पाकिस्तानी-कनाडाई नागरिक को अमेरिकी निर्यात नियंत्रण कानूनों को दरकिनार करने और पाकिस्तान के सैन्य और हथियार कार्यक्रमों से जुड़ी संस्थाओं को लाखों डॉलर की अमेरिकी प्रौद्योगिकी की तस्करी करने की वर्षों पुरानी योजना चलाने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। मोहम्मद जावेद अज़ीज़ (67) को 21 मार्च को वाशिंगटन के पश्चिमी जिले में कनाडा से संयुक्त राज्य अमेरिका में प्रवेश करने की कोशिश करते समय गिरफ़्तार किया गया था। उन्हें मिनेसोटा जिले में स्थानांतरित किए जाने तक हिरासत में रखा गया है। अजीज पर अंतरराष्ट्रीय आपातकालीन आर्थिक शक्तियां अधिनियम (आईईईपीए) और निर्यात नियंत्रण सुधार अधिनियम का उल्लंघन करने की साजिश रचने का आरोप लगाया गया है, जिसके लिए अधिकतम पांच साल की जेल की सजा का प्रावधान है; और निर्यात नियंत्रण सुधार अधिनियम का उल्लंघन करने का आरोप लगाया गया है, जिसके लिए अधिकतम 20 साल की जेल की सजा का प्रावधान है। उसने 2003 से लेकर लगभग मार्च 2019 तक अपनी कनाडा स्थित कंपनी डाइवर्सिफाइड टेक्नोलॉजी सर्विसेज़ के माध्यम से एक अवैध खरीद नेटवर्क संचालित किया। नेटवर्क का उद्देश्य पाकिस्तान में प्रतिबंधित संस्थाओं की ओर से अमेरिकी मूल के सामान प्राप्त करना था जो दक्षिण एशियाई देश के परमाणु, मिसाइल और मानव रहित हवाई वाहन (यूएवी) कार्यक्रमों से जुड़े थे।
मस्क ने दो मतदाताओं को दिए एक मिलियन डॉलर के चेक
अमेरिका के विस्कॉन्सिन में होने वाले सुप्रीम कोर्ट चुनाव में टेक दिग्गज एलन मस्क खूब दखल दे रहे हैं। अपने खेमे न्यायाधीशों को जिताने के लिए मस्क पर आरोप लगे हैं। डेमोक्रेट नेता ने आरोप लगाया कि मस्क ने चुनाव से पहले दो मतदाताओं को एक मिलियन डॉलर के चेक सौंपे। साथ ही उनको अपने राजनीतिक समूह के प्रवक्ता घोषित किया। इसे लेकर दायर याचिका पर सुप्रीम कोर्ट ने खारिज कर दिया। हालांकि अरबपति ने इसे राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के एजेंडे और सभ्यता के भविष्य के लिए महत्वपूर्ण बताया। मस्क ने न्यायिक दौड़ को देश के लिए महत्वपूर्ण बताया। मस्क ने कहा कि सदन में बहुमत अब बहुत कम रह गया है। एक अदालत ने राज्य के डेमोक्रेटिक अटॉर्नी जनरल द्वारा मस्क को दो मतदाताओं को चेक सौंपने से रोकने के आखिरी मिनट के प्रयास को सुनने से इनकार कर दिया। दो निचली अदालतों ने डेमोक्रेट जोश कौल की कानूनी चुनौती को पहले ही खारिज कर दिया था। इसमें कहा गया था कि मस्क का प्रस्ताव राज्य के कानून का उल्लंघन करता है। वहीं राज्य के सुप्रीम कोर्ट ने मामले को मूल कार्रवाई के रूप में लेने से इनकार कर दिया। अदालत ने अपने फैसले के लिए कोई तर्क नहीं दिया। मस्क के वकीलों ने भी अदालती दस्तावेजों में तर्क दिया कि भुगतान का उद्देश्य कार्यकर्ता न्यायाधीशों के विरोध में जमीनी स्तर पर आंदोलन उत्पन्न करना है, न कि किसी उम्मीदवार के पक्ष में या उसके खिलाफ स्पष्ट रूप से वकालत करना।
ग्रीस में आज से शुरू होगा इनिओचोस-25 युद्धाभ्यास
भारतीय वायुसेना (आईएएफ) हेलेनिक वायुसेना के प्रतिष्ठित बहुराष्ट्रीय युद्ध अभ्यास इनिओचोस-25 में भाग लेगी। यह अभ्यास 31 मार्च से 11 अप्रैल तक ग्रीस के एंड्राविडा एयर बेस पर आयोजित होगा। रक्षा मंत्रालय के अनुसार, वायुसेना के दल में एययू-30 एमकेआई, आईएल-78 और सी-17 लड़ाकू विमान शामिल होंगे। इनिओचोस हेलेनिक वायुसेना की ओर से आयोजित द्विवार्षिक बहुराष्ट्रीय हवाई अभ्यास है। इस अभ्यास में करीब 15 देश की वायुसेना भाग लेगी। एजेंसी
खार्किव पर रूस ने दागे 111 ड्रोन, दो की मौत
यूक्रेन के दूसरे सबसे बड़े शहर खार्किव पर रूसी हमले में दो लोगों की मौत हो गई और 12 से ज्यादा लोग घायल हो गए। हताहतों में वे सदस्य भी शामिल हैं, जिनका इलाज चल रहा था। क्षेत्रीय गवर्नर ओलेह सिनीहुबोव ने कहा कि मारे गए लोगों में एक 67 वर्षीय पुरुष और एक 70 वर्षीय महिला शामिल हैं। यूक्रेन की वायु सेना ने बताया कि रूस ने शनिवार देर रात से हमला करना शुरू किया था। इस दौरान उसने सैन्य अस्पताल, शॉपिंग सेंटर और अपार्टमेंट ब्लॉक को लक्ष्य बनाकर 111 विस्फोटक ड्रोन दागे। हालांकि यूक्रेन ने इनमें से 65 को मार गिराया था। यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोडिमिर जेलेंस्की ने रविवार को सोशल मीडिया पर लिखा, पिछले सप्ताह यूक्रेन के अधिकांश क्षेत्र रूस के निशाने पर थे। 1,310 रूसी ड्रोन विस्फोटक और विभिन्न प्रकार की मिसाइलें यूक्रेन पर दागी गईं थीं। मिसाइलों में बैलिस्टिक भी शामिल हैं।
स्टोर में लूटपाट मामले में भारतीय समेत नौ गिरफ्तार
राजशाही समर्थक प्रदर्शन के दौरान एक डिपार्टमेंटल स्टोर में लूटपाट में शामिल होने के आरोप में एक भारतीय सहित कम से कम नौ लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने बताया कि बिहार के पटना निवासी रवि रंजन कुमार शुक्रवार के विरोध प्रदर्शन व तोड़फोड़ के दौरान भटभटेनी डिपार्टमेंटल स्टोर में लूटपाट में शामिल था। गिरफ्तार किए गए लोगों ने स्टोर से व्हिस्की की बोतलें, फल, बीयर व मेकअप का सामान लूट लिया था। काठमांडो घाटी अपराध जांच कार्यालय की तरफ से जारी एक बयान में कहा गया है कि पुलिस ने गिरफ्तार किए गए लोगों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
सीरिया में कार्यवाहक सरकार का गठन, कोई नहीं होगा प्रधानमंत्री
पूर्व राष्ट्रपति बशर अल असद के तख्तापलट के चार महीने बाद सीरिया में कार्यवाहक सरकार का गठन किया गया है। अंतरिम राष्ट्रपति अल जुलानी ने 23 मंत्रियों को सरकार में नियुक्त किया। सरकार में कोई प्रधानमंत्री नहीं होगा। इसकी जगह महासचिव को नियुक्त किया जाएगा।
खुफिया विभाग प्रमुख अनस खत्ताब को अंतरिम गृहमंत्री बनाया गया है। कई नए चेहरों को मौका दिया गया है। कार्यवाहक सरकार अगले पांच वर्षों तक सत्ता में रहेगी। इस दौरान एक स्थायी संविधान को अपनाया जाएगा और चुनाव कराए जाएंगे। शनिवार देर रात जिन नए मंत्रियों के नाम घोषित किए गए, उनमें हिंद कबावत भी शामिल हैं। वह एक ईसाई कार्यकर्ता हैं और मार्च 2011 में संघर्ष शुरू होने के बाद से ही असद की विरोधी रही हैं। कबावत को सामाजिक मामलों और श्रम मंत्री का पद दिया गया है। एक अन्य मंत्री राएद सालेह हैं, जो कई वर्षों तक सीरियाई नागरिक सुरक्षा का नेतृत्व करते रहे हैं। उन्हें व्हाइट हेल्मेट्स के नाम से भी जाना जाता है। उन्हें आपातकालीन आपदाओं का मंत्री बनाया गया है। दमिश्क में रहने वाले सीरियाई कुर्द मोहम्मद टेरको को शिक्षा मंत्री बनाया गया है। असद सरकार के पतन के बाद से सीरिया की अंतरिम सरकार का नेतृत्व कर रहे मोहम्मद अल-बशीर को ऊर्जा मंत्री नियुक्त किया गया है।
न्यूयॉर्क के ब्रुकलिन में सड़क हादसा, महिला और उसकी दो बेटियों की मौत, बेटा घायल
न्यूयॉर्क के ब्रुकलिन में एक महिला चालक की लापरवाही से भीषण सड़क हादसा हुआ, जिसमें एक मां और उसके दो बच्चों की मौत हो गई। हादसा शनिवार दोपहर हुआ, जब मिरियम यारीमी नाम की महिला ने लाल बत्ती पार करने के बाद पहले एक कार को टक्कर मारी और फिर सड़क पार कर रहे परिवार पर गाड़ी चढ़ा दी। यारीमी बिना लाइसेंस के तेज रफ्तार से वाहन चला रही थी। पुलिस ने उसे हत्या, गैर-इरादतन हत्या और लापरवाही से वाहन चलाने सहित कई आरोपों में गिरफ्तार किया है।
हादसे में एक 35 वर्षीय महिला और उसकी 6 व 8 साल की बेटियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 4 साल का बेटा गंभीर रूप से घायल है। न्यूयॉर्क के मेयर एरिक एडम्स ने इसे बहुत ही दुखद त्रासदी बताया और कहा कि पूरा शहर इस दर्दनाक घटना से स्तब्ध है।
शंघाई में राकेश चौरसिया के संगीत कार्यक्रम में उमड़ी भीड़ 800 से अधिक लोग शामिल
शंघाई में भारतीय शास्त्रीय संगीत के उस्ताद पूरबायन चटर्जी और राकेश चौरसिया के लाइव संगीत समारोह में 800 से अधिक लोगों ने हिस्सा लिया। भारतीय वाणिज्य दूतावास और चैती आर्ट्स फाउंडेशन की ओर से शनिवार को आयोजित कार्यक्रम में चौरसिया ने रागों और मधुर धुनों से मंत्रमुग्ध कर दिया।
वाणिज्य दूतावास ने बताया कि यह आयोजन दोनों देशों के बीच सांस्कृतिक संबंधों को मजबूत करने का एक प्रयास था। इस अवसर पर मौजूद लोगों को संबोधित करते हुए महावाणिज्य दूत प्रतीक माथुर ने कहा कि कार्यक्रम में उमड़ी भीड़ भारत और चीन के बीच ऐतिहासिक संबंधों व प्राचीन बंधनों को दर्शाती है।
रूस यूक्रेन युद्ध को खत्म करने का प्रयास एक लंबी प्रक्रिया- क्रेमलिन
रूस यूक्रेन के साथ अपने तीन साल के युद्ध को समाप्त करने के प्रयासों को एक लंबी प्रक्रिया के रूप में देखता है। क्रेमलिन के प्रवक्ता दिमित्री पेसकोव ने संवाददाताओं के साथ एक कॉन्फ्रेंस कॉल में कहा, 'हम यूक्रेनी समझौते के संबंध में कुछ विचारों को लागू करने के लिए काम कर रहे हैं। यह काम जारी है'। उन्होंने रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन की टिप्पणियों पर ट्रंप की नाराजगी के बारे में पूछे जाने पर कहा, 'अभी तक ऐसा कुछ भी ठोस नहीं है जिसे हम घोषित कर सकें और करना चाहिए। यह एक लंबी प्रक्रिया है क्योंकि इसके सार की कठिनाई है'।
रूस ने लड़ाई में पूर्ण और तत्काल 30-दिवसीय रोक के अमेरिकी प्रस्ताव को प्रभावी रूप से खारिज कर दिया है। क्रेमलिन वार्ताकारों की तरफ से दूरगामी शर्तें लगाए जाने के बाद, दोनों देशों की तरफ से अनाज और अन्य माल की खेपों के परिवहन के लिए उपयोग किए जाने वाले काले सागर पर आंशिक युद्ध विराम की व्यवहार्यता संदेह में पड़ गई।
यूएई की अदालत ने तीन लोगों को मौत की सजा सुनाई
संयुक्त अरब अमीरात की एक अदालत ने इस्राइली-मोल्दोवन जवी कोगन की हत्या के मामले में तीन लोगों को मौत की सजा सुनाई है। राज्य की तरफ से संचालित डब्ल्यूएएम समाचार एजेंसी ने अबू धाबी संघीय अपील न्यायालय के राज्य सुरक्षा कक्ष में सुनवाई के बाद सोमवार को तीनों के फैसले की घोषणा की। इसने बताया कि चौथे व्यक्ति को आजीवन कारावास की सजा मिली है।
28 वर्षीय कोगन, एक अति-रूढ़िवादी रब्बी, भविष्य के शहर दुबई में एक कोषेर किराना स्टोर चलाता था, जहां 2020 के अब्राहम समझौते में दोनों देशों के बीच राजनयिक संबंध बनने के बाद से इस्राइली वाणिज्य और पर्यटन के लिए आते रहे हैं।
रूस ने तालिबान को आतंकवादी घोषित करने से रोकने के लिए उठाया कदम
रूस के सुप्रीम कोर्ट ने सोमवार को कहा कि उसे अफगानिस्तान के तालिबान पर प्रतिबंध हटाने के लिए अभियोक्ता जनरल के कार्यालय से एक याचिका मिली है, जिसे दो दशक पहले आतंकवादी समूह के रूप में गैरकानूनी घोषित किया गया था।
अदालत ने एक बयान में कहा कि वह अभियोक्ता जनरल इगोर क्रास्नोव की तरफ से प्रस्तुत याचिका पर 17 अप्रैल को सुनवाई करेगी। रूस ने पिछले साल एक कानून पारित किया था, जिसमें कहा गया था कि किसी संगठन के आधिकारिक आतंकवादी घोषित करने को अदालत की तरफ से निलंबित किया जा सकता है। तालिबान को 2003 में रूस की आतंकवादी संगठनों की सूची में डाला गया था। ऐसे समूहों के साथ कोई भी संपर्क रूसी कानून के तहत दंडनीय है।
डेट्रायट अपार्टमेंट बिल्डिंग में विस्फोट और आग से करीब 12 लोग घायल
अमेरिका के डेट्रायट में एक 2 मंजिला अपार्टमेंट बिल्डिंग में सोमवार सुबह विस्फोट और आग लगने से करीब 12 लोग घायल हो गए, जिनमें छह बच्चे भी शामिल हैं। अग्निशमन अधिकारियों के अनुसार विस्फोट सुबह करीब 4 बजे हुआ। अग्निशमन आयुक्त चक सिम्स ने बताया, इसके बाद जब अग्निशमन कर्मी पहुंचे, तो कुछ लोग बिल्डिंग की खिड़कियों पर लटके हुए थे और कूदने के लिए तैयार थे, उन्हें अग्निशमन कर्मियों ने बचा लिया। घायलों में से तीन एक ही अपार्टमेंट में थे और गंभीर रूप से जल गए। 12 यूनिट की बिल्डिंग में आठ अपार्टमेंट वाले सेक्शन और चार अपार्टमेंट वाले सेक्शन के बीच एक फायरवॉल थी। अग्निशमन विभाग ने कहा कि विस्फोट आठ अपार्टमेंट वाले हिस्से में हुआ।
आग बुझने के बाद बिल्डिंग के खाली होने की पुष्टि करने के लिए ओवरहेड थर्मल इमेजिंग ड्रोन का इस्तेमाल किया गया। जांचकर्ताओं को कारण का पता लगाने में मदद करने के लिए इमारत को ध्वस्त करने का काम सोमवार से शुरू होने की उम्मीद है।