उत्तरी कैलिफोर्निया में शनिवार को भारी बारिश और बेहद ऊंची ज्वार (किंग टाइड्स) के कारण कई इलाकों में बाढ़ आ गई। अधिकारियों के मुताबिक, यह स्थिति पिछले करीब 20 वर्षों में सबसे गंभीर मानी जा रही है। बाढ़ की वजह से कई सड़कें बंद करनी पड़ीं और पानी में फंसी गाड़ियों से लोगों को सुरक्षित निकाला गया। मैरिन काउंटी के शेरिफ कार्यालय के अनुसार, सॉसलिटो से सैन राफेल तक करीब 24 किलोमीटर लंबे इलाके में सड़कें पानी से भर गईं। कई जगहों पर पानी की ऊंचाई तीन से चार फीट तक पहुंच गई, जिससे गाड़ियां बीच रास्ते में फंस गईं। हालांकि, इस घटना में किसी के घायल होने की खबर नहीं है।
प्रभावित इलाके मैरिन काउंटी में प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि जब तक पानी कम न हो जाए, घरों में ही रहें। कुछ लोग सामान्य तौर पर सड़क रहने वाले इलाकों में कयाक चलाते नजर आए, जबकि कई लोग घुटनों तक पानी में चलकर बाहर निकले। सैन फ्रांसिस्को क्षेत्र के लिए शनिवार दोपहर तक बाढ़ की चेतावनी और रविवार दोपहर तक बाढ़ की सलाह जारी की गई है। मौसम विभाग ने बताया कि किंग टाइड्स तब आती हैं जब सूर्य, चंद्रमा और पृथ्वी एक सीध में होते हैं और चंद्रमा पृथ्वी के सबसे करीब होता है, जिससे समुद्र का जलस्तर असामान्य रूप से बढ़ जाता है।
बीएनपी ने पीएम मोदी की संवेदना के लिए जताया आभार
बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) ने पूर्व प्रधानमंत्री खालिदा जिया के निधन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तरफ से भेजे गए शोक संदेश के लिए आभार जताया और भारत-बांग्लादेश संबंधों में उनके योगदान को याद किया। बांग्लादेश की तीन बार प्रधानमंत्री रहीं एवं बीएनपी की वरिष्ठ नेता जिया का 30 दिसंबर को निधन हो गया था। बीएनपी ने शनिवार को सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा, माननीय नरेंद्र मोदी आपके शोक संदेश व श्रद्धांजलि के लिए हम हार्दिक आभार व्यक्त करते हैं। बांग्लादेश-भारत संबंधों में बेगम खालिदा जिया के योगदान को हमेशा याद रखा जाएगा।
ट्रंप ने मदद पाने वाले प्रवासियों के देशों की सूची जारी की, भारत शामिल नहीं
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने रविवार को कई देशों की सूची जारी की। इस सूची में दिखाया गया है कि इन देशों के प्रवासियों के कल्याण के लिए अमेरिकी प्रशासन से कितनी मदद मिलती है। इस सूची पाकिस्तान, भूटान, चीन, बांग्लादेश और नेपाल शामिल हं। हालांकि, इसमें भारत शामिल नहीं है।
'इमिग्रेंट वेलफेयर रिसीपीएंट रेट्स बाय कंट्री ऑफ ओरिजिन' नाम की इस सूची में दुनियाभर के लगभग 120 देशों और क्षेत्रों के प्रवासियों को शामिल किया गया है, जो अमेरिका में सहायता प्राप्त करते हैं। भारत इस सूची में नहीं है।
नेपाल में 4.3 तीव्रता का भूकंप
नेपाल के उदयपुर जिले में रविवार को 4.3 तीव्रता के भूकंप के झटके महसूस किए गए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। भूकंप के कारण किसी भी तरह के जान-माल के नुकसान की तुरंत कोई सूचना नहीं मिली। राष्ट्रीय भूकंप निगरानी एवं अनुसंधान केंद्र (एनईएमआरसी) के मुताबिक, भूकंप शनिवार को रात 10:51 बजे आया और इसका केंद्र उदयपुर जिले के बगपाटी में था।
भूकंप की झटके पड़ोसी जिलों में भी महसूस किए गए। इसके पहले शनिवार सुबह पश्चिमी नेपाल के तापलजुंग जिले में 4.6 तीव्रता का भूकंप आया था। नेपाल हर साल कई भूकंप के झटकों को महसूस करता है। यह दुनिया के सबसे सक्रिय भूकंपीय क्षेत्रों ( जोन IV और V) में आता है। यह हिमालयी देश को भूकंप के प्रति अत्यधिक संवेदनशील बनाता है।