फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

World News: यूक्रेन में F-16 विमान दुर्घटनाग्रस्त, पायलट की मौत; इस्राइल ने 30 घंटे में मार गिराए 12 आतंकवादी

Thu, 29 Aug 2024 11:20 PM IST
ज्योति भास्कर वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला
विज्ञापन
दुनिया की बड़ी खबरें - फोटो : amar ujala graphics
विज्ञापन
सोमवार को रूसी हवाई हमले के दौरान एक एफ-16 विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया और उसके पायलट की मौत हो गई। यूक्रेनी सेना ने बृहस्पतिवार को इसकी पुष्टि की। यूक्रेनी जनरल स्टाफ ने कहा कि रूस के साथ चल रहे युद्ध के दौरान यूक्रेन ने एफ-16 विमान से दुश्मन के चार मिसाइलों को मार गिराया, लेकिन अगले लक्ष्य की ओर बढ़ते समय विमान से संपर्क टूट गया। बाद में पता चला कि विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया और पायलट की मौत हो गई है।
विज्ञापन


इस्राइल ने 30 घंटे चलाया सैन्य अभियान; 12 आतंकी ढेर
हमास के साथ बीते 10 महीने से अधिक समय से जारी हिंसक संघर्ष के बीच इस्राइल रक्षा बल (आईडीएफ) ने जेनिन और तुलकरम में सीमा पुलिस और शिन बेट (इस्राइल की आतंकवाद विरोधी दस्ता) के साथ मिलकर 30 घंटे तक चले अभियान में 12 आतंकवादियों को मार गिराया। इस दौरान आईडीएफ ने 10 वांछित आतंकवादियों को गिरफ्तार भी किया। मारे गए आतंकवादियों में से पांच तुलकरम की एक मस्जिद में छिपे थे। इनमें से एक मुहम्मद जाबेर था, जिसे 'अबू शाहजा' के नाम से भी जाना जाता है। वह नूर शम्स क्षेत्र में आतंकवादी गतिविधि का मुखिया था। ऑपरेशन के दौरान आईडीएफ के दो सैनिक घायल भी हुए हैं। सैनिकों को अस्पताल में भर्ती किया गया है।

10 वर्षीय लड़की की मौत का मामला अदालत में दोबारा खुलेगा
अमेरिका की अपील अदालत ने  दस वर्षीय लड़की नाइला एंडरसन की मां की ओर से टिकटॉक पर दायर मुकदमे को फिर से खोल दिया है। नाइला टिकटॉक पर ब्लैकआउट गेम खेल रही थी, तभी उसकी मौत हो गई। फिलाडेल्फिया कोर्ट ऑफ अपील्स ने फैसला दिया कि कानून नाइला की मां को यह दावा करने का हक देता है कि टिकटॉक ने उनकी बेटी को चुनौती की सिफारिश की थी।
विज्ञापन


नाटो की बैठक में यूक्रेन ने बताईं शीर्ष प्राथमिकताएं
यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने कहा है कि रूस के साथ बीते 28 महीने से अधिक समय से जारी युद्ध के दौरान यूक्रेन की शीर्ष प्राथमिकता अपनी वायु रक्षा क्षमताओं को बढ़ाना और देश के लिए महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचे की सुरक्षा करना है। बुधवार को नाटो की बैठक का जिक्र करते हुए जेलेंस्की ने कहा, आज, यूक्रेन-नाटो परिषद की बैठक हुई। हमारे रक्षा मंत्री ने यूक्रेन की सबसे अहम जरूरतों--खास तौर पर वायु रक्षा और महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचे की सुरक्षा के बारे में नाटो सदस्यों को जानकारी दी। उन्होंने कहा कि क्रिवी रिह पर रूसी बैलिस्टिक मिसाइल ने हमला किया है। प्रभावित इलाके में हालात को समान्य बनाने के प्रयास पूरे दिन जारी रहे। उन्होंने कुपियांस्क में हुए हवाई हमलों का जिक्र कर कहा कि इमारत के मलबे में दबने के कारण कई लोग हताहत हुए हैं।

जापान में तूफान का कहर, कई लोग हताहत
तूफान शानशान के कारण जापान के कई हिस्सों में मूसलाधार बारिश हुई। एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हुए हैं। मौसम विभाग ने देश के दक्षिणी हिस्से में भारी बारिश की चेतावनी जारी की। इस इलाके में सबसे अधिक नुकसान होने की आशंका है। तूफान शानशान के दक्षिणी क्यूशू तक पहुंचने के बाद गुरुवार को भूस्खलन की आशंका भी जताई गई। मौसम विभाग ने 24 घंटे में 60 सेंटीमीटर (23.6 इंच) बारिश का अनुमान लगाया है। तूफान के कारण देश के अधिकांश हिस्सों, विशेष रूप से कागोशिमा प्रान्त में तेज हवाएं चलने का खतरा है। समुद्र में ऊंची लहरें उठ सकती हैं।

राहुल गांधी 6 सितंबर से अमेरिका के दौरे पर, भारतवंशियों से करेंगे संवाद
कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी सितंबर के पहले हफ्ते में अमेरिका का दौरा करेंगे। वह 5 और 6 सितंबर की दरम्यानी रात अमेरिका रवाना होंगे। राहुल के दौरे को अमली जामा पहनाने की जिम्मेदारी ओवरसीज कांग्रेस के प्रमुख सैम पित्रोदा को दी गई है। अमेरिका प्रवास के दौरान राहुल ओवरसीज कांग्रेस के विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होंगे। भारतवंशियों और विद्यार्थियों से संवाद करेंगे। उद्योगपतियों और स्टार्टअप से जुड़े लोगों से भी मुलाकात कर सकते हैं।

बाइडन और जिनपिंग के बीच जल्द होगी बात

अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडन और चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग के बीच जल्द ही बातचीत हो सकती है। व्हाइट हाउस ने इसकी जानकारी दी है। व्हाइट हाउस ने बताया कि दोनों देशों के राष्ट्रपति आने वाले हफ्तों में ही फोन पर बातचीत कर सकते हैं। दोनों नेताओं के बीच यह बातचीत नवंबर में होने जा रहे अमेरिकी राष्ट्रपति चुनाव के बीच हो रही है। अमेरिका के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार जैक सुलीवन ने 27-28 अगस्त को चीन का दौरा किया है। जैक सुलीवन की चीन के विदेश मंत्री से मुलाकात के दौरान ही बाइडन और जिनपिंग की बीच बातचीत को लेकर चर्चा हुई। व्हाइट हाउस ने ये भी कहा कि भविष्य में दोनों देशों के सैन्य कमांडर्स के बीच भी बातचीत आयोजित की जाएगी। बीते साल नवंबर में जिनपिंग ने अमेरिका का दौरा किया था। उस दौरान भी बाइडन और जिनपिंग के बीच मुलाकात हुई थी। 

पाकिस्तान के गृह मंत्री मोहसिन नकवी ने एलान किया है कि वह अफगान शरणार्थियों को वापस भेजने की दूसरे चरण की प्रक्रिया जल्द शुरू कर देंगे। पाकिस्तान के गृह मंत्री ने अफगान शरणार्थियों के पुनर्वास में संयुक्त राष्ट्र और अंतर्राष्ट्रीय समुदाय की भूमिका की आवश्यकता पर बल दिया। अफगानिस्तान के लिए विशेष प्रतिनिधि इंद्रिका रत्वाटे के नेतृत्व में संयुक्त राष्ट्र के प्रतिनिधिमंडल के साथ बुधवार को एक बैठक के दौरान नकवी ने कहा कि पाकिस्तान में दशकों से अफगान शरणार्थी रह रहे हैं और अब अवैध विदेशियों को चरणबद्ध तरीके से वापस भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। 

पाकिस्तान ने आत्मघाती हमलों में वृद्धि के बाद पिछले साल नवंबर में 'अवैध विदेशी' कहे जाने वाले लोगों की वापसी का पहला दौर शुरू किया था। पाकिस्तान की सरकार मानती है कि ये लोग तस्करी, आतंकवादी हिंसा और अन्य अपराधों में शामिल थे। माना जाता है कि इस चरण के तहत करीब पांच लाख अफगानों को निष्कासित किया गया था। अब दूसरे चरण में अफगान नागरिक कार्ड (एसीसी) रखने वाले अफगानों को निष्कासित किया जाएगा, जबकि तीसरे चरण में संयुक्त राष्ट्र शरणार्थी उच्चायुक्त (यूएनएचसीआर) द्वारा जारी पंजीकरण प्रमाण (पीओआर) कार्ड रखने वालों को वापस भेजा जाएगा। 

नकवी ने अफगान शरणार्थियों के पुनर्वास में संयुक्त राष्ट्र और अंतरराष्ट्रीय समुदाय की भूमिका की आवश्यकता पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि कानूनी दस्तावेज रखने वाले व्यक्तियों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है, लेकिन उन्होंने कहा कि किसी को भी वीजा या अन्य कानूनी दस्तावेजों के बिना पाकिस्तान में रहने की अनुमति नहीं दी जा सकती है। आतंकवाद को एक वैश्विक मुद्दा बताते हुए मंत्री ने दावा किया कि पाकिस्तान सबसे ज्यादा प्रभावित देश है।

श्रीलंका के राष्ट्रपति विक्रमसिंघे ने जारी किया चुनावी घोषणापत्र 
श्रीलंका के राष्ट्रपति रानिल विक्रमसिंघे ने अगले महीने होने वाले राष्ट्रपति चुनाव के लिए बृहस्पतिवार को अपने चुनाव घोषणापत्र जारी किया। इसमें उन्होंने नकदी संकट से जूझ रहे देश के अंतरराष्ट्रीय साझेदारों के साथ अपने आर्थिक सुधार को जारी रखने का एलान किया। विक्रमसिंघे ने कहा कि अब चर्चा का नहीं, बल्कि कार्रवाई का समय है। हमें नई नीतियों पर बहस करने या नई नीतियों पर आईएमएफ के साथ बातचीत में शामिल होने से बचना चाहिए।  राष्ट्रपति विक्रमसिंघे देश में आवश्यक वस्तुओं के लिए लग रही लंबी कतारों को समाप्त करने और आजीविका की गारंटी देने की अपनी विरासत के साथ फिर से चुनाव मैदान में हैं। श्रीलंका ने आर्थिक संकट के बीच विक्रमसिंघे के नेतृत्व में सकारात्मक वृद्धि दर्ज की है। देश में आवश्यक वस्तुओं, बिजली और रसोई गैस की कमी के चलते जनता के बड़े विरोध प्रदर्शनों के कारण पूर्व राष्ट्रपति गोटबाया राजपक्षे को 2022 में पद से इस्तीफा देना पड़ा था।
विज्ञापन

नेपाल के राष्ट्रपति ने ट्रांजिशनल जस्टिस (टीजे) विधेयक पर लगाई मुहर
नेपाल के राष्ट्रपति रामचंद्र पौडेल ने 1996-2006 के गृहयुद्ध के दौरान जबरन गायब व्यक्तियों की जांच के लिए बने आयोग, सत्य और सुलह आयोग अधिनियम (टीआरसी बिल) में संशोधन करने के लिए ट्रांजिशनल जस्टिस विधेयक पर मुहर लगाई। संसद के दोनों सदनों द्वारा समर्थन के बाद विधेयक को प्रमाणीकरण के लिए राष्ट्रपति के पास प्रस्तुत किया गया था। नौ देशों और यूरोपीय संघ (ईयू) ने विधेयक का स्वागत किया। अमेरिका, स्विट्जरलैंड, ऑस्ट्रेलिया, यूके, नॉर्वे, जापान, फिनलैंड, यूरोपीय संघ, जर्मनी और फ्रांस के एक संयुक्त बयान में नेपाल के प्रयासों का स्वागत किया। नेपाल ने 1996 से 2006 तक गृह युद्ध हुआ। इस दौरान सभी पक्षों ने व्यापक और व्यवस्थित पैमाने पर मानवाधिकारों का घोर उल्लंघन किया। वहीं संयुक्त राष्ट्र मानवाधिकार उच्चायुक्त के कार्यालय के अनुसार राज्य बलों ने नियंत्रण में लिए गए या गिरफ्तार किए गए व्यक्तियों को जबरन गायब किया था। 2006 में व्यापक शांति समझौते पर हस्ताक्षर के साथ समाप्त हुए एक दशक लंबे विद्रोह के दौरान सुरक्षा कर्मियों सहित लगभग 17,000 लोग मारे गए थे।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें