फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

World Updates: बांग्लादेश में शेख हसीना पर दो और मामले दर्ज; हिजबुल्लाह ने उत्तरी इस्राइल पर 30 रॉकेट दागे

Thu, 05 Sep 2024 07:58 PM IST
विशांत श्रीवास्तव वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला, ढाका

सार

बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना पर दो और मामले दर्ज किए गए हैं। हिजबुल्लाह ने उत्तरी इस्राइल पर 30 रॉकेट दागे हैं। आईडीएफ (इस्राइल रक्षा बल) ने बताया कि इस हमले में कोई भी हताहत नहीं हुआ है। 
 
विज्ञापन
दुनिया की बड़ी खबरें - फोटो : amar ujala graphics
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

बांग्लादेश की अपदस्थ प्रधानमंत्री शेख हसीना के खिलाफ हत्या के दो और मामले दर्ज किए गए हैं। इसी के साथ उन पर दर्ज मुकदमों की संख्या 94 हो गई है। इनमें से ज्यादातर  छात्र विरोध प्रदर्शन के दौरान हत्याओं के लिए हैं। 19 जुलाई को विरोध प्रदर्शन के दौरान ढाका के एक शख्स की हत्या पर हसीना व 26 अन्य पर बुधवार को केस दर्ज किया गया। इस मामले में पूर्व गृह मंत्री असदुज्जमान खान, अवामी लीग के महासचिव ओबैदुल कादिर व पार्टी के कई नेता व कार्यकर्ता आरोपियों में शामिल हैं। 
विज्ञापन

पाकिस्तान में अज्ञात बंदूकधारियों ने पुलिस कांस्टेबल की हत्या की
पाकिस्तान के अशांत उत्तर-पश्चिमी खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में बुधवार को कुछ अज्ञात बंदूकधारियों ने कांस्टेबल वकाल अहमद की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना अफगानिस्तान की सीमा से सटे लक्की मरवात जिले के नवारखेल गांव की है, जहां वकार के आवास के पास उसे गोली मारी गई। हमलावर मौके से भागने में सफल रहे।  

म्यांमार में हिंसा, हजारों रोहिंग्या बांग्लादेश भागे, हालात मुश्किल
म्यांमार के पश्चिमी रखाइन प्रांत में बढ़ती हिंसा से बचकर हाल के महीनों में लगभग 8,000 रोहिंग्या मुसलमान बांग्लादेश भाग आए हैं। बांग्लादेश में शरणार्थी प्रभारी अधिकारी मो. शमसूद डौजा ने कहा, इतने लोगों के सीमा पार करने से हम पर काफी बोझ बढ़ गया है, जबकि बांग्लादेश पहले से ही बुरी हालत में होने से इनके समायोजन में असमर्थ है।  

हूवर इंस्टीट्यूशन के विजिटिंग फेलो नामित हुए विवेक लाल
प्रसिद्ध भारतीय-अमेरिकी ‘एयरोस्पेस’ वैज्ञानिक डॉ. विवेक लाल को स्टैनफोर्ड यूनिवर्सिटी के प्रतिष्ठित हूवर इंस्टीट्यूशन के विशिष्ट ‘विजिटिंग फेलो’ के रूप में नामित किया है। लाल ‘जनरल एटॉमिक्स ग्लोबल कॉरपोरेशन’ के मुख्य कार्यकारी अधिकारी हैं। उन्हें 2018 में अमेरिकी परिवहन मंत्रालय का प्रमुख सलाहकार नियुक्त किया जा चुका है। हूवर इंस्टीट्यूशन एक प्रमुख शोध केंद्र और दुनिया के सबसे प्रभावशाली ‘थिंक टैंक’ में से एक है। 

इंडोनेशिया में पोप ने चरमपंथ के विरुद्ध चेताया
पोप फ्रांसिस ने बुधवार को दुनिया के सर्वाधिक मुस्लिम आबादी वाले देश इंडोनेशिया में राजनीतिक नेताओं को धार्मिक चरमपंथ से बचने का आग्रह किया। उन्होंने धोखे व हिंसा से लोगों की धार्मिक मान्यताएं तोड़ने से बचने को कहा। उन्होंने राष्ट्रपति जोको विदोदो व अन्य नेताओं से मुलाकात की। विदोदो ने गाजा में शांति प्रयासों के लिए पोप का समर्थन किया। जबकि इंडोनेशिया का रुख हमेशा फलस्तीनियों के साथ रहा है।  

मैक्सिको में पलटी ट्रेन, बच्चा लापता

मैक्सिको में पलटी ट्रेन - फोटो : अमर उजाला
मैेक्सिको के सियुदाद जुआरेज के बाहरी इलाके में एक ट्रेन पटरी से उतर गई। इस हादसे में ट्रेन सवार कई प्रवासी घायल हो गए, जबकि एक बच्चा लापता हो गया। बुधवार को ड्रोन से ली गई इस तस्वीर में मैक्सिको की सेना और रेलवे कर्मचारियों का दल हादसे के बाद लापता हुए एक बच्चे की तलाश करता नजर आ रहा है। 

हिजबुल्लाह ने उत्तरी इस्राइल पर 30 रॉकेट दागे
हिजबुल्लाह ने उत्तरी इस्राइल पर 30 रॉकेट दागे हैं। आईडीएफ (इस्राइल रक्षा बल) ने बताया है कि लगभग 30 रॉकेट लॉन्च का पता चला था जो लेबनान के क्षेत्र से इस्राइल में पार हो गए थे। उनमें से कुछ को रोक लिया गया और कुछ खुले इलाकों में गिर गये।

अग्निशमन कर्मी अब केफर ब्लम क्षेत्र में एक रॉकेट के कारण लगी आग को बुझाने के लिए काम कर रहे हैं। हालांकि आईडीएफ ने बताया है कि इस हमले में कोई भी हताहत नहीं हुआ है। 

विज्ञापन

ड्रोन खतरों से मिलकर निपटेंगे भारत-इस्राइल
नई दिल्ली में इस्राइल और भारत के अधिकारियों ने सुरक्षा सहयोग और ड्रोन खतरों से निपटने के लिए सेमिनार आयोजित किया। इसमें इस्राइली रक्षा मंत्रालय के रक्षा निर्यात निदेशालय के अधिकारियों ने भाग लिया। उन्होंने यहां इस्राइल आर्थिक और वाणिज्यिक मिशन, अर्थव्यवस्था और उद्योग मंत्रालय, इस्राइल निर्यात संस्थान, इस्राइली दूतावास, भारतीय रक्षा मंत्रालय और सोसाइटी ऑफ इंडियन डिफेंस मैन्युफैक्चरर्स के साथ बैठक की। सेमिनार में नौ इस्राइली रक्षा कंपनियों ने ड्रोन हमलों का मुकाबला करने के लिए अपनी तकनीकों का प्रदर्शन किया। तीन दिवसीय सेमिनार में कुल 150 बैठकें हुईं। इसमें ड्रोन खतरों को दूर करने के साथ ही इस्राइल-भारत के बीच व्यावसायिक तालमेल बनाने पर चर्चा हुई। इस्राइल के प्रतिनिधिमंडल ने प्रमुख भारतीय संस्थानों का दौरा करके ड्रोन खतरों के बारे में जानकारी जुटाई। 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें