फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

World Updates: ट्रंप बोले- फेंटानिल ‘सामूहिक विनाश का हथियार’; मोरक्को में बाढ़ ने लील ली 37 जिंदगियां

Tue, 16 Dec 2025 05:15 AM IST
नितिन गौतम वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला
विज्ञापन
दुनिया की बड़ी खबरें - फोटो : amar ujala graphics
विज्ञापन

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने फेंटानिल को 'सामूहिक विनाश का हथियार' करार देने वाले कार्यकारी आदेश पर सोमवार को दस्तखत कर दिए। ट्रंप ने ओवल ऑफिस में रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ, ज्वाइंट चीफ्स के चेयरमैन जनरल डैन केन, व्हाइट हाउस में सीमा से जुड़े मामलों के प्रमुख टॉम होमन और अन्य शीर्ष सैन्य अधिकारियों की मौजूदगी में इस आदेश पर हस्ताक्षर किए।

विज्ञापन


अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा, 'उनका प्रशासन फेंटानिल को आधिकारिक तौर पर सामूहिक विनाश के हथियार के रूप में वर्गीकृत कर रहा है, जो वास्तव में वही है। कोई भी बम वह काम नहीं कर सकता, जो यह (फेंटानिल) कर रहा है।' हालांकि, फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि नये कार्यकारी आदेश के अमल में आने के फेंटानिल की लत के शिकार लोगों और इसकी तस्करी में शामिल अपराधियों के लिए क्या मायने होंगे तथा इससे ट्रंप प्रशासन की नीति में क्या बदलाव आएगा।

सामूहिक विनाश के हथियार शब्द का इस्तेमाल आमतौर पर परमाणु, जैविक, रासायनिक या साइबर खतरों के लिए किया जाता है, जो किसी आबादी, बुनियादी ढांचे या पर्यावरण को भारी एवं स्थायी नुकसान पहुंचाने में सक्षम होते हैं। कार्यकारी आदेश में विदेश और वित्त विभाग को फेंटानिल की तस्करी में शामिल वित्तीय संस्थानों और समूहों पर प्रतिबंध लगाने तथा उनकी संपत्तियां जब्त करने का निर्देश दिया गया है। इसमें फेंटानिल सहित विभिन्न मादक पदार्थों की तस्करी से जुड़े मुद्दों पर पेंटागन (अमेरिकी रक्षा विभाग का मुख्यालय) और न्याय विभाग के बीच अधिक सहयोग का आह्वान भी किया गया है।
विज्ञापन


कोलंबिया में भीषण सड़क हादसा, 17 लोगों की मौत; 20 घायल
दक्षिण अमेरिका के कोलंबिया के ग्रामीण इलाके में एक सड़क हादसे में 17 लोगों की मौत हो गई और 20 अन्य घायल हो गए। एंटिओक्वेनो के गवर्नर एंड्रेस जूलियन ने इस घटना पर खेद जताया। उन्होंने बताया कि स्कूल के बच्चों को ले जा रही बस खाई में गिर गई। यह बस कैरेबियाई शहर टोलू से मेडेलिन लौट रही थी। बस में एंटिओक्वेनो हाईस्कूल के छात्र सवार थे, जो समुद्र के किनारे अपना ग्रेजुएशन समारोह मनाकर रविवार रात लौट रहे थे।

श्रीलंका: तीसरे शैक्षणिक सत्र में नहीं खुलेंगे चक्रवात प्रभावित इलाकों के 600 से ज्यादा स्कूल 
श्रीलंका के चक्रवात प्रभावित तीन प्रांतों में 600 से अधिक स्कूल तीसरे शैक्षणिक सत्र में दोबारा नहीं खुलेंगे। शिक्षा मंत्रालय ने मंगलवार को कहा कि इन स्कूलों के छात्र बिना परीक्षा के अगली कक्षा में प्रवेश करेंगे। 

न्यूज फर्स्ट लंका पोर्टल की रिपोर्ट के अनुसार, शिक्षा मंत्रालय ने 2025 शैक्षणिक वर्ष के तीसरे सत्र के लिए कक्षा 6 से 10 तक के छात्रों की सत्र के अंत में होने वाली परीक्षाएं न कराने के निर्देश दिए हैं। श्रीलंका में अधिकतर सरकारी स्कूलों में शैक्षणिक वर्ष को तीन सत्रों में बांटा जाता है। हालांकि यह व्यवस्था सभी संस्थानों में लागू नहीं होती।

ऑस्ट्रेलिया: बॉन्डी बीच हमले में घायलों में तीन भारतीय छात्र शामिल
सिडनी के बॉन्डी बीच पर हुए आतंकी हमले में घायल 40 लोगों में तीन भारतीय छात्र भी शामिल हैं। यह जानकारी मंगलवार को आई एक मीडिया रिपोर्ट में दी गई।

ऑस्ट्रेलिया टुडे न्यूज पोर्टल के अनुसार, इन तीन में से दो छात्रों का अस्पताल में इलाज चल रहा है। रिपोर्ट में कहा गया है कि रविवार को हुए हमले में घायल भारतीय छात्रों के नाम अभी सार्वजनिक नहीं किए गए हैं। बताया गया है कि गोलीबारी के दौरान भारतीय छात्रों को चोटें आईं। लेकिन उनकी हालत को लेकर अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। रिपोर्ट के अनुसार, 24 वर्षीय नवीद अकरम और उसके 50 वर्षीय पिता ने यहूदी त्योहार 'हनुक्का बाय द सी' के आयोजन के दौरान भीड़ पर गोलीबारी की थी।

इस हमले में एक 10 साल के बच्चे सहित 15 लोगों की मौत हो गई। पांच घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है, जबकि दो घायल पुलिसकर्मियों की स्थिति गंभीर लेकिन स्थिर बताई जा रही है। 

अमेरिका: सैन फ्रांसिस्को में केबल कार अचानक रुकने से 15 लोग घायल
सैन फ्रांसिस्को में सोमवार दोपहर (स्थानीय समय) एक केबल कार के अचानक रुक जाने से दर्जनों लोग घायल हो गए। सैन फ्रांसिस्को के दमकल विभाग ने सोशल मीडिया पर बताया कि 15 लोगों को चोटें आई हैं, जिनमें कुछ मामूली और कुछ मध्यम स्तर की हैं। दो लोगों को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जबकि 11 अन्य को 'मामूली दर्द और तकलीफ' के लिए वहीं उपचार दिया गया।

मोरक्को के साफी में आई बाढ़ से 37 मौतें

मोरक्को के साफी शहर में भारी बारिश से आई बाढ़ में 37 लोगों की मौत हो गई है। गृह मंत्रालय ने कहा, रात भर अचानक हुई भारी बारिश से आई बाढ़ से कई घर-व्यवसाय जलमग्न हो गए और 10 वाहन बह गए। स्कूलों को तीन दिनों के लिए बंद कर दिया गया है। बारिश के कारण अन्य हिस्सों में भी बाढ़ आई है, जिनमें तटीय शहर टेटुआन और पहाड़ी शहर टिंगहिर शामिल हैं। 

 

हांगकांग : लोकतंत्र समर्थक जिम्मी लाई दोषी करार

स्वायत्तशासी क्षेत्र हांगकांग की प्रसिद्ध मीडिया हस्ती रहे और चीन के मुखर आलोचक जिम्मी लाई को राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े एक ऐतिहासिक मामले में सोमवार को शहर की अदालत ने दोषी ठहराया। सरकार द्वारा नियुक्त तीन जजों ने 78 वर्षीय लाई को राष्ट्रीय सुरक्षा को खतरे में डालने के लिए विदेशी ताकतों के साथ मिलीभगत करने और राजद्रोहपूर्ण लेख प्रकाशित करने की साजिश रचने का दोषी पाया। हालांकि लाई ने खुद को निर्दोष बताया है। हांगकांग के कानून के तहत लाई को उम्रकैद की सजा हो सकती है। 
 

पाकिस्तानी अदालत ने प्रतिबंधित टीएलपी के शीर्ष नेता को सुनाई 35 साल की जेल की सजा 

प्रतिबंधित कट्टरपंथी संगठन तहरीक-ए-लब्बैक पाकिस्तान (टीएलपी) के एक शीर्ष नेता को अदालत ने पाकिस्तान के तत्कालीन मुख्य न्यायाधीश का सिर कलम करने के लिए लोगों को उकसाने के आरोप में 35 साल जेल की सजा सुनाई है।

एक अदालती अधिकारी ने बताया कि आतंकवाद विरोधी अदालत (एटीसी) ने सोमवार को कट्टरपंथी इस्लामी पार्टी टीएलपी के उप प्रमुख जहीरुल हसन शाह को जुलाई 2024 में तत्कालीन पाकिस्तान के मुख्य न्यायाधीश काजी फैज ईसा के खिलाफ जनता को भड़काने के आरोप में सजा सुनाई।

लाहौर के एटीसी जज अरशद जावेद ने जेल में सुनवाई के दौरान फैसला सुनाया। उन्होंने आगे बताया कि दोषी को लाहौर की कोट लखपत जेल के अधीक्षक को सौंप दिया गया। मुकदमे की सुनवाई के दौरान अभियोजन पक्ष ने कट्टरपंथी मौलवी के खिलाफ आरोपों के समर्थन में 15 गवाह पेश किए।
विज्ञापन

नीरव मोदी के प्रत्यर्पण अपील पर सुनवाई मार्च 2026 तक टली

भगोड़े हीरा व्यापारी नीरव मोदी की ब्रिटेन हाईकोर्ट में प्रत्यर्पण अपील को फिर से खोलने की अर्जी पर सुनवाई मार्च 2026 तक के लिए स्थगित कर दी गई है। भारतीय अधिकारियों की ओर से मुंबई में उनकी अंतरिम हिरासत को लेकर पर्याप्त आश्वासन देने के बाद कोर्ट ने यह फैसला लिया। लंदन के रॉयल कोर्ट्स ऑफ जस्टिस में जस्टिस जेरेमी स्टुअर्ट-स्मिथ और रॉबर्ट जे की पीठ ने सुनवाई के दौरान भारतीय एजेंसियों की तरफ से पेश हुए वकीलों के साथ सहानुभूति व्यक्त की। कोर्ट ने इस देरी को गहरा निराशाजनक और परेशान करने वाला बताया। पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) के 200 करोड़ रुपये के धोखाधड़ी मामले में आरोपी 54 वर्षीय नीरव मोदी ने वीडियो लिंक के जरिये जेल से पेशी दी। अब यह मामला रोल्ड अप हियरिंग के लिए जाएगा, जो मार्च-अप्रैल 2026 में होने की उम्मीद है, जिसमें अपील को फिर से खोलने की अनुमति पर फैसला होगा। अनुमति न मिलने पर नीरव मोदी के भारत प्रत्यर्पण का रास्ता साफ हो जाएगा।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें