ब्राजील के दक्षिण पूर्व में विश्वविद्यालय के छात्रों को ले जा रही एक बस और ट्रक की राजमार्ग पर भिड़ंत हो गई। इस हादसे में 12 यात्रियों की मौत हो गई और 21 घायल हो गए हैं। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
हादसा देश की राजधानी से करीब 370 किलोमीटर दूर नुपोरंगा शहर के पास गुरुवार देर रात हुआ। हादसे के बाद घायल ट्रक चालक ने घटनास्थल से भागने की कोशिश की, लेकिन उसे पकड़ लिया गया और अस्पताल में भर्ती कराया गया। बाद में उस पर घटनास्थल से भागने का प्रयास करने, अनिच्छा से हत्या और शारीरिक क्षति पहुंचाने का आरोप लगाया गया। अधिकारियों ने बताया कि सभी मृतक फ्रेंका विश्वविद्यालय के छात्र थे। घायलों को क्षेत्र के अस्पतालों में ले जाया गया।
इडाहो में हेलीकॉप्टर हादसे में एक की मौत
इडाहो फॉल्स के अधिकारियों ने बताया कि गुरुवार को दक्षिण-पूर्व इडाहो में एक बर्फीले जलाशय पर हेलीकॉप्टर के दुर्घटनाग्रस्त होने से एक व्यक्ति की मौत हो गई और एक अन्य घायल हो गया। बोनविले काउंटी शेरिफ कार्यालय ने एक बयान में कहा कि देर दोपहर में कई एजेंसियों ने इडाहो फॉल्स के पूर्व में रिरी जलाशय पर बचाव के लिए पहुंची। इस दौरान स्नोमोबाइल का उपयोग करके घटनास्थल पर पहुंचे और हेलीकॉप्टर के अंदर दो लोगों को पाया गया। जिसमें एक की मौत हो गई थी, और दूसरे को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया और उसके बचने की उम्मीद है। मामले में शेरिफ कार्यालय ने कहा कि डिप्टी ने क्षेत्र को सुरक्षित कर लिया और संघीय विमानन संघ और राष्ट्रीय परिवहन सुरक्षा बोर्ड को सूचित किया है। शेरिफ कार्यालय के अनुसार डिप्टी ने क्षेत्र में एक गिरी हुई बिजली की लाइन का पता लगाया। फिलहाल दुर्घटना के कारण की जांच की जा रही है।
ट्रंप के टैरिफ पर ब्राजीली राष्ट्रपति ने की चेतावनी
ब्राजील के राष्ट्रपति लुइज इनासियो लूला दा सिल्वा ने बृहस्पतिवार को कहा कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की ओर से लगाए गए टैरिफ से मुद्रास्फीति बढ़ सकती है। उन्होंने ट्रंप की व्यापार नीतियों की आलोचना करते हुए इसे गलत कदम बताया। लूला ने एक रेडियो साक्षात्कार में कहा, अगर ट्रंप लातिन अमेरिका की सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था (ब्राजील) पर टैरिफ लगाते हैं, तो इसका जवाब दिया जाएगा। उन्होंने कहा, इससे पूरी दुनिया में मुद्रास्फीति बढ़ सकती है। गौरतलब है कि लूला एक वामपंथी नेता हैं। उन्होंने ट्रंप की व्यापार नीतियों को वैश्विक अर्थव्यवस्था के लिए खतरनाक बताया। उन्होंने कहा कि टैरिफ और व्यापार प्रतिबंधों से न केवल ब्राजील बल्कि पूरी दुनिया की अर्थव्यवस्था प्रभावित हो सकती है। ट्रंप के फैसले से ब्राजील और अमेरिका के बीच व्यापार संबंधों में तनाव बढ़ने की आशंका है। लूला ने कहा कि अगर ट्रंप ब्राजील पर टैरिफ लगाते हैं, तो ब्राजील भी इसी तरह के कदम उठाएगा। उन्होंने कहा, हमें व्यापार युद्ध से बचना चाहिए, क्योंकि इससे किसी का भला नहीं होगा। वैश्विक स्तर पर मुद्रास्फीति को नियंत्रित करने के लिए सभी देशों को मिलकर काम करना चाहिए।
अजरबैजान ने बीबीसी न्यूज के संचालन पर लगाई रोक
अजरबैजान ने बृहस्पतिवार को अपने देश में बीबीसी न्यूज के संचालन पर रोक लगा दी। अजरबैजान के विदेश मंत्रालय ने एक आदेश में कहा कि वह देश में सिर्फ एक पत्रकार को ही काम करने की अनुमति देगा। विदेश मंत्रालय ने इस निर्णय का कोई स्पष्टीकरण नहीं दिया। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने कहा कि बाकू हमेशा विदेशी देशों के मीडिया के साथ अपने संबंधों और निर्णयों में पारस्परिकता के सिद्धांत का पालन करता है। हाल के वर्षों में अजरबैजान में प्रेस स्वतंत्रता के हालात खराब हुएं हैं। रिपोर्टर्स विदाउट बॉर्डर्स के अनुसार, वहां कम से कम 21 मीडिया पेशेवर वर्तमान में जेल में हैं। हालांकि, राष्ट्रपति इल्हाम अलीयेव ने पत्रकारों की गिरफ्तारी पर आलोचना को खारिज करते हुए कहा है कि अजरबैजान में एक स्वतंत्र प्रेस और स्वतंत्र इंटरनेट है। गौरतलब है कि बीबीसी की अजरबैजानी सेवा 1994 से संचालित हो रही है। प्रति सप्ताह औसतन 10 लाख लोगों तक इसक पहुंच है। यह निर्णय अजरबैजान में मीडिया स्वतंत्रता पर चल रही बहस को और बढ़ा सकता है।
भारत में टेस्ला फैक्टरी नहीं लगने देना चाहते हैं ट्रंप
राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि अगर एलन मस्क की टेस्ला कंपनी भारत के शुल्क से बचने के लिए वहां फैक्टरी का निर्माण करती है, तो यह अमेरिका के प्रति अन्याय होगा। ट्रंप की यह टिप्पणी टैरिफ (आयात शुल्क) में बड़ी वृद्धि करने के उनके बयानों के बीच आई है। ट्रंप ने कहा, मस्क के लिए भारत में कार बेचना ‘असंभव’ है। वह बोले, दुनिया का हर देश हमारा फायदा उठाता है और वे शुल्क लगाकर ऐसा करते हैं। मसलन, भारत में व्यावहारिक रूप से कार बेच पाना असंभव है। अमेरिका के राष्ट्रपति के आधिकारिक आवास एवं कार्यालय ‘व्हाइट हाउस’ में 13 फरवरी को पीएम नरेंद्र मोदी की ट्रंप के साथ द्विपक्षीय बैठक से कुछ घंटे पहले अमेरिकी राष्ट्रपति ने जवाबी शुल्क लगाने की घोषणा की। ट्रंप ने इसी संदर्भ में अपने साक्षात्कार के दौरान कहा, अगर वह (मस्क) भारत में फैक्टरी बनाते हैं तो ठीक है, लेकिन यह हमारे साथ अन्याय होगा।
सिंगापुर में नए कानून के तहत भारतवंशी का मृत्युदंड रोका
सिंगापुर में भारतीय मूल के मलयेशियाई पन्नीर सेल्वम प्रंथमन की मौत की सजा के अमल पर एक नए कानून के तहत रोक लगा दी गई है। यह कानून स्पष्ट करता है कि अपील के सभी रास्ते खत्म हो जाने के बाद मृत्युदंड कब दिया जा सकता है। पन्नीर सेल्वम को 2017 में सिंगापुर में 51.84 ग्राम हेरोइन की तस्करी का दोषी ठहराते हुए मृत्युदंड दिया गया जिस पर बृहस्पतिवार को अमल होना था।
नए अधिनियम का उद्देश्य कोर्ट प्रक्रियाओं के दुरुपयोग को रोकना है। इसी आधार पर अपीलीय कोर्ट के जज वू बिह ली ने सजा पर स्थगन आदेश दिया, ताकि उसकी अर्जी सुनी जा सके। नया कानून न्याय प्रशासन की सुरक्षा करता है।
जन्मजात नागरिकता कम करने संबंधी ट्रंप के आदेश खारिज
एक अमेरिकी अपील कोर्ट ने राष्ट्रपति ट्रंप को अवैध आव्रजन पर सख्त कार्रवाई के तहत स्वत: जन्मजात नागरिकता कम करने से रोकने वाले आदेश को जारी रखने के हालिया फैसले को रोक दिया है। यह पहली बार है जब किसी अपीलीय कोर्ट ने जन्मजात नागरिकता पर ट्रंप के कार्यकारी आदेश पर विचार किया हो। इसका फैसला अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट कर सकता है। मैरीलैंड, मैसाचुसेट्स व न्यू हैम्पशायर के जजों ने भी इसे रोक दिया है, और उनमें से दो मामलों में अपील पहले से ही चल रही है। ट्रंप ने एजेंसियों को निर्देश दिया कि वे अमेरिका में पैदा हुए उन बच्चों की नागरिकता को मान्यता व दें, जिनकी मां या पिता अमेरिकी नागरिक अथवा वैध स्थायी निवासी नहीं हैं।
इस्राइल में शुरू हुआ भारतीय फिल्म महोत्सव
भारत को वैश्विक फिल्म निर्माण केंद्र बनाने के सरकारी प्रयासों और ‘वेव्स 2025’ की तैयारी के बीच इस्राइल में भारतीय फिल्म महोत्सव की शुरुआत हुई। फिल्म निर्माता किरण राव की फीचर फिल्म ‘लापता लेडीज’ की स्क्रीनिंग के साथ शुरू हुए इस महोत्सव में ‘दंगल’, ‘जिंदगी ना मिलेगी दोबारा’, ‘मिमी’, ‘इंग्लिश विंग्लिश’ और ‘777 चार्ली’ जैसी पांच अन्य फिल्मों को भी दिखाया जाएगा। महोत्सव आठ मार्च को समाप्त होगा।
अस्पताल मे भर्ती पोप से मिलीं इटली की प्रधानमंत्री मेलनी
निमोनिया से पीडि़त पोप फ्रांसिस (88) के स्वास्थ्य की जानकारी लेने इटली की पीएम जियोर्जिया मेलनी अस्पताल पहुंचीं। मेलनी ने कहा, पोप बातचीत कर रहे हैं और ‘ब्रोंकाइटिस’ संक्रमण के कारण पिछले छह दिन से अस्वस्थ हैं। उन्होंने कहा, वह और पूरा देश पोप के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना कर रहा है। अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने भी पोप के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। वेंस ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा, आइए, हम सभी पोप फ्रांसिस के लिए प्रार्थना करें।
श्रीलंका में यात्री ट्रेन से टकराने के बाद छह हाथियों की मौत
श्रीलंका में एक वन्यजीव अभयारण्य के पास एक यात्री ट्रेन के झुंड से टकराने से कम से कम छह हाथियों की मौत हो गई। जानकारी के मुताबिक, राजधानी कोलंबो से लगभग 200 किलोमीटर (124 मील) दूर मिननेरिया के पास हुई टक्कर में चार हाथियों के बच्चे और दो वयस्कों की मौत हो गई। सरकार के वन्यजीव विभाग के प्रवक्ता हसिनी सरथचंद्र ने कहा कि यह क्षेत्र अपने प्राकृतिक पार्क और वन्यजीवों के लिए प्रसिद्ध है।
स्थानीय टेलीविजन चैनलों ने दिखाया कि टक्कर के बाद ट्रेन का इंजन और कई डिब्बे पटरी से उतर गए। एक रेलवे अधिकारी ने कहा कि कोई यात्री घायल नहीं हुआ, जिन्होंने नाम बताने से इनकार कर दिया क्योंकि उन्हें मीडिया से बात करने की अनुमति नहीं थी। सरथचंद्र ने कहा कि वन्यजीव विभाग ने घटना की जांच शुरू कर दी है। मिननेरिया राष्ट्रीय उद्यान में हर साल हजारों पर्यटक हाथियों को उनके जंगली आवासों में देखने की उम्मीद में आते हैं। यह "हाथी गलियारे" का हिस्सा है जो कौदुल्ला और वासगामुवा राष्ट्रीय उद्यानों को जोड़ता है।
हाथियों से जुड़ी ट्रेन की टक्कर श्रीलंका में हाल के वर्षों में बढ़ी है, जंगली हाथी भोजन और पानी की तलाश में रेलवे ट्रैक पार करने का प्रयास करते हैं। वे अपने प्राकृतिक आवास के नुकसान और गिरावट के कारण तेजी से असुरक्षित होते जा रहे हैं और कई भोजन की तलाश में मानव बस्तियों के करीब जाते हैं। कुछ को शिकारियों या अपनी फसलों को नुकसान पहुँचाने से नाराज़ किसानों द्वारा मार दिया जाता है।
बाल्टिक सागर में केबल टूटने की घटना की जांच कर रहे स्वीडन के अधिकारी
स्वीडन के अधिकारियों ने बाल्टिक सागर में एक क्षतिग्रस्त केबल का पता चलने के बाद इसकी जांच शुरू कर दी है। स्वीडिश समाचार एजेंसी टीटी की रिपोर्ट के मुताबिक, यह केबल टूटने की घटना हाल ही में समुद्र के नीचे के केबलों के टूटने की घटनाओं की एक कड़ी का हिस्सा है, जिसने क्षेत्र में रूस की ओर से जासूसी की आशंका को बढ़ा दिया है।
पाकिस्तान: सेना ने मार गिराए छह आतंकवादी
पाकिस्तान के सुरक्षा बलों ने शुक्रवार को एक अभियान में खैबर पख्तूनख्वा के करक जिले में छह आतंकवादी मार गिराए। यह अभियान खुफिया जानकारी के आधार पर चलाया गया। अभियान के दौरान सैनिकों और आतंकवादियों के बीच मुठभेड़ हुई। सेना ने यह जानकारी दी।
हालांकि, सेना ने यह नहीं बताया कि मारे गए आतंकवादी किस संगठन से थे। लेकिन सेना इस तरह की कार्रवाई तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (टीटीपी) के खिलाफ करती रही है। टीटीपी अफगान तालिबान का सहयोगी संगठन है और 2021 में अफगानिस्तान में अफगान तालिबान के सत्ता में आने के बाद से पाकिस्तान में हमले बढ़े हैं।
इसके अलावा, सेना प्रांत के कुर्रम जिले में भी एक अभियान चला रही है, जहां हाल में आतंकवादियों ने शिया समुदाय और सुरक्षा बलों को निशाना बनाया है। इस हफ्ते सेना ने 48 संदिग्धों को गिरफ्तार किया है, जो कथित तौर पर हाल ही में सेना के काफिले पर हमलों में शामिल थे।
पुतिन के सामने कमजोर न पड़ना अमेरिकियों और यूरोपीय लोगों के हित में: मैक्रों
फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने कहा कि वह डोनाल्ड ट्रंप को बताना चाहते हैं कि यूक्रेन में लगभग तीन साल से जारी युद्ध को समाप्त करने के लिए अमेरिका के नेतृत्व वाली वार्ता के बीच रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के सामने कमजोर नहीं पड़ना ही अमेरिकियों और यूरोपीय लोगों के संयुक्त हित में है। व्हाइट हाउस के अनुसार, मैक्रों सोमवार को ट्रंप से मुलाकात करने के लिए वाशिंगटन पहुंचेंगे। गुरुवार को सोशल मीडिया पर एक घंटे के अपने सवाल-जवाब सत्र में मैक्रों ने कहा कि वह ट्रंप से कहेंगे, ‘आप राष्ट्रपति पुतिन के सामने कमजोर नहीं पड़ सकते। यह आप नहीं हैं, यह आपका गुण नहीं है, यह आपके हित में नहीं है। अगर आप पुतिन के सामने कमजोर हैं तो आप चीन के सामने कैसे मजबूत हो सकते हैं?’ पुतिन के रुख का समर्थन करने वाले ट्रंप के हालिया बयानों और मॉस्को के साथ सीधी बातचीत करने की उनकी योजना ने यूरोपीय सहयोगियों तथा यूक्रेनी अधिकारियों को चिंतित कर दिया है।
भारत ने अर्दोआन की कश्मीर टिप्पणी पर कड़ा विरोध दर्ज किया
विदेश मंत्रालय ने कश्मीर को लेकर तुर्किये के राष्ट्रपति रेचप तैयब अर्दोआन की टिप्पणी को लेकर नाराजगी जताई है और इसे लेकर भारत में तुर्किए के राजदूत के सामने कड़ा विरोध दर्ज कराया है। अर्दोआन ने पिछले सप्ताह इस्लामाबाद यात्रा के दौरान कश्मीर मुद्दे पर पाकिस्तान का समर्थन करते हुए कहा था कि इस मामले में संयुक्त राष्ट्र में चर्चा होनी चाहिए।
इस बारे में विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा, हम भारत के अंदरूनी मामले में इस तरह के आपत्तिजनक बयानों को खारिज करते हैं। हमने तुर्किये के राजदूत के सामने कड़ा विरोध दर्ज कराया है। भारत की क्षेत्रीय अखंडता और संप्रभुता के बारे में इस तरह की बयानबाजी अस्वीकार्य है। जम्मू-कश्मीर भारत का अभिन्न हिस्सा है। बेहतर होगा कि पाकिस्तान भारत के खिलाफ सीमा पार आतंकवाद की जो नीति चला रहा उसकी आलोचना की जाए।
पनामा-कोस्टा रिका में प्रवासियों की पहचान सुनिश्चित कर रहे हैं
अमेरिका से निर्वासित अवैध प्रवासी भारतीयों के पनामा और कोस्टा रिका भेजे जाने के बारे में जायसवाल ने कहा, भारत सरकार को इन दोनों गंतव्यों को भेजी जा रही उड़ानों की जानकारी है। हम इस बात की जांच कर रहे हैं कि यहां भेजे जा रहे प्रवासियों में भारतीय भी शामिल हैं या नहीं। एक बार इसका परीक्षण हो जाएग तो उनके लिए जरूरी व्यवस्थाएं की जाएंगी। अमेरिका से हुए समझौते के तहत पनामा और कोस्टा रिका अमेरिका और निवासित किए गए लोगों के देशों के बीच पुल का काम करेंगे। निर्वासित किए गए लोग इन देशों में रखे जाएंगे और पूरी प्रक्रिया का खर्च अमेरिका उठाएगा। ये दोनों देश निर्वासितों के मूल देशों से संपर्क कर उन्हें वापस भिजवाने का इंतजाम करेंगे।