नेपाल : तीर्थयात्रियों को ले जा रहा ट्रैक्टर नहर में गिरा, महिला की मौत
काठमांडो। नेपाल के सरलाही जिले में रविवार को भारत से लौट रहे हिंदू तीर्थयात्रियों को ले जा रहा ट्रैक्टर नहर में गिर गया, जिससे एक महिला की मौत हो गई। हादसे में उसकी 11 वर्षीय बेटी सहित चार अन्य घायल भी हुए हैं। पुलिस के अनुसार मलंगावा इलाके में हुई दुर्घटना के समय ट्रैक्टर पर 25 तीर्थयात्री सवार थे। महिला की पहचान चकराघट्टा ग्रामीण नगर पालिका की निवासी 45 वर्षीय पताही देवी के रूप में हुई है। पुलिस फिलहाल ट्रैक्टर चालक की तलाश कर रही है, जो फरार है।
पाकिस्तान की आतंकवादी रोधी अदालत ने इमरान के करीबी को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा
पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद की एक आतंकवाद रोधी अदालत ने शनिवार को जेल में बंद पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान के करीबी सहयोगी रऊफ हसन को आतंकवाद के एक मामले में 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया। ‘द नेशन’ अखबार की रिपोर्ट के अनुसार, आतंकवाद निरोधक अदालत के न्यायाधीश ताहिर अब्बास सुप्रा ने हसन की सात दिन की हिरासत के अनुरोध को खारिज करते हुए न्यायिक हिरासत का आदेश दिया।
हसन खान के नेतृत्व वाली पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ पार्टी के सूचना सचिव के रूप में कार्य करते हैं। हसन को इस्लामाबाद पुलिस ने 22 जुलाई को पार्टी के सचिवालय से गिरफ्तार किया था। पुलिस ने बताया कि ठोस सबूतों के आधार पर कानून प्रवर्तन एजेंसियों द्वारा की गई छापेमारी के बाद यह गिरफ्तारी की गई।
पाकिस्तान: दो बदमाशों ने पर्यटक को लूटा
लाहौर हवाई अड्डे के पास दो बदमाशों ने जर्मनी के एक पर्यटक को लूट लिया। बदमाश पर्यटक से एक आईफोन, कैमरा और नकदी समेत पांच लाख पाकिस्तानी मुद्रा (पीकेआर) का सामान लूट ले गए। मामले में लाहौर उत्तर छावनी क्षेत्र के थाने में एफआईआर दर्ज की गई है।जानकारी के मुताबिक दियारबाकिर से पाकिस्तान आया 27 वर्षीय जर्मनी पर्यटक बर्ग फ्लोरियन गुलदश्त टाउन के पास एक पार्क में अपने तंबू में सो रहा था। इस दौरान दो बदमाशों ने उन पर हमला बोला। बदमाश उनका सामान लूटकर ले गए। इसके बाद जर्मन पर्यटक ने साइकिल से रेंजर्स कार्यालय पहुंचने की कोशिश की, लेकिन चोट लगने के कारण वह गिर गया। यहां मौजूद लोग उसे अस्पताल ले गए। जहां उसका इलाज किया गया। पर्यटक ने आरोप लगाया कि उसने लूट की जानकारी गश्त कर रहे डॉल्फिन दस्ते को दी, लेकिन उन्होंने उससे पैसे की मांग की। मामले में लाहौर पुलिस ने पाकिस्तान दंड संहिता की धारा 382 के तहत चोरी की रिपोर्ट दर्ज की है। पुलिस घटना की जांच कर रही है।
पाकिस्तान में एक साल में आए पोलियो के 12 मामले
पाकिस्तान में पोलियो के एक साल में 12 मामले सामने आए हैं। जो पिछले साल से मिले छह मामलों से दोगुना है। 12वां मामला पंजाब प्रांत के चकवाल जिले के छह वर्षीय बालक में मिला। पाकिस्तान को इससे पोलियो कम करने के प्रयास में गंभीर झटका लगा है। अधिकारियों के मुताबिक साल के आठवें महीने में सामने आए 12 मामलों से साफ है कि देश में पोलियो की स्थिति बिगड़ती जा रही है। वहीं शनिवार को राष्ट्रीय पोलियो उन्मूलन पहल (पीईआई) के अधिकारियों ने बलूचिस्तान से दो नए मामलों का पता चलने की पुष्टि की थी। यहां पोलियो के कुल मामले बढ़कर नौ हो गए। अधिकारियों का कहना है कि पोलियो कार्यक्रम को स्थानीय विरोध, सुरक्षा मुद्दे और टीके को लेकर झिझक के चलते बाधाओं का सामना करना पड़ा। WHO के मुताबिक पाकिस्तान और अफगानिस्तान ऐसे देश हैं, जहां पोलियो सबसे बड़ी स्थानीय बीमारी बनी हुई है।
दक्षिण अफ्रीका-भारत व्यापार अवसरों का अधिकतम लाभ नहीं उठाया जा रहा : मनोनीत उच्चायुक्त
भारत में दक्षिण अफ्रीका के मनोनीत उच्चायुक्त प्रोफेसर अनिल सूकलाल ने दक्षिण अफ्रीका में भारतीय उद्यम और स्थानीय व्यवसायों से आग्रह किया है कि वे अलग-अलग काम करना बंद करें और दोनों देशों के बीच व्यापार के अवसरों का अधिकतम लाभ लेने के लिए सहयोग करें।सूकलाल भारतीय वाणिज्य दूतावास और ‘इंडिया बिजनेस फोरम’ द्वारा आयोजित स्वागत समारोह को संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम का आयोजन इस पद पर सेवा देने वाले भारतीय मूल के पहले दक्षिण अफ्रीकी नागरिक को सम्मानित करने के लिए किया गया था।
अंतरिक्ष में फंसे यात्रियों के लिए ह्यूस्टन का चर्च बना मददगार
अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन में फंसे यात्रियों के लिए जॉनसन स्पेस सेंटर से करीब 10 मील दूर ह्यूस्टन स्थित 'प्रोविडेंस बैपटिस्ट चर्च' बहुत बड़ा सहारा बना है। यह चर्च विशेष ट्रांसमिशन के जरिये हर बुधवार को बाइबल पाठ और रविवार शाम को प्रार्थना करवा रहा है। चर्च के पादरी टॉमी डाहन ने कहा कि डायसन जब धरती पर थे तो वह नियमित चर्च में प्रार्थना करने आते थे, इसी तरह विल्मोर भी लंबे समय से चर्च आते थे। चूंकि, इनकी वापसी की कोई तारीख तय नहीं है इसलिए मानसिक तनाव कम करने और उन्हें सांत्वना देने के लिए प्रार्थना सभाएं आयोजित की जा रही हैं।
दरअसल, नासा के अंतरिक्ष यात्री बैरी विल्मोर, सुनीता विलियम्स और ट्रेसी डायसन का अभी पृथ्वी पर लौटने का कोई शेड्यूल तय नहीं हुआ है। डायसन छह महीने पहले अंतरिक्ष स्टेशन में गए थे। उनका अभियान सितंबर में समाप्त होने वाला है। विल्मोर और सुनीता विलियम्स गत महीने बोइंग के स्टारलाइनर कैप्सूल से अंतरिक्ष स्टेशन गए थे। चूंकि विमान के थ्रस्टर में गड़बड़ी और हीलियम रिसाव के चलते दोनों की वापसी नहीं हो पा रही है। अब बताया जा रहा है कि विल्मोर,सुनीता विलियम्स के साथ ही ट्रेसी डायसन भी धरती पर लौटने का प्रयास करेंगे, लेकिन ऐसा कब होगा इस बारे में कुछ तय नहीं है। विल्मोर और विलियम्स ने गत दिनों कहा था कि उन्हें विश्वास है कि स्टारलाइनर कैप्सूल उन्हें सुरक्षित घर वापस ले आएगा। बता दें कि नासा के इंजीनियर अभी भी स्टारलाइनर परीक्षण डेटा पर गहन अध्ययन कर रहे हैं।
ताइवान के क्षेत्र में पाए गए 36 चीनी सैन्य विमान
ताइवान के राष्ट्रीय रक्षा मंत्रालय (एमएनडी) ने कहा है कि शनिवार सुबह 6 बजे से रविवार सुबह 6 बजे तक ताइवान के क्षेत्र में 36 चीनी सैन्य विमान और 12 नौसैनिक जहाज देखे गए।
ताइवान के एमएनडी ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि पीपुल्स लिबरेशन आर्मी (पीएलए) के 36 विमानों में से 31 ने ताइवान स्ट्रेट की मध्य रेखा को पार किया। अन्य ने ताइवान के उत्तरी, मध्य, दक्षिण-पश्चिमी, दक्षिण-पूर्वी और पूर्वी वायु रक्षा पहचान क्षेत्र (एडीआईजेड) में प्रवेश किया। चीन की कार्रवाई के जवाब में ताइवान ने विमान और नौसैनिक जहाज भेजे और चीन की सैन्य गतिविधि पर नजर रखने के लिए तटीय आधारित (कोस्टल बेस्ड) मिसाइल सिस्टम तैनात किए। ताइवान न्यूज ने बताया कि अगस्त में अब तक ताइवान ने पीएलए विमान को 71 बार और चीनी जहाजों को 36 बार देखा है।
अमेरिका: भारतीय आईटी पेशेवर का शव मिला
अमेरिका के मोटाना प्रांत के मशहूर ग्लेशियर नेशनल पार्क में पिछले महीने डूबने वाले एक भारतीय आईटी पेशेवर का शव पार्क रेंजर्स ने बरामद कर लिया है। मीडिया रिपोर्ट्स में रविवार को यह जानकारी दी गई।
सिद्धांत विट्ठल पाटिल (26 वर्षीय) छह जुलाई को एवलांच लेक ट्रेल पर एक खाई के ऊपर लंबी पैदल यात्रा के दौरान डूब गए थे। एनबीसी मोंटाना की रिपोर्ट के मुताबिक, पार्क के अधिकारियों ने बताया कि आगंतुकों ने शनिवार सुबह करीब साढ़े दस बजे एख शव को देखने की सूचना दी, जिसके बाद रेंजर्स ने शव को वहां से हटाया। डेली इंटर लेक अखबार ने अधिकारियों के हवाले से बताया कि घटना के समय पाटिल ने जो कपड़े पहने थे, वे भी बरामद किए गए हैं।