जापान की सत्ताधारी पार्टी लिबरल डेमोक्रेटिक पार्टी के मुख्यालय में शनिवार को एक व्यक्ति ने बम से हमला किया और पीएम आवास की दीवार में अपनी कार से टक्कर मार दी। कोई हताहत नहीं हुआ। संदिग्ध हमलावर अत्सुनोबु उसुदा को मौके पर गिरफ्तार कर लिया गया।
अमेरिका में फुटबॉल मैच के बाद गोलीबारी में 3 की मौत
अमेरिका के मिसिसिपी में लेक्सिंगटन शहर में गोलीबारी की खबर है। स्कूल फुटबॉल मैच के बाद दो अज्ञात लोगों ने गोलीबारी कर दी, जिसमें तीन लोगों की मौत हो गई और आठ लोग घायल हो गए। होम्स काउंटी के शेरिफ विली मार्च ने बताया कि गोलीबारी की घटना तब हुई जब 200 से ज्यादा लोग मैच खत्म होने के आउटडोर ट्रेल पर जश्न मना रहे थे। गोलीबारी के चलते भगदड़ मच गई, जिसमें कई लोग घायल हो गए। 8 लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। मरने वालों में दो की उम्र 19-19 वर्ष थी, जबकि तीसरे की उम्र 25 वर्ष थी। घायलों को स्थानीय अस्पतालों में ले जाया गया है। गोलीबारी की वजह का पता नहीं चल पाया है।
बाज नहीं आ रहा कनाडा, पन्नू समर्थकों ने अब मैनहट्टन में किया भारत विरोधी प्रदर्शन, नारेबाजी
एक अन्य घटना न्यूयॉर्क की है। यहां खालिस्तान समर्थक आतंकवादी गुरपतवंत सिंह पन्नू की हत्या की साजिश मामले में भारत सरकार को दोषी ठहराने वाले प्रदर्शनकारियों ने शुक्रवार को मैनहट्टन कोर्टहाउस के बाहर प्रदर्शन किया। एक दर्जन से अधिक सिखों ने प्रदर्शन के दौरान पीएम मोदी का पुतला भी फूंका। मैनहट्टन कोर्ट पन्नू की हत्या की साजिश में आरोपी विकास यादव के सह आरोपी निखिल गुप्ता के केस की सुनवाई कर रही है। उसी दौरान कोर्ट के बाहर अमेरिकी सिखों ने भारत सरकार के विरोध में नारेबाजी की। कोर्ट हाउस के सामने सड़क के उस पार प्रदर्शनकारियों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का एक बेड़ियों से बंधा पुतला एक अस्थायी जेल की कोठरी में रखा। बाद में इसे जलाया गया।
स्विट्जरलैंड व भारत की दोस्ती के 75 साल पूरे होने का मना जश्न
नई दिल्ली में स्विट्जरलैंड के दूतावास ने स्विट्जरलैंड और भारत की दोस्ती के 75 साल पूरे होने पर जश्न मनाया। इसके लिए 'स्विस आर्ट नाइट: इन द एयर' का आयोजन हुआ। इसका आकर्षण हवा में कलाबाजी के माहिर पुरस्कार विजेता जेसन ब्रुगर की तीन प्रस्तुतियां रहीं। उनके साथ मशहूर हुला-हूप कलाकार एशना कुट्टी ने शानदार प्रदर्शन से शमा बांध दिया। स्विट्जरलैंड और भारत ने 14 अगस्त, 1948 को मैत्री और स्थापना संधि पर दस्तखत किए थे। यह संधि 05 मई, 1949 को लागू हुई। इस मौके पर स्विट्जरलैंड के दूतावास के मंत्री और उप-प्रमुख ओलिवियर फ्लिंक ने कहा कि भारत में राजनयिक होना एक आशीर्वाद है। यह सौभाग्य की बात है, क्योंकि यह तेजी से आगे बढ़ रहा है।
पाकिस्तान में पोलियो के 2 और नए मामले सामने आए, इस साल कुल मामलों की संख्या बढ़कर 39 हुई
पाकिस्तान में इस साल पोलियो के 39 मामले सामने आए हैं, जिसमें सिंध प्रांत में इस बीमारी के दो नए मामले सामने आए हैं। अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, सिंध प्रांत के संघर और मीरपुरखास जिलों में शनिवार को पोलियो के नए मामलों की पुष्टि हुई। एक दिन पहले ही पाकिस्तान में पोलिया के चार मामले सामने आए थे, जिससे देश में पोलियो वायरस के उन्मूलन के प्रयासों को झटका लगा है। इस वर्ष के दस महीनों में, पाकिस्तान में पोलियो वायरस के 39 मामले सामने आए हैं, जिनमें से 20 बलूचिस्तान से, 12 सिंध से, पांच खैबर पख्तूनख्वा से और एक-एक पंजाब और इस्लामाबाद से रिपोर्ट किए गए हैं। विश्व स्वास्थ्य संगठन के अनुसार, पाकिस्तान और अफगानिस्तान दुनिया के एकमात्र ऐसे देश हैं जहाँ पोलियो संक्रमण अभी भी मौजूद है।
पाकिस्तान कैबिनेट ने विवादास्पद संवैधानिक संशोधन विधेयक को मंजूरी दे दी
पाकिस्तान कैबिनेट ने रविवार को गठबंधन सहयोगियों से आम सहमति लेने के बाद प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ की अध्यक्षता में एक बैठक के दौरान विवादास्पद 26वें संवैधानिक संशोधन के प्रस्तावित मसौदे को मंजूरी दे दी। प्रधानमंत्री कार्यालय ने यह जानकारी दी। गठबंधन सरकार रविवार को सीनेट और नेशनल असेंबली में प्रस्तावित न्यायिक सुधार विधेयक पेश करने के लिए तैयार है।
‘डॉन न्यूज’ ने प्रधानमंत्री कार्यालय द्वारा जारी एक बयान के हवाले से कहा, ‘‘संघीय कैबिनेट ने पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी समेत सरकार और इसके गठबंधन सहयोगियों के 26वें संवैधानिक संशोधन के प्रस्तावित मसौदे को मंजूरी दे दी है।’’ ‘एक्सप्रेस न्यूज’ के अनुसार, कैबिनेट बैठक से पहले प्रधानमंत्री शहबाज ने प्रस्तावित संवैधानिक संशोधन पर विस्तृत चर्चा के लिए राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी से मुलाकात की।
बैठक के बाद संघीय मंत्री मुसादिक मलिक ने कहा कि सरकार ने इसके मसौदे को मंजूरी दे दी है, जो पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी (पीपीपी), सरकार और गठबंधन सहयोगियों के सहयोग से तैयार किया गया था। कैबिनेट ने आधिकारिक तौर पर मसौदे पर मुहर लगा दी है।
इंडोनेशिया के राष्ट्रपति के शपथग्रहण समारोह में विदेश राज्यमंत्री ने किया भारत का प्रतिनिधित्व
विदेश राज्य मंत्री पबित्रा मार्गेरिटा ने रविवार को जकार्ता के संसद परिसर में इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो और उपराष्ट्रपति जिब्रान राकाबुमिंग राका के शपथ ग्रहण समारोह में भारत का प्रतिनिधित्व किया। मंत्रालय द्वारा जारी एक प्रेस विज्ञप्ति के मुताबिक दो दिवसीय यात्रा पर गए मार्गेरिटा ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की ओर से राष्ट्रपति सुबियांतो को हार्दिक शुभकामनाएं दीं।
इसमें कहा गया, ‘राष्ट्रपति सुबियांतो ने प्रधानमंत्री मोदी को उनकी शुभकामनाओं के लिए आभार व्यक्त किया।’ सुबियांतो (73) को इंडोनेशिया के आठवें राष्ट्रपति के रूप में शपथ दिलाई गई। वे दुनिया के सबसे अधिक मुस्लिम आबादी वाले देश के पूर्व रक्षा मंत्री थे।
नेपाल के पूर्व गृह मंत्री को सहकारी घोटाला मामले में छह दिन की हिरासत में भेजा गया
नेपाल की एक जिला अदालत ने सहकारी समितियों से जुड़े धन के दुरुपयोग के एक मामले में रविवार को पूर्व उप प्रधानमंत्री रबी लामिछाने को छह दिन के लिए हिरासत में भेज दिया। केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) की पुलिस टीम ने शुक्रवार को राजधानी के बाहरी इलाके वनस्थली में लाछिमाने (50) की पार्टी के कार्यालय पर छापा मारकर उन्हें गिरफ्तार किया, जो राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी के अध्यक्ष भी हैं।
कास्की जिला न्यायालय के न्यायाधीश नवराज दहल की एकल पीठ ने पोखरा में स्थित सूर्यदर्शन सहकारी समितियों के धन के दुरुपयोग में कथित संलिप्तता की जांच के लिए पुलिस को लामिछाने को हिरासत में रखने की अनुमति दी। पूर्व गृह मंत्री लाछिमाने तीन और दिन तक पुलिस हिरासत में रहेंगे क्योंकि वह पहले ही तीन दिन हिरासत में बिता चुके हैं। उन पर सहकारी समितियों से संबंधित 1.35 अरब रुपये के दुरुपयोग का आरोप है। संकटग्रस्त सहकारी समितियों की जांच के लिए एक संसदीय विशेष जांच समिति का गठन किया गया था। समिति की रिपोर्ट में आरोप लगाया गया है कि लामिछाने मीडिया कंपनी के प्रबंध निदेशक रहते हुए सूर्यदर्शन और गोरखा मीडिया नेटवर्क समेत विभिन्न सहकारी समितियों के धन का दुरुपयोग करने में शामिल थे।
नेपाल की सरकारी समाचार एजेंसी ने नेवारी एवं मैथिली भाषाओं में शुरू की समाचार सेवाएं
नेपाल की सरकारी समाचार एजेंसी - राष्ट्रीय समाचार समिति ने रविवार को दो क्षेत्रीय भाषाओं- नेवारी एवं मैथिली में समाचार सेवाएं शुरू कीं। नेवारी काठमांडू घाटी में नेवारी समुदायों के बीच बोली जाने वाली भाषा है जबकि मैथिली देश के दक्षिण हिस्से में मिथिला क्षेत्र में बोली जाती है। मिथिला क्षेत्र भारत से सटा है। नेवारी एवं मैथिली में समाचार सेवाओं का उद्घाटन करते हुए संचार एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री पृथ्वी सुब्बा गुरुंग ने कहा कि इन दोनों क्षेत्रीय भाषाओं में समाचार सेवाओं की शुरुआत से संबंधित भाषाओं के संवर्धन में मदद मिलेगी तथा राष्ट्रीय एकता मजबूत होगी।
उन्होंने कहा कि नेपाल विविधता में एकता वाला देश है, जहां 100 से अधिक भाषाएं बोली जाती हैं। उन्होंने कहा कि विभिन्न भाषाओं में समाचारों के प्रसार से भाषा, संस्कृति, धर्म और वर्ग के आधार पर भेदभाव समाप्त हो जाएगा, जो संघीय लोकतांत्रिक प्रणाली की बुनियादी विशेषताएं हैं।