फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

World News: इंडोनेशिया में खदान ढहने से 14 लोगों की मौत; नाइजीरिया में बाढ़ से अब तक 151 मरे, हजारों बेघर

Sat, 31 May 2025 02:30 PM IST
ज्योति भास्कर वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला।
विज्ञापन
दुनिया की बड़ी खबरें। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
इंडोनेशिया में खदान ढहने से मरने वालों का आंकड़ा बढ़कर 14 हो गया है। शुक्रवार को इंडोनेशिया के सिरेबोन जिले में गुनुंग कुडा खदान ढह गई थी और उसमें दो दर्जन लोग फंस गए थे। सर्च अभियान में 10 शव बरामद किए गए थे। शुक्रवार देर रात तीन और शव निकाले गए और एक अन्य घायल ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया, जिसके बाद मरने वालों का आंकड़ा बढ़कर 14 हो गया। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, छह से आठ लोग अभी भी मलबे में दबे हो सकते हैं। खदान के ढहने की वजह अभी तक स्पष्ट नहीं हुई है और पुलिस इस मामले में खदान के मालिक समेत छह लोगों से पूछताछ कर रही है। 

नाइजीरिया में भीषण बारिश से आई बाढ़, अब तक 151 लोगों की मौत

विज्ञापन

उत्तरी-मध्य नाइजीरिया के मोकवा कस्बे में भारी बारिश के बाद आई बाढ़ ने तबाही मचा दी है। शनिवार को आपातकालीन सेवाओं ने बताया कि अब तक कम से कम 151 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है। नाइजर राज्य की आपातकालीन एजेंसी के प्रवक्ता इब्राहिम आउदु हुसैनी ने बताया कि मोकवा कस्बे में शुक्रवार तड़के हुई तेज बारिश के कारण बाढ़ आई, जिससे 3,000 से ज्यादा लोग बेघर हो गए। यह इलाका अबूजा से करीब 300 किलोमीटर पश्चिम में स्थित है। हुसैनी के अनुसार, तीन समुदायों में करीब 500 परिवार प्रभावित हुए हैं। बाढ़ का पानी इतना भयानक था कि कई घरों की छतें तक नजर नहीं आ रही थीं और लोग कमर तक पानी में फंसे हुए थे।

चीन ने दर्जनों देशों संग मिलकर वैश्विक मध्यस्थता समूह बनाया
मध्यस्थता-आधारित अंतरराष्ट्रीय विवाद समाधान समूह की स्थापना की चीन की कवायद में शुक्रवार को 30 से अधिक देश शामिल हुए। चीन के विदेश मंत्री वांग यी के बाद, पाकिस्तान, इंडोनेशिया, क्यूबा व बेलारूस तक 30 से अधिक देशों के प्रतिनिधियों ने हांगकांग में अंतरराष्ट्रीय मध्यस्थता संगठन की स्थापना संधि पर हस्ताक्षर किए। ऐसा करके वे इस वैश्विक संगठन के संस्थापक सदस्य बन गए। 

ग्रीस में नई प्रवासन नीति, कठोर कार्रवाई होगी
दक्षिण पूर्वी यूरोप के देश ग्रीस की सरकार ने कहा है कि ऐसे शरणार्थियों को जेल भेजा जाएगा, जिनके शरण मांगने के आवेदन अस्वीकार हो जाएंगे। ऐसे लोगों को कम से कम दो साल कारावास की सजा हो सकती है। निर्वासन के बाद उनकी सजा कम हो जाएगी। इस साल की गर्मी में लागू होने वाली कठोर प्रवासन नीतियों के बारे में देश के प्रवास मंत्री माकिस वोरिडिस ने कहा, प्रवासियों के लिए सामूहिक वैधीकरण कार्यक्रम खत्म होने के बाद लागू होने वाली कठोर नीतियों के तहत निर्वासन का इंतजार कर रहे लोगों को जेल में डाला जाएगा। बता दें कि देश की रूढ़िवादी सरकार के एक कार्यक्रम के तहत ग्रीस में कम से कम तीन साल से अवैध रूप से रह रहे 40,000 प्रवासियों को वैध दस्तावेज तैयार करने के लिए मार्च, 2025 तक का समय मिला था। खबरों के मुताबिक यूरोपीय संघ के देशों में बड़ी संख्या में प्रवासी ग्रीस के रास्ते ही प्रवेश करते हैं।

जॉर्जिया में सत्ताधारी पार्टी के खिलाफ विरोध तेज, विपक्षी नेता नीका मेलिया गिरफ्ता
पूर्वी यूरोप के पास बसे देश जॉर्जिया में सत्तारूढ़ दल- जॉर्जियाई ड्रीम पार्टी (GDP) का विरोध बढ़ रहा है। अब अधिक विरोध का सामना कर रही सत्ताधारी पार्टी के खिलाफ एक और विपक्षी नेता को हिरासत में लिया गया है। इस देश के प्रो-वेस्टर्न कोलिशन फॉर चेंज के एक प्रमुख नेता नीका मेलिया पर कानून प्रवर्तन अधिकारी का मौखिक अपमान करने का आरोप लगा। कार्रवाई के संबंध में जॉर्जिया के गृह मंत्रालय के ने कहा, कथित अपमान के कारण मेलिया पर कार्रवाई की गई है। मेलिया के वकीलों ने बताया कि गुरुवार को पुलिस ने उनकी कार को रोका। इसके तुरंत बाद, सिविलियन कपड़ों में पहुंचे बड़ी संख्या में लोगों ने उन्हें घेर लिया। मेलिया दूसरे ऐसे नेता हैं, जिन्हें पकड़ा गया है। इससे पहले देश के उदारवादी दलों के गठबंधन के एक अन्य नेता ज़ुराब जापारिद्जे को एक हफ्ते पहले गिरफ्तार किया गया था। देश में लोकतांत्रिक मानकों की बहाली की मांग करने वाले ये नेता यूरोपीय संघ के एकीकरण का भी समर्थन करते हैं। जापारिद्जे गिरची - मोर फ्रीडम पार्टी के प्रमुख हैं। उन्हें संसदीय आयोग के समक्ष पेश होने से इनकार करने के बाद बीते 22 मई को हिरासत में लिया गया था। गौरतलब है कि जॉर्जिया में पूर्व राष्ट्रपति मिखाइल साकाशविली की सरकार के कार्यकाल में हुई कथित धांधली की जांच चल रही है। हालांकि, विपक्षी राजनेताओं ने जांच आयोग की सुनवाई में भाग लेने से इनकार कर दिया है। सरकार के खिलाफ बढ़ते असंतोष की एक झलक इससे भी मिली कि जॉर्जिया की राजधानी त्बिलिसी में प्रदर्शन करने सड़कों पर निकले लोगों ने नए सिरे से चुनाव कराने की मांग की है। इसके अलावा सरकार से असंतुष्ट लोगों को रिहा करने की मांग भी हो रही है। पिछले साल 26 अक्तूबर को कराए गए संसदीय चुनाव में जॉर्जियाई ड्रीम को जीत मिली। इसके बाद प्रधानमंत्री बने इराकली कोबाखिद्ज़े ने नवंबर में यूरोपीय संघ की एकीकरण प्रक्रिया को रोकने का निर्णय लिया, जिसके खिलाफ विरोध प्रदर्शन शुरू हो गए।

पाकिस्तान के पंजाब में बड़ा आतंकी हमला नाकाम, 34 आतंकी गिरफ्तार
पाकिस्तान के पंजाब प्रांत में कानून लागू करने वाली एजेंसियों ने एक बड़े आतंकी हमले की साजिश को नाकाम करते हुए 34 आतंकियों को गिरफ्तार किया है। यह जानकारी शनिवार को पाकिस्तान के काउंटर-टेररिज्म डिपार्टमेंट (CTD) ने एक बयान में दी। सीटीडी के अनुसार, गिरफ्तार किए गए अधिकतर आतंकी प्रतिबंधित संगठन तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (TTP) से जुड़े हैं। इनमें से तीन आतंकियों को "सबसे खतरनाक" श्रेणी में रखा गया है, जो पहले से पुलिस को वांछित थे।

सीटीडी ने बताया कि इस सप्ताह पंजाब के विभिन्न जिलों में कुल 415 इंटेलिजेंस-आधारित अभियान चलाए गए। गिरफ्तारियां लाहौर, रावलपिंडी, गुजरांवाला, झेलम, बहावलपुर, साहीवाल, नारोवाल, पाकपत्तन, बहावलनगर, बुखारा, कसूर और ननकाना साहिब जैसे कई शहरों से की गईं। गिरफ्तार आतंकियों के पास से 5,841 ग्राम विस्फोटक, 19 डेटोनेटर, 51 फीट फ्यूज वायर, हैंड ग्रेनेड और प्रतिबंधित साहित्य बरामद हुआ है।

जर्मनी में रिहायशी इमारत की छत पर गिरा छोटा विमान, दो लोगों की मौत
पश्चिमी जर्मनी में शनिवार को एक छोटा विमान एक रिहायशी इमारत की छत पर गिर गया। इस हादसे में दो लोगों की मौत हो गई। यह घटना कोर्शेनब्रॉयश नामक शहर में हुई, जो मोंशेनग्लाडबाख शहर के पास और डच सीमा के नजदीक स्थित है। विमान के छत से टकराते ही वहां आग लग गई। जर्मन समाचार एजेंसी डीपीए के अनुसार, पुलिस ने बताया कि मारे गए दो लोगों में से एक व्यक्ति संभवतः विमान का पायलट था। फिलहाल यह साफ नहीं है कि दूसरा व्यक्ति विमान में सवार था या जमीन पर मौजूद था। हादसे के कारणों की अभी कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है और जांच जारी है।

चीन ने नेपाल से अपने नए अंतरराष्ट्रीय मध्यस्थता संगठन में शामिल होने को कहा
चीन ने नेपाल से नए गठित अंतरराष्ट्रीय मध्यस्थता संगठन में शामिल होने को कहा है, क्योंकि बीजिंग चाहता है कि पाकिस्तान के अलावा दक्षिण एशियाई क्षेत्र के और भी देश अपने वैश्विक प्रभाव को बढ़ाने के लिए इस पहल में शामिल हों। अंतरराष्ट्रीय मध्यस्थता संगठन (आईओमेड) की शुरुआत शुक्रवार को हांगकांग में हुई। सरकारी समाचार एजेंसी शिन्हुआ ने बताया कि 33 देशों ने मौके पर ही इस सम्मेलन पर हस्ताक्षर किए, जिससे वे आईओमेड के संस्थापक सदस्य बन गए। हालांकि, पूर्ण सदस्य सूची अभी जारी नहीं की गई है।

पहल की शुरुआत करने वाले चीनी विदेश मंत्री वांग यी ने बीते शुक्रवार को हांगकांग में समारोह के दौरान अपने नेपाली समकक्ष आरजू राणा देउबा से मुलाकात की और उम्मीद जताई कि नेपाल जल्द ही आईओमेड में शामिल हो जाएगा। देउबा आईओमेड के उद्घाटन समारोह में शामिल हुए लेकिन जाहिर तौर पर नेपाल ने इसमें शामिल होने के लिए हस्ताक्षर नहीं किए हैं।
विज्ञापन

नेपाल को सौंपा भारतीयससहायता से निर्मित स्कूल भवन
भारत सरकार के अनुदान से निर्मित एक स्कूल भवन शनिवार को नेपाल के अछाम जिले के महेन्द्र माध्यमिक विद्यालय को सौंपा गया। भारतीय दूतावास के प्रथम सचिव सुमन शेखर ने अछाम के मुख्य जिला समन्वय समिति प्रमुख ललित बहादुर कुंवर और सानफेबगर नगरपालिका के मेयर राजेंद्र कुंवर के साथ मिलकर यह भवन स्कूल प्रबंधन को सौंपा।

नेपाल-भारत विकास सहयोग के तहत 3.24 करोड़ नेपाली रुपये (2 करोड़ भारतीय रुपये) की सहायता से निर्मित इस भवन में कक्षाएं, प्रयोगशाला, कंप्यूटर कक्ष, स्टाफ रूम, पुस्तकालय और शौचालय सुविधाएं हैं। 1960 में स्थापित इस विद्यालय में 400 छात्र पढ़ते हैं, जिनमें 60 प्रतिशत छात्राएं हैं। यह परियोजना भारत-नेपाल विकास साझेदारी की एक और कड़ी है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें