धार्मिक स्थलों के आसपास 100 फीट का होगा प्रदर्शन-मुक्त क्षेत्र
अमेरिका में सांसदों ने धार्मिक स्थलों पर पूजा-अर्चना के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए एक विधेयक को जल्द पारित करने की मांग की है। प्रस्तावित ‘राइट टू वर्शिप एक्ट’ के तहत पूजा स्थलों के आसपास 100 फीट का प्रदर्शन-मुक्त क्षेत्र बनाने और धार्मिक सेवाओं के दौरान लोगों को वहां पहुंचने से जानबूझकर रोकने या बाधा डालने को गैरकानूनी बनाने का प्रावधान है। बुधवार को कैपिटल हिल में हिंदू, सिख और यहूदी समुदायों समेत 30 से अधिक संगठनों ने विधेयक के समर्थन में रैली की। डेमोक्रेटिक सांसद टॉम सूजी और रिपब्लिकन सांसद ब्रैड नॉट ने इसे पेश किया है। सूजी ने कहा कि किसी व्यक्ति को अपने पूजा स्थल में प्रवेश के लिए असाधारण साहस दिखाने की जरूरत नहीं होनी चाहिए, जबकि नॉट ने कहा कि पूजा करने का अधिकार खतरे में है और यह अमेरिकी संविधान के प्रथम संशोधन के तहत संरक्षित अधिकार है। हिंदू अमेरिकन फाउंडेशन की कार्यकारी निदेशक सुहाग शुक्ला ने अमेरिका के हिंदू मंदिरों में श्रद्धालुओं को परेशान किए जाने और धार्मिक सेवाओं में बाधा डालने की घटनाओं पर चिंता जताई। प्रस्तावित कानून में 100 फीट के दायरे में जानबूझकर बाधा डालने या उत्पीड़न करने पर नागरिक दंड का प्रावधान भी है।
खाड़ी में जहाज पर हमला
होर्मुज जलडमरूमध्य के पास अमेरिकी जहाज पर हमला होर्मुज जलडमरूमध्य के पास अमेरिका के एक किराए के जहाज पर हमला हुआ है। मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, यह हमला ईरानी ड्रोन और मिसाइल के जरिए किया गया। इस घटना में जहाज के चालक दल के कुछ सदस्यों को मामूली चोटें आई हैं। हमले के समय जहाज पर कई अमेरिकी नागरिक भी मौजूद थे। घायल कर्मचारियों का इलाज खाड़ी देश के अस्पताल में चल रहा है। इस हमले को लेकर अभी तक अमेरिका या ईरान की तरफ से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।