पश्चिमी नेपाल में मंगलवार को 4.3 तीव्रता का भूकंप दर्ज किया गया। हालांकि, भूकंप के कारण किसी नुकसान या हताहत की कोई रिपोर्ट नहीं मिली है। राष्ट्रीय भूकंप निगरानी और अनुसंधान केंद्र ने बताया कि 4.3 तीव्रता का यह भूकंप सुबह 6:33 बजे दर्ज किया गया। जिसका केंद्र काठमांडू से 450 किलोमीटर पश्चिम में अछाम जिले के बतुलासैन में स्थित था। इससे पहले, 8 मार्च को पश्चिमी नेपाल के बागलुंग जिले में 4.1 तीव्रता का भूकंप दर्ज किया गया था।
हंगरी में एलबीजीटीक्यू+ समुदाय के खिलाफ विधेयक पारित
हंगरी के सांसदों ने मंगलवार को एलबीजीटीक्यू+ समुदाय के खिलाफ पेश किए गए विधेयक को पारित कर दिया। इसके साथ ही बुडापेस्ट प्राइड कार्यक्रम पर प्रतिबंध लगा दिया गया। साथ ही अधिकारियों को चेहरे की पहचान करने वाले सॉफ्टवेयर का उपयोग करने की अनुमति दी गई। यह विधेयक 136-27 मतों से पारित हुआ। यह विधेयक हंगरी के विवादास्पद बाल संरक्षण कानून का उल्लंघन करने वाले कार्यक्रमों को आयोजित करने या उनमें भाग लेने को अपराध बनाता है। विधेयक पारित होने के बाद प्रतिबंधित कार्यक्रम में भाग लेने पर 2,00,000 हंगेरियन फ़ोरिंट (546 अमेरिकी डॉलर) तक का जुर्माना लगेगा। वहीं अधिकारी किसी प्रतिबंधित कार्यक्रम में भाग लेने वाले व्यक्तियों की पहचान करने के लिए चेहरे की पहचान करने वाले उपकरणों का उपयोग कर सकते हैं। हंगरी की संसद में जब मतदान हो रहा था, तो विपक्षी सांसदों ने सदन में धुआं बम जलाए, जिससे सदन रंग-बिरंगे धुएं के घने गुबार से भर गया। बुडापेस्ट प्राइड आयोजकों ने कहा कि इस कानून का उद्देश्य एलजीबीटीक्यू+ समुदाय को निशाना बनाना है, ताकि सरकार की आलोचना करने वालों का मुंह बंद कराया जा सके।
लंदन से पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री को बुलावा, ऑक्सफोर्ड जाने का कार्यक्रम
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी 27 मार्च को लंदन जाएंगी। ऑक्सफोर्ड विश्वविद्यालय के तहत ‘लंदन स्कूल ऑफ इकोनॉमिक्स’ (एलएसई) और ब्रिटेन की राजधानी में क्वीन मैरी विश्वविद्यालय के ‘माइल एंड इंस्टीट्यूट’ ने सीएम ममता को एक सत्र में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया है। केंद्र सरकार ने पिछले सप्ताह उनकी यात्रा को मंजूरी दी थी।
डोमिनिकन गणराज्य में लापता भारतवंशी छात्रा की तलाश तेज
बाल्कन देश डोमिनिकन गणराज्य में भारतीय मूल की अमेरिकी छात्रा के लापता होने का मामला सुर्खियों में है। अमेरिका के पिट्सबर्ग विश्वविद्यालय में पढ़ने वाली छात्रा सुदीक्षा कोनांकी (20) को आखिरी बार पुंटा काना शहर के रिउ रिपब्लिक रिसॉर्ट में देखा गया था। 12 दिन पहले रिसॉर्ट में दिखी छात्रा के लापता होने के मामले में जांच कर रहे अधिकारी इस बात की जांच कर रहे हैं कि कहीं वह डूब तो नहीं गई। तलाशी अभियान में तेजी आने के बाद सोमवार को (डोमिनिका टाइम) अधिकारियों ने रिजॉर्ट के आसपास पूछताछ की। अधिकारी सुदीक्षा को आखिरी बार देखने वाले व्यक्ति को लेकर उस समुद्र तट पर ले जाया गया जहां उसने छात्रा को आखिरी बार देखा था। खबरों के मुताबिक अमेरिका के मिनेसोटा राज्य के छात्र जोशुआ रीबे ने सुदीक्षा को आखिरी बार देखा था। रीबे ने पुलिस को बताया कि वह समुद्र तट पर कोनांकी के साथ शराब पी रहा था इसी दौरान समुद्र में तेज लहरें उठीं और दोनों पानी में चले गए। रीबे के मुताबिक वह एक लाइफगार्ड रह चुके हैं, वे दीक्षा को किनारे तक लाने में सफल रहे। समुद्र तट पर दीक्षा को उल्टी हुई। रीबे ने बताया कि थोड़ी देर बाद दीक्षा ने उनसे कहा कि वह अपना सामान लाने जा रही है, जब उसने रिसॉर्ट की तरफ नजर दौड़ाई तो दीक्षा का कहीं पता नहीं चला। बाद में गायब होने की खबरें सामने आने पर उसे काफी हैरानी हुई।
हैती में बढ़ती गैंग हिंसा के कारण डॉक्टरों को अस्पताल से निकालना पड़ा
डॉक्टर्स विदाउट बॉर्डर्स ने सोमवार को बताया कि हैती की राजधानी पोर्ट-ऑ-प्रिंस में गैंग हिंसा बढ़ने के कारण उनके कर्मचारियों को एक अस्पताल से निकालना पड़ा। इस दौरान उनके चार वाहनों पर गोलीबारी की गई। सहायता संगठन ने कहा कि इस घटना के कारण शनिवार को टर्गेउ आपातकालीन केंद्र में सेवाएं रोकनी पड़ीं। मामले में संगठन ने कहा कि इसके काफिले पर अधिकारियों के साथ समन्वय के बावजूद बार-बार और जानबूझकर गोलीबारी की गई।" हालांकि, मिशन प्रमुख बेनोइट वासेउर ने बताया कि इस घटना में कोई मौत नहीं हुई, लेकिन कर्मचारियों को मामूली चोटें आईं। उन्होंने कहा कि अब अस्पताल में संचालन जारी रखना संभव नहीं है, लेकिन जैसे ही स्थिति सामान्य होगी, हम अपनी सेवाएं फिर से शुरू करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
बता दें कि यह घटना चार महीने में दूसरी बार हुई है, जब संगठन को पोर्ट-ऑ-प्रिंस में अपनी स्वास्थ्य सुविधा बंद करनी पड़ी है। टर्गेउ इमरजेंसी सेंटर शहर में काम करने वाले कुछ ही अस्पतालों में से एक था, क्योंकि गिरोहों का नियंत्रण बढ़ने के कारण अस्पतालों को भी नुकसान हो रहा है। संयुक्त राष्ट्र के अनुसार, पिछले साल हैती में 5,600 से ज्यादा लोग मारे गए और हाल के वर्षों में गिरोहों की हिंसा के कारण लाखों लोग बेघर हो गए हैं।
ट्रम्प प्रशासन ने 200 से अधिक अप्रवासियों को अल साल्वाडोर भेजा
राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प की प्रेस सचिव, कैरोलिन लेविट ने सोमवार को एक समाचार सम्मेलन की मेज़बानी की। सप्ताहांत में ट्रंप प्रशासन ने 200 से अधिक अप्रवासियों को अल साल्वाडोर भेज दिया, जबकि एक संघीय न्यायाधीश ने इस पर अस्थायी रूप से रोक लगा दी।
बीते शनिवार रात, जिला न्यायाधीश जेम्स ई. बोसबर्ग ने प्रशासन को आदेश दिया कि वह नए लागू किए गए 'एलियन एनिमीज़ एक्ट' के तहत किसी को भी निर्वासित न करें। यह कानून 18वीं सदी का है, जिसे अमेरिकी इतिहास में केवल तीन बार, सभी युद्ध के दौरान इस्तेमाल किया गया है।
ट्रंप ने मिशेल बोमन को फेड के शक्तिशाली वित्तीय विनियामक पद के लिए किया नामित
राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोमवार को मिशेल बोमन को फेडरल रिजर्व के वित्तीय विनियामक प्रयासों की देखरेख करने के लिए नामित किया है। यह कदम बड़े बैंकों के लिए नियमों में ढील दे सकता है। बोमन को 2018 में फेड के गवर्निंग बोर्ड में सेवा देने के लिए नियुक्त किया गया था और अब वह फेड के पर्यवेक्षण के उपाध्यक्ष के रूप में कार्य करेंगी। यह पद माइकल बार के खाली होने के बाद आया है, जिनके बारे में खबरें थीं कि ट्रम्प उन्हें नौकरी से हटाने की धमकी दे सकते थे, जिसके कारण बार ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया था। हालांकि, बार फेड के सात सदस्यीय बोर्ड में बने रहे, जिससे ट्रम्प को इस पद के लिए किसी मौजूदा गवर्नर को चुनने के लिए मजबूर होना पड़ा।
सीरिया-लेबनान सीमा पर संघर्ष विराम
सीरिया और लेबनान की सीमा पर दो दिनों से जारी झड़पों के बाद, दोनों देशों के रक्षा अधिकारियों ने सोमवार देर रात संघर्ष विराम के लिए एक समझौता किया। सीरिया की सरकारी समाचार एजेंसी SANA ने यह जानकारी दी। सीरियाई रक्षा मंत्रालय ने बताया कि इस समझौते में दोनों देशों के बीच समन्वय और सहयोग को बढ़ाने पर जोर दिया गया है।
बता दें कि सीरिया और लेबनान के सैनिकों के बीच यह संघर्ष तब शुरू हुआ जब लेबनान के राष्ट्रपति ने सीमा पर हो रही गंभीर लड़ाई के बाद सीरियाई सीमा की ओर से गोलीबारी के स्रोत के खिलाफ सैनिकों को जवाबी कार्रवाई करने का आदेश दिया। इस झड़प में सात लेबनानी नागरिकों की मौत हो गई और 52 अन्य घायल हो गए, जिनमें एक 4 साल की बच्ची भी शामिल थी।
ट्रंप-पुतिन की दोस्ती पर तुलसी गबार्ड की बयानबाजी
अमेरिकी राष्ट्रीय खुफिया निदेशक, तुलसी गबार्ड ने हाल ही में एक साक्षात्कार में कहा कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन "बहुत अच्छे दोस्त" हैं। दोनों नेता संयुक्त राज्य अमेरिका और रूस के बीच रिश्तों को बेहतर बनाने के तरीकों पर ध्यान केंद्रित कर रहे हैं। गबार्ड ने यह भी कहा कि ट्रंप और पुतिन के रिश्ते बहुत पुराने हैं और ट्रंप इस बात के लिए प्रतिबद्ध हैं कि इन रिश्तों को "शांति, समृद्धि, स्वतंत्रता और सुरक्षा" पर आधारित किया जाए।
गबार्ड ने भारत के एक चैनल से इंटरव्यू में कहा कि ट्रंप और पुतिन दो बड़े देशों के नेता हैं जो अच्छे दोस्त हैं और यह ध्यान केंद्रित कर रहे हैं कि वे साझा उद्देश्यों और हितों को कैसे मजबूत कर सकते हैं। उनके इस बयान के कुछ अंश सोमवार को प्रसारित किए गए थे।
'अमेरिका, स्टैच्यू ऑफ लिबर्टी हमें लौटा दो', फ्रांसीसी नेता का अजीबोगरीब बयान
फ्रांस से एक अजीबोगरीब खबर सामने आ रही है। जहां एक फ्रांसीसी राजनेता ने अमेरिका से स्टैच्यू ऑफ लिबर्टी (स्वतंत्रता की प्रतिमा) को वापस करने की मांग की है। यह मांग यूरोपीय संसद के सदस्य और एक छोटे वामपंथी पार्टी के सह-अध्यक्ष यह मांग राफेल ग्लक्समैन ने की हैं। ग्लक्समैन ने यह सुझाव दिया कि अमेरिका अब उस प्रतिष्ठित स्मारक के लायक नहीं है, जिसे करीब 140 साल पहले फ्रांस ने उपहार के रूप में दिया था।
ग्लक्समैन ने अपने समर्थकों से कहा कि हमें स्टैच्यू ऑफ लिबर्टी वापस दे दो, यह हमारी ओर से आपको दिया गया उपहार था। लेकिन अब लगता है कि आप उससे घृणा करते हैं, इसलिए इसे अब फ्रांस में रखना बेहतर होगा। यह बयान उस वक्त दिया गया जब उन्होंने यह टिप्पणी की कि कुछ अमेरिकियों ने अत्याचारियों के पक्ष में जाने का विकल्प चुना है," जो ट्रंप की विदेश और घरेलू नीतियों से जुड़े भयंकर बदलावों को लेकर फ्रांस और यूरोप के अन्य हिस्सों में गहरी चिंताओं का संकेत है।
इस्राइली हवाई हमलों में सीरिया के डेरा प्रांत में तबाही
इस्राइली हवाई हमलों में सीरिया के डेरा प्रांत में दो लोग मारे गए और 19 अन्य घायल हो गए। अल जजीरा ने सीरिया की एक समाचार एजेंसी के हवाले से यह जानकारी दी। इस्राइली सेना ने इन हमलों की पुष्टि करते हुए बताया कि इसने सीरियाई राष्ट्रपति बशर अल-असद की सेनाओं से संबंधित सैन्य ठिकानों और हथियारों को निशाना बनाया। मामले में इस्राइली सेना के बयान के अनुसार, "सैन्य ठिकानों" में कमांड सेंटर और सैन्य वाहन शामिल थे, जिन्हें "इस्राइल राज्य के लिए खतरा" माना गया था। इस्राइल सेना ने यह भी कहा कि वह दक्षिणी सीरिया में सैन्य खतरों को अनुमति नहीं देगी और इसके खिलाफ कार्रवाई करेगी। यह पहली बार नहीं है जब इस्राइल ने डेरा प्रांत को निशाना बनाया है, इससे पहले भी इस इलाके में ऐसे हमले हो चुके हैं।
हिजबुल्ला नेता के समर्थक डॉक्टर को अमेरिकी वीजा के साथ लेबनान भेजा गया
अमेरिका में होमलैंड सुरक्षा अधिकारियों ने एक डॉक्टर को अमेरिकी वीजा धारक होने के बावजूद लेबनान निर्वासित कर दिया। डॉक्टर ने उसने हिजबुल्लाह नेता के अंतिम संस्कार में शामिल होने और उसका समर्थन करने की बात “खुले तौर पर स्वीकार” की है। 34 वर्षीय डॉ. रशा अलावीह के निर्वासन पर एक सोशल मीडिया पोस्ट में अमेरिका के होमलैंड सुरक्षा विभाग ने कहा, वीजा एक विशेषाधिकार है न कि अधिकार। अमेरिकियों को मारने वाले आतंकवादियों का महिमामंडन करना और उनका समर्थन करने जैसी गतिविधि वीज़ा जारी करने से इनकार करने का पर्याप्त आधार है। न्याय विभाग ने भी अदालत में दायर दस्तावेजों में अलावीह को निर्वासित करने के कारणों का विवरण दिया है। हालांकि, इसे सील रखा गया है।
साइप्रस में नाव डूबी, सात शव बरामद
साइप्रस में सोमवार को सरकारी टेलीविजन ने बताया कि द्वीप के दक्षिणी तट पर एक नाव के डूबने से सात शव बरामद किए गए हैं और दो लोगों को बचाया गया है। संयुक्त बचाव समन्वय केंद्र के अधिकारियों के अनुसार, बचाव अभियान जारी है, जिसमें सैन्य हेलीकॉप्टर, बचाव पोत और ड्रोन शामिल हैं। हालांकि, ऑपरेशन के शुरुआती चरण के कारण हताहतों की संख्या पर आधिकारिक टिप्पणी नहीं की जा सकी। एजेंसी ने बताया कि वे अब भी लापता लोगों की तलाश कर रहे हैं। यूरोपीय संघ की सीमा सुरक्षा एजेंसी फ्रोंटेक्स ने कहा कि पिछले साल पूर्वी भूमध्य सागर में यूरोपीय संघ में अनियमित सीमा पार करने के मामले बढ़े हैं।
इमरान खान की पार्टी ने किया राष्ट्रीय सुरक्षा बैठक का बहिष्कार
पूर्व पीएम इमरान खान की पार्टी पाकिस्तान तहरीक ए इंसाफ ने देश की सुरक्षा स्थिति के लिए हो रही राष्ट्रीय सुरक्षा बैठक का बहिष्कार किया। नेशनल असंबेली के अध्यक्ष अयाज सादिक ने बलूच लड़ाकों के हमलों के बाद बैठक बुलाई थी। बैठक में पाकिस्तान के पीएम, प्रमुख मंत्रियों और सेना प्रमुख जनरल असीम मुनीर ने भाग लिया। सेना के अफसरों ने वर्तमान सुरक्षा स्थिति की जानकारी दी। पीटीआई ने कहा कि हमने पहले पूर्व पीएम से बैठक की मांग की थी। मगर सरकार ने मांग स्वीकार नहीं की थी।
अदाणी ग्रीन एनर्जी परियोजनाओं के खिलाफ दायर याचिकाएं वापस
श्रीलंका के पूर्वोत्तर क्षेत्र में अदाणी ग्रीन एनर्जी परियोजनाओं के खिलाफ दायर पांच मौलिक अधिकार याचिकाओं को याचिकाकर्ताओं ने वापस ले लिया। अटॉर्नी जनरल द्वारा अदाणी ग्रीन एनर्जी द्वारा बोर्ड ऑफ इन्वेस्टमेंट को अपनी पवन ऊर्जा परियोजनाओं को रद्द करने के निर्णय के बारे में अधिसूचना दिए जाने के बाद दायर किए गए प्रस्ताव के बाद हुई है। पिछले महीने भारतीय समूह ने मन्नार और पूनरी में अक्षय पवन ऊर्जा परियोजना में आगे की भागीदारी से अपनी वापसी की घोषणा की थी। पिछली कैबिनेट द्वारा परियोजना को मंजूरी दिए जाने के बाद 2024 में मौलिक अधिकारों के लिए याचिकाएं दायर की गईं। याचिकाओं में परियोजना के पर्यावरणीय खतरों और पारदर्शिता की कमी की ओर इशारा किया गया।
माली में सेना के हवाई हमले में 18 आतंकियों की मौत
उत्तरी माली में सेना ने सशस्त्र आतंकवादियों को निशाना बनाकर हवाई हमला किया, जिसमें 18 आतंकियों की मौत हो गई। 'कलेक्टिव फॉर द डिफेंस ऑफ द राइट्स ऑफ द अजावद पीपल' मनवाधिकार समूह ने कहा कि माली की सेना ने टिम्बकटू क्षेत्र में लर्नेब से 50 किलोमीटर उत्तर में एक बाजार पर बमबारी की, जिसमें कई मासूम लोगों की मौत हुई। समूह ने सेना पर मानवाधिकार उल्लंघन का आरोप लगाया। दूसरी तरफ, माली की सेना ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि उसने अलगाववादी समूह के उस क्षेत्र में हवाई हमले किए जहां, आतंकियों ने शरण ले रखी थी, हमले में 11 आतंकवादी मारे गए हैं। बता दें कि माली अपने पड़ोसी बुर्किना फासो और नाइजर के साथ एक दशक से भी ज्यादा समय से सशस्त्र विद्रोही समूहों से से जूझ रहा है। , इसमें अल-कायदा और इस्लामिक स्टेट से जुड़े कुछ समूह भी शामिल हैं।