दुनिया के सबसे ज्यादा उम्र के जुड़वा भाइयों का निधन
अमेरिका में दुनिया के सबसे ज्यादा उम्र के जुड़वा भाइयों का चार जुलाई को निधन हो गया है। यह दोनों जुड़वा भाई एक ही शरीर से जुड़े हुए थे। उनकी उम्र 68 साल थी। रोनी और डोनी का जन्म 28 अक्तूबर 1951 को ओहियो के बेवरक्रिक में हुआ था। 2014 में 63 वर्ष की उम्र में उन्होंने सबसे अधिक समय तक जीने वाले जुड़वा का रिकॉर्ड बनाया था।
बता दें कि इन दोनों भाइयों से पहले यह रिकॉर्ड थाइलैंड में 1811 में जन्मे चांग और इंग बंकर के नाम था। दोनों 62 वर्ष की उम्र तक जिए थे। रोनी और डोनी कमर से जुड़े हुए थे। इनके हृदय, पेट, हाथ-पैर अलग-अलग थे।
डब्ल्यूएचआईओ की एक रिपोर्ट में उनके भाई जिम ने कहा कि दोनों का डेटन के एक स्वास्थ्य केन्द्र में निधन हो गया।
मॉन्टगोमेरी काउंटी कोरोनर ने कहा कि उनकी मौत प्राकृतिक थी। टीएलसी ने 2010 में इन जुड़़वा भाइयों पर एक वृत्तचित्र भी प्रसारित किया था। दोनों भाइयों ने कार्निवल और सर्कस में हिस्सा भी लिया, जहां वे सबके लिए आकर्षण का केन्द्र बनें।
जिम गेलयन ने कहा कि उनके वेतन से कई वर्षों तक उनका घर भी चला। दोनों ने 1991 में काम करना बंद कर दिया और 2010 तक अकेले रहे। इसके बाद स्वास्थ्य संबंधी परेशानियां बढ़ने की वजह से उन्होंने परिवार के साथ रहना शुरू कर दिया था।