फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

World: चीन में तूफान बावी का कहर, 17 लाख से ज्यादा लोगों का रेस्क्यू; फिलीपींस में भूस्खलन से 17 लोगों की मौत

Sat, 11 Jul 2026 07:36 PM IST
Devesh Tripathi वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला
विज्ञापन
दुनिया की बड़ी खबरें - फोटो : amar ujala graphics
विज्ञापन
नेपाल पुलिस ने शुक्रवार को बताया कि नेपाल की एक झील में तैरते समय एक भारतीय पर्यटक की मौत हो गई। यह घटना कास्की जिले के पोखरा महानगरपालिका में स्थित फेवा झील में घटी। मृतक की पहचान बिहार निवासी 28 वर्षीय रोहित कुमार के रूप में हुई है। वह नाव में सवार थे और तैरने के लिए नाव से कूद गए थे।
विज्ञापन


कास्की जिला पुलिस के प्रवक्ता बीरेंद्र कुमार पासवान ने बताया कि वह शाम करीब 5 बजे लापता हो गया था और सशस्त्र पुलिस बल की एक टीम ने उसे बचा लिया। पुलिस अधिकारी ने बताया कि उन्हें वेस्टर्न रीजनल हॉस्पिटल ले जाया गया जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

नाइजीरिया: मई में आतंकवादियों ने अगवा किए थे कई छात्र, एक समूह को बचाया गया
नाइजीरिया की सरकार ने शुक्रवार को बताया कि देश के दक्षिण-पश्चिमी ओयो राज्य में मई में मुस्लिम आतंकवादियों द्वारा अगवा किए गए छात्रों के एक समूह को बचा लिया गया है। सरकारी प्रवक्ता बायो ओनानूगा ने बचाए गए छात्रों की कुल संख्या नहीं बताई, लेकिन अधिकारियों ने 15 मई को दो माध्यमिक विद्यालयों से अपहरण के समय कहा था कि 40 से अधिक लोगों का अपहरण किया गया था। ओनानूगा ने बताया कि इस अभियान के तहत आठ आतंकवादियों को गिरफ्तार किया गया। दक्षिणी राज्य ओयो में हुए अपहरणों ने देश के सुरक्षा संकट में वृद्धि का संकेत दिया है क्योंकि इससे पहले इस तरह के अधिकांश अपहरण उत्तर में हुए थे।
विज्ञापन

ब्रिटेन: पुलिस ने पूर्व संसद सदस्य ऐन विडेकोम्बे की हत्या के संदिग्ध को किया गिरफ्तार
पुलिस ने बताया कि ब्रिटेन की पूर्व सांसद और रियलिटी टीवी प्रतियोगी ऐन विडेकोम्बे की हत्या के संदेह में शुक्रवार को 26 वर्षीय एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया। 78 वर्षीय विडेकोम्बे गुरुवार को दक्षिण-पश्चिम इंग्लैंड के डार्टमूर नेशनल पार्क के बाहरी इलाके में स्थित अपने हेटोर वेले स्थित घर में गंभीर चोटों के साथ मृत पाई गईं। डेवॉन और कॉर्नवाल पुलिस के सहायक मुख्य कांस्टेबल मैट लॉन्गमैन ने कहा कि इस हत्या को आतंकवादी कृत्य नहीं माना जा रहा है और ऐसी कोई जानकारी नहीं है जिससे यह संकेत मिले कि यह राजनीतिक रूप से प्रेरित थी। लॉन्गमैन ने संभावित मकसद के बारे में कोई चर्चा नहीं की, लेकिन कहा कि जांच जारी रहने के कारण संदिग्ध हिरासत में है।

नासा के अनिल मेनन 14 जुलाई को अंतरिक्ष के लिए होंगे रवाना
अमेरिकी अंतरिक्ष एजेंसी नासा के भारतवंशी अंतरिक्ष यात्री अनिल मेनन 14 जुलाई को कजाखस्तान स्थित बैकानूर कॉस्मोड्रोम (अंतरिक्ष प्रक्षेपण स्थल) से अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन के लिए आठ महीने के मिशन पर रवाना होंगे। वह आपात चिकित्सा के चिकित्सक व अमेरिकी अंतरिक्ष बल में कर्नल हैं। वह भारत में एक वर्ष तक रोटरी एंबेसडोरियल स्कॉलर के रूप में रहे और पोलियो टीकाकरण अभियान के अध्ययन और समर्थन का कार्य किया। अमेरिकी वायुसेना में अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने ‘ऑपरेशन एंड्यूरिंग फ्रीडम’ के तहत अफगानिस्तान में अग्रिम मोर्चे पर सेवा दी। मेनन (49) ने हिमालयन रेस्क्यू एसोसिएशन के लिए माउंट एवरेस्ट पर पर्वतारोहियों का इलाज किया।

भारतवंशी नीरव शाह मेन से लड़ेंगे अमेरिकी सीनेट चुनाव
अमेरिकी मेन प्रांत के गवर्नर पद का उम्मीदवार चुनने के लिए हुए डेमोक्रेटिक पार्टी के ‘प्राइमरी’ चुनाव में दूसरे स्थान पर रहे भारतवंशी और महामारी विशेषज्ञ नीरव डी. शाह ने अमेरिकी सीनेट का चुनाव लड़ने का एलान किया। डेमोक्रेटिक उम्मीदवार ग्राहम प्लैटनर ने यौन उत्पीड़न के आरोपों के बीच अपनी उम्मीदवारी वापस ले ली जिसके बाद नीरव ने यह घोषणा की है। हालांकि, उन्होंने इन आरोपों को झूठा बताया है। विस्कॉन्सिन में भारतीय प्रवासी माता-पिता के घर जन्मे नीरव शाह कोविड-19 महामारी के दौरान मेन के रोग नियंत्रण केंद्र के निदेशक रहे थे।

चीन में तूफान 'बावी' का कहर, 17 लाख से ज्यादा लोगों को सुरक्षित जगह पहुंचाया गया
शक्तिशाली तूफान बावी के खतरे को देखते हुए चीन ने बड़े पैमाने पर लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाना शुरू कर दिया है। शनिवार सुबह तक पूर्वी चीन के झेजियांग प्रांत से 17 लाख से अधिक लोगों को निकाला जा चुका है। तूफान के कारण ताइवान और जापान के दक्षिणी द्वीपों में भी तेज हवाएं और भारी बारिश हो रही है। ताइवान के केंद्रीय मौसम विभाग के अनुसार, तूफान के केंद्र के पास हवा की अधिकतम रफ्तार 144 किलोमीटर प्रति घंटा दर्ज की गई। यह ताइवान के उत्तर से गुजरते हुए चीन के झेजियांग प्रांत की ओर बढ़ रहा है। मौसम विभाग का अनुमान है कि यह शनिवार देर रात या रविवार तड़के चीन के तट से टकराएगा और फिर अंदरूनी इलाकों की ओर बढ़ेगा।

तूफान को लेकर चीन में बड़े स्तर पर तैयारी
सरकारी समाचार एजेंसी शिन्हुआ के अनुसार, झेजियांग प्रांत में 17 लाख से ज्यादा लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। वहीं, शंघाई में भी करीब 34 हजार लोगों को जोखिम वाले इलाकों से हटाया गया है। फुजियान प्रांत के निंगदे शहर में 3,700 से अधिक लोगों को सुरक्षित जगह भेजा गया है। पूरे फुजियान प्रांत में 17 हजार से ज्यादा राहत और बचाव कर्मियों को तैनात रखा गया है।

चीन के राष्ट्रीय मौसम विज्ञान केंद्र ने ऑरेंज टाइफून अलर्ट जारी किया है, जो चार स्तरों वाली चेतावनी प्रणाली में दूसरा सबसे बड़ा स्तर है। कई स्कूल बंद कर दिए गए हैं, फेरी सेवाएं रोक दी गई हैं, सैकड़ों उड़ानें रद्द कर दी गई हैं और कुछ हाई-स्पीड ट्रेन सेवाएं भी स्थगित कर दी गई हैं। इसके अलावा, इस साल पहली बार रेड रेन अलर्ट भी जारी किया गया है। केंद्र सरकार ने झेजियांग और फुजियान में राहत और बचाव कार्यों के लिए 4 करोड़ युआन (करीब 59 लाख अमेरिकी डॉलर) की सहायता राशि मंजूर की है।

फिलीपींस में भूस्खलन से 17 लोगों की मौत
तूफान के असर से पहले फिलीपींस में मानसूनी बारिश और तेज हो गई, जिससे कई जगह भूस्खलन हुआ। अधिकारियों के मुताबिक, दक्षिणी सारंगानी प्रांत के मलापातान इलाके में हुए भूस्खलन में 10 लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन लोग लापता हैं। इसके अलावा, लानाओ डेल सुर प्रांत में हुए दूसरे भूस्खलन में पांच लोगों की जान चली गई और छह लोग लापता हैं। वहीं, बाढ़ में डूबने से दो अन्य लोगों की भी मौत हुई है। खराब मौसम के कारण करीब 11 हजार लोगों को 77 राहत शिविरों में पहुंचाया गया है।
 

ताइवान और जापान में भी तूफान 'बावी' का असर
ताइवान में शनिवार सुबह तक 87 लोगों के घायल होने की जानकारी मिली है। इनमें कई लोग तेज हवा और बारिश के दौरान फिसलकर घायल हुए। द्वीप के विभिन्न हिस्सों से 14,200 से अधिक लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। अधिकांश इलाकों में स्कूल और सरकारी कार्यालय बंद हैं। जापान के ओकिनावा प्रांत के दक्षिणी द्वीपों में भी तेज हवाएं, ऊंची लहरें और समुद्री तूफान का खतरा बना हुआ है। जापानी प्रसारक एनएचके के अनुसार, क्षेत्र में 200 से अधिक उड़ानें रद्द कर दी गई हैं और इशिगाकी सहित कई द्वीपों पर तेज बारिश और हवाएं चल रही हैं।
 
विज्ञापन

जापान को पुनः प्रयोज्य रॉकेट की पहली परीक्षण उड़ान में कामयाबी
वैश्विक अंतरिक्ष बाजार में अपनी व्यावसायिक पैठ मजबूत करने के लिए जापान ने शनिवार को ऐतिहासिक कामयाबी हासिल की। देश के पहले प्रायोगिक री-यूजेबल (पुनः प्रयोज्य) रॉकेट ने अपनी पहली परीक्षण उड़ान व लैंडिंग की। प्रक्षेपण लागत में भारी कटौती व चीन से मुकाबले को जापान ने तैयारी कर ली है। उसने एलन मस्क की कंपनी स्पेसएक्स को चुनौती देने के लिए भी अहम तकनीक खोजी है। जापान एयरोस्पेस एक्सप्लोरेशन एजेंसी (जाक्सा) के नोशिरो परीक्षण केंद्र में इस टेस्ट के दौरान आरवी-एक्स रॉकेट ने उड़ान भरी, कुछ देर हवा में मंडराकर यह जमीन पर उतर आया। 

नेपाल में सिद्धार्थ नगर व अमेठी के दो लोग गिरफ्तार
नेपाल पुलिस ने शनिवार को बताया कि उसने रूपनदेही जिले में तीन ड्रग डीलरों को गिरफ्तार किया है। इनमें दो भारतीय शामिल हैं। पुलिस ने एक अभियान में अमेठी के मुसाफिरखाना का इकबाल खान (50), सिद्धार्थनगर के चतरा निवासी राम दयाल शर्मा (34) को पकड़ा। इनमें तीसरा सराजुद्दीन (24) है जो नेपाल के रूपनदेही जिले की लम्बिनी नगर पालिका का निवासी है। आमने-सामने गोली चलने पर इकबाल के पैर में गोली लगी है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें