अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के प्रशासन ने विभिन्न देशों को दी जाने वाली अरबों डॉलर की सहायता पर रोक लगाने के लिए सोमवार को सुप्रीम कोर्ट से आपातकालीन आदेश जारी करने की अपील की है। इस कानूनी लड़ाई का मूल मुद्दा अमेरिकी संसद द्वारा स्वीकृत लगभग पांच अरब डॉलर की सहायता है, जिसके बारे में राष्ट्रपति ट्रंप ने पिछले महीने कहा था कि वह इसे खर्च नहीं करेंगे।
उन्होंने उस विवादित प्राधिकार का हवाला देते हुए यह कहा, जिसका पिछली बार उपयोग लगभग 50 वर्ष पहले तत्कालीन राष्ट्रपति द्वारा किया गया था। पिछले हफ्ते, अमेरिकी जिला न्यायाधीश आमिर अली ने फैसला सुनाया कि रिपब्लिकन प्रशासन का धनराशि रोकने का निर्णय संभवतः अवैध है। ट्रंप ने 28 अगस्त को अमेरिकी संसद के निचले सदन प्रतिनिधि सभा के अध्यक्ष माइक जॉनसन को लिखे एक पत्र में बताया कि वह संसद द्वारा स्वीकृत 4.9 अरब डॉलर की विदेश सहायता राशि खर्च नहीं करेंगे।
मेक्सिको में ट्रेन और बस की टक्कर से आठ की मौत, 45 घायल
मेक्सिको सिटी के उत्तर-पश्चिम में एटलाकोमुल्को कस्बे में सोमवार तड़के एक ट्रेन ने दो मंजिला बस को जोरदार टक्कर मार दी। इस दर्दनाक हादसे में कम से कम आठ लोगों की मौत हो गई और 45 यात्री घायल हुए हैं। मैक्सिको राज्य की सिविल डिफेंस एजेंसी ने बताया कि दुर्घटना औद्योगिक इलाके में हुई, जहां बड़े गोदाम और फैक्ट्रियां स्थित हैं। फिलहाल राहत और बचाव कार्य जारी है और घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। हादसे के कारणों को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी अब तक सामने नहीं आई है।
अमेरिका में कमजोर पड़ा तूफान 'कीको'
अमेरिका में तूफान 'कीको' के कमजोर पड़ने की खबर है। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक आने वाले दिनों में कीको हवाई द्वीप के उत्तरी भाग से गुजरेगा, ऐसी संभावना है। इस कारण तेज हवाओं और भारी वर्षा का खतरा घट गया है। हालांकि, समुद्र में खतरनाक और ऊंची लहरों का खतरा बरकरार रहेगा। रविवार को (अमेरिकी समयानुसार) कीको बिग आइलैंड के हीलो से लगभग 1,025 किमी पूर्व में था। मंगलवार-बुधवार तक ये तूफान उत्तर से गुजरेगा। रविवार को हवा की अधिकतम रफ्तार 175 किमी/घंटा दर्ज की गई, जो पहले दर्ज की गई गति 195 किमी/घंटा से काफी कम है। इस तूफान के असर के कारण समुद्र में 10-15 फीट ऊंची लहरों की चेतावनी जारी की गई है। हालांकि द्वीपों पर खतरे को लेकर अलर्ट जारी नहीं किया गया है।
कैनसस सिटी में 50 साल के कैदी की मौत को कोर्ट ने हत्या माना
अमेरिका के कैनसस सिटी में वायंडॉट काउंटी जेल में इसी साल 5 जुलाई को हिरासत में लिए गए 50 वर्षीय कैदी चार्ल्स अडैर की मौत हो गई थी। कोर्ट ने इसे हत्या करार दिया है। खबरों के मुताबिक उसे ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने के मामले में गिरफ्तार किया गया था। पोस्टमार्टम में मौत का कारण 'मैकेनिकल एस्फिक्सिया' यानी सांस रुकना पाया गया। मृतक हृदय रोग और शराबजनित लीवर सिरोसिस ने भी पीड़ित था। रिपोर्ट के अनुसार, जेल में स्टाफ से संघर्ष के बाद उसे सेल में लिटाया गया, लेकिन कुछ ही मिनटों बाद वह बेहोश पाया गया, जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया गया। अब यह मामला अभियोजक कार्यालय के अधीन है।
अंतरराष्ट्रीय आपराधिक न्यायालय ने डुटर्टे की सुनवाई टाली, स्वास्थ्य पर उठे सवाल
अंतरराष्ट्रीय आपराधिक न्यायालय ने पूर्व फिलीपींस राष्ट्रपति रोड्रिगो डुटर्टे की प्री-ट्रायल सुनवाई स्वास्थ्य कारणों से स्थगित कर दी है। 80 वर्षीय डुटर्टे के वकीलों ने अगस्त में याचिका दायर कर कहा था कि उनका मुवक्किल मुकदमे का सामना करने की स्थिति में नहीं है। डुटर्टे पर मादक पदार्थ विरोधी अभियानों के दौरान बड़े पैमाने पर हुई हत्याओं को लेकर मानवता विरोधी अपराध का आरोप है। अदालत ने सीमित समय के लिए सुनवाई टाली है ताकि यह तय किया जा सके कि डुटर्टे मुकदमे में शामिल होने योग्य हैं या नहीं।
अल-कायदा से जुड़े समूह ने माली में ईंधन ट्रकों को आग लगाई
अल-कायदा से संबद्ध सशस्त्र संगठन ने माली में ईंधन आयात पर रोक लगाने के तहत आइवरी कोस्ट से आ रहे कई टैंकरों को आग के हवाले कर दिया। यह हमला दक्षिण माली के सिकासो क्षेत्र में हुआ। हमलावर समूह जमात नुसरत अल-इस्लाम वल-मुस्लिमीन ने हाल ही में घोषणा की थी कि वे माली में ईंधन आपूर्ति रोक देंगे। विशेषज्ञों का कहना है कि यह कदम माली की अर्थव्यवस्था पर गंभीर असर डालेगा क्योंकि यह देश पूरी तरह पड़ोसी देशों से आयात पर निर्भर है। विश्लेषकों ने चेताया कि यह रणनीति पूरे क्षेत्र में फैल सकती है।
खुद के आतंकियों से पस्त पाकिस्तान
पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में सुरक्षा बलों ने एक संयुक्त अभियान में आठ आतंकियों को मार गिराया। सेना और स्थानीय पुलिस की इस संयुक्त कार्रवाई में रविवार को उत्तरी वज़ीरिस्तान जिले के खरसिन, डोगा माचा और दत्ता खेल क्षेत्रों में आतंकियों के ठिकानों को निशाना बनाया गया। मारे गए आतंकियों में हाफिज गुलबहार बहादुर ग्रुप और जैश-ए-महदी कारवां से जुड़े सदस्य शामिल हैं। इनमें आईईडी विशेषज्ञ हामिदुल्लाह उर्फ "गुड", क्वाडकॉप्टर विस्फोटक विशेषज्ञ नूर मोहम्मद और टीटीपी का अनुभवी सदस्य उमर खान भी था। स्थानीय लोगों का दावा है कि लगभग 30 से 35 आतंकी आसपास के घरों में छिपे हैं और वे महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों को मानव ढाल बना रहे हैं ताकि हवाई हमलों से बच सकें। पुलिस ने बताया कि ऑपरेशन अभी जारी है और अंतिम आतंकी के मारे जाने तक कार्रवाई चलती रहेगी।
तीसरी बार एमी अवॉर्ड विजेता बने बराक ओबामा
पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा ने 76वें क्रिएटिव आर्ट्स एमी अवॉर्ड्स में लगातार तीसरी बार एमी जीता है। उन्हें नेटफ्लिक्स की डॉक्यूमेंट्री अवर ओशन्स में नरेटर की भूमिका के लिए आउटस्टैंडिंग नरेटर श्रेणी में सम्मानित किया गया। यह पांच-भाग की श्रृंखला पृथ्वी के महासागरों के रहस्यों को दर्शाती है। ओबामा का मुकाबला सर डेविड एटनबरो, इदरीस एल्बा, टॉम हैंक्स और फोएबे वालर-ब्रिज जैसे दिग्गजों से था। अवॉर्ड लेने के लिए वे लॉस एंजिल्स में मौजूद नहीं थे और जॉर्डन क्लेपर ने उनकी ओर से यह पुरस्कार ग्रहण किया।