केन्या की राजधानी नैरोबी में रिकॉर्ड ईंधन कीमतों के विरोध में राष्ट्रव्यापी सार्वजनिक परिवहन हड़ताल के दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच हिंसक झड़पें हुईं। इन झड़पों में कम से कम चार लोगों की मौत हो गई और 30 से अधिक घायल हो गए। आंतरिक मंत्री किपचूंबा मुरकोमेन ने बताया कि चार लोगों की मौत हुई है और 30 से अधिक घायल हुए हैं। हालांकि, उन्होंने मौतों के कारणों का खुलासा नहीं किया। प्रत्यक्षदर्शियों ने स्थानीय मीडिया को बताया कि नैरोबी में पुलिस ने गोलीबारी की।
मंत्री ने यह भी कहा कि 348 लोगों को गिरफ्तार किया गया है और उन्हें हिंसक अवैध विरोध प्रदर्शनों में उनकी संलिप्तता के लिए आरोपित किया जाएगा। प्रदर्शनकारियों ने प्रमुख सड़कों पर टायर जलाए और कम से कम दो वाहनों में आग लगा दी। इस कारण कई उपनगरों में यात्रियों को परेशानी हुई और शहर का केंद्र सुनसान रहा। शुक्रवार को केन्या में ईंधन की कीमतें रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गईं। डीजल की कीमतों में 23.5% और गैसोलीन में 8% की वृद्धि हुई। सरकार ने पिछली मूल्य वृद्धि का कारण ईरान युद्ध और ऊर्जा आपूर्ति पर इसके प्रभाव को बताया था, लेकिन उपभोक्ताओं को राहत देने के लिए करों में कटौती की थी।
राष्ट्रपति विलियम रूटो, जो देश से बाहर हैं, ने नई मूल्य वृद्धि या विरोध प्रदर्शनों पर कोई टिप्पणी नहीं की है। केन्या नेशनल चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री ने कहा कि बढ़ी हुई कीमतों से सभी वस्तुओं और सेवाओं पर असर पड़ेगा। चैंबर ने यह भी नोट किया कि अप्रैल से मई तक केन्या में मूल्य वृद्धि वैश्विक तेल कीमतों में वृद्धि की तुलना में बहुत अधिक थी, जो "घरेलू लागत निर्माण की निरंतर भूमिका" की ओर इशारा करती है। भ्रष्टाचार के आरोपों में अक्टूबर 2024 में महाभियोग के बाद विपक्ष में शामिल हुए पूर्व उप-राष्ट्रपति रिगाथी गैचागुआ ने कीमतों में तेज वृद्धि के लिए भ्रष्ट व्यापारियों को जिम्मेदार ठहराया, जो अपने लाभ मार्जिन को बढ़ाना चाहते हैं। उन्होंने केन्या की ईंधन कीमतों की तुलना पड़ोसी युगांडा जैसे देशों से की, जहां कीमतें कम हैं और जो आयात के लिए केन्याई बंदरगाहों पर निर्भर हैं।
यूरोप में सैन्य रणनीति बदल रहा अमेरिका
नाटो के शीर्ष सैन्य अधिकारी ने कहा है कि अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप द्वारा यूरोप से 5,000 सैनिकों की वापसी की घोषणा के बाद फिलहाल और अमेरिकी सैनिकों को हटाने की संभावना नहीं है। यह बयान नाटो के वरिष्ठ अमेरिकी अधिकारी लेफ्टिनेंट जनरल एलेक्स ग्रिनकेविच ने ब्रुसेल्स में दिया। ट्रंप ने इस महीने की शुरुआत में अचानक यूरोप से सैनिक कम करने का ऐलान किया था। इसके बाद नाटो देशों में चिंता बढ़ गई थी। हालांकि बाद में अमेरिकी रक्षा विभाग ने स्पष्ट किया कि पोलैंड और जर्मनी में नई तैनाती रद्द की जाएगी, न कि पहले से मौजूद सैनिकों को बड़े स्तर पर हटाया जाएगा।
जानकारी के मुताबिक, करीब 4,000 अमेरिकी सैनिक अब पोलैंड नहीं भेजे जाएंगे। इसके अलावा जर्मनी में लंबी दूरी की मिसाइल और रॉकेट चलाने वाले लगभग 1,000 सैनिकों की तैनाती भी रोक दी गई है।जनरल ग्रिंकेविच ने कहा कि फिलहाल यही कटौती प्रस्तावित है और निकट भविष्य में इससे ज्यादा सैनिक हटाने की उम्मीद नहीं है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि यूरोप की सुरक्षा पर इसका असर नहीं पड़ेगा।हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि आने वाले वर्षों में यूरोपीय देशों को अपनी रक्षा क्षमता बढ़ानी होगी और अमेरिका धीरे-धीरे अपनी सैन्य मौजूदगी कम कर सकता है। फिलहाल यूरोप में करीब 80,000 अमेरिकी सैनिक तैनात हैं।
तुर्किये: कई लोगों की हत्या के संदिग्ध ने की आत्महत्या
दक्षिणी तुर्किये में कई लोगों की हत्या करने के शक में जिस व्यक्ति की तलाश की जा रही थी, उसने पुलिस से घिरने के बाद आत्महत्या कर ली। यह जानकारी मंगलवार को तुर्किये की सरकारी समाचार एजेंसी ने दी। 37 वर्षीय संदिग्ध ने सोमवार को मर्सिन प्रांत के टारसुस शहर में अपनी पत्नी समेत छह लोगों की हत्या कर दी थी। इस हमले में आठ अन्य लोग घायल भी हुए। आरोपी के पास राइफल थी। पुलिस ने उसे पकड़ने के लिए हेलिकॉप्टर और ड्रोन तक लगाए थे।
समाचार एजेंसी अनादोलु के मुताबिक, आरोपी एक घर में छिपा हुआ था। जब सुरक्षा बलों ने उस घर को चारों ओर से घेर लिया, तो उसने वहीं खुद को गोली मारकर जान दे दी। आरोप है कि उसने सबसे पहले सड़क पर अपनी पत्नी की हत्या की। इसके बाद वह कार से एक रेस्तरां के पास पहुंचा और वहां गोलीबारी कर दी थी। इस हमले में रेस्तरां मालिक और एक कर्मचारी की मौत हो गई। इसके बाद उसने एक अलग इलाके में एक किशोर, 50 वर्षीय व्यक्ति और एक अन्य व्यक्ति की भी कथित तौर पर हत्या कर दी।
मर्सिन गवर्नर कार्यालय ने बताया कि आरोपी को नशे की लत थी और वह मानसिक समस्याओं से भी जूझ रहा था। तुर्किये में हाल के समय में बंदूक हिंसा के मामलों में बढ़ोतरी देखी गई है।
केन्या: ईंधन की कीमतों में बढ़ोतरी के खिलाफ हड़ताल टली, दो दिन के विरोध में चार की मौत
केन्या में सार्वजनिक परिवहन संचालकों ने मंगलवार को देशव्यापी हड़ताल को एक सप्ताह के लिए स्थगित कर दिया है। यह फैसला सरकार से बातचीत के लिए समय देने के उद्देश्य से लिया गया है। इस हड़ताल और विरोध प्रदर्शनों में दो दिनों के भीतर चार लोगों की मौत हो गई और 30 से अधिक लोग घायल हुए।
सोमवार को बातचीत विफल हो गई थी, क्योंकि परिवहन संचालक ईंधन की कीमतों में कमी की मांग कर रहे थे। उनका कहना था कि बढ़ी हुई कीमतों से यात्रियों और उनके कारोबार पर भारी असर पड़ रहा है। मंगलवार को भी यात्री लगातार दूसरे दिन बस और अन्य सार्वजनिक परिवहन न चलने से फंसे रहे। इस दौरान प्रदर्शनकारियों का सड़कों पर पुलिस से टकराव हुआ और कई जगह टायर जलाकर रास्ते जाम कर दिए गए।
केन्या में शुक्रवार को ईंधन की कीमतें रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गईं। डीजल में 23.5 प्रतिशत और पेट्रोल में 8 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई। सरकार ने इस वृद्धि का कारण ईरान युद्ध और ऊर्जा आपूर्ति पर उसके प्रभाव को बताया है। वहीं, विपक्ष ने आरोप लगाया है कि कीमतों में यह तेज बढ़ोतरी कुछ भ्रष्ट व्यापारियों के मुनाफे बढ़ाने के कारण हुई है।
गाजा मदद ले जा रही एक और नाव को इस्राइली सेना ने रोका
गाजा की नाकेबंदी को चुनौती देने जा रहे एक और नाव को इस्राइली सेना ने रोक दिया है। फ्लोटिला की वेबसाइट के ट्रैकर के अनुसार, यह नाव गाजा से लगभग 82 समुद्री मील (करीब 150 किलोमीटर) की दूरी पर थी, जब इसे रोका गया।
वेबसाइट पर लाइव प्रसारण में दिखा कि इस्राइली सैनिक एक छोटी नाव से 'एंड्रोस' नाम की नाव के पास पहुंचे और उसमें सवार कार्यकर्ताओं ने अपने हाथ ऊपर कर लिए। इसके बाद लाइवस्ट्रीम अचानक बंद हो गई और संदेश आया कि नाव को रोक दिया गया है। रिपोर्ट के अनुसार, कई अन्य जहाज भी गाजा की ओर बढ़ रहे थे और वे 100 समुद्री मील के भीतर थे।
भारत के नए राजदूत ने चीन के वरिष्ठ अधिकारी से की मुलाकात
चीन में भारत के नए राजदूत विक्रम दुरईस्वामी ने सोमवार को चीन के विदेश मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारी से मुलाकात की और दोनों देशों के संबंधों पर चर्चा की।
दुरईस्वामी ने चीनी विदेश मंत्रालय के एशियाई मामलों के विभाग के निदेशक लियू जिनसोंग से मुलाकात की। भारतीय दूतावास के अनुसार, दोनों पक्षों ने द्विपक्षीय संबंधों, क्षेत्रीय घटनाक्रम, लोगों के बीच संपर्क और ब्रिक्स के तहत सहयोग पर विचार साझा किए। दोनों देशों ने स्थिर और पारस्परिक लाभ वाले संबंधों को आगे बढ़ाने पर सहमति जताई। दुरईस्वामी ने इस महीने कार्यभार संभालने के बाद यह दूसरी उच्च स्तरीय बैठक की।
पाकिस्तान के सेना प्रमुख आसिम मुनीर का क्वेटा छावनी दौरा
पाकिस्तानी सेना के फील्ड मार्शल आसिम मुनीर ने मंगलवार को क्वेटा छावनी का दौरा किया और बलूचिस्तान में तैनात अधिकारियों और जवानों से मुलाकात की। उन्होंने कमांड एंड स्टाफ कॉलेज में छात्र अधिकारियों और शिक्षकों को भी संबोधित किया।
सेना के बयान के अनुसार, उन्होंने सुरक्षा स्थिति और आतंकवाद विरोधी अभियानों पर चर्चा की। मुनीर ने कहा कि पाकिस्तान की सेना आतंकवाद के हर रूप को खत्म करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने यह भी दावा किया कि बाहरी ताकतें देश को अस्थिर करने की कोशिश कर रही हैं, लेकिन वे सफल नहीं होंगी। उन्होंने बलूचिस्तान में शांति और विकास के लिए सुरक्षा के साथ-साथ जन-केंद्रित विकास और बेहतर शासन की आवश्यकता पर जोर दिया।
नेपाल: सुप्रीम कोर्ट के नए मुख्य न्यायाधीश बने मनोज कुमार शर्मा
न्यायमूर्ति मनोज कुमार शर्मा ने नेपाल के नए मुख्य न्यायाधीश के रूप में शपथ ली है। उनका नाम संसदीय सुनवाई समिति ने सर्वसम्मति से मंजूर किया था और बाद में राष्ट्रपति को भेजा गया। राष्ट्रपति रामचंद्र पौडेल ने उन्हें पद की शपथ दिलाई। इससे पहले यह पद अप्रैल में न्यायमूर्ति प्रकाश मान सिंह राउत के सेवानिवृत्त होने के बाद खाली था। फिलहाल वरिष्ठ न्यायाधीश सपना प्रधान कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश के रूप में कार्य कर रही थीं।
अमेरिका ने भारत को अपाचे हेलिकॉप्टर व हॉवित्जर उपकरण सौदे को दी मंजूरी
अमेरिका ने भारत को अपाचे हेलिकॉप्टरों के लिए सहायक सेवाएं, संबंधित उपकरण 198.2 अरब डॉलर की लागत पर बेचने की मंजूरी दी है। अमेरिकी विदेश मंत्रालय ने एम777ए2 अल्ट्रा-लाइट हॉवित्जर के लिए अनुरक्षण सहायता सेवाओं की संभावित बिक्री को भी 23 करोड़ डॉलर की लागत पर मंजूरी दी है। इसमें एएच-64ई अपाचे के लिए रखरखाव, सपोर्ट सेवा शामिल हैं। विदेश मंत्रालय ने कहा, अपाचे सहायक सेवाएं मूल निर्माता बोइंग और लॉकहीड मार्टिन देंगे। भारत ने एएच-64ई अपाचे रखरखाव सहायता सेवाएं, अमेरिकी सरकार और अनुबंध इंजीनियरिंग, तकनीकी व रसद सहायता सेवाएं, तकनीकी डाटा, कर्मियों का प्रशिक्षण तथा रसद और प्रोग्राम संबंधी अन्य तत्वों को खरीदने का अनुरोध किया है। भारत ने हॉवित्जर के लिए दीर्घकालिक अनुरक्षण सहायता सेवाएं खरीदने का भी अनुरोध किया था। हेलिकॉप्टरों और हॉवित्जरों तोपों के लिए सहायक सेवाओं की संभावित बिक्री विदेशी सैन्य बिक्री व्यवस्था के तहत की जाएगी। अमेरिकी विदेश मंत्रालय ने कहा कि हेलिकॉप्टरों और होवित्जर की प्रस्तावित बिक्री, अमेरिका और भारत के बीच रणनीतिक संबंधों को मजबूत बनाने में सहायक होगी।