France: फ्रांस की विभाजित नेशनल असेंबली ने फिर से येल को स्पीकर चुना
फ्रांस की विभाजित नेशनल असेंबली ने गुरुवार को राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रॉन की पार्टी के सदस्य को स्पीकर के रूप में चुना है। चुनाव में किसी भी पार्टी के स्पष्ट बहुमत नहीं मिला था जिसके कारण यह फैसला लिया गया है। 53 वर्षीय स्पीकर येल ब्राउन-पिवेट 2022 से नेशनल असेंबली की स्पीकर हैं और उन्होंने संसद के निचले सदन में तीन दौर के वोटों के बाद गुरुवार को अपना पद बरकरार रखा।
France: पेरिस में एक पुलिस अधिकारी पर चाकू से हमला
पेरिस में ग्रीष्मकालीन ओलंपिक के शुरू होने से कुछ दिन पहले ही एक पुलिस अधिकारी पर चाकू से हमला किया गया। जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गए। हालांकि हमलावर को तुरंत ही पकड़ लिया गया। फ्रांस के गृहमंत्री गेराल्ड डर्मैनिन ने एक्स पर पोस्ट करके घटना की जानकारी दी। उन्होंने पोस्ट करके लिखा, ‘हलमा पेरिस के 8वें अर्रोनडिसेमेंट में हुआ, जब पुलिस एक स्टोर की सुरक्षा करने वाले अधिकारियों के कॉल का जवाब दे रही थी।
पहले विदेशी दौरे पर आज भूटान पहुंचेंगे नए विदेश सचिव मिस्री
नए विदेश सचिव विक्रम मिस्री 19 से 20 जुलाई के दो दिन के दौरे पर शुक्रवार को भूटान पहुंचेंगे। विदेश सचिव नियुक्त किए जाने के बाद यह उनका पहला विदेशी दौरा है। यात्रा के दौरान वे भूटान के राजा जिग्मे खेसर नामग्याल वांगचुक से शिष्टाचार भेंट करेंगे। इसके अलावा वह प्रधानमंत्री शेरिंग तोबगे, विदेश मामलों और विदेश व्यापार मंत्री ल्योनपो डीएन धुंग्येल व विदेश सचिव पेमा चोडेन के साथ द्विपक्षीय संबंधों पर चर्चा करेंगे।
जाह्नवी की मौत पर हंसने वाला अमेरिकी अधिकारी बर्खास्त
अमेरिका में भारतीय छात्रा की मौत के बाद असंवेदनशील टिप्पणियां कर हंसने वाला पुलिस अधिकारी बर्खास्त कर दिया गया है। नॉर्थईस्टर्न यूनिवर्सिटी की छात्रा जाह्नवी कंडुला (23) की 23 जनवरी को सड़क पार करते वक्त पुलिस की गाड़ी से टकराकर मौत हो गई थी। वाहन केविन डेव ला रहा था व साथ बैठा डैनियल ऑडरर उसकी मौत का मजाक उड़ा रहा था। वाहन के टक्कर मारने के बाद जाह्नवी 100 फुट दूर जा कर गिरी। सिएटल पुलिस के ‘बॉडीकैम फुटेज’ में अधिकारी डैनियल ऑडरर हंसते हुए और यह कहते सुनाई दिया, ‘ओह, मुझे लगता है कि वह बोनट पर आ गिरी, आगे के शीशे से टकराई...वह मर चुकी है।’ अनुशासनात्मक कार्रवाई रिपोर्ट में कहा गया कि असंवेदनशील टिप्पणियां करने के बाद ऑडरर ‘चार सेकंड तक जोर-जोर से हंसा’।
भारत विभिन्न क्षेत्रों में समाधान की कुंजी : यूएन में सुमन बेरी
नीति आयोग के उपाध्यक्ष सुमन बेरी ने कहा कि भारत सार्वजनिक सेवा और डिजिटलीकरण समेत विभिन्न क्षेत्रों में समाधान की एक कुंजी साबित हो रहा है। बेरी ने कहा, जी-20 की अध्यक्षता में भारत ने सतत विकास लक्ष्यों (एसडीजी) को केंद्र में रखकर स्वीकार किया है कि यह वैश्विक समुदाय की अपनी वंचित आबादी के प्रति अहम जिम्मेदारी है।
जासूसी मामले में अमेरिका के पत्रकार रूसी अदालत मे पेश
वॉल स्ट्रीट जर्नल के संवाददाता इवान गेर्शकोविच अपने खिलाफ दर्ज जासूसी केस में सुनवाई के लिए रूसी अदालत में पेश हुए। रूसी महाभियोजक कार्यालय ने गेर्शकोविच पर अमेरिकी खुफिया एजेंसी सीआईए के इशारे पर उरलवागोंजावोद संयंत्र के बारे में खुफिया जानकारी जुटाने का आरोप लगाया है।
अलबामा में गोलीबारी में 4 बच्चों समेत 5 की मौत
बृहस्पतिवार देर रात अलबामा में गोलीबारी में चार बच्चों समेत पांच लोगों की मौत हो गई। स्थानीय मीडिया के अनुसार मारे गए बच्चे 14 साल से कम उम्र के थे। पुलिस ने ब्रैंडन केंड्रिक (32) को बिब काउंटी में महिला और चार बच्चों की हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया है। गिरफ्तारी वारंट के साथ दायर एक दस्तावेज के अनुसार पीड़ितों को एक हैंडगन से सिर में गोली मारी गई थी। गोलीबारी वेस्ट ब्लॉकटन में हुई जो बर्मिंघम से लगभग 40 मील (64 किलोमीटर) दक्षिण-पश्चिम में है।
म्यांमार के म्यावाडी में फंसे 11 भारतीय रिहा
म्यांमार के म्यावाडी में फंसे ग्यारह भारतीयों को म्यांमार के अधिकारियों और स्थानीय सहायता के सहयोग से शुक्रवार को रिहा कर दिया गया। म्यांमार स्थित भारतीय दूतावास ने यह जानकारी सोशल मीडिया पोस्ट में दी। दूतावास ने पोस्ट में तस्वीरें भी साझा कीं और कहा कि वह सभी के भारत लाने पर काम कर रहा है। सभी 11 भारतीयों को नौकरी का झांसा देकर ले जाया गया था।
चीन के चार दिवसीय दौरे पर मालदीव के विदेश मंत्री
मालदीव के विदेश मंत्री मूसा जमीर शनिवार को चार दिन की चीन यात्रा पर जा रहे हैं। चीन में उनकी मुलाकात अपने समकक्ष वांग यी के साथ होगी। इसके अलावा मूसा जमीर चीन की प्रमुख कंपनियों के अधिकारियों से भी मुलाकात करेंगे। इन कंपनियों ने मावदीव की अर्थव्यवस्था की प्रगति में विशेष योगदान दिया है।