पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा के ऊपरी कोहिस्तान इलाके में रावलपिंडी जा रही एक बस खाई में गिर गई। इस हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि 36 घायल हो गए। रेस्क्यू 1122 के प्रवक्ता अब्दुर रहमान के अनुसार, एक निजी कंपनी द्वारा संचालित बस 38 यात्रियों के साथ स्कर्दू से रावलपिंडी जा रही थी। यह घटना कोहिस्तान के हरबन तहसील में शेतियाल क्षेत्र के पास घटी। इस हादसे में बस चालक और एक यात्री की मौत हो गई। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। मृतकों की पहचान बस चालक सदाकत हुसैन और मोहम्मद नदीम के तौर पर की गई है।
अमेरिका-ताइवान हथियार सौदे से बौखलाया चीन
अमेरिका व ताइवान के बीच दो अरब डॉलर के हथियार समझौते से चीन बौखला गया है। उसने अपने लड़ाकू विमानों व युद्धपोतों को ताइवान की ओर भेजा है। चीनी विदेश मंत्रालय ने रक्षा सौदे की निंदा कर अमेरिका से ताइवान को हथियार देना बंद करने व ताइवान जलडमरूमध्य में स्थिरता को कमजोर करने वाले कदम रोकने को भी कहा है। ताइवान के रक्षा मंत्रालय ने बताया कि चीन के छह विमान वायु रक्षा पहचान क्षेत्र में घुसे। हालात की निगरानी करते हुए माकूल जवाब दिया जा रहा है।
मिस्र के राष्ट्रपति ने गाजा में दो दिवसीय युद्धविराम की घोषणा की
इस्राइल और हमास के बीच पश्चिम एशिया में बीते एक साल से अधिक समय से जारी हिंसक संघर्ष के बीच मिस्र के राष्ट्रपति अब्देल फतह अल-सीसी ने गाजा में प्रस्तावित दो दिवसीय युद्धविराम और सीमित बंधकों की अदला-बदली की घोषणा की है।
शेख हसीना के खिलाफ हत्या का मामला, 28 नवंबर तक आएगी रिपोर्ट
बांग्लादेश की एक अदालत ने पुलिस को देश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना व 23 अन्य के खिलाफ दर्ज हत्या के मामले की जांच रिपोर्ट 28 नवंबर तक सौंपने का आदेश दिया। यह मुकदमा मीरपुर में छात्र आंदोलन के दौरान कॉलेज छात्र की मौत से जुड़ा है। आंदोलन के कारण हसीना को पीएम पद छोड़कर भारत में शरण लेनी पड़ी थी। एक रिपोर्ट के अनुसार, हसीना पर 225 केस दर्ज हैं। उधर, बांग्लादेश के अंतरराष्ट्रीय अपराध न्यायाधिकरण ने पूर्व सेनाध्यक्ष जियाउल अहसान, 10 पूर्व मंत्रियों और अपदस्थ पीएम के दो सलाहकारों सहित 20 लोगों को 18 नवंबर को तलब किया है।
ब्रिटेनः महिला व दो बच्चों की हत्या के प्रयास में भारतवंशी गिरफ्तार
भारतीय मूल के एक व्यक्ति को पूर्वी लंदन में एक महिला व दो बच्चों की हत्या के प्रयास के आरोप में गिरफ्तार कर लिया गया। तीनों पर चाकू से हमला किया गया था, जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था। आरोपी कुलविंदर राम (48) को सोमवार को बर्किंगसाइड मजिस्ट्रेट अदालत में पेश किया गया। उस पर 30 वर्षीय महिला, आठ वर्षीय बच्ची व दो वर्षीय बच्चे की हत्या के प्रयास के आरोप हैं। मेट्रोपॉलिटन पुलिस ने कहा कि सभी पक्ष एक-दूसरे को जानते हैं। पुलिस ने इस संबंध में ज्यादा जानकारी नहीं दी।
जापान: दलाई लामा के प्रतिनिधि ने फिलीपीन में उठाया तिब्बतियों का मुद्दा
जापान व पूर्वी एशिया के लिए दलाई लामा के प्रतिनिधि त्सेवांग ग्यालपो आर्य ने फिलीपीन में तिब्बती स्वायत्तता व मानवाधिकारों के लिए चल रहे संघर्ष का मुद्दा उठाया। केंद्रीय तिब्बती प्रशासन की तरफ से जारी बयान के अनुसार, आर्य की फिलीपीन यात्रा में तिब्बती मुद्दे पर केंद्रित व्याख्यान व चर्चाएं शामिल थीं। यह 1960 के दशक से तिब्बत की स्वतंत्रता के लिए जारी संघर्ष में फिलीपीन के ऐतिहासिक समर्थन को दर्शाती है।
संसद सदस्य एड्रियन अमातोंग के साथ बैठक के दौरान आर्य ने हाल ही में पारित अमेरिकी रिजॉल्व तिब्बत एक्ट के महत्व पर प्रकाश डाला तथा फिलीपीन संसद में भी इसी प्रकार के विधायी उपायों की वकालत की। उन्होंने तिब्बतियों की दुर्दशा के बारे में जागरूकता बढ़ाने की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा कि फिलीपीनी लोग न्याय व स्वतंत्रता के लिए तिब्बत के अहिंसक संघर्ष से सहमत हैं।
अमातोंग ने भी इसी भावना को दोहराया तथा कहा कि फिलीपीन, तिब्बत की आकांक्षाओं के साथ निकटता से जुड़ा है। सीटीए के अनुसार, आर्य ने ताइपे आर्थिक एवं सांस्कृतिक कार्यालय के प्रतिनिधि वालेस चाउ के साथ भी चर्चा की, जहां उन्होंने तिब्बत, ताइवान व चीन से संबंधित मुद्दों को हल करने में स्वतंत्रता व लोकतंत्र के अंतर्संबंधों पर बल दिया। दोनों प्रतिनिधियों ने वैश्विक स्तर पर इन आदर्शों को बढ़ावा देने में एकजुटता व्यक्त की तथा उत्पीड़ित समुदायों का समर्थन करने के लिए साझा प्रतिबद्धता दोहराई।
पाकिस्तान: मानवाधिकार वकील ईमान और उनके पति गिरफ्तार
पाकिस्तान की मानवाधिकार वकील इमान जैनब मजारी-हजिर और उनके पति हदी अली को सोमवार को गिरफ्तार किया गया। उन पर आरोप है कि उन्होंने सरकारी काम में दखल देकर सुरक्षा स्थिति को खतरे में डाला। पुलिस ने बताया कि इमान और हदी ने हाल ही में इंग्लैंड और पाकिस्तान के बीच हुए टेस्ट क्रिकेट मैच के दौरान बैरियर हटाने की कोशिश की, जिन्हें पुलिस ने लगाया था। इस्लामाबाद पुलिस ने सोशल मीडिया पर कहा, पुलिस ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट टीम की यात्रा के दौरान सरकारी ड्यूटी में दखल देने के कारण इमान मजारी और हदी अली को गिरफ्तार किया है। उनके खिलाफ मामला दर्ज किया गया है और इमान को महिला पुलिस थाने स्थानांतरित किया गया है।
ब्रिटिश सांसद का फुटपाथ पर मारपीट का वीडियो वायरल, लेबर पार्टी ने किया निलंबित
ब्रिटेन में सत्तारूढ़ लेबर पार्टी के एक सांसद का फुटपाथ पर एक व्यक्ति के साथ मारपीट का वीडियो वायरल हो गया। इसके बाद पार्टी ने सांसद को निलंबित कर दिया।
मेल ऑनलाइन को प्राप्त घटना की फुटेज में 55 वर्षीय एम्सबरी फुटपाथ पर एक व्यक्ति के चेहरे पर मुक्का मारते हुए और उसे पीट पीटकर सड़क पर गिराते हुए दिख रहे हैं। वीडियो में यह भी नजर आ रहा है कि एम्सबरी जब खुद नीचे गिर गए, तब भी उन्होंने व्यक्ति को मारना जारी रखा। उस समय लोग शोर मचा रहे थे और उन्हें रुकने के लिए कह रहे थे। एम्सबरी ने उक्त व्यक्ति पर धमकी देने का आरोप लगाया है। वीडियो में एम्सबरी को यह भी कहते सुना जा सकता है कि अब तुम किसी सांसद को धमका नहीं पाओगे। लेबर पार्टी ने उत्तर-पश्चिम इंग्लैंड के रनकॉर्न एंड हेल्स्बी संसदीय क्षेत्र से सांसद माइक एम्सबरी को शनिवार सुबह हुई इस घटना की जांच होने तक निलंबित कर दिया है। इससे पहले एम्सबरी ने एक बयान जारी कर कहा था कि उन्होंने अधिकारियों से संपर्क किया है। वह किसी भी तरह की जांच में सहयोग करेंगे। चेशायर पुलिस ने कहा कि वे फ्रॉडशैम में मेन स्ट्रीट पर कथित हमले की जांच कर रहे हैं।
कनाडा में चार भारतीयों की कार हादसे में मौत
कनाडा के ओंटारियो प्रांत में एक कार दुर्घटना में चार भारतीयों की मौत हो गई और एक अन्य घायल हो गया। यह घटना बीते गुरुवार को टोरंटो शहर के लेक शोर बुलेवार्ड ईस्ट और चेरी स्ट्रीट इलाके में हुई। पुलिस के मुताबिक, पांचों लोग टेस्ला कार में सफर कर रहे थे, जब कार ने नियंत्रण खो दिया और सुरक्षा बैरियर से टकरा गई। इसके बाद एक कंक्रीट के खंभे से टकराने के बाद कार में आग लग गई।
चीन दौरे की योजना बना रहे नेपाल के प्रधानमंत्री ओली
नेपाली प्रधानमंत्री के.पी.शर्मा ओली मध्य नवंबर से मध्य दिसंबर के बीच चीन का आधिकारिक दौरा करने की योजना बना रहे हैं। माई रिपब्लिका समाचार पत्र ने प्रधानमंत्री कार्यालय के एक उच्च स्तरीय सूत्र के हवाले बताया कि विदेश मंत्रालय ओली की प्रस्तावित यात्रा की तैयारी कर रहा है। ओली उस समय यह यात्रा की योजना बना हैं, जब उनकी सरकार अपने कार्यकाल के पहले सौ दिनों को पूरा कर रही है। विदेश मंत्रालय के एक उच्च स्तरीय सूत्र ने कहा कि अभी तक ओली को भारत या चीन ने आधिकारिक दौरे के लिए कोई निमंत्रण नहीं दिया है।
हरीश कुमार जैन माइक्रोनेशिया में भारत के नए राजदूत नियुक्त
भारतीय विदेश सेवा (आईएफएस) हरीश कुमार जैन को माइक्रोनेशिया में नया भारतीय राजदूत नियुक्त किया गया है। जैन अभी फिलीपींस में भारत के राजदूत हैं। विदेश मंत्रालय ने कहा कि जैन जल्द ही इस नई जिम्मेदारी को संभालेंगी। इस नियुक्ति से भारत और माइक्रोनेशिया के बीच संबंधों को मजबूत करने में मदद मिलेगी।