लीबिया तट के पास प्रवासियों से भरी नाव पलटी, 50 से ज्यादा लोगों के मारे जाने की आशंका, 10 ने तैरकर बचाई जान
उत्तर अफ्रीकी देश लीबिया के पूर्वी तट के पास एक बार फिर बड़ा समुद्री हादसा हुआ है। यूरोप जा रहे करीब 60 प्रवासियों से भरी एक नाव समुद्र में पलट गई। इस दर्दनाक हादसे में कम से कम 50 प्रवासियों के मारे जाने या लापता होने की आशंका है। लापता लोगों में महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं। तटरक्षक बलों के मुताबिक, यह हादसा मंगलवार को टोब्रुक शहर के पास बारदा द्वीप के करीब हुआ। नाव डूबने के बाद 10 प्रवासी किसी तरह तैरकर द्वीप तक पहुंचे और अपनी जान बचाई। लापता लोगों की तलाश के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन लगातार जारी है।
अफ्रीका और पश्चिम एशिया में जारी युद्ध और गरीबी से तंग आकर लोग बेहतर जिंदगी की तलाश में यूरोप भाग रहे हैं। साल 2011 में मुअम्मर गद्दाफी के तख्तापलट के बाद से लीबिया में अराजकता का माहौल है। इसके बावजूद यह देश प्रवासियों के लिए यूरोप जाने का सबसे बड़ा ट्रांजिट पॉइंट बना हुआ है। मानव तस्कर अक्सर प्रवासियों को असुरक्षित और छोटी नावों में ठूंस-ठूंस कर भर देते हैं, जिससे ऐसे हादसे आम हो गए हैं। पिछले महीने भी लीबिया तट पर 51 लोग लापता हो गए थे। अंतरराष्ट्रीय प्रवासन संगठन (आईओएम) के आंकड़ों के मुताबिक, इस साल 1 जनवरी से 16 मई के बीच ही इस समुद्री रास्ते पर 800 से ज्यादा प्रवासी अपनी जान गंवा चुके हैं या लापता हुए हैं।
अमेरिका के खजाने में अब राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की तस्वीर वाला सिक्का शामिल होने जा रहा है। अमेरिकी मिंट ने 1 डॉलर का एक नया सिक्का बनाना शुरू कर दिया है, जिस पर डोनाल्ड ट्रंप का चेहरा अंकित है। ट्रेजरी विभाग के मुताबिक, इस सिक्के को इसी साल पतझड़ के मौसम में जारी किया जाएगा। अमेरिका के 250वें जन्मदिन के जश्न के हिस्से के रूप में इस स्मारक सिक्के के अंतिम डिजाइन को अमेरिकी ‘कमीशन ऑफ फाइन आर्ट्स’ ने मंजूरी दी है। हालांकि, यह सिक्का असली सोने का नहीं है, बल्कि इस पर सिर्फ सोने की परत चढ़ाई गई है। सिक्के के सामने के हिस्से पर सूट-टाई पहने ट्रंप का चेहरा है, जिसके ऊपर 'LIBERTY' और नीचे '1776-2026' लिखा है। इसके पिछले हिस्से पर पारंपरिक अमेरिकी राष्ट्रीय पक्षी बाल्ड ईगल की आकृति बनी है।
इस सिक्के को लेकर अमेरिका में एक नया विवाद भी खड़ा हो गया है। दरअसल, अमेरिकी संघीय कानून के मुताबिक देश की मुद्रा पर किसी भी जीवित राष्ट्रपति की तस्वीर लगाने पर पाबंदी है। हालांकि, कुछ खास परिस्थितियों में ट्रेजरी सेक्रेटरी के पास सिक्के ढालने और जारी करने की मंजूरी देने का अधिकार होता है, जिसके तहत इसे हरी झंडी दी गई है। ट्रेजरी सेक्रेटरी स्कॉट बेसेंट ने सोशल मीडिया पर लिखा कि यह सिक्का देशभक्ति का एक स्थायी प्रतीक है, जो अमेरिकी मूल्यों की ताकत का जश्न मनाता है। आलोचक इस कदम पर सवाल उठा रहे हैं, लेकिन ट्रंप का अपने नाम और चेहरे को इतिहास में दर्ज कराने का शौक पुराना है। इससे पहले ट्रेजरी विभाग ने मार्च में घोषणा की थी कि अमेरिकी कागजी नोटों पर भी अब राष्ट्रपति ट्रंप के हस्ताक्षर होंगे, जबकि परंपरा के मुताबिक नोटों पर केवल ट्रेजरी सेक्रेटरी और कोषाध्यक्ष के ही दस्तखत होते हैं।
दक्षिण कोरिया ने 3 साल बाद बढ़ाई ब्याज दर, महंगाई और बढ़ते कर्ज पर लगाम की कोशिश
दक्षिण कोरिया के केंद्रीय बैंक ने तीन साल से अधिक समय बाद पहली बार अपनी प्रमुख ब्याज दर में बढ़ोतरी की है। बैंक ऑफ कोरिया ने नीतिगत ब्याज दर को 2.5% से बढ़ाकर 2.75% कर दिया। यह फैसला बढ़ती महंगाई और घरेलू कर्ज पर नियंत्रण के उद्देश्य से लिया गया है। हाल के महीनों में ऊर्जा कीमतों में बढ़ोतरी और मध्य पूर्व में जारी युद्ध के कारण महंगाई केंद्रीय बैंक के 2% लक्ष्य से ऊपर बनी हुई है। वहीं, सियोल में बढ़ती रियल एस्टेट कीमतों और टेक शेयरों में तेजी के चलते घरेलू कर्ज भी बढ़ा है। हालांकि, कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) से जुड़े सेमीकंडक्टर निर्यात में मजबूती के कारण देश की अर्थव्यवस्था उम्मीद से बेहतर प्रदर्शन कर रही है। केंद्रीय बैंक के गवर्नर शिन ह्यून सोंग ने कहा कि महंगाई और वित्तीय स्थिरता को देखते हुए यह कदम जरूरी था और आगे ब्याज दरों में बढ़ोतरी का फैसला आर्थिक आंकड़ों के आधार पर लिया जाएगा।
पाकिस्तान में आग से एक ही परिवार के 6 लोगों की मौत
पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत की राजधानी पेशावर में गुरुवार को एक घर में भीषण आग लगने से एक ही परिवार के छह लोगों की मौत हो गई। मृतकों में चार नाबालिग बच्चे भी शामिल हैं। रेस्क्यू 1122 के अनुसार, आग तेजी से पूरे घर में फैल गई, जिससे परिवार के सदस्य अंदर ही फंस गए। आग पर काबू पाने के बाद राहत दल ने घर के एक कमरे से सभी छह शव बरामद किए। शुरुआती जांच में आशंका जताई गई है कि घने धुएं और भीषण गर्मी के कारण सभी की दम घुटने से मौत हुई। मृतकों में 55 वर्षीय सिराज, उनकी 40 वर्षीय पत्नी और उनके चार बच्चे शामिल हैं। आग लगने के कारणों की जांच जारी है।