श्रीलंका घूमने गए भारतीय दंपती समुद्र में डूबे, मौत
परिवार के साथ छुट्टियां बिताने श्रीलंका गए एक भारतीय दंपती की हंबनटोटा के पास किरिंडा बीच में डूबने से मौत हो गई। स्थानीय मीडिया के अनुसार, यहां घूमने के दौरान दंपती समुद्र की उफनती लहरों के चपेट में आ गया था। पुलिस ने पीड़ितों की पहचान उजागर नहीं की है। एक अधिकारी ने बुधवार को कहा, 35 वर्षीय पुरुष और 33 वर्षीय महिला को सुरक्षाकर्मियों ने समुद्र में डूबने से बचाया, लेकिन अस्पताल ले जाने पर उनकी मौत हो गई।
अंतरिक्ष में 1,000 दिन बिताने वाले पहले व्यक्ति बने ओलेग
रूस के 59 साल के अंतरिक्ष यात्री ओलेग कोनोनेंको अंतरिक्ष में 1,000 दिन बिताने वाले पहले व्यक्ति बन गए हैं। कोनोनेंको 2008 से अब तक अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन की पांच यात्राएं कर चुके हैं। उनका आईएसएस का मौजूदा सफर 15 सितंबर, 2023 को शुरू हुआ। उनके इस सफर में तब उनके साथ नासा के अंतरिक्ष यात्री लोरल ओ'हारा और निकोलाई शामिल थे।
बाइडन और ट्रंप ने कुछ राज्यों में अपने दल का प्राइमरी चुनाव जीता
अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन और पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कुछ राज्यों में डेमोक्रेटिक और रिपब्लिकन पार्टी की ओर से प्राइमरी चुनाव जीत लिया। ‘पोर्न स्टार’ स्टॉर्मी डेनियल्स को गुप्त तरीके से धन देने के मामले में रिकॉर्ड में हेराफेरी करने के दोषी ठहराए जाने के बाद पहली बार चुनाव में उतरे ट्रंप ने न्यू मेक्सिको, मोंटाना और न्यू जर्सी में प्राइमरी चुनाव जीता। बाइडन ने न्यू मेक्सिको, साउथ डकोटा, न्यूजर्सी, मोंटाना और वाशिंगटन डीसी में डेमोक्रेटिक पार्टी की ओर से प्राइमरी चुनाव जीता। दोनों को इस जीत की उम्मीद थी।
उत्तर कोरिया से बढ़ते तनाव के बीच अमेरिका ने बी-1बी बमवर्षक उड़ाए
अमेरिका ने सात वर्ष में पहली बार दक्षिण कोरिया में अपने बमबारी अभ्यास के लिए बुधवार को कोरियाई प्रायद्वीप पर लंबी दूरी के बी-1बी बमवर्षक विमान उड़ाए। दक्षिण कोरिया के रक्षा मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि अमेरिका के बी-1बी बमवर्षक विमान ने दक्षिण कोरिया के लड़ाकू विमानों के साथ संयुक्त हवाई अभ्यास किए।
संयुक्त राष्ट्र विकास साझेदारी व योगदान पर भारत ने दिया जोर
भारत ने विश्व निकाय में एक संवाद कार्यक्रम के दौरान संयुक्त राष्ट्र विकास कार्यक्रम (यूएनडीपी) संसाधनों में अपने महत्वपूर्ण योगदान पर जोर दिया है। संयुक्त राष्ट्र महासभा में दूसरी समिति के लिए भारत की प्रथम सचिव, पेटल गहलोत ने जोर दिया कि यूएनडीपी भारत की जी-20 अध्यक्षता के दौरान डिजिटल सार्वजनिक बुनियादी ढांचे पर एक नॉलेज भागीदार था।
गहलोत ने भारत में सतत विकास लक्ष्य स्थानीयकरण व बहुआयामी गरीबी सूचकांक पर भारत व यूएनडीपी के संयुक्त कार्य की ओर भी इशारा किया। गहलोत ने सोशल मीडिया पर कहा, अप्रैल में भारत के नेतृत्व में डिजिटल पब्लिक इंफ्रास्ट्रक्चर पर संयुक्त राष्ट्र का पहला अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन हुआ। इसका उद्देश्य सतत विकास लक्ष्यों को आगे बढ़ाने और समावेशिता को बढ़ावा देने के लिए प्रौद्योगिकी का उपयोग करना है।
डिजिटल बदलाव को समर्पित
भारत के स्थायी मिशन व इलेक्ट्रॉनिक्स व सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय द्वारा आयोजित सत्र में राजदूत रुचिरा कंबोज ने डिजिटल बदलाव पर वैश्विक चर्चा को बढ़ाने के लिए भारत के समर्पण का जिक्र किया। उन्होंने कहा, डिजिटल प्रौद्योगिकी का सकारात्मक उपयोग जरूरी है। इस बारे में कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) का सहयोग अच्छा रहेगा।
पाकिस्तान ने 962 सिख श्रद्धालुओं को जारी किया वीजा
पाकिस्तान उच्चायोग ने बुधवार को कहा कि उसने गुरु अर्जुन देव के 'शहीदी दिवस' के अवसर पर आयोजित कार्यक्रमों में भाग लेने के लिए भारत से आने वाले सिख तीर्थयात्रियों को 962 वीजा जारी किए हैं। तीर्थयात्री गुरु अर्जुन देव के शहीदी दिवस की पूर्व संध्या पर 8-17 जून तक पाकिस्तान में आयोजित होने वाले वार्षिक उत्सव में भाग ले सकेंगे। धार्मिक स्थलों की यात्रा को लेकर द्विपक्षीय प्रोटोकॉल के तहत भारत से सिख व हिंदू श्रद्धालु हर वर्ष पाकिस्तान जाते हैं। प्रोटोकॉल के मुताबिक, पाकिस्तानी तीर्थयात्री भी हर साल भारत आते हैं। उच्चायोग के एक बयान में कहा गया है कि तीर्थयात्री अपनी यात्रा में गुरुद्वारा पंजा साहिब, गुरुद्वारा ननकाना साहिब और गुरुद्वारा करतारपुर साहिब के दर्शन करेंगे।
पाकिस्तान में 5 पूर्व नौसेना अफसरों की फांसी रोकी
पाकिस्तान की राजधानी की एक शीर्ष अदालत ने पांच पूर्व पाकिस्तानी नौसेना अफसरों की फांसी पर रोक लगा दी है। इन्हें पहले ‘जनरल कोर्ट मार्शल’ के एक आदेश के द्वारा सजा-ए-मौत सुनाई जा चुकी है। इस्लामाबाद हाईकोर्ट के न्यायाधीश बाबर सत्तार ने नौसेना अधिकारियों के अनुरोध पर लिखित आदेश जारी किया। इससे एक दिन पहले इस मामले में सुनवाई हुई थी। अधिकारियों ने कहा था कि ‘जनरल कोर्ट-मार्शल’ के आदेश के दौरान उन्हें कानूनी सहायता नहीं दी गई थी।
भारतीय मदद से निर्मित नेपाल की परियोजना अहम
नेपाल में भारतीय सहायता से अरुण-3 जलविद्युत परियोजना का निर्माण सफल रहा है। नेपाली पीएम पुष्प कमल दहल ‘प्रचंड’ ने भारतीय राजदूत नवीन श्रीवास्तव की उपस्थिति में नेपाल की पहली निर्यातोन्मुख परियोजना की 11.8 किमी लंबी हेडरेस सुरंग की सफलता का उल्लेख किया। उन्होंने समझौते को मील का पत्थर बताया। अरुण नदी पर करीब 1.4 अरब डॉलर के बजट से 900 मेगावाट की जलविद्युत परियोजना बनाई गई है।
कोस्टा रिका में दो पड़ोसियों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि बात गोलीबारी तक बढ़ गई। एक वीडियो में देखा गया कि एक व्यक्ति ने दूसरे व्यक्ति को गोली मार दी। एक मिनट की क्लिप में एक महिला को गैरेज से बाहर निकलते हुए देखा गया। महिला बाहर एक जोड़े से मिलती है। उनकी बहस महिला से होती और फिर इस झड़प को सुलझाने के लिए महिला का पति आ जाता है। अपनी पत्नी के बचाव में पति बंदूक निकालता है। यह देखते हुए पड़ोसी दंपती अपने घर से बाहर निकले और दोनों के बीच फिर एक बार झड़प होने लगी। इस बीच बंदूकधारी व्यक्ति अपने पड़ोसी को गोली मार देता है। आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।