फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

World News: ब्रिटेन की खुफिया एजेंसी एमआई6 की चीफ बनीं ब्लेस मेट्रेवेली; मिनेसोटा में गोलीबारी का आरोपी पकड़ा

Mon, 16 Jun 2025 03:19 PM IST
नितिन गौतम वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला।
विज्ञापन
दुनिया की बड़ी खबरें - फोटो : amar ujala graphics
विज्ञापन

अफ्रीकी देश नाइजीरिया के मध्य बेन्यू प्रांत के एक गांव में बंदूकधारियों के हमले में कम से कम 100 लोग मारे गए। एमनेस्टी इंटरनेशनल ने शनिवार को सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि यह हमला शुक्रवार देर रात येलेवाटा गांव में हुआ। अंतरराष्ट्रीय संगठन ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा, कई लोग अभी भी लापता हैं... दर्जनों लोग घायल हैं और उन्हें पर्याप्त चिकित्सा सुविधा नहीं मिल पाई है। कई परिवारों को उनके बेडरूम में बंद करके जला दिया गया। बेन्यू नाइजीरिया के मध्य क्षेत्र में है। यह एक ऐसा क्षेत्र है, जहां बहुसंख्यक मुस्लिम उत्तर और बड़े पैमाने पर ईसाई दक्षिण में मिलते हैं। इस क्षेत्र में भूमि उपयोग को लेकर संघर्ष है। मुख्य तौर पर चरवाहों के बीच मवेशियों के लिए चरागाह की भूमि को लेकर संघर्ष है।

विज्ञापन


तुर्किये में हॉट एयर बैलून दुर्घटनाग्रस्त, पायलट की मौत, 19 पर्यटक घायल
मध्य तुर्किये में रविवार को दो हॉट एयर बैलून दुर्घटनाएं हुईं। एक हादसे में हॉट एयर बैलून के पायलट की मौत हो गई और 19 इंडोनेशियाई पर्यटक घायल हो गए। एक अन्य हादसे में 12 भारतीय पर्यटक मामूली रूप से घायल हो गए। सरकारी अनादोलु एजेंसी के अनुसार, इल्हारा घाटी के उसी स्थान से उड़ान भरने वाले एक अन्य हॉट एयर बैलून ने भी रविवार सुबह आपात लैंडिंग की। इसमें 12 भारतीय पर्यटक मामूली रूप से घायल हो गए और उन्हें अस्पताल ले जाया गया। गवर्नर के कार्यालय की तरफ से जारी बयान के अनुसार, दोनों बैलून हवा में अचनाक बदलाव के कारण प्रभावित हुए थे। अक्सराय के गवर्नर मेहमत अली कुम्बुजोग्लू ने बताया कि पहली घटना में गुब्बारा अक्सराय प्रांत के गोज्लुकुयू गांव के पास तेजी से उतरने का प्रयास कर रहा था। तभी पायलट गुब्बारे की टोकरी से बाहर गिर गया और उसके पैर रस्सी में उलझ गए। उन्होंने कहा, दुर्भाग्यवश हमारा पायलट टोकरी के नीचे फंस गया और उसकी मौत हो गई। उन्होंने बताया कि घायल पर्यटकों को अस्पताल ले जाया गया है।

पाकिस्तान में कांपी धरती, रिक्टर पैमाने पर 4.4 मापी गई तीव्रता; जानमाल के नुकसान की खबर नहीं
नेशनल सेंटर फॉर सिस्मोलॉजी (NCS) की तरफ से जारी सूचना के मुताबिक पाकिस्तान में भूकंप के झटके महसूस किए गए हैं। सिस्मोलॉजी सेंटर ने बताया कि रिक्टर पैमाने पर भूकंप की तीव्रता 4.4 मापी गई है। भूकंप के झटकों से फिलहाल जानमाल का कोई नुकसान नहीं हुआ है।

ईरान के साथ खड़ा है पाकिस्तान : शहबाज
पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियन से बात कर एकजुटता जताई। उन्होंने इस्राइल के हमले को स्पष्ट तौर पर उकसावे का कृत्य बताया। शरीफ ने शनिवार को पेजेशकियन से टेलीफोन पर बातचीत में ईरान के खिलाफ इस्राइल के हमलों की कड़ी निंदा की। उन्होंने कहा कि यह हमला ईरान की संप्रभुता व क्षेत्रीय अखंडता तथा संयुक्त राष्ट्र चार्टर व अंतराष्ट्रीय कानून का पूर्ण उल्लंघन है। शरीफ ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा, आज ईरान के राष्ट्रपति डॉ. मसूद पेजेशकियन से बात की। इस्राइल के अकारण हमले के सामने ईरान के लोगों के साथ पाकिस्तान    की अटूट एकजुटता व्यक्त की। 

ब्रिटेन की खुफिया एजेंसी एमआई6 की चीफ बनीं ब्लेस मेट्रेवेली

ब्रिटेन की खुफिया एजेंसी एमआई6 के प्रमुख के पद पर ब्लेस मेट्रेवेली की नियुक्ति हुई है। इस पद पर पहुंचने वाली ब्लेस पहली महिला अधिकारी हैं। 47 वर्षीय मेट्रेवेली, इससे पहले एमआई6 की तकनीकी शाखा की प्रमुख थीं, उन्हें कोड नेम क्यू से भी जाना जाता है। मेट्रेवेली ने साल 1999 में एमआई6 में काम शुरू किया था और अपने करियर के अधिकतर समय वे ऑपरेशनल भूमिकाओं में पश्चिम एशिया और यूरोप में तैनात रही हैं। एमआई6 के मौजूदा प्रमुख रिचर्ड मूर अपना पांच साल का कार्यकाल पूरा कर जल्द ही रिटायर होने वाले हैं। मेट्रेवेली की सबसे बड़ी चुनौती रूस, चीन और ईरान से निपटने की होगी। 

मिनेसोटा में गोलीबारी का आरोपी पकड़ा गया

मिनेसोटा में हाल ही में दो राज्य विधायकों पर गोली चलाने वाला आरोपी पकड़ा गया है। आरोपी वेंस बोएलटर को रविवार शाम को गिरफ्तार किया गया। हालांकि जांच एजेंसियों ने गिरफ्तारी को लेकर ज्यादा जानकारी साझा नहीं की है। बोएलटर पर मिनेसोटा की पूर्व डेमोक्रेटिक स्पीकर मेलिसा होर्टमैन और उनके पति मार्क पर शनिवार को गोली मारने का आरोप है। इस हमले में दोनों की मौत हो गई थी। इसके बाद बोएलटर ने स्टेट सीनेटर जॉन हॉफमैन और उनकी पत्नी पर भी गोली चलाई थी। दोनों घायल हैं। पुलिस ने आरोपी को मिनेसोटा में अपने घर से कुछ मील दूर ही पकड़ा। पुलिस ने आरोपी पर 50 हजार डॉलर का इनाम घोषित किया था। 
 
विज्ञापन

बलूचिस्तान में विद्रोहियों ने धमाके से उड़ाया रेलवे ट्रैक

पाकिस्तान के बलूचिस्तान में विद्रोहियों ने धमाके से रेलवे ट्रैक उड़ा दिया, जिससे रेलवे का सबसे अहम रेल लिंक बाधित हो गया है। बम धमाके में एक रेलवे कर्मचारी घायल हुआ है। धमाका बलूचिस्तान के अब ए गम इलाके में हुआ। जिस रेलवे लाइन को तबाह किया गया, वह दक्षिणी पाकिस्तान को सेंट्रल पाकिस्तान से जोड़ती है। धमाके के बाद विद्रोहियों की तलाश में पाकिस्तान के सुरक्षाबलों द्वारा सघन अभियान चलाया जा रहा है। 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें