अमेरिका के सुप्रीम कोर्ट ने लॉस एंजेलिस में आव्रजन जांच पर लगी रोक हटा दी है। इससे अब संघीय एजेंट बड़े पैमाने पर जांच अभियान चला सकेंगे। यह फैसला राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप प्रशासन के लिए बड़ी जीत माना जा रहा है। अदालत के 6-3 के फैसले के बाद अब इमिग्रेशन एंड कस्टम्स एनफोर्समेंट एजेंट लोगों को संदेह के आधार पर रोककर पूछताछ कर सकते हैं।
निचली अदालत ने पहले इन कार्रवाइयों पर रोक लगाई थी, क्योंकि इसमें लोगों को केवल उनकी भाषा, रंग या काम के आधार पर निशाना बनाया जा रहा था। जस्टिस सोनिया सोटोमेयर ने इस फैसले का विरोध करते हुए कहा कि यह लोगों की संवैधानिक आजादी को खतरे में डाल देगा। डिपार्टमेंट ऑफ होमलैंड सिक्योरिटी के मुताबिक, 6 जून से अब तक 5,210 गिरफ्तारियां की गई हैं। एजेंसी ने इसे लॉस एंजेलिस क्षेत्र को अपराधियों से मुक्त करने की दिशा में बड़ी सफलता बताया।
संदिग्ध सामग्री की आशंका में खाली कराया गया लंदन का हीथ्रो एयरपोर्ट
लंदन के हीथ्रो एयरपोर्ट पर खतरनाक सामग्री होने की आशंका के मद्देनजर सोमवार को एक टर्मिनल को खाली करा दिया गया। हीथ्रो के प्रवक्ता ने बताया कि टर्मिनल-4 पर चेक-इन एरिया को बंद किया गया है। आपातकालीन सेवाओं के सक्रिय होने तक उसे खाली कराया गया है। अग्निशमन विभाग ने बताया कि एहतियात के तौर पर टर्मिनल को खाली कराया गया। यात्रियों से टर्मिनल तक नहीं आने का अनुरोध किया गया है। अन्य सभी टर्मिनल चालू थे।
UK की नई गृह सचिव प्रवासन पर सख्त
ब्रिटेन में प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर के नेतृत्व वाली सरकार में नई गृह मंत्री बनीं शबाना महमूद ने सोमवार को कड़ा रुख अपनाते का एलान किया। उन्होंने कहा कि जो देश अवैध प्रवासियों को वापस लेने से इनकार करेंगे, उनके लिए वीजा निलंबित किए जा सकते हैं। लंदन में आयोजित 'फाइव आइज' बैठक (ब्रिटेन, अमेरिका, ऑस्ट्रेलिया, न्यूज़ीलैंड, कनाडा) में देशों पर अपने नागरिकों को स्वीकारने का दायित्व सुनिश्चित करने पर सहमति बनी। महमूद ने कहा कि जिनका यूके में रहने का अधिकार नहीं है, उन्हें निर्वासित किया जाएगा। उन्होंने सीमा सुरक्षा को अपनी प्राथमिकता बताते हुए चेतावनी दी कि असहयोगी देशों के खिलाफ वीजा कटौती जैसे कदम उठाए जाएंगे।
बेलारूस बना रहा जासूसी नेटवर्क, चेक गणराज्य ने किया भंडाफोड़
मध्य यूरोपीय देश चेक गणराज्य की खुफिया एजेंसी (BIS) ने सोमवार को बताया कि उसने बेलारूस द्वारा यूरोप में बनाई जा रही जासूसी नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। यह कार्रवाई हंगरी और रोमानिया की खुफिया एजेंसियों के साथ मिलकर की गई। एजेंसी ने बताया कि बेलारूस की केजीबी ने कई यूरोपीय देशों में जासूस तैनात किए थे, जिनमें मोल्दोवा की खुफिया सेवा के पूर्व उपप्रमुख भी शामिल हैं जिन्होंने गोपनीय जानकारी सौंपी। चेकिया ने एक बेलारूसी राजनयिक को 72 घंटे में देश छोड़ने का आदेश दिया। BIS प्रमुख ने रूस-बेलारूस राजनयिकों की शेंगेन क्षेत्र में आवाजाही सीमित करने की मांग की।
टिकटॉक पर आपत्तिजनक वीडियो डालने वाला युवक पाकिस्तान में गिरफ्तार
पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में पुलिस ने टिकटॉक में आपत्तिजनक वीडियो साझा करने वाले एक युवक को गिरफ्तार किया है। संदिग्ध की पहचान अब्दुल मुगीज के रूप में हुई है। पुलिस के प्रवक्ता लिकायत अली ने बताया कि मुगीज महिलाओं के कपड़े पहनता था, तरह-तरह के भद्दे पोज और वीडियो बनाता था। इन गतिविधियों से स्थानीय लोगों में गहरा आक्रोश था। कई शिकायतें मिलने के बाद बामखेल पुलिस चौकी ने मुगीज के खिलाफ केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
पाकिस्तान में पीटीआई ने 12 विधायकों को पार्टी से निकाला
पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) ने गिलगित-बाल्टिस्तान के मुख्यमंत्री गुलबर खान और 11 अन्य विधायकों को पार्टी से निष्कासित कर दिया है। इन पर अलग गुट बनाने का आरोप है। एक्सप्रेस ट्रिब्यून की रिपोर्ट के अनुसार, पार्टी से निकाले गए लोगों में खान के अलावा अब्दुल हमीद, हाजी शाह बेग, मुश्ताक अहमद, सैयद अमजद अली जैदी, शमसुल हक लोन, दिलशाद बानो, राजा नासिर अली खान, सुरैया जमान, राजा आजम खान अमाचा और राजा फजल रहीम शामिल हैं।
कोलंबिया में विद्रोहियों ने फिर किया 45 सैनिकों का अपहरण
दक्षिण-पश्चिमी कोलंबिया में एक विद्रोही समूह के प्रभाव वाले क्षेत्र में 600 लोगों ने मिलकर 45 सैनिकों का अपहरण कर लिया गया। ये सैनिक यहां प्रतिबंधित कोको के स्थान पर दूसरी फसल लगवाने का काम कर रहे थे। इससे पहले अगस्त में विद्रोहियों ने 33 सैनिकों का अपहरण किया था। सेना ने रविवार को एक बयान में कहा कि यह घटना काउका विभाग के मीके कैन्यन में हुई। यह क्षेत्र कोका पत्ती की फसलों के लिए जाना जाता है और वर्तमान में एक विद्रोही गुट का गढ़ है।
पूर्व अमेरिकी सांसद जॉन बर्टन का 92 की उम्र में निधन
अपने बेबाक अंदाज के लिए विख्यात पूर्व अमेरिकी सांसद जॉन बर्टन का रविवार को निधन हो गया। वह 92 वर्ष के थे। उनके परिजनों ने बताया कि बर्टन की सान फ्रांसिस्को में स्वाभाविक मौत हुई। डेमोक्रेट बर्टन ने मजदूर वर्ग के लिए आवाज उठाई और पूर्व अमेरिकी हाउस स्पीकर नैन्सी पेलोसी सहित कई लोगों का राजनीति में मार्गदर्शन किया। कैलिफोर्निया के शीर्ष राजनेताओं ने उन्हें श्रद्धांजलि दी।
अमेरिका के ह्यूस्टन में दिखी साहित्यिक चर्चाओं और संवाद की बहुरंगी झलक
जयपुर साहित्य महोत्सव (जेएलएफ) ने इस हफ्ते अमेरिका में अपने जोशीले अंदाज में वापसी की। इसकी शुरुआत ह्यूस्टन से हुई। ह्यूस्टन में तीन दिवसीय आयोजन के साथ जेएलएफ 2025 का 8वां संस्करण रविवार को संपन्न हुआ, जिसमें साहित्यिक चर्चाओं, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और संवाद की बहुरंगी झलक देखने को मिली। पांच से सात सितंबर तक आयोजित इस वर्ष का उत्सव ह्यूस्टन की सांस्कृतिक विविधता और गौरवशाली विरासत को समर्पित था। ह्यूस्टन में भारत के महावाणिज्यदूत डीसी मंजूनाथ ने शुक्रवार को म्यूजियम ऑफ फाइन आर्ट्स में कार्यक्रम का उद्घाटन किया और भारत-अमेरिका के बीच सांस्कृतिक संबंधों को साहित्य के माध्यम से प्रगाढ़ बनाने की भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने शनिवार को उत्सव के 8वें संस्करण के उपलक्ष्य में स्वागत रात्रिभोज का भी आयोजन किया।
जहरीला मशरूम खिलाकर 3 रिश्तेदारों को मारने वाली पैटरसन को उम्रकैद
ऑस्ट्रेलिया की एक अदालत ने सोमवार को बहुचर्चित तिहरे हत्याकांड की दोषी मशरूम किलर एरिन पैटरसन को उम्रकैद की सजा सुनाई है। पैटरसन (51) ने खुद से अलग रह रहे पति के चार रिश्तेदारों को जहरीला मशरूम खिला दिया था, जिनमें तीन की मौत हो गई थी। उसे कम से कम 33 साल तक पैरोल की कोई संभावना नहीं होगी। पैटरसन ने अपने रिश्तेदारों को इस बहाने से भोज पर आमंत्रित किया था कि उसे कैंसर हो गया है। हालांकि, कैंसर होने की बात झूठी थी। जस्टिस क्रिस्टोफर बील ने विक्टोरिया प्रांत के उच्चतम न्यायालय में कहा कि पैटरसन ने विश्वासघात किया था। पैटरसन को जुलाई में डॉन और गेल पैटरसन तथा गेल की बहन हीदर विल्किंसन की हत्या तथा हीदर के पति इयान विल्किंसन की हत्या का प्रयास का दोषी ठहराया गया था। घटना जुलाई 2023 की है जब पैटरसन ने अपने घर पर भोज में जहरीले मशरूम मिलाकर भोजन परोसा था। भोज में उसका पति साइमन पैटरसन शामिल नहीं हुआ था। जस्टिस बील ने पैटरसन से कहा, आपके शिकार आपके रिश्तेदार थे, जिन्होंने वर्षों तक आपको और आपके बच्चों को सहारा दिया था।
पाकिस्तान में अफगान शरणार्थियों को राहत
पाकिस्तान की पेशावर हाई कोर्ट ने सोमवार को 51 अफगान शरणार्थी परिवारों की देश से निकासी पर अस्थायी रोक लगा दी। अदालत ने सरकार को नागरिकता से जुड़े मामलों के लिए नई प्रक्रिया बनाने का निर्देश दिया। ये फैसला उस समय आया है जब 1 सितंबर को सरकार ने 13 लाख से ज्यादा अफगान शरणार्थियों को वापस भेजने की समयसीमा तय की थी।
अदालत ने कहा कि सभी प्रभावित परिवार अपनी अर्जी नादरा सेवा केंद्रों में जमा करें। इसके बाद नादरा 15 दिन के भीतर जांच कर प्रमाण पत्र जारी करेगा। यदि कोई आपत्ति नहीं होती है, तो अफगान शरणार्थी पहचान पत्र रद्द कर उन्हें पाकिस्तानी पहचान पत्र दिया जाएगा। इस फैसले से उन लोगों को राहत मिलेगी जिन्हें इस्लामाबाद तक बार-बार यात्रा करने में कठिनाई होती थी। अदालत ने यह भी स्पष्ट किया कि पाकिस्तानी महिला और अफगान पुरुष की संतान को 21 साल की उम्र तक दोहरी नागरिकता का अधिकार होगा।
इस्राइली सेना ने गाजा को पूरी तरह से खाली करने का किया आग्रह
इस्राइली सेना ने उत्तरी गाजा में अपने नियोजित विस्तारित सैन्य अभियान से पहले, मंगलवार सुबह गाजा शहर को पूरी तरह से खाली करने का आग्रह किया। यह मौजूदा लड़ाई के दौर में शहर को पूरी तरह से खाली करने की पहली चेतावनी है। मंगलवार को ही, रक्षा मंत्री इस्राइल काट्ज ने कहा कि इस्राइल ने गाजा में 30 ऊंची इमारतों को ध्वस्त कर दिया है, जिनका इस्तेमाल उसने हमास पर सैन्य बुनियादी ढांचे के लिए करने का आरोप लगाया था। वहीं प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने सोमवार को कहा कि इस्राइल कम से कम 50 आतंक के टावरों को नष्ट करने की योजना बना रहा है, जिनका इस्तेमाल हमास करता है।
भारतवंशी तेजस्वी को टाइम मैग्जीन का किड ऑफ द ईयर अवार्ड
भारतवंशी तेजस्वी मनोज को टाइम मैग्जीन के किड ऑफ द ईयर अवार्ड के लिए चुना गया गया है। 17 वर्षीय तेजस्वी वृद्धों को ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचाने और उसकी रिपोर्ट करने में मदद करने का काम करती हैं।
टेक्सास के फ्रिस्को की तेजस्वी को उनके नवाचार शील्ड सीनियर्स के लिए प्रतिष्ठित सम्मान से नवाजा गया। टाइम ने कहा, बुजुर्ग अमेरिकियों को स्पष्ट रूप से सुरक्षा की जरूरत है और तेजस्वी उन्हें सुरक्षा प्रदान करने के लिए दृढ़ हैं। तेजस्वी के काम ने उन्हें 2025 के लिए टाइम के किड ऑफ द ईयर के रूप में मान्यता दिलाई है। वह टाइम फॉर किड्स सर्विस स्टार बनने वाली पहली ऐसी सम्मानित शख्स भी हैं, जिन्होंने टाइम के सहयोगी प्रकाशन के कार्यक्रम में भाग लिया है। इसमें सकारात्मक प्रभाव डालने वाले युवाओं पर प्रकाश डाला गया है। शील्ड सीनियर्स एक वेबसाइट है, जो 60 वर्ष से ज्यादा उम्र के बुजुर्गों को ऑनलाइन धोखाधड़ी के बारे में जागरूक करती है, उनकी पहचान करती है और रिपोर्ट करती है।
पुतिन ने रूस के जनरल गेरासिमोव को ऑर्डर ऑफ करेज से किया सम्मानित
एजेंसी, मॉस्को। रूसी राष्ट्रपति पुतिन ने सोमवार को रूसी सशस्त्र बलों के जनरल स्टाफ प्रमुख वालेरी गेरासिमोव को ऑर्डर ऑफ करेज से सम्मानित किया। गेरासिमोव को रूस की आधुनिक युद्ध रणनीति का मुख्य रणनीतिकार माना जाता है। रूस की आधिकारिक कानूनी अधिनियम वेबसाइट पर प्रकाशित एक आदेश में बताया गया है कि जनरल गेरासिमोव को सैन्य कर्तव्य के निर्वहन में प्रदर्शित साहस, बहादुरी और समर्पण के लिए प्रतिष्ठित राजकीय सम्मान, ऑर्डर ऑफ करेज से सम्मानित किया गया है।