फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

World: पाकिस्तान में प्रदर्शन, CPEC पोर्ट पर फंसे 700 से अधिक ट्रक; फ्रांस के पूर्व राष्ट्रपति के खिलाफ मुकदमा

Mon, 06 Jan 2025 02:36 PM IST
शुभम कुमार वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला
विज्ञापन
दुनिया की बड़ी खबरें - फोटो : amar ujala graphics
विज्ञापन

फ्रांस के पूर्व राष्ट्रपति निकोलस सरकोजी के खिलाफ मुकदमा शुरू हो गया है। आरोप है कि उन्हें लीबिया के पूर्व नेता मोहम्मद गद्दाफी ने उन्हें चुनावी फंडिंग दी थी। सरकोजी पर 2007 में राष्ट्रपति चुनाव जीतने के लिए गद्दाफी से पैसे लेने का आरोप है। अब कोर्ट में यह मामला चल रहा है। एसोसिएटेड प्रेस ने यह जानकारी दी। 

विज्ञापन


सीपीईसी के ड्राई पोर्ट पर फंसे सैकड़ों ट्रक
पाकिस्तान-चीन आर्थिक गलियारा (सीपीईसी) के ड्राई पोर्ट पर सैकड़ों ट्रक फंसे हुए हैं, क्योंकि गिलगित-बाल्टिस्तान का मुख्य राजमार्ग लगातार चौथे दिन भी बंद है। स्थानीय लोग बिजली संकट के खिलाफ विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। जिसके कारण यह मार्ग बंद है। यह बंद हुनजा अवामी एक्शन कमेटी और ऑल पार्टीज ट्रेडर्स एसोसिएशन के आह्वान पर किया जा रहा है। विरोध प्रदर्शन के कारण पाकिस्तान और चीन का व्यापार प्रभावित हुआ है। 

व्यापारिक संगठनों के मुताबिक, प्रदर्शनकारी कराकोरम राजमार्ग के हुनजा जिले के अलीबाद क्षेत्र में लगातार चौथे दिन भी सड़क पर बैठकर कर विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। द सन अखबार की खबर के मुताबिक, सरकार ने कई प्रयास किए हैं, लेकिन अब तक कोई समाधान नहीं निकला। गिलगित-बाल्टिस्तान चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के प्रमुख इमरान अली ने बताया कि सात सौ ट्रक सीपीईसी के ड्राई पोर्ट पर फंसे हुए हैं। यह ड्राई पोर्ट 1985 में पाकिस्तान और चीन के बीच व्यापार को सुविधाजनक बनाने के लिए बनाया गया था। यह सीपीईसी में एक मत्वपूर्ण कड़ी के रूप में काम करता है। ड्राई पोर्ट एक प्रकार का मालवाही केंद्र होता है, जो समुद्र तट से दूर किसी जगह पर स्थित होता है। यह मुख्य रूप से व्यापारिक वस्तुओं को संभालने के लिए होता है और यहां सामान को ट्रेन, ट्रक या अन्य यातायात माध्यमों से विभिन्न स्थानों पर भेजा जाता है। 
विज्ञापन

   

बांग्लादेश: अंतरिम सरकार ने बिना वैध वीजा के रह रहे लोगों को दी चेतावनी
बांग्लादेश की अंतरिम सरकार ने सोमवार को बिना वैध वीजा के रह रहे विदेशी नागरिकों से कहा कि वह 31 जनवरी तक वीजा प्राप्त कर लें। सरकार ने चेतावनी दी कि अगर ऐसा नहीं किया गया, तो उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। गृह मामलों के सलाहकार लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) जहांगीर आलम ने कहा कि बांग्लादेश में कई विदेशी नागरिक बीना वीजा के रह रहे हैं और उनमें से कुछ लोग तो नौकरी भी कर रहे हैं। 31 जनवरी वीजा प्राप्त करने की अंतिम तय तारीख है। आलम ने यह बात ढाका के केंद्रीय पासपोर्ट कार्यालय का दौरा करते हुए कही। 

भारी बर्फबारी से ब्रिटेन और जर्मनी में हवाई यात्रा प्रभावित
यूके और जर्मनी में भारी बर्फबारी और ठंड का असर अब यातायात पर दिखने लगा है। जहां भारी बर्फबारी के कारण यू.के. और जर्मनी में हवाई यात्रा पर असर पड़ा है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, यू.के. के कई हवाई अड्डों ने रविवार को बर्फबारी के कारण अपने रनवे बंद कर दिए। बता दें कि यू.के. के मौसम विभाग ने बर्फबारी और बर्फ की चेतावनी जारी की थी, जिसमें स्कॉटलैंड, उत्तरी इंग्लैंड और वेल्स के कई हिस्से शामिल थे। 

मैनचेस्टर एयरपोर्ट ने दी जानकारी
हवाई यात्रा प्रभावित होने के बाद मैनचेस्टर एयरपोर्ट ने कहा कि बर्फबारी के कारण रनवे को अस्थायी रूप से बंद किया गया, लेकिन बाद में स्थानीय समय सुबह 9:45 बजे फिर से खोल दिया गया। लिवरपूल का जॉन लेनन एयरपोर्ट और न्यूकैसल इंटरनेशनल एयरपोर्ट भी प्रभावित हुए और कई उड़ानें रद्द की गईं। बर्मिंघम एयरपोर्ट को भी कुछ समय के लिए बंद किया गया था।

पश्चिमी इंग्लैंड में ब्रिस्टल एयरपोर्ट भी इस चुनौतीपूर्ण मौसम के कारण बंद हो गया, लेकिन बाद में शाम को इसे फिर से खोला गया। यू.के. के नेशनल रेल ने भी खराब मौसम के कारण ट्रेन रूट्स पर गति प्रतिबंध और लाइन बंद करने की जानकारी दी।

इंग्लैंड और वेल्स में भी बर्फबारी का असर
इंग्लैंड और वेल्स में सड़कों पर बर्फबारी के कारण यात्रा पर भी असर पड़ा। जर्मनी में फ्रैंकफर्ट और म्यूनिख हवाई अड्डों पर बर्फबारी और खराब दृश्यता के कारण कई उड़ानें रद्द कर दी गईं और उड़ान संचालन प्रभावित हुआ। मौसम के कारण जर्मनी में सड़क दुर्घटनाओं की संख्या बढ़ी, क्योंकि लोग बर्फीली सड़कों पर गाड़ी चला रहे थे। जर्मनी की मौसम सेवा ने काली बर्फ की चेतावनी जारी की और लोगों को घर पर रहने की सलाह दी।

दुबई को लगातार दूसरे साल ग्लोबल पावर सिटी इंडेक्स 2024 (GPCI) में दुनियाभर में आठवां और मध्य पूर्व में पहला स्थान मिला है। यह अध्ययन जापान के मोरी मेमोरियल फाउंडेशन द्वारा किया गया है। सूचकांक में दुबई की भूमिका नवाचार, आर्थिक गतिविधियों और वैश्विक संपर्क में अग्रणी के रूप में दिखाई गई है। 

यह उपलब्धि दुबई को मध्य पूर्व का एकमात्र शहर बनाती है जो शीर्ष 10 में शामिल है, और यह व्यापार, निवेश और प्रतिभा के लिए एक प्रमुख वैश्विक केंद्र के रूप में उसकी स्थिति को मजबूत करती है।

दुबई के क्राउन प्रिंस का बयान
वहीं इस मामले में दुबई के क्राउन प्रिंस, उपप्रधान मंत्री, रक्षा मंत्री और दुबई की कार्यकारी परिषद के अध्यक्ष शेख हमदान ने कहा कि दुबई नवाचार, स्थिरता और प्रतिभा को बढ़ावा देने पर ध्यान केंद्रित करते हुए लगातार अपनी सीमाओं को फिर से परिभाषित कर रहा है। उन्होंने दुबई की सफलता के मुख्य कारणों में इसकी विश्व स्तरीय बुनियादी ढांचा और लचीला विधायी ढांचा बताया, जो वैश्विक निवेश और शीर्ष प्रतिभाओं को आकर्षित करता है। 

शेख हमदान ने यह भी कहा कि दुबई की मजबूत सार्वजनिक-निजी क्षेत्र साझेदारी ने एक सहयोगी और विकासशील पारिस्थितिकी तंत्र तैयार किया है, जो नवाचार और नए वैश्विक रुझानों के अनुकूल है। उन्होंने कहा कि दुनिया के प्रमुख सूचकांकों में दुबई की उच्च रैंकिंग यह दिखाती है कि हम केवल दुनिया के साथ तालमेल नहीं बनाए हुए हैं, बल्कि हम उत्कृष्टता के नए मानक भी स्थापित कर रहे हैं।

ग्लोबल पावर सिटी इंडेक्स का मूल्यांकन
ग्लोबल पावर सिटी इंडेक्स (GPCI) प्रमुख शहरों का मूल्यांकन करता है और उन्हें उनकी आकर्षकता के आधार पर रैंक करता है, यानी वह कितनी क्षमता रखते हैं दुनिया भर से लोगों, पूंजी और व्यवसायों को आकर्षित करने में। यह सूचकांक छह महत्वपूर्ण पहलुओं पर आधारित है, जैसे कि अर्थव्यवस्था, अनुसंधान और विकास, सांस्कृतिक संपर्क, रहने की क्षमता, पर्यावरण और पहुंच।

युद्धविराम प्रयासों के बीच गाजा पर इस्राइली हमलों में 17 की मौत
15 महीने पुराने संघर्ष की समाप्ति के लिए नए सिरे से संघर्ष विराम वार्ता की शुरुआत के प्रयासों के बीच गाजा पर हुए इस्राइली हमलों में 17 लोगों की मौत हो गई। इस्राइली हमलों में पिछले तीन दिनों में 102 फलस्तीनी मारे जा चुके हैं। उधर, इस्राइल ने गाजा में 100 जगहों पर हमले का दावा किया है। गाजा के स्वास्थ्य अधिकारियों ने बताया कि रविवार रात खान यूनिस में एक पुलिस मुख्यालय पर हुए इस्राइली हमले में कम से कम पांच लोग मारे गए।  

जापान: परमाणु हमले में जिंदा बचे समाजसेवी शिगेमी का निधन
 नागासाकी परमाणु बम हमले में जिंदा बचने वाले जापान के सामाजिक कार्यकर्ता शिगेमी फुकाहोरी का निधन हो गया। उन्होंने अपना पूरा जीवन शांति व परमाणु हथियारों के खिलाफ आंदोलन को सौंप दिया था। वह 93 वर्ष के थे। उराकामी कैथोलिक चर्च ने रविवार को बताया कि फुकाहोरी की मौत तीन जनवरी को दक्षिण-पश्चिमी जापान के नागासाकी के एक अस्पताल में हुई। स्थानीय मीडिया के अनुसार, फुकाहोरी की मृत्यु वृद्धावस्था के कारण हुई। चर्च ग्राउंड जीरो से लगभग 500 मीटर की दूरी पर स्थित है। इसका घंटाघर व कुछ मूर्तियां परमाणु बमबारी से बच गई थीं। अमेरिका ने 9 अगस्त, 1945 को नागासाकी पर जब परमाणु बम गिराया था, तब फुकाहोरी सिर्फ 14 साल के थे। इसमें लाखों मौतें हुई थीं।  

हमले में शिगेमी के परिवार समेत हजारों लोग मारे गए थे। यह घटना हिरोशिमा पर परमाणु हमले के तीन दिन बाद हुई थी। फुकाहोरी जहां बम गिराया गया, उसके करीब तीन किलोमीटर दूर एक शिपयार्ड में काम करते थे। वह इस हमले से इतने सहम गए थे कि इसके बारे में कई वर्षों तक बात नहीं कर पाए।

कनाडाई संगठनों पर चीनी प्रतिबंध की तिब्बती सरकार ने की आलोचना
 भारत में तिब्बत की निर्वासित सरकार ने कनाडा में दो सामाजिक संगठनों और उनसे जुड़े 20 लोगों के खिलाफ प्रतिबंध लगाने के लिए चीन की तीखी आलोचना की है। निर्वासित तिब्बती संसद की डिप्टी स्पीकर डोलमा सेरिंग ने कहा कि यह फैसला दिखाता है कि चीनी कम्युनिस्ट शासन हर मामलों में दखल देना चाहता है।

चीन ने कनाडा के जिन दो सामाजिक संगठनों को निशाना बनाया है, उसमें कनाडा तिब्बत कमेटी व उइगर मुसलमानों के अधिकारों की वकालत करने वाला एक संगठन शामिल है। डोलमा ने संयुक्त राष्ट्र व लोकतांत्रिक देशों से अपील की है कि वे चीन के फैसले के खिलाफ खड़े हों। उन्होंने कहा, तिब्बत व उसके लोगों के ऊपर अपनी ही जमीन पर लगातार अत्याचार हो रहा है। चीनी प्रशासन अब तिब्बती लोगों की आवाज दबाने के लिए तिब्बत के बाहर भी अपनी ताकत का इस्तेमाल कर रहा है।

इस्राइली पुलिस की नेगेव बेडौइन शहर से जब्त किए हथियार, नौ गिरफ्तार
इस्राइली पुलिस ने नेगेव बेडौइन शहर अरारत अन-नकाब में छापेमारी की। इस दौरान पुलिस ने नौ संदिग्ध लोगों को गिरफ्तार किया है। ये गिरफ्तारियां अवैध हथियार रखने और आग्नेयास्त्रों की गोलाबारी के आरोप में की गई हैं। इस दौरान पुलिस ने हथियार और गोला-बारूद भी बरामद किए। छापेमारी के दौरान करीब 150 पुलिस अधिकारी शामिल रहे।

खुफिया जानकारी के आधार पर पुलिस ने एक घर की तलाशी ली। इस दौरान एक दीवार में छिपाकर रखी एक एम16 राइफल, छह भरी हुई मैगजीन, एक एफएन पिस्तौल, एक सैन्य कवच और 5.56 बोर के कारतूस मिले। एक अन्य घर से लगभग 150,000 एनआईएस (करीब 40,000 डॉलर) की नकदी जब्त की गई। ये धन संदिग्ध आपराधिक गतिविधियों से प्राप्त किया गया था। इसके अलावा, इस्राइल इलेक्ट्रिक कॉर्पोरेशन ने उन व्यवसायों और घरों का निरीक्षण किया जो अवैध रूप से बिजली का उपयोग कर रहे थे। आठ कनेक्शन तुरंत काट दिए गए। इन परिसरों के मालिकों के खिलाफ आपराधिक मामले और बिजली चोरी के लिए दावे दायर करने की उम्मीद है, जिनका अनुमानित मूल्य लगभग एक मिलियन शेकेल (274,000 डॉलर) है।

उत्तर कोरिया ने दक्षिण कोरिया के पूर्वी सागर में दागी मिसाइल

दक्षिण कोरिया की सेना ने एक बयान में कहा है कि उत्तर कोरिया की तरफ से पूर्वी सागर में एक मिसाइल दागी गई है। दक्षिण कोरियाई सेना ने इसे उकसावे वाली कार्रवाई बताया। 

क्वेटा में दो दिन के लिए इंटरनेट बंद

बलूचिस्तान सरकार ने क्वेटा में सेलुलर और इंटरनेट सेवाओं पर दो दिनों का प्रतिबंध लगा दिया है। यह कदम जमीयत उलेमा-इस्लाम-फजल (जेयूआईएफ) की हड़ताल की घोषणा के बाद उठाया गया है। जेयूआईएफ ने बलूचिस्तान विधानसभा के एक प्रमुख निर्वाचन क्षेत्र पीबी-45 क्वेटा VIII के पुनर्मतदान के दौरान धांधली के विरोध में हड़ताल का एलान किया था। जेयूआई-एफ के प्रांतीय अमीर ने कहा कि जब तक हमें अपने अधिकार नहीं मिल जाते, विरोध जारी रहेगा।

पाकिस्तान: खैबर पख्तूनख्वा सरकार ने कुर्रम इलाके में 2 महीने के लिए लागू की धारा 144

उत्तर-पश्चिमी पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा की प्रांतीय सरकार ने हिंसाग्रस्त कुर्रम जिले में दो महीने के लिए धारा 144 लागू कर दी है। सरकारी काफिले पर हमले के बाद से कुर्रम में हिंसा के हालात हैं। ऐसे में प्रांतीय सरकार ने शांति बहाल करने के लिए यह आदेश जारी किया है। धारा 144 लागू होने के बाद हथियारों के साथ प्रदर्शन और पांच या उससे अधिक लोगों के एकत्र होने पर प्रतिबंध लग गया है। रविवार को खैबर पख्तूनख्वा के मुख्यमंत्री अली अमीन गंडापुर की अध्यक्षता में एक उच्च स्तरीय बैठक में यह फैसला लिया गया।

बैठक में तारी और चापरी क्षेत्रों के बीच मुख्य पाराचिनार राजमार्ग पर सभी सार्वजनिक बैठकों और रैलियों पर भी प्रतिबंध लगाने का फैसला किया गया। बीते दिनों कुर्रम जिले में जिसके बाद कुर्रम जिले में जातीय संघर्ष में 21 नवंबर से लेकर 2 दिसंबर तक 133 लोगों की मौत हो चुकी है। इसके बाद  सरकारी काफिले पर हुए हमले में डिप्टी कमिश्नर जावेदउल्लाह महसूद और सात अन्य घायल हो गए थे। 
 

इस्राइलः वेस्ट बैंक में गोलीबारी में तीन की मौत

वेस्ट बैंक के उत्तरी इलाके अल-फुंदुक में हुई गोलीबारी में तीन लोगों की मौत हुई है। घटना में छह अन्य लोग घायल भी हुए हैं। फिलहाल पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। हमलावर ने एक बस और एक नागरिक वाहन पर गोलियां चलाईं। 
 

अफगानिस्तान पर पाकिस्तानी हवाई हमले की भारत ने की निंदा

बीते दिनों पाकिस्तान की सेना ने अफगानिस्तान की सीमा में घुसकर अफगान नागरिकों पर हवाई हमला (एयरस्ट्राइक) किया था। इस हमले को लेकर अब भारत सरकार ने भी प्रतिक्रिया दी है और पाकिस्तान के इस कदम की कड़ी निंदा की। भारतीय विदेश मंत्रालय ने मीडिया के सवालों का जवाब देते हुए कहा कि 'अफगानिस्तान के नागरिकों पर हुए हवाई हमले में महिलाओं और बच्चों की मौत हुई है। हम मासूम नागरिकों पर हमले की कड़ी निंदा करते हैं। यह पाकिस्तान की पुरानी आदत है कि वह अपनी असफलताओं का ठीकरा हमेशा पड़ोसियों पर फोड़ता है।'

नवनिर्वाचित अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि कार्यकाल संभालने के पहले दिन ही वह साल 2021 में यूएस कैपिटल हिल दंगों में शामिल लोगों को माफी दे देंगे। चुनावी जीत के बाद पहले टीवी इंटरव्यू में ट्रंप ने कहा, ये लोग राहत के हकदार हैं। कैपिटल हिल पर ट्रंप समर्थकों के हमले, हिंसा और दंगों की सोमवार को चौथी बरसी है।  
विज्ञापन

ब्रिटेन के पीएम ने नाम लिए बगैर मस्क पर साधा निशाना, कहा- सोशल मीडिया पर फैलाया जा रहा झूठ
ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर ने  सोशल मीडिया पर फैलाए जा रहे झूठ और गलत जानकारी की सोमवार को कड़ी निंदा की। यह गलत जानकारी उनके पूर्व अभियोजक के रूप में काम करने के रिकॉर्ड और बाल यौन शोषण के मुद्दे पर उनके एक मंत्री के खिलाफ फैलाए जा रहे आरोपों को लेकर थी। स्टार्मर ने नाम लिए बगैर टेस्ला के सीईओ एलन मस्क की आलोचना की। मस्क ने ब्रिटेन सरकार पर बाल यौन शोषण के मामलों में खराब तरीके से काम करने का आरोप लगाया था। इन मामलों में कई पाकिस्तानी मूल के पुरुषों का नाम लिया गया था। मस्क ने एक्स पर इस मुद्दे को लेकर ब्रिटेन की सरकार पर हमला बोला था। 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें