पिछले महीने एक विरोध प्रदर्शन के दौरान अर्धसैनिक बलों के जवानों की मौत के मामले में पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) के संस्थापक इमरान खान, उनकी पत्नी बुशरा बीबी और पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया है। बता दें कि इस्लामाबाद में हुए विरोध प्रदर्शन के दौरान पीटीआई समर्थक द्वारा चलाई गई एक कार की दुर्घटना में अर्धसैनिक रेंजर्स के तीन जवानों की मौत हो गई वहीं एक घायल हो गए।
इस मामले में एक्सप्रेस ट्रिब्यून ने शुक्रवार को बताया कि रेंजर्स के एक अधिकारी की शिकायत पर इस्लामाबाद के रमना पुलिस स्टेशन में प्राथमिकी दर्ज की गई है। इसमें दावा किया गया है कि पूरी घटना की योजना रावलपिंडी की अदियाला जेल में बनाई गई थी, जहां इमरान खान को कैद किया गया है।
रिपोर्ट में हुआ खुलासा
वहीं मामले में जारी रिपोर्ट के अनुसार, इमरान खान और उनकी पत्नी को मुख्य संदिग्ध के रूप में नामित किया गया है, और पीटीआई के नेताओं जैसे अली अमीन गंडापुर, उमर अयूब, वकास अकरम, सलमान अकरम राजा, मुराद सईद, जुल्फी बुखारी, रऊफ हसन, हम्माद अजहर पर साजिश रचने का आरोप लगाया गया है।
एक नजर एफआईआर रिपोर्ट पर
एफआईआर में आरोप लगाया गया है कि रेंजर्स कर्मियों की हत्या खान के आदेश पर और उनके इशारे से हुई, जिसमें वरिष्ठ पीटीआई नेता शामिल थे। इसके अनुसार, यह साजिश पीटीआई नेताओं और जेल में कुछ कैदियों के बीच की बैठकों में तैयार की गई थी, और इसका उद्देश्य सुरक्षा बलों को निशाना बनाना था।
दक्षिण अफ़्रीकी बिजलीघर में विस्फोट में 9 कर्मचारी घायल
दक्षिण अफ्रीकी बिजली कंपनी एस्कॉम के माटला पावर स्टेशन में हुए विस्फोट में नौ कर्मचारी घायल हो गए, जिनमें से एक की हालत गंभीर है। एस्कॉम ने शुक्रवार को कहा कि प्रारंभिक जांच में पता चला कि यूनिट 6 के ट्रांसफॉर्मर में उच्च दबाव वाली भाप स्टील पाइप टूटने के कारण यह विस्फोट हुआ। इसके परिणामस्वरूप जोरदार धमाका हुआ और यूनिट 6 क्षेत्र में बिजली की आपूर्ति बंद हो गई।
एस्कॉम ने दी जानकारी
एस्कॉम ने कहा कि इस घटना के कारण काफी धूल और बिजली की कमी हुई, जिससे स्थिति का पूरा आकलन शुक्रवार सुबह तक नहीं किया जा सका। तकनीकी टीमें मौके पर हैं और वे नुकसान, काम के दायरे और मरम्मत के लिए आवश्यक समय का आकलन कर रही हैं। इस घटना में नौ कर्मचारी जलने से घायल हुए, जिनमें से एक की हालत गंभीर है। दो की स्थिति अर्ध-गंभीर है, लेकिन सभी स्थिर हैं। बाकी छह कर्मचारियों को कम गंभीर चोटें आईं।
हालांकि, इस घटना का लोड शेडिंग पर कोई असर नहीं पड़ेगा, जो हाल के वर्षों में देशभर में ब्लैकआउट का कारण था, क्योंकि इसे छह महीने पहले निलंबित कर दिया गया था। एस्कॉम के कार्यकारी अधिकारी भेकी नक्सुमालो ने बताया कि माटला पावर स्टेशन उन छह बिजलीघरों में शामिल है, जिन्हें लोड शेडिंग को खत्म करने के लिए प्राथमिकता दी गई थी।
बॉलीवुड के दिग्गजों दिलीप कुमार व राज कपूर के पैतृक घरों के संरक्षण के लिए धन देगा विश्व बैंक
पाकिस्तानी अधिकारियों ने शुक्रवार को कहा कि विश्व बैंक बॉलीवुड के दिग्गज दिलीप कुमार और राज कपूर के पैतृक घरों के संरक्षण के लिए धन मुहैया कराएगा, जो इस शहर के मध्य में स्थित हैं और जिन्हें राष्ट्रीय धरोहर स्थल के रूप में नामित किया गया है।
निदेशक अब्दुश समद का बयान
मामले में खैबर पख्तूनख्वा के पुरातत्व निदेशक डॉ. अब्दुस समद ने पीटीआई को बताया कि इस परियोजना पर भौतिक कार्य चार महीने में शुरू होने वाला है, जिसका आरंभिक बजट 200 मिलियन रुपये होगा। उन्होंने कहा कि यह धन विश्व बैंक की 'खैबर पख्तूनख्वा एकीकृत पर्यटन विकास परियोजना' से आएगा।
अधिकारी ने दी जानकारी
इसके साथ ही अधिकारियों ने कहा कि वैश्विक ऋणदाता द्वारा वित्तपोषित खैबर पख्तूनख्वा सरकार की परियोजना का उद्देश्य पर्यटन अवसंरचना को बढ़ाना, सांस्कृतिक विरासत को बढ़ावा देना और प्रांत में आर्थिक विकास का समर्थन करना है। बता दें कि संरक्षण कार्य ऐतिहासिक स्थलों को उनके मूल स्वरूप में बहाल करने और ऐतिहासिक किस्सा ख्वानी बाजार में स्थित दोनों घरों में अत्याधुनिक संग्रहालय स्थापित करने पर केंद्रित होगा।
अदाणी परियोजना पर श्रीलंका में कोई समस्या नहीं
श्रीलंका के बंदरगाह मंत्री बिमल रत्नायका ने कहा है कि सरकार कोलंबो बंदरगाह पर गहरे पानी के कंटेनर टर्मिनल परियोजना को आगे बढ़ते देखना चाहती है और इसे अदाणी समूह द्वारा अपने स्वयं के संसाधनों का इस्तेमाल करने से कोई समस्या नहीं है।उन्होंने कहा, बंदरगाह के लिए राजस्व सृजन के लिए यह एक बहुत ही महत्वपूर्ण परियोजना है।
भारत-ईरान-आर्मेनिया के बीच व्यापार, पर्यटन और सांस्कृतिक आदान-प्रदान के लिए बैठक
व्यापार, पर्यटन और सांस्कृतिक आदान-प्रदान के लिए शुक्रवार को भारत-ईरान-आर्मेनिया के बीच त्रिपक्षीय परामर्श की बैठक राजधानी में आयोजित हुई। विदेश मंत्रालय ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा, भारत-ईरान-आर्मेनिया त्रिपक्षीय परामर्श चर्चा में कनेक्टिविटी पहल, बहुपक्षीय जुड़ाव, क्षेत्रीय विकास और लोगों के बीच संबंधों को मजबूत करने पर जोर दिया गया।
त्रिपक्षीय परामर्श में चर्चा का नेतृत्व भारत की ओर से पाकिस्तान, अफगानिस्तान और ईरान प्रभाग के संयुक्त सचिव जेपी सिंह ने किया, साथ ही ईरान और आर्मेनिया के प्रतिनिधिमंडल भी इसमें शामिल हुए।
डेनमार्क में भारतीय मूल के व्यापारी को 12 साल की जेल
भारतीय मूल के एक ब्रिटिश हेज फंड व्यापारी संजय शाह (54) को डेनमार्क में 10,711 करोड़ रुपये (एक बिलियन पाउंड) से अधिक की टैक्स धोखाधड़ी का दोषी पाए जाने पर 12 साल जेल की सजा सुनाई गई। ग्लोस्ट्रुप की जिला अदालत की ओर से आर्थिक अपराध के लिए सुनाई गई यह अधिकतम जेल की सजा है। शाह पहले भी अपराध कर चुका है।
73 वर्षीय फ्रांस्वा बेयरू फ्रांस के नए प्रधानमंत्री
पेरिस। फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रोन ने शुक्रवार को अपनी सरकार के मध्यमार्गी सहयोगी फ्रांस्वा बेयरू को प्रधानमंत्री नियुक्त किया। पश्चिमी यूरोप के इस देश में बीते हफ्ते हुए ऐतिहासिक संसदीय मतदान में पिछली सरकार को सत्ता से बेदखल कर दिया गया था।
मैक्रों के मध्यमार्गी गठबंधन में महत्वपूर्ण भागीदार 73 साल बायरू दशकों से फ्रांसीसी राजनीति में एक मशहूर शख्स रहे हैं। यूरोपीय संसद के फंड के गबन के आरोप वाले एक मामले में बेयरू को हाल ही में बरी कर दिया गया था। उनके राजनीतिक अनुभव को स्थिरता बहाल करने की कोशिशों में अहम माना जाता है, क्योंकि इस वक्त नेशनल असेंबली में किसी भी एक पार्टी के पास बहुमत नहीं है।
नेपाल के त्रिभुवन विश्वविद्यालय में नियुक्तियों को लेकर सत्तापक्ष और विपक्ष में टकराव
त्रिभुवन विश्वविद्यालय (टीयू) की सीनेट बैठक के दौरान डीन और कैंपस प्रमुखों की नियुक्ति को लेकर नेपाल की सत्तारूढ़ सीपीएन-यूएमएल और विपक्षी सीपीएन (माओवादी केंद्र) के बीच तनाव बढ़ गया। सीपीएन-यूएमएल से जुड़े छात्र नेताओं ने कुलपति केशर जंग बराल की योग्यता के आधार पर डीन और कैंपस प्रमुखों की नियुक्ति की योजना की आलोचना की, जबकि माओवादी केंद्र से जुड़े लोगों ने उनका बचाव किया। विवाद बराल के प्रत्येक पद के लिए तीन उम्मीदवारों की सूची में शीर्ष रैंक वाले व्यक्तियों में से डीन नियुक्त करने के प्रस्ताव से उपजा है।
Earthquake: भूकंप के झटके से कांपा चिली-अर्जेंटीना सीमा क्षेत्र
चिली-अर्जेंटीना सीमा क्षेत्र में भूकंप के झटके महसूस किए गए हैं. रिक्टर स्केल पर इसकी तीव्रता 6.2 मापी गई है। इस भूकंप के झटके के कारण किसी तरह के जान-माल की क्षति नहीं सामने आई है।
नेशनल सेंटर फॉर सीस्मोलॉजी (NCS) के अनुसार, शनिवार सुबह पांच बजकर आट मिनट पर भूकंप के झटके महसूस किए गए। भूकंप का केंद्र चिली के सैंटियागो से 203 किलोमीटर दक्षिण में था और इसकी गहराई 110 किलोमीटर थी।
मेटा आउटेज ने फेसबुक, इंस्टाग्राम, व्हाट्सएप को किया प्रभावित; जानें इसकी क्या रही वजह
फेसबुक, इंस्टाग्राम और व्हाट्सएप सहित दुनिया भर में लोकप्रिय सोशल मीडिया और मैसेजिंग सेवाओं के उपयोगकर्ताओं को एक बड़ा आउटेज प्रभावित कर रहा है। ये सभी प्लेटफ़ॉर्म सोशल मीडिया दिग्गज मेटा द्वारा चलाए जाते हैं। जैसे ही आउटेज की खबर फैली, हमें पता चला कि इसने मेटा के लगभग सभी उत्पादों को प्रभावित किया है। इसमें मैसेंजर और थ्रेड्स, साथ ही मेटा के व्यावसायिक उत्पाद, जैसे कि फेसबुक विज्ञापन प्रबंधक और इंस्टाग्राम के लिए मैसेंजर एपीआई शामिल हैं।
हालांकि, बाद में सब सही हो ए। मगर सवाल उठता है कि आखिर क्या गलत हुआ और हम इस बड़े आउटेज से क्या सीख सकते हैं?
यूनाइटेड किंगडम से लेकर कनाडा, यूनाइटेड स्टेट्स और उससे आगे तक आउटेज की सूचना मिली है। आउटेज की पहली सूचना बुधवार को अमेरिका में मिली। पांच घंटे बाद, मेटा ने एक्स को पोस्ट करके कहा कि आउटेज को ठीक करने का 99 प्रतिशत रास्ता तय हो गया है।
इसका कारण क्या हो सकता है?
फिलहाल, आउटेज के कारण के बारे में कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है। हालांकि, हम इसके दायरे के आधार पर कुछ अनुमान लगा सकते हैं। अब तक की जानकारी के अनुसार, आउटेज ने न केवल मेटा के प्रमुख सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म और मैसेजिंग सेवाओं को प्रभावित किया, बल्कि इसके कुछ व्यावसायिक उत्पादों को भी प्रभावित किया। इसने मेटा की लॉग इन विद फेसबुक सेवा को भी प्रभावित किया, जो उपयोगकर्ताओं को उनके फेसबुक उपयोगकर्ता नाम और पासवर्ड का उपयोग करके तीसरे पक्ष की साइटों पर लॉग इन करने की अनुमति देता है।
दूसरे शब्दों में, ऐसा लगता है कि बहुत कम मेटा उत्पाद हैं जिन पर इस आउटेज का असर नहीं पड़ा। इससे पता चलता है कि जो भी गलत हुआ वह विफलता का एकल बिंदु था: मेटा की सभी सेवाएं जिस पर निर्भर करती हैं, जिसके बिना सेवाएं काम नहीं कर सकतीं।