फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Updates: खैबर पख्तूनख्वा में 13 आतंकवादी मारे गए, एक सैन्य अधिकारी की मौत; भारत-नेपाल सैन्याभ्यास 29 दिसंबर से

Fri, 27 Dec 2024 03:46 AM IST
शुभम कुमार वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला, वाशिंगटन
विज्ञापन
दुनिया की बड़ी खबरें - फोटो : amar ujala graphics
विज्ञापन
पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में सुरक्षा बलों द्वारा शुरू किए गए अलग-अलग तीन अभियानों में 13 आतंकवादी मारे गए और सेना के एक अधिकारी की मौत हो गई। पाकिस्तानी सेना की मीडिया शाखा ने बताया कि यह सभी अभियान गुरुवार तड़के शुरू हुए। पहले अभियान में सुरक्षा बलों ने बन्नू जिले के जानी खेल इलाके में दो आतंकवादियों को मार गिराया। उत्तरी वजीरिस्तान में हुए दूसरे अभियान के दौरान पांच आतंकवादी मारे गए, जबकि आठ अन्य घायल हो गए। हालांकि, इस बीच गोलीबारी में मेजर मुहम्मद अवैस (31) की मौत हो गई। तीसरा अभियान दक्षिणी वजीरिस्तान में हुआ और यहां सुरक्षा बलों के साथ मुठभेड़ में छह आतंकवादी मारे गए तथा आठ अन्य घायल हो गए। आंतरिक मंत्रालय के हालिया आंकड़ों के अनुसार, पिछले 10 माह के दौरान हुई 1,566 आतंकी घटनाओं में से 948 घटनाएं खैबर पख्तूनख्वा में घटित हुईं जिनमें 583 लोगों की मौत हो गई।
विज्ञापन


सैन्य अभ्यास सूर्यकिरण का 18वां संस्करण 29 से
भारतीय सेना ने बृहस्पतिवार को घोषणा की कि भारत-नेपाल के बीच साझा सैन्य अभ्यास सूर्यकिरण का 18वां संस्करण नेपाल के सलझंडी में 29 दिसंबर से 13 जनवरी तक आयोजित होगा। ये अभ्यास द्विपक्षीय दोस्ती, भरोसा व आम सांस्कृतिक संबंधों को प्रदर्शित करता है। इसका उद्देश्य संयुक्त राष्ट्र चार्टर के तहत जंगल युद्ध, पहाड़ों में आतंकवाद विरोधी अभियानों और मानवीय सहायता और आपदा राहत में अंतरसंचालनीयता बढ़ाना है। भारतीय सेना ने यह जानकारी दी।

अफगानिस्तान में पाकिस्तानी हमलों के बाद तनाव
अफगानिस्तान के भीतर पक्तिका प्रांत के बरमल जिले में पाकिस्तानी हवाई हमलों में 46 लोगों की मौत और 6 के घायल होने के बाद दोनों पड़ोसी देशों में ठन गई है। अफगानिस्तान के विदेश मंत्रालय ने काबुल में पाकिस्तानी दूतावास के प्रभारी को तलब कर खरी-खोटी सुनाई। मंत्रालय के प्रवक्ता हाफिज जिया अहमद ने कहा, पाकिस्तानी सेना ने उनके देश में घुसकर अंतरराष्ट्रीय कानून का उल्लंघन किया है। उसने पाकिस्तानी दूतावास को संदेश दिया कि इस कदम से दोनों देशों में भरोसा घटा है।

अहमद ने पाकिस्तानी दूतावास के प्रभारी को स्पष्ट किया कि जानबूझकर किए गए इस प्रयास से दोनों देशों के संबंधों में काफी तनाव पैदा हुआ है और तालिबान इस पर कड़ी प्रतिक्रिया दर्ज कराएगा। अफगानिस्तान अपनी संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता की रक्षा के लिए दृढ़ता से प्रतिबद्ध है। अफगानिस्तानी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने चेताया, ऐसी कार्रवाइयों के नतीजे खतरनाक होंगे। उधर, पाकिस्तान ने अफगानिस्तान तालिबान पर इन आतंकवादियों को शरण देने का आरोप लगाया है। ऐसे में अफगानिस्तान में टीटीपी आतंकियों की मौजूदगी से दोनों देशों में तनाव और भी बढ़ गया है। 

मनिका जैन को मोल्दोवा में राजदूत की अतिरिक्त जिम्मेदारी
रोमानिया में भारत की मौजूदा राजदूत मनिका जैन को मोल्दोवा में भी देश की राजदूत नियुक्त किया गया है। विदेश मंत्रालय ने बताया कि वह बुखारेस्ट में रहकर ही यह अतिरिक्त जिम्मेदार भी संभालेंगी। 1993 में भारतीय विदेश सेवा में शामिल हुईं मनिका जल्द ही अपना कार्यभार संभाल लेंगी। भारत ने 28 दिसंबर 1991 को मोल्दोवा को मान्यता दी थी और दोनों देशों के बीच राजनयिक संबंध 20 मार्च 1992 में स्थापित हुए थे।

विदेश मंत्री ने अमेरिका में भारतीय दूतावास और वाणिज्य दूतावास की टीमों के साथ बैठक की
विदेश मंत्री एस जयशंकर ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा, आज वॉशिंगटन में भारतीय दूतावास और न्यूयॉर्क, शिकागो, सैन फ्रांसिस्को, सिएटल, ह्यूस्टन और अटलांटा में हमारे वाणिज्य दूतावास की टीमों के साथ एक उत्पादक बैठक हुई। हमने भारत-अमेरिका साझेदारी को और मजबूत करने के अवसरों पर चर्चा की। खासतौर पर तकनीकी, व्यापार और निवेश पर फोकस किया गया गया। साथ ही अमेरिका में भारतीय समुदाय को बेहतर सेवाएं देने पर भी विचार साझा किए। 
 

पीएम मोदी ने ओसामु सुजुकी के निधन पर जताया शोक
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा, ओसामु सुजुकी के निधन से गहरा दुख हुआ, जो वैश्विक ऑटोमोटिव उद्योग के एक दिग्गज थे। उनके दृष्टिकोण ने मोबिलिटी बारे में दुनिया की सोच को बदला। उनके नेतृत्व में सुजुकी मोटर कॉर्पोरेशन एक वैश्विक ताकत बना, जिसने चुनौतियों का सामना करते हुए नवाचार और विस्तार को बढ़ावा दिया। उन्हें भारत से गहरा प्रेम था और मारुति का सहयोग भारतीय ऑटोमोबाइल बाजार में क्रांतिकारी बदलाव लेकर आया। 
 

एंटनी ब्लिकन से मिले एस जयशंकर
विदेश मंत्री एस जयशंकर ने गुरुवार अपने अमेरिकी समकक्ष एंटनी ब्लिकंन से वॉशिंटन में मुलाकात की। दोनों नेताओं ने भारत-अमेरिका साझेदारी में चार वर्षों की प्रगति की समीक्षा की और विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर सहमति जताई। जयशंकर ने भरोसा जताया कि दोनों देशों के संबंधों से आपसी हितों और वैश्विक कल्याण को बढ़ावा मिलेगा। 
विज्ञापन

दुबई में 1491 करोड़ के दो मनी लॉन्ड्रिंग नेटवर्क का भंडाफोड़, आरोपियों में दो भारतीय भी
दुबई के अधिकारियों ने प्रमुख केंद्रीय अधिकारियों के साथ मिलकर 1491 करोड़ (641 मिलियन दिरहम) मूल्य के दो बड़े अंतरराष्ट्रीय मनी लॉन्ड्रिंग नेटवर्क का पता लगाया है। एक मामले में दो भारतीय भी आरोपी हैं। दुबई लोक अभियोजन ने एक अमीराती नागरिक (21), 21 ब्रिटिश नागरिकों, दो अमेरिकी, एक चेक नागरिक और अमीराती नागरिक के स्वामित्व वाली दो कंपनियों को दुबई न्यायालयों के प्रथम दृष्टया आपराधिक न्यायालय में भेजा है। इन व्यक्तियों और संस्थाओं पर 1491 करोड़ मूल्य की अवैध धनराशि रखने तथा जाली सरकारी दस्तावेज रखने का आरोप है। जांच से पता चला कि धन की तस्करी ब्रिटेन से संयुक्त अरब अमीरात में की गई थी तथा इसके लिए दो स्थानीय कंपनियों का इस्तेमाल किया गया था ताकि धन की अवैध प्राप्ति को छुपाया जा सके। 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें