रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह सोमवार को वियतनाम और दक्षिण कोरिया के चार दिनी दौरे पर रवाना होकर दोपहर तक हनोई पहुंचे। उन्होंने भारत के हिंद-प्रशांत क्षेत्र में रणनीतिक और रक्षा साझेदारी को मजबूत करने के उद्देश्य से आयोजित अपने दो देशों के दौरे के वियतनाम चरण की शुरुआत की। इस दौरे का उद्देश्य सैन्य उपकरणों के संयुक्त उत्पादन सहित रणनीतिक रक्षा सहयोग को मजबूत करने के तरीकों का पता लगाना है। राजनाथ ने कहा, दोनों एशियाई देशों की उनकी यात्रा का मुख्य उद्देश्य रक्षा औद्योगिक साझेदारी को मजबूत करना, समुद्री सहयोग को बढ़ावा देना और हिंद-प्रशांत क्षेत्र में शांति और स्थिरता को बढ़ावा देना होगा। वियतनाम के बाद वे मंगलवार को तीन दिनी दौरे पर दक्षिण कोरिया के लिए रवाना होंगे। हनोई में वियतनाम पीपुल्स आर्मी के उप चीफ ऑफ जनरल स्टाफ ने राजनाथ का स्वागत किया।
पाकिस्तान ने अमेरिका को सौंपा ईरान का संशोधित प्रस्ताव
पश्चिम एशिया में युद्ध को समाप्त करने के प्रयासों के बीच अमेरिका शांति वार्ता के दौरान ईरान पर लगे कच्चे तेल के प्रतिबंधों को अस्थायी रूप से हटाने के लिए तैयार हो गया है। ईरानी वार्ता दल के करीबी सूत्रों के अनुसार, अमेरिका ने अंतिम समझौता होने तक इन प्रतिबंधों को निलंबित करने का प्रस्ताव दिया है। हालांकि, ईरान ने साफ किया है कि अमेरिका को प्रतिबद्धताओं के तहत प्रतिबंधों को पूरी तरह हटाना होगा। मध्यस्थ की भूमिका निभा रहे पाकिस्तान ने अमेरिका को ईरान का संशोधित प्रस्ताव सौंपा है। ईरानी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बघाई ने भी पुष्टि की कि पाकिस्तान के जरिये प्रस्ताव अमेरिका तक पहुंचाया गया है। युद्धविराम को अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने जीवनरक्षक प्रणाली पर बताया है। अमेरिका जहां ईरान के परमाणु कार्यक्रम को बंद करने की मांग कर रहा है, वहीं ईरान मुआवजे और नाकाबंदी हटाने पर अड़ा है। इस बीच, सऊदी अरब पर ईरान के हमलों के बाद पाकिस्तान ने द्विपक्षीय रक्षा समझौते के तहत सऊदी अरब में 8,000 सैनिक, लड़ाकू विमानों की एक स्क्वाड्रन और हवाई रक्षा प्रणाली तैनात की है। सरकारी स्रोतों ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया, इसका मकसद सऊदी अरब पर भविष्य में किसी भी हमले की स्थिति में उसकी सेना को मजबूत सैन्य सहयोग देना है।
इंसाफ के लिए UK पहुंचा हर्षिता ब्रेला का परिवार
दिल्ली की हर्षिता ब्रेला (24) के परिवार ने ब्रिटेन पहुंचकर न्याय की गुहार लगाई है। नवंबर 2024 में हर्षिता का शव इल्फर्ड में एक कार की डिक्की में मिला था। पति और मुख्य आरोपी पंकज लांबा हत्या के बाद से ही फरार है। हर्षिता के पिता सतबीर सिंह, मां सुदेश कुमारी और बहन सोनिया डबास कोर्बी उसके घर पहुंचे, जहां उसकी गला दबाकर हत्या की गई थी। सोनिया ने कहा, वे हर कीमत पर न्याय चाहते हैं ताकि फिर किसी और बेटी के साथ ऐसी त्रासदी न हो।
पाकिस्तान में बहाल किए जाएंगे सड़कों के पुराने नाम
पाकिस्तान के पंजाब प्रांत की सरकार ने लाहौर की कई सड़कों और गलियों के पुराने नाम बहाल करने की योजना को मंजूरी दे दी है। इसका मकसद शहर की विभाजन से पहले की ऐतिहासिक विरासत को फिर से जीवित करना बताया गया है। एक सरकारी अधिकारी ने सोमवार को बताया कि कुछ दिन पहले मुख्यमंत्री मरियम नवाज की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में यह फैसला लिया गया। इसमें लाहौर और आसपास के क्षेत्रों की कई सड़कों के पुराने और ऐतिहासिक नाम वापस बहाल करने की योजना को मंजूरी दी गई। सरकार का कहना है कि यह फैसला शहर की सांस्कृतिक पहचान और ऐतिहासिक विरासत को पुनर्जीवित करने के लिए लिया गया है। इस पहल का नेतृत्व पूर्व प्रधानमंत्री नवाज शरीफ कर रहे हैं, जो लाहौर हेरिटेज एरिया रिवाइवल प्रोजेक्ट के प्रमुख भी हैं। लाहौर की कई ऐतिहासिक सड़कों जैसे क्वीन्स रोड, जेल रोड, डेविस रोड, लॉरेंस रोड, एम्प्रेस रोड, कृष्ण नगर, संत नगर, धरमपुरा, ब्रैंड्रेथ रोड, राम गली, टेंपल स्ट्रीट, लक्ष्मी चौक, जैन मंदिर रोड और अन्य के नाम पहले बदले जा चुके हैं। नवाज शरीफ ने मिंटो पार्क (ग्रेटर इकबाल पार्क) में तीन क्रिकेट मैदान और एक पारंपरिक अखाड़े को फिर से बहाल करने का भी प्रस्ताव दिया है, जिसे कई लोग एक राजनीतिक छवि सुधार की कोशिश मान रहे हैं। पहले 2015 में उनके भाई और तत्कालीन मुख्यमंत्री शहबाज शरीफ के कार्यकाल में मिंटो पार्क में कई खेल मैदान और अखाड़े हटाए जाने पर काफी आलोचना हुई थी।
ईरान: नोबेल पुरस्कार विजेता नरगिस मोहम्मदी को अस्पताल से छुट्टी मिली
ईरान की नोबेल शांति पुरस्कार विजेता नरगिस मोहम्मदी को दो हफ्ते से अधिक समय तक अस्पताल में रहने के बाद तेहरान के एक अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। उनके समर्थकों ने सोमवार को यह जानकारी दी। समर्थकों ने कहा कि मोहम्मदी (54 वर्षीय) को आगे के इलाज और रोजाना फिजियोथेरेपी के लिए घर पर रहने की सलाह दी गई है। एक मई को जब वह बेहोश हो गई थीं, तब उन्हें उत्तर-पश्चिमी ईरान की जेल से तुरंत अस्पताल ले जाया गया था। करीब 10 दिन बाद उन्हें जमानत पर रिहा किया गया और फिर तेहरान के अस्पताल में स्थानांतरित किया गया, जहां विशेषज्ञ डॉक्टरों ने उनकी जांच की। मोहम्मदी को 2023 में जेल में रहते हुए नोबेल शांति पुरस्कार मिला था और अपने करियर के दौरान उन्हें कई बार जेल में रखा गया है। उनकी पिछली गिरफ्तारी दिसंबर में ईरान के मशहद शहर में हुई थी। परिवार ने कहा कि जेल में उनकी तबीयत लगातार बिगड़ती गई और गिरफ्तारी के दौरान उन्हें गंभीर रूप से पीटा भी गया था। मार्च में उन्हें दिल का दौरा पड़ा था और जेल में आने से पहले से ही उनके फेफड़ों में खून का थक्का बना था, जिसके लिए लगातार दवा और निगरानी की जरूरत होती है।
चीन, अमेरिका और यूएई ने दुबई से 276 ठगों को किया गिरफ्तार
चीन, अमेरिका और संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) की पुलिस ने एक संयुक्त अभियान चलाकर दुबई में टेलीकॉम धोखाधड़ी के 276 संदिग्धों को गिरफ्तार किया है। चीनी सरकारी प्रसारक सीसीटीवी ने रविवार को यह जानकारी दी। तीनों देशों के बीच इस तरह का यह पहला संयुक्त ऑपरेशन है। इस कार्रवाई में धोखाधड़ी के नौ अड्डों को पूरी तरह नष्ट कर दिया गया है। रिपोर्ट के अनुसार, ये गिरोह पीड़ितों को फर्जी क्रिप्टोकरेंसी निवेश के झांसे में रखकर ठगी करते थे।