फिलीपींस में फेरी हादसे में मृतकों का आकड़ा पहुंचा 35
फिलीपींस में बुधवार रात एक यात्री फेरी में लगी भीषण आग से मरने वालों की संख्या बढ़कर 35 हो गई है। हादसा दक्षिण-पश्चिमी पलावन प्रांत में कोरोन के पास हुआ। आग इतनी तेजी से फैली कि यात्रियों को संभलने तक का मौका नहीं मिला। एक जीवित बचे यात्री अर्नुल्फो नोक्की विलानुएवा ने बताया कि लोग घबराकर एक-दूसरे पर चढ़ रहे थे। वह लाइफ जैकेट लेने की कोशिश में गिर गए और उनकी पीठ झुलस गई। बाद में उन्होंने खिड़की से छलांग लगाकर जान बचाई। रेस्क्यू टीमों ने शुक्रवार को फेरी के जले हुए हिस्सों से कई और शव बरामद किए। तेज गर्मी और धुएं के कारण जहाज के अंदर तलाशी अभियान में मुश्किलें आईं। हादसे के बाद 54 लोग अब भी लापता हैं, जबकि 43 यात्रियों को बचा लिया गया है। फेरी में कुल 134 लोग सवार थे, जिनमें 117 यात्री और 17 चालक दल के सदस्य थे। जहाज मनीला से रवाना हुआ था और कोरोन पहुंचने से करीब 7.4 किलोमीटर पहले आग की चपेट में आया। आग लगने की वजह अभी स्पष्ट नहीं है। फिलीपींस में समुद्री हादसे पहले भी खराब रखरखाव और सुरक्षा नियमों के कमजोर पालन के कारण होते रहे हैं।
पाकिस्तान ने वीजा के बावजूद 92 सिखों को भारत जाने से रोका
उत्तराखंड स्थित श्री हेमकुंड साहिब के दर्शन के लिए भारत आ रहे 92 पाकिस्तानी सिख श्रद्धालुओं को शुक्रवार को फैसलाबाद इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर भारत जाने वाली अप्रत्यक्ष उड़ान में सवार होने से रोक दिया गया। पाकिस्तान की संघीय जांच एजेंसी (एफआईए) के अनुसार श्रद्धालु भारत जाने के लिए फैसलाबाद एयरपोर्ट पहुंचे थे लेकिन उन्हें गल्फ जाने वाली एयरलाइन की उड़ान में सवार होने से रोक दिया गया। अधिकारियों ने उनसे पाकिस्तान सरकार की एनओसी और वापसी का टिकट मांगा। दोनों दस्तावेज देने के बाद ही आगे जाने की अनुमति देने की बात कही गई। श्रद्धालुओं ने दिल्ली की एक गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के माध्यम से खुद भारतीय वीजा हासिल किए थे।
रूस के हमलों में यूक्रेन में तीन की मौत
रूस के ताजा हवाई हमलों में यूक्रेन में कम से कम तीन नागरिकों की मौत और दर्जनों लोग घायल हुए हैं। अधिकारियों के अनुसार, 'रूस ने शनिवार को ड्रोन और मिसाइलों से कई शहरों को निशाना बनाया। जपोरिज्जिया में रूसी ड्रोन हमले में दो लोगों की मौत और एक व्यक्ति घायल हुआ, जबकि क्रिवी रीह में एक व्यक्ति की मौत और तीन लोग घायल हुए। काला सागर के बंदरगाह शहर ओडेसा और आसपास के इलाकों में हुए बड़े हमले में 28 लोग घायल हुए। हमले में एक रिहायशी ऊंची इमारत भी क्षतिग्रस्त हुई, जिसकी ऊपरी मंजिलें पूरी तरह नष्ट हो गईं। इस बीच, भारत में BRICS शिखर सम्मेलन के दौरान रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने चेतावनी दी कि यदि यूरोपीय देश यूक्रेन में सैनिक भेजते हैं, तो इसे रूस के साथ युद्ध माना जाएगा। हालांकि, उन्होंने यूरोप के लिए रूस की ओर से किसी खतरे से इनकार किया। वहीं, पोलैंड के प्रधानमंत्री डोनाल्ड टस्क ने यूक्रेन की यूरोपीय सीमा चौकियों पर हालिया घटनाओं को रूस की संभावित बढ़ती उकसावे वाली कार्रवाई का संकेत बताया।'