाचा की मौत हो गई। यह हमला दक्षिणी गाजा के खान यूनिस के पास मुवासी इलाके में विस्थापित लोगों के लिए लगाए गए एक तंबू पर हुआ। अस्पताल अधिकारियों ने बताया कि इस हमले में दो अन्य बच्चे घायल हुए हैं। गाजा के नासिर अस्पताल के मुताबिक, शवों को जब अस्पताल लाया गया तो परिजन फूट-फूटकर रो पड़े। अक्टूबर में हुए संघर्षविराम के बाद से अब तक 400 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है।
इस्राइली सेना ने सोशल मीडिया पर कहा कि उसने हमास के एक ऐसे लड़ाके को निशाना बनाया, जो इस्राइली सैनिकों पर हमला करने की तैयारी कर रहा था। सेना का दावा है कि हमला संघर्षविराम नियमों के तहत किया गया और नागरिकों को नुकसान कम से कम रखने की कोशिश की गई। गाजा स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, अब तक इस युद्ध में 71,000 से ज्यादा फलस्तीनी मारे जा चुके हैं, जबकि 1.7 लाख से अधिक घायल हुए हैं। हालात बेहद गंभीर बने हुए हैं।
अमेरिका में बच्चों के टीकाकरण नियमों में बड़ा बदलाव
अमेरिका ने बच्चों के टीकाकरण से जुड़ा एक बड़ा और विवादास्पद फैसला लिया है। सरकार ने हर बच्चे के लिए जरूरी माने जाने वाले टीकों की संख्या कम कर दी है। अब कुछ टीके, जैसे फ्लू वैक्सीन, परिवारों की पसंद पर छोड़ दिए गए हैं और उनके लिए स्पष्ट दिशा-निर्देश नहीं दिए गए हैं। यह फैसला यूएस डिपार्टमेंट ऑफ हेल्थ एंड ह्यूमन सर्विसेस की समीक्षा के बाद लिया गया। अधिकारियों का कहना है कि इस बदलाव से किसी भी बच्चे का टीकों तक पहुंच या बीमा कवरेज प्रभावित नहीं होगी।
हालांकि, डॉक्टरों और स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने इस फैसले की कड़ी आलोचना की है। उनका कहना है कि इससे टीकाकरण की दर घट सकती है और बीमारियों का खतरा बढ़ सकता है। यह कदम तब उठाया गया, जब राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दिसंबर में आदेश दिया था कि अमेरिका के टीकाकरण नियमों की तुलना दूसरे देशों से की जाए और जरूरत हो तो बदलाव किया जाए। विशेषज्ञों का मानना है कि टीकों पर साफ और मजबूत सरकारी मार्गदर्शन बहुत जरूरी है, ताकि बच्चों को गंभीर बीमारियों से सुरक्षित रखा जा सके।
पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा में आईईडी धमाका, एक की मौत
पाकिस्तान के उत्तर पश्चिमी खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में एक वाहन को निशाना बनाकर किए गए आईईडी धमाके में एक व्यक्ति की मौत हो गई और आठ अन्य घायल हो गए। पुलिस ने बताया कि धमाका सोमवार को अशांत लक्की मरवत जिले में बेगूखेल रोड पर नवारा खेल इलाके के पास हुआ। जिस वाहन को निशाना बनाया गया, उसमें एक सीमेंट फैक्टरी के कर्मचारी सवार थे। घायलों में दो लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
होलोकॉस्ट के बारे में बताने वालीं ईवा श्लॉस का निधन
जर्मनों के यातना शिविर ऑशविट्ज से जिंदा बचीं और होलोकॉस्ट की भयावहता के बारे में बताने वालीं ईवा श्लॉस का निधन हो गया है। वह 96 साल की थीं। ब्रिटेन स्थित ऐनी फ्रैंक ट्रस्ट ने बताया कि ईवा का निधन शनिवार को लंदन में अपने घर में हुआ। वह, इस ट्रस्ट की मानद अध्यक्ष थीं। ईवा का जन्म 1929 में वियना में हुआ था। नाजी जर्मनी के ऑस्ट्रिया पर कब्जा करने के बाद ईवा अपने परिवार के साथ एम्स्टर्डम आ गई थीं। इसके बाद वह अपनी हमउम्र ऐनी फ्रैंक की दोस्त बनीं, जिसकी डायरी होलोकॉस्ट के सबसे चर्चित वृत्तांतों में से एक है।
चीनियों की सुविधा के लिए भारत ने शुरू किया ई-बिजनेस वीजा
भारत ने चीनी व्यवसायियों की सुगम यात्रा के लिए ई-बिजनेस वीजा शुरू किया है। इसे ई-प्रोडक्शन इन्वेस्टमेंट बिजनेस वीजा या ई-बी-4 वीजा भी कहा जाता है। इसके जरिये चीनी व्यवसायी भारत में विशिष्ट व्यावसायिक गतिविधियों के लिए यात्रा करने के लिए आवेदन कर सकते हैं, जिसमें उपकरण की स्थापना और चालू करना शामिल है। बीजिंग में भारतीय दूतावास ने सलाह दी कि वीजा के लिए ऑनलाइन आवेदन किया जा सकता है। वीजा के लिए स्थापना और चालू करने, गुणवत्ता जांच, रखरखाव, उत्पादन, आईटी और ईआरपी रैंप-अप, प्रशिक्षण, संयंत्र डिजाइन और संचालन करने वाले वरिष्ठ प्रबंधन और अधिकारी आवेदन कर सकते हैं।
चैटबॉट पर अश्लील तस्वीरें बनाने के आरोप, ब्रिटेन ने एक्स से मांगा जवाब
ब्रिटिश सरकार और मीडिया नियामक ऑफकॉम ने एलन मस्क के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स के खिलाफ कड़ा रुख अपनाया है। आरोप है कि एक्स के कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) चैटबॉट ग्रोक का इस्तेमाल कर लोगों की आपत्तिजनक और बच्चों से जुड़ी अश्लील तस्वीरें तैयार की जा रही हैं। ब्रिटेन ने कंपनी से इस गंभीर सुरक्षा चूक पर जवाब तलब किया है। ब्रिटिश नियामक ने स्पष्ट किया कि एआई के जरिये इस तरह की तस्वीरें बनाना या साझा करना कानूनन अपराध है। ऑफकॉम के प्रवक्ता के अनुसार, कंपनी से पूछा गया है कि वह यूजरों की सुरक्षा के लिए अपने कानूनी दायित्वों का पालन कैसे कर रही है। इससे पहले फ्रांस के मंत्रियों ने भी एक्स की इस सेवा को स्पष्ट रूप से अवैध बताते हुए इसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की थी। इधर, विवाद बढ़ता देख ग्रोक ने स्वीकार किया कि सुरक्षा घेरे में खामियों की वजह से ऐसी तस्वीरें बनी हैं, जिन्हें अब तेजी से सुधारा जा रहा है।
ताइवान के आसपास सैन्य शक्ति का प्रदर्शन कर रहा चीन
ताइवान पर चीन का सैन्य दबाव अब आम बात हो गई है। 2025 में पीएलए ने ताइवान के आसपास 5,317 उड़ानें भरीं, जिसका प्रतिदिन औसतन 15 के करीब है। इनमें से चीनी सैन्य विमानों ने ताइवान जलडमरूमध्य की मध्य रेखा को 3,867 बार पार किया। ताइवान के स्व-घोषित हवाई रक्षा पहचान क्षेत्र (एडीआईजेड) में प्रवेश किया । दरअसल, पिछले साल ताइवान के रक्षा क्षेत्र में प्रवेश करने वाले पीएलए विमानों की संख्या में 22.4% की वार्षिक वृद्धि देखी गई । इस तरह की उकसाने वाली उड़ानों की संख्या 2021 में 972 से बढ़कर मात्र चार वर्षों में 287% की वृद्धि हो गई। यह सब शी जिनपिंग की ताइवान को धमकाने और बल प्रयोग की धमकी को नियमित बनाने की रणनीति का हिस्सा है।