फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

वर्ल्ड डायरी: पीयूष गोयल बोले- भारत-नीदरलैंड्स आर्थिक रिश्तों को नई मजबूती; व्यापार और निवेश बढ़ाने पर जोर

Mon, 26 Oct 2026 03:09 PM IST
ज्योति भास्कर वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला।
विज्ञापन
दुनिया की बड़ी खबरें - फोटो : amar ujala graphics
विज्ञापन

केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने नीदरलैंड्स के साथ व्यापार, निवेश और आर्थिक सहयोग को और मजबूत बनाने की भारत की प्रतिबद्धता दोहराई है। अपनी नीदरलैंड्स यात्रा के दौरान उन्होंने समुद्री परिवहन, लॉजिस्टिक्स, सप्लाई चेन और भारतीय समुदाय से जुड़े कई कार्यक्रमों में हिस्सा लिया तथा दोनों देशों के बीच नई आर्थिक संभावनाओं पर चर्चा की। 

विज्ञापन


एक आधिकारिक बयान के अनुसार, अपनी यात्रा के दौरान गोयल ने यूरोप के सबसे बड़े बंदरगाह पोर्ट ऑफ रॉटरडैम का दौरा किया, जहां उनके साथ बंदरगाह के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) बोडेवाइन सीमोंस भी मौजूद थे। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि रॉटरडैम यूरोपीय बाजारों तक भारतीय उत्पादों की पहुंच का एक महत्वपूर्ण प्रवेश द्वार है और वैश्विक व्यापार तथा आपूर्ति शृंखलाओं में इसकी रणनीतिक भूमिका बेहद अहम है।

'दोनों देशों के बीच समुद्री क्षेत्र में सहयोग बढ़ने की अपार संभावनाएं'
गोयल ने कहा कि दोनों पक्षों के बीच पोर्ट-आधारित विकास, लॉजिस्टिक्स दक्षता में सुधार, सप्लाई चेन कनेक्टिविटी को मजबूत करने और व्यापार एवं निवेश के नए अवसरों को बढ़ावा देने पर विचारों का आदान-प्रदान हुआ। उन्होंने कहा कि भारत अपने बंदरगाहों के आधुनिकीकरण और विश्वस्तरीय समुद्री अवसंरचना के विकास पर तेजी से काम कर रहा है तथा इस क्षेत्र में नीदरलैंड्स की विशेषज्ञता भारत के लिए काफी उपयोगी हो सकती है।
विज्ञापन


उन्होंने कहा कि भारत और नीदरलैंड्स के बीच समुद्री क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने की अपार संभावनाएं हैं, विशेष रूप से ऐसे समय में जब भारत-यूरोपीय संघ मुक्त व्यापार समझौते (एफटीए) को लेकर बातचीत अंतिम चरण में पहुंच रही है।

भारत-ईयू एफटीए में न्यूजीलैंड निभा सकता है क्या भूमिका?
भारत-ईयू एफटीए लागू होने के बाद भारतीय निर्यातकों के लिए यूरोपीय बाजारों में बड़े अवसर पैदा होंगे। ऐसे में नीदरलैंड्स के अत्याधुनिक बंदरगाह, मजबूत लॉजिस्टिक्स नेटवर्क और यूरोप के विभिन्न बाजारों से उसकी उत्कृष्ट कनेक्टिविटी भारत-यूरोप व्यापार को नई गति देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।

बयान में आगे कहा गया है कि अपने दौरे के दौरान गोयल ने एम्स्टर्डम स्थित वाल्डोर्फ एस्टोरिया में भारतीय दूतावास द्वारा आयोजित भारतीय समुदाय के एक कार्यक्रम में भी हिस्सा लिया, जिसमें लगभग 70 भारतीय मूल के कारोबारी, पेशेवर और सामुदायिक प्रतिनिधि शामिल हुए।

पीयूष गोयल ने की भारतीय समुदाय की सराहना
गोयल ने भारतीय समुदाय की भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि प्रवासी भारतीय, भारत और नीदरलैंड्स के बीच आर्थिक, सांस्कृतिक और सामाजिक संबंधों को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि दोनों देशों के बीच लोगों के स्तर पर बढ़ते संपर्क आर्थिक सहयोग को और मजबूत आधार प्रदान कर रहे हैं।

इस कार्यक्रम के दौरान समुद्री लॉजिस्टिक्स, व्यापार, निवेश और भारत-ईयू एफटीए के संदर्भ में उभरती संभावनाओं पर भी चर्चा हुई। साथ ही भारत और यूरोप के बीच गहरी आर्थिक एकीकरण प्रक्रिया में नीदरलैंड्स की भूमिका को भी महत्वपूर्ण बताया गया।

Trending Videos

पाकिस्तान की पंजाब सरकार ने इमरान खान की तीन बहनों की हिरासत 30 दिन और बढ़ाई
पाकिस्तान के पंजाब प्रांत की सरकार ने जेल में बंद पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान की तीन बहनों की हिरासत सोमवार को 30 दिन और बढ़ा दी। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। अलीमा खान, नोरीन नियाजी और डॉ. उज्मा खान को पंजाब मेंटेनेंस ऑफ पब्लिक ऑर्डर ऑर्डिनेंस, 1960 के तहत एक महीने से अधिक समय से लाहौर की कोट लखपत जेल में हिरासत में रखा गया है।

अलीमा को 20 सितंबर को हिरासत में लिया गया था, जबकि उज्मा और नोरीन को अगले दिन हिरासत में लिया गया। यह कार्रवाई पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) के संस्थापक इमरान खान के समर्थन में लोगों को लामबंद करने की कोशिशों के खिलाफ चलाए गए अभियान के दौरान हुई थी।

पंजाब के सहायक महाधिवक्ता ने सोमवार को लाहौर हाईकोर्ट को बताया कि लाहौर के डिप्टी कमिश्नर की सिफारिश पर सरकार ने इमरान खान की तीनों बहनों की हिरासत 30 दिन और बढ़ा दी है। इसके बाद अदालत ने तीनों की रिहाई की मांग वाली याचिका का निपटारा कर दिया।

यह याचिका अलीमा खान के बेटे शहरेज ने दायर की थी। इसमें तीनों बहनों की हिरासत को चुनौती दी गई थी। याचिकाकर्ता के वकील राणा मुदस्सर उमर ने पिछले सप्ताह अदालत को बताया था कि 20 अक्तूबर को हिरासत की 30 दिन की अवधि समाप्त होने के बावजूद तीनों बहनों को जेल में रखा गया है। इसके बाद लाहौर हाईकोर्ट के न्यायमूर्ति अबहर गुल खान ने पंजाब के गृह सचिव और कोट लखपत जेल के अधीक्षक को अगली सुनवाई पर अदालत में पेश होने और अपना जवाब दाखिल करने का निर्देश दिया था।

इमरान खान की रिहाई की मांग को लेकर पीटीआई देशव्यापी विरोध प्रदर्शन आयोजित करने की कोशिश कर रही है। इसी बीच उनकी बहनों को हिरासत में लिया गया था। 74 वर्षीय इमरान खान अगस्त 2023 से जेल में बंद हैं। उनके खिलाफ कई मामले दर्ज हैं, जिन्हें उन्होंने और उनकी पार्टी ने राजनीति से प्रेरित बताया है।

बुल्गारिया राष्ट्रपति चुनाव: कम वोटिंग के कारण नतीजे स्पष्ट नहीं, अब एक नवंबर को रनऑफ

बुल्गारिया में हुए राष्ट्रपति चुनाव में किसी को भी स्पष्ट बहुमत नहीं मिला है। रविवार को बिना किसी नतीजे के खत्म हुए चुनावों के बाद अब अगले राष्ट्राध्यक्ष का चुनाव रनऑफ से होगा। इस चुनाव में सबसे कम वोटिंग का रिकॉर्ड भी बना है। इस पर जानकारों का मानना है कि नेताओं पर जनता का अविश्वास बढ़ा है। ऐसे में मतदाता इस चुनाव में दिलचस्पी नहीं लेते हुए बेपरवाह दिखे। अब एक नवंबर को होने वाले रनऑफ में वेस्टर्न सपोर्टर रिफॉर्मिस्ट विपक्ष के कैंडिडेट आंद्रे ग्यूरोव का मुकाबला मौजूदा लेफ्टिस्ट प्रेसिडेंट इलियाना योतोवा से होगा। भावी नेतृत्व कैसा होगा इससे बुल्गारिया का दूसरे देशों के साथ रिश्तों पर भी असर होगा। रिपोर्ट के मुताबिक चुनाव में ध्रुवीकरण के कारण दो अलग-अलग राजनीतिक विचारधाराएं एक-दूसरे के खिलाफ खड़ी हैं।

विज्ञापन

चेक गणराज्य में 'स्वतंत्र मीडिया' मुद्दे पर आक्रोश
यूरोपीय देश चेक गणराज्य में रविवार को हजारों लोगों ने आंद्रेज बाबीश सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया, जो सार्वजनिक मीडिया के वित्तपोषण में बदलाव की योजना के विरोध में था। प्रदर्शनकारियों का मानना है कि यह योजना मीडिया की स्वतंत्रता के लिए खतरनाक है। सरकार ने दो दिन पहले संसद में इस योजना को जल्दबाजी में पारित किया, जिससे विपक्ष नाराज है। सुबह 4:36 बजे हुए मतदान में मसौदे को मंजूरी मिली। प्रदर्शनकारियों ने मसौदा वापस लेने और सार्वजनिक बहस की मांग की। नई योजना के तहत, सार्वजनिक मीडिया को राज्य बजट से करीब 15 फीसदी कम धन मिलेगा। आलोचकों का कहना है कि इससे सरकार को मीडिया पर नियंत्रण मिलेगा। सार्वजनिक मीडिया के कर्मचारी 3 नवंबर को हड़ताल पर जाएंगे। प्रदर्शनकारियों ने 15 नवंबर को प्राग के लेट्ना पार्क में एक और रैली करेंगे।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें