फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Update: तुर्की में उतरने के बाद रूसी विमान में लगी आग, अफ्रीकी लेखक का निधन; पाकिस्तान में पोलियो के केस बढ़े

Mon, 25 Nov 2024 11:22 PM IST
शुभम कुमार न्यूज डेस्क, अमर उजाला
विज्ञापन
दुनिया की बड़ी खबरें - फोटो : amar ujala graphics
विज्ञापन

तुर्किये से एक बड़ी खबर सामने आ रही है। जहां दक्षिणी तुर्की के एंटाल्या हवाई अड्डे पर एक रूसी विमान के इंजन में आग लग गई। तुर्की के परिवहन मंत्रालय ने बताया कि दक्षिणी तुर्की के एंटाल्या हवाई अड्डे पर एक रूसी विमान के इंजन में आग लग गई, जिसमें 95 लोग सवार थे। सभी यात्री और चालक दल के सदस्य सुरक्षित रूप से बाहर निकल गए। मंत्रालय के अनुसार, यह विमान अजीमुथ एयरलाइंस द्वारा संचालित सुखोई सुपरजेट 100 था, जो रविवार को सोची से उड़ान भरकर आ रहा था। इसमें 89 यात्री और 6 चालक दल के सदस्य थे।

परिवहन मंत्रालय का बयान

विज्ञापन

परिवहन मंत्रालय के द्वारा जारी बयान में कहा गया कि विमान ने स्थानीय समयानुसार रात 9:34 बजे लैंडिंग की, और पायलट ने आपातकालीन कॉल किया। हवाई अड्डे के बचाव और अग्निशमन दल ने तुरंत आग पर काबू पा लिया। बयान में यह भी कहा गया कि इस हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ। आग लगने का कारण अभी तक स्पष्ट नहीं हो पाया हैं।

पाकिस्तान में पोलियो वायरस के तीन नए मामले, संक्रमितों की संख्या बढ़कर 55 हुई
पाकिस्तान में बलूचिस्तान और खैबर पख्तूनख्वा प्रांतों में पोलियो वायरस के तीन नए मामले सामने आए हैं। इससे इस साल संक्रमण के कुल मामलों की संख्या बढ़कर 55 हो गई है। 
विज्ञापन


मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ हेल्थ में पोलियो उन्मूलन के लिए क्षेत्रीय संदर्भ प्रयोगशाला ने वाइल्ड पोलियो वायरस टाइप 1 (डब्ल्यूपीवी 1) के तीन मामलों की पुष्टि की है। पीड़ितों में आठ और 20 महीने की दो लड़कियां और पांच महीने का एक लड़का शामिल है। प्रयोगशाला के एक अधिकारी ने बताया कि नए मामले डेरा इस्माइल खान, झोब और जाफराबाद जिलों से सामने आए हैं। इन तीनों जिलों में इस साल पोलियो वायरस का एक मामला सामने आ चुका है।

डेरा इस्माइल खान, जिसने इस साल पोलियो के छह मामलों की सूचना दी है, दक्षिणी खैबर पख्तूनख्वा के सात पोलियो-स्थानिक जिलों में से एक रहा है। मीडिया रिपोर्ट में कहा गया है कि नियमित टीकाकरण कार्यक्रमों को पिछले तीन वर्षों के दौरान जिले के सभी कमजोर बच्चों तक पहुंचने में महत्वपूर्ण चुनौतियों का सामना करना पड़ा है। इसी तरह की चुनौतियां बलूचिस्तान में हैं, जहां 2024 में झोब और जाफराबाद जिलों में क्रमशः तीन और दो मामले दर्ज किए गए हैं।

अब तक सामने आए 55 मामलों में से 26 बलूचिस्तान से, 14 खैबर पख्तूनख्वा से, 13 सिंध से और एक-एक पंजाब और इस्लामाबाद से सामने आए हैं। नए मामले ऐसे समय सामने आए हैं जब कुछ दिन पहले ग्लोबल पोलियो उन्मूलन पहल के प्रतिनिधिमंडल ने प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ से मुलाकात कर 'पोलियो वायरस के प्रकोप से निपटने और उभरती चुनौतियों से निपटने की रणनीतियों' पर चर्चा की।

अफ्रीकी लेखक और कवि ब्रेयटेन ब्रेयटेनबाक का निधन
दक्षिण अफ्रीकी लेखक और कवि ब्रेयटेन ब्रेयटेनबाक का पेरिस में निधन हो गया। परिवार ने बताया कि 85 वर्ष की आयु में उन्होंने अंतिम सांस ली। ब्रेयटेनबाक को दक्षिण अफ्रीका की पूर्व श्वेत अल्पसंख्यक सरकार की रंगभेद नीति का कट्टर विरोध करने के लिए जाना जाता है।

अफ्रीकी भाषा में साहित्य की बने आवाज
अफ्रीकी भाषा में साहित्य की अग्रणी आवाज रहे ब्रेयटेनबाक को पेरिस में निर्वासन का जीवन भी देखना पड़ा। यहां से अफ्रीका लौटने पर उन्होंने 1970 के दशक में देशद्रोह के आरोप में सात साल जेल में काटे। उनका जन्म 1939 में पश्चिमी केप प्रांत में हुआ था, लेकिन उन्होंने अपना अधिकांश जीवन विदेश में बिताया। उनके परिवार में उनकी पत्नी योलांडे, बेटी डेफनी और दो पोते हैं।
 

भारतवंशी लेखक अमिताव को मिलेगा इरास्मस पुरस्कार
प्रसिद्ध लेखक अमिताव घोष को जलवायु परिवर्तन संकट के इर्द-गिर्द ‘अकल्पनीय की कल्पना’ विषय पर योगदान के लिए मंगलवार को एम्स्टर्डम के रॉयल पैलेस में एक भव्य समारोह में इरास्मस पुरस्कार प्रदान किया जाएगा। घोष दक्षिण एशिया के पहले व्यक्ति हैं, जिन्हें यह पुरस्कार दिया जाएगा। कोलकाता में जन्मे अमिताव घोष ने कहा कि वह ऐसे पुरस्कार के लिए चुने जाने पर बेहद सम्मानित महसूस कर रहे हैं।

स्वच्छ ऊर्जा अनुसंधान में निवेश करेंगे भारत व ईयू
भारत-ईयू ऊर्जा पैनल की 10वीं बैठक ब्रसेल्स में आयोजित हुई। इसमें भारत और ईयू ने स्वच्छ ऊर्जा अनुसंधान और परियोजनाओं के लिए संयुक्त रूप से निवेश करने पर सहमति जताई। दोनों ने अपनी साझेदारी के अगले चरण (2025-2028) के लिए लक्ष्य निर्धारित किए, जिसमें हरित हाइड्रोजन, अपतटीय पवन ऊर्जा, बिजली बाजार, स्मार्ट ग्रिड और ऊर्जा दक्षता जैसे क्षेत्र शामिल हैं।


बैठक का मुख्य उद्देश्य
बैठक का मुख्य उद्देश्य दोनों पक्षों की ऊर्जा बदलाव योजनाओं पर ध्यान देना और भारत-ईयू स्वच्छ ऊर्जा और जलवायु साझेदारी (2021-2024) के दूसरे चरण के तहत हुए कार्यों की समीक्षा करना था। यह बैठक 21 नवंबर को भारत के विदेश मंत्रालय के सचिव (पश्चिम) तन्मय लाल और यूरोपीय आयोग की ऊर्जा महानिदेशक डिट्टे जुल जोर्गेंसन की सह-अध्यक्षता में हुई। दोनों पक्षों ने हरित हाइड्रोजन (ग्रीन हाइड्रोजन) के लिए एक ढांचा तैयार किया।

मेक्सिको के बार हुई गोलीबारी, 6 की मौत
सैन जुआन (प्यूर्टो रिको)। दक्षिण-पूर्वी मेक्सिको में रविवार को एक बार में गोलीबारी के कारण छह लोगों की मौत हो गई और पांच अन्य घायल हो गए। पुलिस ने इस मामले में बताया कि गोलीबारी विलेहरमोसा में हुई। अभी किसी की गिरफ्तारी की सूचना नहीं है। गोलीबारी किस वजह से हुई इसका भी पता नहीं चल पाया है। सोशल मीडिया पर पोस्ट किए गए वीडियो में लोग बार से भागते हुए दिखाई दे रहे हैं।

बता दें कि अमेरिका में घुसपैठ को लेकर पिछले काफी समय से मेक्सिको की आलोचना हो रही है और यहां अशांति है। इस महीने की शुरुआत में भी एक बार में गोलीबारी की घटना हुई थी, जिसमें 10 लोग मारे गए थे।

खुर्रम में सात दिनों तक रहेगा संघर्ष विराम 
प्रांत सरकार द्वारा क्षेत्र में हिंसा को कम करने के लिए किए गए गहन प्रयासों के बाद रविवार को खुर्रम जिले में दो संघर्षरत जनजातियों के बीच सात दिवसीय संघर्ष विराम पर सहमति बनी। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, इस संघर्ष विराम को हिंसा को रोकने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम के तौर पर देखा जा रहा है, जिसमें हाल के हफ्तों में 64 लोगों की जान जा चुकी है।
 
यह समझौता खैबर पख्तूनख्वा (केपी) सरकार द्वारा जनजातियों के बीच लंबे समय से चले आ रहे भूमि विवादों को निपटाने के उद्देश्य से एक उच्चाधिकार प्राप्त आयोग बनाने के फैसले के बाद हुआ है। सूचना पर मुख्यमंत्री के सलाहकार बैरिस्टर मुहम्मद अली सैफ ने पुष्टि की कि संघर्ष विराम सात दिनों तक चलेगा।

उन्होंने कहा कि दोनों कबीले संघर्ष विराम के तहत एक-दूसरे के शव और कैदियों को लौटाने पर सहमत हुए थे। बैरिस्टर सैफ ने कहा, 'दोनों जनजातियों के बीच सात दिनों के लिए संघर्ष विराम पर सहमति बनी थी, दोनों ने एक-दूसरे के शवों और कैदियों को वापस करने का भी फैसला किया।'
 
इस सप्ताह की शुरुआत में इस क्षेत्र में हिंसा उस समय बढ़ गई थी जब लगभग 200 वाहनों के काफिले पर गुरुवार को बागान शहर में भारी गोलीबारी हुई थी, जिसमें कम से कम 43 लोग मारे गए थे। शनिवार को ताजा झड़पों में 21 और लोगों की मौत हो गई, जिससे आगे अशांति की आशंका बढ़ गई है। शुक्रवार को, जनजातियों के बीच तेज गोलाबारी में 30 से अधिक लोग घायल हो गए। संघर्ष विराम समझौते के बावजूद, शनिवार शाम तक लोअर कुर्रम में छिटपुट गोलीबारी जारी रही, जिससे निवासियों में लगातार भय बना रहा।
 
 

पाकिस्तान की जेल में दम तोड़ने वाले मछुआरे का शव परिजनों को सौंपा

पिछले महीने पाकिस्तान की एक जेल में दिल का दौरा पड़ने के कारण दम तोड़ने वाले भारतीय मछुआरे का शव उसके परिजनों को सौंप दिया गया। अधिकारियों ने बताया कि गुजरात के पोरबंदर निवासी हरिभाई सोसा (31) का पार्थिव शरीर जूनागढ़ जिले के उसके पैतृक ननवाडा गांव में उसके परिवार को सौंपा गया। सोसा को 2021 की शुरुआत में पाकिस्तानी सुरक्षाबलों ने उस वक्त पकड़ लिया था, जब वह अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास मछलियां पकड़ रहा था। तब से वह कराची की एक जेल में बंद था। जुलाई 2021 में सजा पूरी होने के बाद भी पाकिस्तान ने उसे रिहा नहीं किया और इस साल 25 अक्तूबर को उसकी मौत हो गई।

पाकिस्तान पहुंचे बेलारूस के राष्ट्रपति अलेक्जेंडर लुकाशेंको

बेलारूस के राष्ट्रपति अलेक्जेंडर लुकाशेंको सोमवार को तीन दिवसीय दौरे पर पाकिस्तान पहुंचे। वह यहां पर द्विपक्षीय संबंधों और आर्थिक संबंधों को मजबूत करने के लिए प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ से वार्ता करेंगे।  राष्ट्रपति लुकाशेंको का स्वागत प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने नूर खान एयरबेस पर किया। पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय ने बताया कि यात्रा के दौरान कई समझौतों और एमओयू पर हस्ताक्षर किए जाएंगे। जो पाकिस्तान और बेलारूस के बीच मजबूत और बढ़ती साझेदारी को दर्शाता है। इसके अतिरिक्त बेलारूस की 43 प्रमुख व्यावसायिक हस्तियां भी पाकिस्तान पहुंची हैं। सोमवार को बेलारूस के विदेश मंत्री रायजेनकोव ने उप प्रधानमंत्री इशाक डार के साथ बातचीत की। उन्होंने उम्मीद जताई कि राष्ट्रपति लुकाशेंको की यात्रा से द्विपक्षीय संबंधों को बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने पश्चिम एशिया की स्थिति सहित प्रमुख क्षेत्रीय और वैश्विक विकास पर भी चर्चा की। उन्होंने संघर्षों के शांतिपूर्ण समाधान के लिए अपना समर्थन व्यक्त किया। वहीं इस्लामाबाद में पाकिस्तान-बेलारूस व्यापार फोरम का भी आयोजन किया गया। इसमें वाणिज्य मंत्री जाम कमाल खान और बेलारूसी ऊर्जा मंत्री एलेक्सी कुशनारेंको मौजूद थे। दोनों मंत्रियों ने ऊर्जा और औद्योगिक सहयोग के लिए कार्य समूह स्थापित करने पर सहमति व्यक्त की। 
विज्ञापन

चीन के साथ ऋण को लेकर नहीं होगा कोई समझौता: ओली

प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली ने कहा कि चीन की उनकी यात्रा के दौरान ऋण पर कोई समझौता नहीं होगा। ओली दो दिसंबर को चीनी सरकार के निमंत्रण पर चीन की आधिकारिक यात्रा पर जाएंगे। पूर्व प्रधानमंत्रियों और विदेश मंत्रियों के साथ बैठक में ओली ने दावा किया कि चीन के साथ बेल्ट एंड रोड पहल ऋण-आधारित समझौता नहीं था। चीन से कर्ज लेने या न लेने पर अभी चर्चा करने की कोई आवश्यकता नहीं है। हम अपने राष्ट्रीय हितों के आधार पर किसी भी देश या एजेंसी से ऋण या अनुदान लेते हैं। हमें इस आधारहीन अफवाह से प्रभावित नहीं होना चाहिए कि देश को फंसाने के लिए ऋण लिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि चीन के साथ हमारे लंबे और मैत्रीपूर्ण संबंध हैं। मैं दोस्ती को और बहुआयामी बनाने के लिए उत्तरी पड़ोसी देश का दौरा कर रहा हूं। अपनी पहली यात्रा के लिए हमने चाहे जो भी देश चुना हो, हम संप्रभुता, स्वतंत्रता और आजादी के साथ-साथ राष्ट्रीय कल्याण और वैश्विक कल्याण को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हैं।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें