फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

World Updates: पाकिस्तान के जियो न्यूज चैनल के प्रसारण पर 15 दिनों की रोक, सांप्रदायिक सामग्री चलाने का आरोप

Sun, 28 Jun 2026 10:47 PM IST
निर्मल कांत वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला
विज्ञापन
दुनिया की बड़ी खबरें - फोटो : amar ujala graphics
विज्ञापन

पाकिस्तान के इलेक्ट्रॉनिक मीडिया नियामक प्राधिकरण (पेमरा) ने सांप्रदायिक सामग्री प्रसारित करने के आरोप में निजी समाचार चैनल जियो न्यूज का लाइसेंस 15 दिनों के लिए तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। जियो न्यूज पर आरोप है कि उसने इस्लामी महीने मुहर्रम के 10वें दिन आशूरा के अवसर पर विशेष प्रसारण के दौरान शिया समुदाय से जुड़े कुछ धार्मिक अनुष्ठानों का प्रसारण किया था।

विज्ञापन


शनिवार को जारी आदेश में पेमरा ने कहा कि चैनल का यह प्रसारण दर्शकों की धार्मिक भावनाओं को आहत करने वाला हो सकता है। प्राधिकरण के निगरानी प्रकोष्ठ का हवाला देते हुए आदेश में कहा गया कि जियो न्यूज का विशेष प्रसारण धार्मिक, सांस्कृतिक और सामाजिक संवेदनशीलताओं के कारण गंभीर नियामकीय चिंता का विषय है।

पेमरा ने यह भी कहा कि यह प्रसारण प्राधिकरण के पहले जारी किए गए निर्देशों के अनुरूप नहीं था। आदेश के अनुसार, जियो न्यूज का प्रसारण 15 दिनों तक उपग्रह और सभी वितरण नेटवर्क एवं प्लेटफॉर्म पर निलंबित रहेगा। साथ ही सभी वितरण सेवा लाइसेंसधारकों और ऑपरेटरों को तत्काल प्रभाव से आदेश का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
विज्ञापन


इसके अलावा, पेमरा ने मामले को अपने काउंसिल ऑफ कंप्लेंट्स के पास भेज दिया है, ताकि इसकी जांच, सुनवाई और आवश्यक होने पर कानून के तहत आगे की नियामकीय कार्रवाई के संबंध में सिफारिशें की जा सकें।

पेमरा ने जियो न्यूज को निर्देश दिया है कि वह प्रसारित सामग्री से जुड़े संपादकीय, निगरानी और अनुपालन संबंधी स्तर पर हुई चूक की आंतरिक जांच करे। साथ ही जांच की सिफारिशें और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए उठाए जाने वाले सुधारात्मक एवं निवारक उपायों का विवरण भी सुनवाई के दौरान काउंसिल के समक्ष प्रस्तुत करे।

कैलिफोर्निया के नो-किल शेल्टर में मिला कुत्तों का सामूहिक कब्रिस्तान, 117 अवशेष बरामद
कैलिफोर्निया के फोर्टुना स्थित मिरांडा रेस्क्यू एनिमल सैंक्चुअरी में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। शेल्टर की जमीन से कम से कम 117 कुत्तों के अवशेष बरामद हुए हैं। जांच में पता चला है कि इनमें से कई कुत्तों की मौत गोली लगने से हुई थी। पुलिस ने मौके से 21 खोपड़ियां और सैकड़ों हड्डियां भी बरामद की हैं। हंबोल्ट काउंटी शेरिफ कार्यालय को अप्रैल में पशु क्रूरता और धोखाधड़ी की शिकायत मिली थी, जिसके बाद यह जांच शुरू की गई। शेल्टर के पास से 600 से अधिक डॉग कॉलर भी मिले हैं। शेरिफ विलियम होंसल ने इसे एक खौफनाक दृश्य बताया है। फिलहाल कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है। शेल्टर की संस्थापक शैनन मिरांडा ने आरोपों को गलत बताया है। पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी है।

नाइजीरिया में गोलीबारी, 15 लोगों की मौत
उत्तर-पश्चिम नाइजीरिया के एक कृषि समुदाय पर बंदूकधारियों ने हमला कर दिया, जिसमें 15 लोगों की मौत हो गई। अधिकारियों ने शनिवार को इसकी जानकारी दी।

यह हमला शुक्रवार को हिंसा प्रभावित जमफारा राज्य के तलाता माफारा इलाके में हुआ। इस क्षेत्र में पहले भी कई बार हिंसा हो चुकी है। अब तक किसी भी समूह ने इस हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है। राष्ट्रीय स्तर पर इस क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करने वाले सांसद अब्दुलअजीज यारी ने सोशल मीडिया पर जारी बयान में इस हमले को 'आतंकी हमला' बताया।

इलाके के स्थानीय प्रशासन के प्रमुख याहया यारी शुक्रवार शाम पीड़ितों के अंतिम संस्कार में शामिल हुए। वायरल वीडियो में उन्होंने भावुक होकर राष्ट्रपति बोला टीनुबू और क्षेत्र से आने वाले उप रक्षा मंत्री से हस्तक्षेप कर हत्याओं का सिलसिला रोकने की अपील की।

यूरोप: बोस्निया और हर्जेगोविना में देशभर में गर्मी का अलर्ट, जंगलों में आग जारी

बोस्निया और हर्जेगोविना ने शनिवार को पूरे देश में ऑरेंज हीट अलर्ट जारी किया। अगले कुछ दिनों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है। वहीं, गर्म और शुष्क मौसम के कारण लगी कई आग पर काबू पाने के लिए दमकल कर्मी लगातार काम कर रहे हैं।

देश के जल एवं मौसम विज्ञान संस्थान ने बताया कि ऑरेंज अलर्ट 27 जून से 30 जून तक प्रभावी रहेगा। हर दिन सुबह 11 बजे से शाम 5 बजे तक सबसे ज्यादा खतरा रहने की चेतावनी दी गई है। इस दौरान अधिकतम तापमान 33 से 40 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। संस्थान ने लोगों, खासकर बुजुर्गों, छोटे बच्चों और गंभीर बीमारियों से पीड़ित लोगों से लंबे समय तक बाहर न रहने, पर्याप्त पानी पीने और स्वास्थ्य व आपातकालीन अधिकारियों की सलाह का पालन करने की अपील की है।

अगले साल के शुरू में भारत का दौरा करेंगे ट्रंप : रूबियो

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप अगले साल के शुरू में भारत का दौरा कर सकते हैं। अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो ने यह जानकारी दी। साथ ही बताया कि राष्ट्रपति ट्रंप की यात्रा तैयारियों के सिलसिले में वह खुद इसी साल भारत दौरा कर सकते हैं। रूबियो ने एक इंटरव्यू में कहा, हम कोशिश कर रहे हैं कि अगले साल की शुरुआत में किसी समय राष्ट्रपति ट्रंप भारत का दौरा करें।

गौरतलब है कि पिछले हफ्ते ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने फ्रांस में जी-7 शिखर सम्मेलन के इतर राष्ट्रपति ट्रंप से मुलाकात की थी। भारत पिछले कई महीनों से ट्रंप के भारत दौरे के लिए जोर दे रहा है। बहुत संभव है कि यह दौरा जापान और ऑस्ट्रेलिया के साथ होने वाली एक साझा बैठक का हिस्सा हो। पिछले एक साल में भारत और अमेरिका के रिश्ते काफी उतार-चढ़ाव भरे रहे हैं। रिश्तों को सुधारने के मकसद से रूबियो ने पिछले महीने भारत का दौरा किया था। लेकिन वाणिज्यिक जहाज अमेरिकी नौसेना के हमलों में तीन भारतीय नाविकों के मारे जाने से दोनों देशों के रिश्तों में फिर से कड़वाहट आ गई है।  

चीन: इमारत से टकराया विमान पायलट की मौत, 13 लोग घायल

चीन की राजधानी बीजिंग में शुक्रवार शाम एक छोटा विमान एक ऊंची इमारत से टकरा गया। इससे हादसे में पायलट की मौत की पुष्टि हुई है व 13 अन्य लोग घायल हो गए। चाओयांग जिले के अधिकारियों ने बताया कि दो सीटों वाला यह लाइट स्पोर्ट विमान शाम 5:55 बजे ईस्ट थर्ड रिंग रोड के पास एक गगनचुंबी इमारत से टकराया। अधिकारियों के अनुसार, विमान में पायलट अकेला था। हादसे के बाद से प्रशासन जांच में जुटा है। विमान की अधिकतम गति 220 किमी प्रति घंटा थी।

इथियोपिया से इलाज के लिए भारत आ रही बच्ची की विमान में मौत

कैंसर का इलाज कराने इथियोपिया से हैदराबाद आ रही 13 वर्षीय एक बच्ची की विमान में ही मौत हो गई। बच्ची पिछले तीन वर्षों से कैंसर से जूझ रही थी। विमान के उड़ान भरने के दौरान ही उसकी स्थिति बिगड़ गई और उसने दम तोड़ दिया। शनिवार रात एक बजे जब विमान राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उतरा, तो उसे तुरंत हवाई अड्डे की स्वास्थ्य इकाई ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने बच्ची को मृत घोषित कर दिया। 

आजीविका के लिए बांग्लादेश को विश्व बैंक ने दिए 1.1 अरब डॉलर

विश्व बैंक ने बांग्लादेश की अर्थव्यवस्था को सहारा देने के लिए 1.1 अरब डॉलर की आपातकालीन सहायता को मंजूरी दी है। यह राशि दो परियोजनाओं के जरिये दी जाएगी, जिसका उद्देश्य वैश्विक उर्वरक और ईंधन बाजारों में अस्थिरता को कम करना है। विश्व बैंक के अनुसार, पश्चिम एशिया संकट के कारण बढ़ती कीमतों का बांग्लादेश की अर्थव्यवस्था पर बुरा असर पड़ा है। 30 करोड़ डॉलर की आपातकालीन खाद्य सुरक्षा परियोजना के तहत उर्वरक आयात में मदद मिलेगी
 

आईआईटी बॉम्बे व न्यूयॉर्क विवि में शोध पर सहयोग

आईआईटी बॉम्बे और न्यूयॉर्क स्टेट यूनिवर्सिटी ने विज्ञान-इंजीनियरिंग क्षेत्रों में सहयोग के लिए हाथ मिलाया है। यह कदम शिक्षा-अनुसंधान में भारत-अमेरिका साझेदारी को रेखांकित करता है। शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के साथ दोनों ने घोषणा की कि वे न्यूयॉर्क के लॉन्ग आइलैंड स्थित परिसर में शिक्षा-अनुसंधान के नए अवसर विकसित करेंगे। 

ट्रंप प्रशासन ने एआई जीपीटी-5.6 को भी किया सीमित

अमेरिका में साइबर सुरक्षा समीक्षा के चलते ओपनएआई और एंथ्रोपिक ने अपने नए एआई मॉडल की सार्वजनिक रिलीज सीमित कर दी है। ओपनएआई ने कहा कि ट्रंप प्रशासन के अनुरोध पर उसका नया मॉडल जीपीटी-5.6 सोल फिलहाल केवल सरकार से मंजूरी प्राप्त ग्राहकों और चुनिंदा विश्वसनीय साझेदारों को उपलब्ध कराया जाएगा। उधर, एंथ्रोपिक ने बताया कि सरकार ने उसके सबसे मजबूत साइबर सुरक्षा मॉडल क्लॉड मायथोस-5 को 100 से अधिक विश्वसनीय अमेरिकी कंपनियों और संस्थानों के लिए जारी करने की अनुमति दे दी है। 

थाईलैंड के सत्ताहिप में पहुंचे भारतीय नौसेना के युद्धपोत 

भारतीय नौसेना के पूर्वी बेड़े के युद्धपोत आईएनएस उदयगिरि, कवरत्ती और शक्ति थाईलैंड के सत्ताहिप बंदरगाह पहुंचे। इन जहाजों का नेतृत्व रियर एडमिरल आलोक आनंद कर रहे हैं, जिन्हें रॉयल थाई नेवी ने औपचारिक रूप से स्वागत किया।

भारतीय नौसेना ने कहा कि यह जहाजों का थाईलैंड बंदरगाह पर जाना भारत और दक्षिण-पूर्व एशिया के देशों के बीच समुद्री सहयोग का हिस्सा है। साथ ही यह भारत और थाईलैंड के बीच लंबे समय से चले आ रहे अच्छे नौसैनिक और समुद्री संबंधों को भी दिखाता है।

इस यात्रा के दौरान पेशेवर स्तर पर बातचीत, एक-दूसरे के जहाजों का दौरा, ऑपरेशनल अभ्यास, खेल गतिविधियां और सामुदायिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, ताकि दोनों नौसेनाओं के बीच सहयोग और तालमेल और मजबूत हो सके।

नौसेना ने कहा कि यह दौरा भारत और थाईलैंड के बीच मित्रता, सहयोग और समुद्री संबंधों को और गहरा करने के साथ-साथ भारतीय जहाजों की स्वदेशी डिजाइन, आधुनिक निर्माण और उन्नत तकनीक को भी प्रदर्शित करता है।
 

आईएनएस इक्षक सेशेल्स पहुंचा, हिंद महासागर क्षेत्र में समुद्री सहयोग को मिलेगा बढ़ावा

भारतीय नौसेना का स्वदेशी रूप से निर्मित आईएनएस इक्षक जहाज दक्षिण-पश्चिम हिंद महासागर क्षेत्र में अपनी परिचालन तैनाती के तहत सेशेल्स के पोर्ट विक्टोरिया पहुंचा है। यह यात्रा सेशेल्स के 50वें राष्ट्रीय दिवस समारोह के साथ हो रही है, जो भारत और सेशेल्स के बीच लंबे समय से चले आ रहे समुद्री संबंधों और मजबूत साझेदारी को दर्शाती है।
 
विज्ञापन

पाकिस्तान के बलूचिस्तान में धमाका, कई पुलिसकर्मी घायल

पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत के मस्तुंग जिले में पुलिस वाहन के पास हुए बम धमाके में चार पुलिसकर्मी घायल हो गए। स्थानीय मीडिया के अनुसार, यह धमाका शनिवार को दाश्त इलाके में उस समय हुआ, जब पुलिस कैदियों को दाश्त कोर्ट से मस्तुंग जेल ले जा रही थी। पुलिस के मुताबिक, अज्ञात हमलावरों ने पीर वली के पास मियां गांधी लिंक रोड पर पहले से विस्फोटक लगाया था। जैसे ही पुलिस वाहन वहां से गुजरा, जोरदार विस्फोट हो गया। धमाके में पुलिस वाहन क्षतिग्रस्त हो गया। दाश्त के एसएचओ अख्तर मोहम्मद ने बताया कि धमाके में चार पुलिसकर्मी घायल हुए हैं। उन्हें मौके पर ही प्राथमिक उपचार दिया गया। घटना के तुरंत बाद भारी संख्या में सुरक्षा बल मौके पर पहुंचे, इलाके की घेराबंदी की गई और तलाशी अभियान शुरू कर दिया गया।

पाकिस्तान में सुरक्षा बल लगातार निशाने पर
यह हमला ऐसे समय हुआ है, जब पाकिस्तान में सुरक्षाकर्मियों पर लगातार हमले हो रहे हैं। खासकर बलूचिस्तान और खैबर पख्तूनख्वा जैसे सीमावर्ती प्रांत आतंकवादी गतिविधियों से सबसे अधिक प्रभावित हैं। इससे पहले 14 जून को पंजाब-खैबर पख्तूनख्वा सीमा के पास वाहवा इलाके में एक पुलिस चेकपोस्ट पर आत्मघाती हमला हुआ था। इस हमले में दो पुलिसकर्मियों की मौत हो गई थी, जबकि छह अन्य घायल हुए थे।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें