AI गवर्नेंस पर वैश्विक संवाद में शामिल होंगे कीर्तिवर्धन सिंह
स्विट्जरलैंड के जिनेवा में 6-7 जुलाई को आयोजित होने वाले संयुक्त राष्ट्र के पहले ग्लोबल डायलॉग ऑन AI गवर्नेंस में भाग लेने के लिए विदेश राज्य मंत्री तथा पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन राज्य मंत्री कीर्ति वर्धन सिंह रविवार को जिनेवा पहुंच गए। संयुक्त राष्ट्र में भारत के स्थायी प्रतिनिधि अरिंदम बागची ने हवाई अड्डे पर उनका स्वागत किया। विदेश मंत्रालय के अनुसार, कीर्ति वर्धन सिंह इस महत्वपूर्ण सम्मेलन में भारतीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व करेंगे। यह वैश्विक मंच संयुक्त राष्ट्र महासभा के प्रस्ताव 79/325 के तहत स्थापित किया गया है। इसका उद्देश्य कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) के लिए ऐसी वैश्विक शासन व्यवस्था विकसित करना है, जो अंतरराष्ट्रीय, क्षेत्रीय और राष्ट्रीय प्रयासों के साथ तालमेल बिठाते हुए मानव-केंद्रित विकास को बढ़ावा दे।
सम्मेलन के दौरान इंडिपेंडेंट इंटरनेशनल साइंटिफिक पैनल ऑन AI (IISPA) अपनी पहली वार्षिक रिपोर्ट पेश करेगा, जिसमें AI की क्षमताओं, अवसरों और संभावित जोखिमों का स्वतंत्र वैज्ञानिक आकलन किया गया है। बैठक में AI के सामाजिक और आर्थिक प्रभाव, AI असमानताओं को कम करने, सुरक्षित एवं भरोसेमंद AI तथा मानवाधिकारों से जुड़े मुद्दों पर चर्चा होगी। संयुक्त राष्ट्र के अनुसार, इस वैश्विक संवाद का दूसरा सत्र मई 2027 में न्यूयॉर्क में आयोजित किया जाएगा।