ब्रिटेन में प्रधानमंत्री ऋषि सुनक की सरकार के खिलाफ लिबरल डेमोक्रेट पार्टी ने अविश्वास प्रस्ताव लाने की घोषणा की है। लिबरल डेमोक्रेट जून में चुनाव की मांग लेकर प्रस्ताव लाने वाले हैं। निकाय चुनावों में सुनक की कंजरवेटिव पार्टी की करारी हार के बाद उनपर दबाव बढ़ गया है। 474 स्थानीय काउंसिल सीटों के चुनाव में विपक्षी लेबर पार्टी ने 186 जबकि लिबरल डेमोक्रेट्स ने 104 सीटें जीती हैं। वहीं, सुनक ने नतीजों के बाद त्रिशंकु संसद की आशंका जताई है।
इस्राइल में अलजजीरा बंद होने पर अमेरिका का बयान
अमेरिका ने इस्राइल में कतर के स्वामित्व वाले समाचार नेटवर्क अलजजीरा को अस्थायी रूप से बंद करने के फैसले पर प्रतिक्रिया दी। अमेरिकी विदेश विभाग ने ने कहा कि वह इस्राइल सहित दुनियाभर में मीडिया की आजादी का समर्थन करते हैं।
आजाद मीडिया का समर्थन
विदेश विभाग के प्रवक्ता मैथ्यू मिलर ने कहा, हमें अलजजीरा को बंद करने के इस्राइल सरकार के फैसले के बारे में जानकारी है। हमने यह स्पष्ट कर दिया है कि हम इस्राइल सहित दुनिया भर में मीडिया की आजादी का समर्थन करते हैं और हम इस कार्रवाई को लेकर काफी चिंतित हैं। राष्ट्रपति (जो बाइडन) ने तीन मई को कहा था कि पत्रकार और मीडिया किसी भी लोकतंत्र का एक अनिवार्य हैं। मजबूत और ज्यादा सफल समाज बनाने के लिए असहमति महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा, अलजजीरा को इस्राइल में काम करने में सक्षम होना चाहिए। हम दुनियाभर में निष्पक्ष और आजाद मीडिया का समर्थन और वकालत करना जारी रखेंगे।
पन्नूं की हत्या की साजिश में भारत की जांच के नतीजों का इंतजार: अमेरिका
अमेरिकी विदेश विभाग के प्रवक्ता मिलर ने कहा, अमेरिका खालिस्तानी आतंकवादी गुरपतवंत सिंह पन्नूं की हत्या की कथित साजिश से जुड़े आरोपों पर भारतीय जांच के नतीजों का इंतजार कर रहा है। उन्होंने कहा, भारत सरकार ने इसके लिए एक जांच समिति गठित की है और यह जांच कर रही है। हम नतीजे का इंतजार करेंगे। मिलर ने कहा, हमने यह बिल्कुल स्पष्ट कर दिया है कि इस मामले को हम गंभीरता से ले रहे हैं और हमें लगता है कि उन्हें भी इसे गंभीरता से लेना चाहिए।
अमेरिकी अखबार वॉशिंगटन पोस्ट ने अज्ञात सूत्रों का हवाला देते हुए पिछले साल पन्नूं की हत्या कथित साजिश के लिए सिलसिले में रिसर्च एंड एनालिसिस विंग (रॉ) के एक अधिकारी का नाम लिया है। भारत ने इस खबर की आलोचना करते हुए दावों को खारिज किया है और कहा कि रिपोर्ट में गंभीर मामले पर अवांछित और अप्रमाणित आरोप लगाए गए हैं और मामले की जांच जारी है।
तमिलनाडु के नागप्पट्टनम व जाफना के बीच फिर नौका सेवा
तमिलनाडु के नागप्पट्टिनम और श्रीलंका के उत्तरी प्रांत जाफना जिले के कांकेसंथुराई (केकेएस) शहर के बीच यात्रियों के लिए नौका सेवा 13 मई से फिर से शुरू होने जा रही है। लगभग 40 वर्षों के बाद पिछले साल अक्तूबर में शुरू की गई सेवा खराब मौसम के चलते जल्द ही बंद हो गई थी।