फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

World Updates: सीनेट के सामने पेश होंगे माइक वाल्ट्ज; कनेक्टिकट में प्रेमिका के हत्यारे को 65 साल की जेल

Tue, 15 Jul 2025 01:12 PM IST
नितिन गौतम वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला
विज्ञापन
दुनिया की बड़ी खबरें - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स
विज्ञापन

पनामा के प्रशांत तट पर 6.2 तीव्रता का भूकंप रिकॉर्ड किया गया है। अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण ने इसे लेकर जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि फिलहाल किसी के हताहत होने या नुकसान की सूचना नहीं है। अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण ने कहा कि भूकंप दोपहर के समय पुंटा बुरीका से लगभग 130 मील (210 किलोमीटर) दक्षिण में, कोस्टा रिका की सीमा के पास पनामा के चिरिकी प्रांत में 10 किलोमीटर (6 मील) की प्रारंभिक गहराई पर आया। इसके चलते पश्चिमी पनामा के चिरिकी और आसपास के इलाकों में झटके महसूस किए गए। वहीं स्थानीय अधिकारियों ने कहा कि फिलहाल भूकंप के कारण सुनामी का कोई खतरा नहीं है।

विज्ञापन


कनेक्टिकट में प्रेमिका के हत्यारे को 65 साल की जेल
कनेक्टिकट के एक व्यक्ति को सोमवार को 2019 में अपनी प्रेमिका की पीट-पीटकर हत्या करने के जुर्म में 65 साल की जेल की सजा सुनाई गई। उस समय उनकी 14 महीने की बेटी भी गायब हो गई थी, जो अब तक नहीं मिली है। 48 साल के जोस मोरालेस को अप्रैल में कोर्ट ने क्रिस्टीन होलोवे की हत्या और सबूतों से छेड़छाड़ करने का दोषी पाया था। क्रिस्टीन की हत्या उनके घर पर हुई थी, जो न्यू हेवन शहर से लगभग 16 किलोमीटर दूर एन्सोनिया नामक जगह पर है। हत्या के समय क्रिस्टीन की बेटी वैनेसा सिर्फ 14 महीने की थी। परिवार वाले उसे अब भी ढूंढ रहे हैं। पुलिस ने 2019 में कहा था कि मोरालेस लड़की के लापता होने के मामले में संदिग्ध है, लेकिन उस पर कभी इसका आरोप नहीं लगाया गया। सुनवाई के दौरान क्रिस्टीन होलोवे के कई रिश्तेदारों ने अपनी भावनाएं जाहिर कीं।

न्यूयॉर्क के मेयर पद की दौड़ में बने रहेंगे क्युमो
न्यूयॉर्क के पूर्व गवर्नर एंड्रयू क्युमो ने कहा है कि वे अब एक स्वतंत्र उम्मीदवार के रूप में न्यूयॉर्क शहर के मेयर का चुनाव लड़ेंगे। वे डेमोक्रेटिक पार्टी के प्रगतिशील नेता जोहरान ममदानी के खिलाफ मैदान में हैं, जिनसे उन्हें पिछले महीने प्राइमरी चुनाव में हार मिली थी। एक वीडियो में क्युमो ने कहा कि ममदानी के पास सिर्फ 'आकर्षक नारे' हैं, लेकिन असली समाधान नहीं। उन्होंने कहा, 'हमारे शहर को बचाने की लड़ाई अभी खत्म नहीं हुई है। जून के प्राइमरी में सिर्फ 13% लोगों ने वोट दिया था। असली चुनाव तो नवंबर में है, और मैं उसे जीतने के लिए मैदान में हूं।' अब नवंबर के आम चुनाव में क्युमो अकेले नहीं हैं। मौजूदा मेयर एरिक एडम्स भी स्वतंत्र उम्मीदवार के रूप में लड़ रहे हैं। वहीं, कर्टिस स्लीवा, जो 1970 के दशक में 'गार्जियन एंजेल्स' नाम की सुरक्षा गश्त शुरू करने वाले थे, रिपब्लिकन पार्टी से चुनाव लड़ रहे हैं।

नासा की वेबसाइट पर प्रमुख जलवायु परिवर्तन रिपोर्ट प्रकाशित नहीं करेगा ट्रंप प्रशासन
ट्रंप प्रशासन ने एक और कदम उठाया है, जिससे अब यह जानना मुश्किल हो जाएगा कि जलवायु परिवर्तन से देश और लोगों को किस तरह का खतरा हो रहा है। ट्रंप प्रशासन अब वह वेबसाइट बंद कर रहा है, जहां पहले जलवायु परिवर्तन पर वैज्ञानिक रिपोर्टें आसानी से पढ़ी जा सकती थीं। ये रिपोर्टें बताती थीं कि बढ़ती गर्मी और बदलते मौसम से लोगों को क्या-क्या दिक्कतें हो सकती हैं, और सरकारें व आम लोग इससे कैसे निपट सकते हैं। पहले कहा गया था कि नासा (NASA) इन रिपोर्टों को अपनी वेबसाइट पर रखेगा ताकि लोग इन्हें देख सकें, क्योंकि एक पुराने कानून के तहत ऐसा करना जरूरी था। लेकिन अब नासा ने कहा है कि वह ये रिपोर्टें अपनी वेबसाइट पर नहीं डालेगा।

इस्कॉन की रथ यात्रा पर फेंके अंडे, भारत बोला-यह घृणास्पद कृत्य
इस्कॉन की तरफ से टोरंटो में निकाली जा रही शांतिपूर्ण रथ यात्रा उत्सव में शामिल श्रद्धालुओं पर एक इमारत से अंडे फेंके गए, जिसके बाद माहौल तनावपूर्ण हो गया। भारत ने मामले पर कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए इसे घृणात्मक कृत्य बताया है। इस्कॉन द्वारा आयोजित 53वीं वार्षिक रथ यात्रा के दौरान हुई इस घटना की व्यापक निंदा हो रही है।

उत्सव में शामिल भारतीयों के मुताबिक पास की एक इमारत से जुलूस पर तब अंडे फेंके गए जब भारतीय लोग सड़कों पर भक्ति गीत गा रहा थे और मंत्रोच्चार हो रहा था। भारतवंशी संगना बजाज के सोशल मीडिया पर पोस्ट वीडियो में, फुटपाथों पर टूटे हुए अंडे दिखाई दे रहे हैं। बजाज ने कहा, ऐसा लग रहा था कि इस कृत्य का उद्देश्य उत्सव में बाधा डालना था, लेकिन इससे प्रतिभागियों का मनोबल नहीं गिरा। उन्होंने कहा, हम स्तब्ध थे। आहत थे, लेकिन हम रुके नहीं क्योंकि नफरत कभी भी आस्था पर भारी नहीं पड़ सकती।  
 

नाइजीरिया के नेता बुहारी का निधन, मोदी ने जताया शोक
पीएम नरेंद्र मोदी ने नाइजीरिया के पूर्व राष्ट्रपति मुहम्मदु बुहारी के निधन पर शोक जताया और भारत के साथ मित्रता के प्रति उनकी अटूट प्रतिबद्धता की प्रशंसा की। सैन्य प्रमुख और लोकतांत्रिक राष्ट्रपति के रूप में दो बार नाइजीरिया का नेतृत्व कर चुके 82 वर्षीय बुहारी का लंदन में निधन हुआ। वह वहां अपना इलाज करा रहे थे। मोदी ने सोमवार को सोशल मीडिया में लिखा, मुझे विभिन्न अवसरों पर हमारी मुलाकातों और बातचीत की याद आती है। भारत- नाइजीरिया मित्रता के प्रति उनकी बुद्धिमत्ता, गर्मजोशी और अटूट प्रतिबद्धता खास थी। मैं भारत के उनके परिवार, नाइजीरिया के लोगों और सरकार के प्रति अपनी हार्दिक संवेदना व्यक्त करता हूं।  
विज्ञापन

सीनेट के सामने पेश होंगे माइक वाल्ट्ज

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने पूर्व एनएसए (राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार) माइक वाल्ट्ज को संयुक्त राष्ट्र में अमेरिका का नया राजदूत नियुक्त किया है। अब सीनेट से मंजूरी के लिए वाल्ट्ज मंगलवार को सीनेट के सामने पेश होंगे। सीनेट में पेशी के दौरान वाल्ट्ज को सिग्नल चैट लीक के मुद्दे पर तीखे सवालों का सामना करना पड़ सकता है। दरअसल एनएसए पद पर रहते हुए माइक वाल्ट्ज ने गलती से अहम सैन्य मिशन की जानकारी सिग्नल चैट पर लीक कर दी थी। जिस चैट पर जानकारी लीक की गई, उसमें पत्रकार भी जुड़े हुए थे। इसे लेकर खूब विवाद हुआ। विवाद के बाद वाल्ट्ज को एनएसए पद से हटा दिया गया। इस मामले में रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ भी निशाने पर आए थे क्योंकि उन पर भी जानकारी लीक करने का आरोप लगा था। हालांकि ट्रंप के समर्थन के चलते हेगसेथ बच गए थे, लेकिन वाल्ट्ज को एनएसए पद से इस्तीफा देना पड़ा था। अब सीनेट भी वाल्ट्ज से संवेदनशील जानकारी लीक करने के मामले में कड़े सवाल पूछ सकती है। 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें