फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

World News: पेरू में घर में लगी, पांच नाबालिगों समेत 10 की मौत; संयुक्त राष्ट्र में भारत ने PAK को लताड़ा

Thu, 23 Jul 2026 02:14 AM IST
ज्योति भास्कर वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला।
विज्ञापन
दुनिया की बड़ी खबरें। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

ऑस्ट्रेलिया की 34 वर्षीय जेनिथार सौ नाअमोआना ने क्वींसलैंड के रॉयल ब्रिस्बेन एंड विमेंस हॉस्पिटल में एक साथ चार समान जुड़वा बच्चियों को जन्म दिया है। यह एक अत्यंत दुर्लभ प्राकृतिक गर्भावस्था थी, जिसमें एक ही निषेचित अंडाणु चार भागों में विभाजित हो गया। विशेषज्ञों के अनुसार स्वाभाविक रूप से ऐसी स्थिति बनने की संभावना 1.5 करोड़ में से 1 होती है और ऑस्ट्रेलिया में ऐसा पहली बार हुआ है। महिला के पहले से चार बच्चे हैं। डॉक्टरों की देखरेख में 14 जुलाई को सिजेरियन डिलीवरी के जरिये बच्चियों का जन्म हुआ।

विज्ञापन


पेरू: घर में भीषण आग लगने से पांच नाबालिगों समेत 10 की मौत
पेरू की राजधानी लीमा में एक घर में लगी भीषण आग में 10 लोगों की मौत हो गई। मरने वालों में पांच नाबालिग भी शामिल हैं।

पुलिस के अनुसार, यह घटना बुधवार सुबह लीमा के ला विक्टोरिया इलाके में स्थित एक घर में लगी। पुलिस कमांडर ऑस्कर एरिओला ने पत्रकारों को बताया कि मामले की जांच फॉरेंसिक विशेषज्ञ कर रहे हैं।

भारत ने संयुक्त राष्ट्र में सीमा पार आतंकवाद को लेकर पाकिस्तान को घेरा 
भारत ने संयुक्त राष्ट्र में पाकिस्तान के बयानों को सिरे से खारिज करते हुए दो टूक कहा कि जब सीमा पार आतंकवाद को राज्य नीति के एक साधन के रूप में इस्तेमाल किया जाता है, तो सिंधु जल संधि के तहत सहयोग की उम्मीद नहीं की जा सकती।
विज्ञापन


भारत ने यह भी दोहराया कि जम्मू-कश्मीर हमेशा से भारत का अभिन्न और अविभाज्य हिस्सा था, है और रहेगा।

ये बातें बुधवार को संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद की प्राकृतिक संसाधन प्रबंधन पर हुई उच्च स्तरीय खुली चर्चा के दौरान संयुक्त राष्ट्र में भारत के स्थायी प्रतिनिधि राजदूत पर्वतनेनी हरीश ने कहीं।

पाकिस्तान को जवाब देते हुए पर्वतनेनी ने कहा कि इस्लामाबाद ने चर्चा का गलत इस्तेमाल कर झूठी कहानी पेश करने की कोशिश की, जिसके बाद भारत को जवाब देना पड़ा। उन्होंने कहा, सिंधु जल संधि को लेकर भारत का रुख साफ और लगातार एक जैसा रहा है। आपसी भरोसे और सद्भावना के आधार पर सहयोग की उम्मीद नहीं की जा सकती, जब सीमा पार आतंकवाद को लगातार राज्य नीति के एक साधन के रूप में इस्तेमाल किया जा रहा हो। 

फ्रांस की पर्यावरण मंत्री का इस्तीफा, प्रतिबंधित कीटनाशकों के इस्तेमाल संबंधी विधेयक का मामला
फ्रांस की पर्यावरण परिवर्तन मंत्री मोनिक बारबट ने विवादास्पद कृषि विधेयक पारित होने के बाद अपने पद से इस्तीफा देने की घोषणा की है। यह विधेयक संकटग्रस्त कृषि क्षेत्रों (चुकंदर, सेब, हेजलनट और चेरी) में दो प्रतिबंधित कीटनाशकों- एसिटामिप्रिड और फ्लुपायराडिफ्यूरॉन के अस्थायी इस्तेमाल की अनुमति देता है। अक्तूबर में नियुक्त हुईं बारबट बुधवार को राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों को अपना इस्तीफा सौंपेंगी। उन्होंने कहा कि पर्यावरण की रक्षा के खिलाफ काम करने वाली ताकतें बहुत मजबूत हो गई हैं और सरकार ने इन प्रावधानों को हटाने पर बहस भी नहीं होने दी। ये कीटनाशक मधुमक्खियों के लिए बेहद हानिकारक माने जाते हैं।

चीनी रक्षा अताशे ने 12 नागरिकों को बचाने के लिए भारतीय सेना का जताया आभार
भारत में चीन के नए रक्षा अताशे रियर एडमिरल यू जियान ने मंगलवार को चीनी सेना (पीएलए) की 99वीं वर्षगांठ पर आयोजित समारोह में भारतीय सेना का आभार व्यक्त किया। उन्होंने पिछले साल जून में केरल तट के पास विस्फोट के बाद मालवाहक जहाज से 12 चीनी क्रू सदस्यों को सुरक्षित बचाने के लिए भारतीय सेना को धन्यवाद दिया। उन्होंने दोनों देशों के बीच सैन्य जुड़ाव, संचार और सहयोग बढ़ाने का आह्वान किया। जियान ने कहा कि चीन और भारत महत्वपूर्ण पड़ोसी हैं। दोनों देशों के साझा हित उनके मतभेदों से कहीं अधिक बड़े हैं।

उत्तर-पश्चिम क्षेत्र में PAK के सुरक्षा बलों ने 4 तालिबानी लड़ाकों को मार गिराया
पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के मोहमंद जिले में बुधवार को सुरक्षा बलों ने एक खुफिया-आधारित अभियान के दौरान तहरीक-ए-तालिबान के चार आतंकवादियों को ढेर कर दिया। पुलिस के अनुसार, इलाके में उग्रवादियों की मौजूदगी की सटीक जानकारी मिलने के बाद यह कार्रवाई शुरू की गई थी। सुरक्षा बलों और आतंकवादियों के बीच लगभग एक घंटे से अधिक समय तक रुक-रुक कर गोलीबारी जारी रही। मुठभेड़ के बाद सुरक्षा बलों ने पूरे क्षेत्र की घेराबंदी कर दी है और इलाके में छिपे अन्य आतंकवादियों का सफाया करने के लिए तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।

भारत से पहली सीधी मालगाड़ी पहुंची नेपाल, द्विपक्षीय व्यापार को मिलेगी रफ्तार
भारत-नेपाल व्यापार के लिए ऐतिहासिक कदम के तहत कैनोला दानों से लदी मालगाड़ी पहली बार 20 जुलाई को कोलकाता पोर्ट से विराटनगर स्थित नेपाल कस्टम्स यार्ड पहुंची। 40 वैगन वाली यह मालगाड़ी जोगबनी स्थित भारतीय सीमा शुल्क यार्ड के रास्ते पहुंची। नवंबर 2025 में संशोधित भारत-नेपाल पारगमन संधि के बाद इस रेल गलियारे का यह पहला व्यावसायिक उपयोग है। ज्ञात हो कि जोगबनी-विराटनगर ब्रॉडगेज रेल लिंक का उद्घाटन 1 जून 2023 को पीएम नरेंद्र मोदी और तत्कालीन नेपाली पीएम पुष्प कमल दहल प्रचंड ने किया था। भारत से सहायता प्राप्त इस परियोजना से रसद लागत घटेगी और कोलकाता व विशाखापत्तनम बंदरगाहों से माल सीधे नेपाल पहुंचेगा।

 


केन्या : सोने की खदान में हादसा, सुरंग ढहने से पांच खनिकों की मौत, कई के फंसे होने की आशंका
दक्षिण-पश्चिमी केन्या के नारोक काउंटी में एक सोने की खदान ढहने से कम से कम पांच खनिकों की मौत हो गई। इस घटना की जानकारी देते हुए अधिकारियों ने मृतकों की पुष्टि भी की। नारोक काउंटी के पुलिस कमांडर पैट्रिक लोबोलिया ने बताया कि भारी बारिश के बाद सुरंग ढह गई, जिसके कारण कुछ खनिकों के अंदर फंसे होने की आशंका है। उन्हें बचाने के लिए राहत और बचाव अभियान जारी है। लोबोरिया ने सिन्हुआ समाचार एजेंसी को फोन पर बताया, "बचाव दल मौके पर मौजूद हैं और उन लोगों को निकालने की कोशिश कर रहे हैं, जिनके अभी भी अंदर फंसे होने की संभावना है।" उन्होंने कहा कि किलिमापेसा इलाके में तलाशी और बचाव का काम जारी है, लेकिन विशेष खनन उपकरणों की कमी के कारण इसमें परेशानी आ रही है।

लोबोरिया ने बताया, "विशेष भूमिगत खोज उपकरणों और कैमरों की कमी के कारण बचाव अभियान धीमी गति से चल रहा है। कई लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला जा चुका है और इलाज के लिए पास के स्वास्थ्य केंद्रों में भेजा गया है।" किलिमापेसा, नारोक शहर से करीब 180 किलोमीटर दक्षिण में स्थित है और यहां केन्या की सबसे बड़ी व्यावसायिक सोने की खदान है। यह घटना केन्या के सोना खनन क्षेत्र में सुरक्षा को लेकर बढ़ती चिंताओं के बीच हुई है। पिछले कुछ वर्षों में यहां खदानों में हुए हादसों में कई लोगों की मौत हो चुकी है। सोना मिलने वाले इलाकों में कई जगहों पर बिना नियमों के चल रहे खनन और असुरक्षित तरीकों के कारण खदान ढहने जैसी घटनाओं में कई लोगों की जान जा चुकी है। 

श्रीलंका की नौसेना ने 9 भारतीय मछुआरों को पकड़ा

श्रीलंका की नौसेना ने कथित रूप से उसके समुद्री क्षेत्र में अवैध रूप से मछली पकड़ने के आरोप में नौ भारतीय मछुआरों को गिरफ्तार किया है। उनके मछली पकड़ने वाले ट्रॉलर को भी जब्त कर लिया गया है।

नौसेना के अनुसार, ये मछुआरे कथित तौर पर अंतरराष्ट्रीय समुद्री सीमा रेखा पार कर श्रीलंका के समुद्री क्षेत्र में उत्तर तलाईमन्नार के पास मछली पकड़ रहे थे।

मछुआरों का मुद्दा लंबे समय से भारत और श्रीलंका के रिश्तों में तनाव का कारण बना हुआ है। इसी बीच यह गिरफ्तारी ऐसे समय हुई है, जब दोनों देशों के बीच यह विवाद लगातार जारी है।

श्रीलंका की नौसेना ने एक बयान में कहा कि बुधवार शाम एक अभियान के दौरान इन मछुआरों को पकड़ा गया। नौसेना के अनुसार, ईरानातिवु के दक्षिण में श्रीलंका के समुद्री क्षेत्र में 50 से ज्यादा भारतीय मछली पकड़ने वाली नौकाएं कथित रूप से घुसी थीं और अवैध मछली पकड़ रही थीं। नौसेना ने बताया कि गिरफ्तार किए गए नौ मछुआरों और जब्त ट्रॉलर को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए मन्नार के मत्स्य निरीक्षक को सौंप दिया गया है।

अमेरिका: भारतीय राजदूत ने सीनेटर टिम शीही से मुलाकात की

अमेरिका में भारत के राजदूत विनय मोहन क्वात्रा ने अमेरिकी सीनेटर टिम शीही से मुलाकात की। दोनों नेताओं के बीच भारत और अमेरिका के रक्षा सहयोग पर चर्चा हुई। क्वात्रा ने बुधवार को एक्स पर एक पोस्ट में टिम शीही के भारत-अमेरिका साझेदारी के समर्थन की भी सराहना की।

उन्होंने लिखा, सीनेटर टिम शीही से मुलाकात कर खुशी हुई। पूर्व सैन्य अधिकारी होने के कारण हमारे साझा राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर उनका अनुभव बेहद अहम है। हमने दोनों देशों के बीच अहम रक्षा साझेदारी पर चर्चा की। भारत-अमेरिका साझेदारी के प्रति उनके समर्थन की सराहना करता हूं।

इससे पहले क्वात्रा ने अमेरिकी वाणिज्य मंत्रालय में अवर सचिव जेफरी केसलर और अवर सचिव विलियम किमिट से भी मुलाकात की। इस दौरान दोनों देशों के बीच व्यापार और कारोबारी संबंधों को और मजबूत करने पर चर्चा हुई। क्वात्रा ने एक्स पर लिखा, इंडिया हाउस में अवर सचिव जेफरी केसलर और अवर सचिव विलियम किमिट का स्वागत कर खुशी हुई। 

उन्होंने कहा, हमारी चर्चा का केंद्र भारत-अमेरिका व्यापार और कारोबारी संबंधों को और मजबूत करना रहा। खास तौर पर उद्योग और उच्च प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में मजबूत और सुरक्षित आपूर्ति श्रृंखला साझेदारी बनाने के प्रयासों पर बात हुई। 

 
विज्ञापन

हादसे में पैर गंवाए, फिर भी नहीं मानी हार; अब हाथों से बाइक चलाकर डिलीवरी बॉय बने हमजा
पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद में रहने वाले 28 साल के हमजा अली ने एक दर्दनाक सड़क हादसे में अपने दोनों पैर गंवा दिए थे। हादसे के बाद शुरुआती छह महीने बहुत मुश्किलों में बीते, लेकिन हमजा ने हिम्मत नहीं हारी। उन्होंने हिम्मत जुटाई और खुद कुछ करने का फैसला किया। उन्होंने अपनी पुरानी बाइक को इस तरह से तैयार करवाया कि उसे हाथों से ही आसानी से चलाया जा सके। इसके बाद उन्होंने ऑनलाइन खाना डिलीवर करने वाली कंपनी में फिर से काम शुरू कर दिया और अपनी लगन के दम पर आज वह शहर के सबसे बेहतरीन डिलीवरी राइडर्स में गिने जाते हैं।

हमजा किसी से भी हमदर्दी या भीख नहीं मांगते, बल्कि मेहनत करके सिर उठाकर अपनी रोजी-रोटी कमाते हैं। उनका मानना है कि विकलांगता कोई कमजोरी नहीं है और इंसान अगर ठान ले तो कुछ भी असंभव नहीं है। इस पूरी यात्रा में उनकी मां उनकी सबसे बड़ी ताकत बनीं, जिन्होंने हमेशा उन्हें इस बात पर ध्यान देने को कहा कि वे क्या-क्या कर सकते हैं। पाकिस्तान में विकलांग लोगों के लिए नौकरियां और सुविधाएं मिलना काफी मुश्किल होता है, लेकिन हमजा अली की यह कहानी देश के लाखों लोगों के लिए प्रेरणा और उम्मीद की एक नई किरण बन गई है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें