स्पेन के मेजरका द्वीप पर समुद्र किनारे एक हादसा हुआ। अधिकारियों ने बताया कि आंशिक रूप से रेस्तरां ढहने के हादसे में चार लोगों की मौत हो गई। 20 से अधिक लोग घायल भी हुए हैं। कई लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक हादसा स्थानीय समय के मुताबिक लगभग आठ बजे हुआ। न्यूयॉर्क टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक हादसे से पहले की तस्वीरों से अंदाजा होता है कि तीन तलों वाला यह रेस्तरां मेडुसा बीच क्लब में था। स्पेनिश समाचार आउटलेट की खबर के मुताबिक राहत और बचाव कार्य में लगे अधिकारियों ने बताया कि घायलों की संख्या बढ़कर 27 हो चुकी है। ऐसे में मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका है।
US राष्ट्रपति चुनाव में थानेदार को बढ़त
अमेरिका में भारतवंशी कांग्रेस सदस्य श्री थानेदार को बड़ी राजनीतिक बढ़त मिली है। रिपोर्ट के मुताबिक प्राइमरी चुनाव में उनके मुख्य प्रतिद्वंद्वी एडम होलियर का समर्थन करने वाले जरूरी वैध मत हासिल नहीं हुए, इस कारण उन्हें प्राइमरी चुनाव लड़ने के लिए अयोग्य करार दिया गया। खबर के मुताबिक होलियर ने 1553 मतदाताओं के हस्ताक्षर वाले वोट पेश किए, लेकिन केवल 863 ही वैध माने गए। थानेदार ने 575 हस्ताक्षरों को चुनौती दी थी। बता दें कि 1000 मतदाताओं का हस्ताक्षर अनिवार्य होता है।
29 साल पहले नरसंहार में मारे गए थे हजारों मुसलमान; अब UN मनाएगा वार्षिक दिवस
संयुक्त राष्ट्र ने 1995 में 8000 से अधिक बोस्नियाई मुसलमानों के नरसंहार की याद में वार्षिक दिवस मनाने का प्रस्ताव मंजूर किया है। हालांकि, गुरुवार को इस फैसले के बाद बोस्नियाई सर्बों ने इस कदम का कड़ा विरोध भी किया। उन्हें डर है कि यह दिन भीषण नरसंहार के 29 साल बीतने के बावजूद उन सभी को 'सामूहिक नरसंहार के समर्थकों' के रूप में चिह्नित करेगा।
यूक्रेन को अमेरिका से मदद; अरबों डॉलर का सैन्य सहायता पैकेज
अमेरिकी अधिकारियों के हवाले से आई समाचार एजेंसी रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक अमेरिका ने यूक्रेन की बड़ी मदद का फैसला लिया है। अमेरिका युद्धग्रस्त यूक्रेन लिए 275 मिलियन डॉलर का सैन्य सहायता पैकेज तैयार कर रहा है। इसमें 155 मिमी तोप के गोले, सटीक हवाई युद्ध सामग्री और जमीनी वाहन भी शामिल होंगे। बता दें कि रूस के साथ युक्रेन 24 फरवरी, 2022 से ही युद्ध लड़ रहा है। रूस ने विशेष सैन्य कार्रवाई के रूप में यूक्रेन के कई ठिकानों पर हमले किए थे। अब इस युद्ध को 27 महीने से भी अधिक वक्त बीत चुका है।