पाकिस्तान के अशांत बलूचिस्तान प्रांत में लंबे समय से सुरक्षाबलों और कबाइलियों के बीच संघर्ष जारी है। इस बीच पाकिस्तानी सुरक्षा बलों ने दावा किया कि उन्होंने देश के उत्तर-पश्चिम और दक्षिण-पश्चिम में कई मुठभेड़ों में कम से कम 14 आतंकवादियों को मार गिराया है।
दो अलग-अलग बयानों में पाकिस्तानी सेना ने कहा कि 17-18 मई की रात को खैबर-पख्तूनख्वा (केपी) और बलूचिस्तान प्रांतों में अभियान चलाए गए। इनमें, खैबर पख्तूनख्वा में कई मुठभेड़ों में 'फ़ितना अल ख़्वारिज' से जुड़े नौ ख़्वारिज (तालिबान आतंकवादियों ) को मार गियाया गया।
जासूसी विवाद : ब्रिटेन और ईरान ने एक दूसरे के शीर्ष राजनयिकों को किया तलब
तीन ईरानी नागरिकों पर जासूसी के आरोप में मुकदमा दर्ज करने के बाद ब्रिटेन ने सोमवार को ईरान के राजदूत सैयद अली मूसवी को तलब किया। यह कदम ईरान की ओर से रविवार को एक ब्रिटिश राजनयिक को तलब किए जाने के बाद उठाया गया। उसने ब्रिटेन में एक ईरानी नागरिक की गैरकानूनी और अन्यायपूर्ण हिरासत पर विरोध जताया था। ईरान की सरकारी समाचार एजेंसी इरना ने यह जानकारी दी।
ईरान ने अपने नागरिक की हिरासत को अंतरराष्ट्रीय कानून का उल्लंघन करार दिया और इसे राजनीति से प्रेरित न्यायिक कार्रवाई बताया। ईरानी विदेश मंत्रालय ने ब्रिटेन को चेतावनी दी कि गैर-रचनात्मक व्यवहार से राजनयिक संबंधों को नुकसान हो सकता है। लंदन की एक अदालत में शनिवार को तीन लोगों पर ईरानी समाचार आउटलेट के लिए ब्रिटेन में पत्रकारों की निगरानी और हिंसा की साजिश रचने के आरोप लगाए गए। ब्रिटेन के विदेश मंत्रालय ने एक बयान में कहा, राष्ट्रीय सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने वाली ब्रिटेन सरकार का कहना है कि ईरान को अपने कार्यों के लिए जवाबदेह ठहराया जाना चाहिए। दो सप्ताह पहले तीन लोगों की गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने एक अलग आतंकवाद जांच में चार अन्य ईरानी नागरिकों को हिरासत में लिया था। उन्हें शनिवार को रिहा कर दिया गया, हालांकि जांच जारी है।
इंग्लिश चैनल पार करते वक्त पलटी प्रवासियों की नाव, एक की मौत; एक लापता
फ्रांस की समुद्री अधिकारियों ने बताया कि इंग्लिश चैनल पार करते वक्त प्रवासियों से भरी एक अतिभरी हुई नाव टूट गई, जिससे एक व्यक्ति की मौत हो गई और एक लापता है। यह हादसा रविवार रात हुआ, जब प्रवासी इंग्लैंड जाने की कोशिश कर रहे थे। फ्रांसीसी और ब्रिटिश बचाव दलों ने मिलकर 61 लोगों को सुरक्षित निकाला। इनमें एक महिला और उसका बच्चा अत्यधिक ठंड से पीड़ित पाए गए, जिन्हें हेलीकॉप्टर से अस्पताल ले जाया गया।
बचाव अभियान में कई इकाइयां जुटीं
नाव के डूबने के बाद फ्रांस ने आपातकालीन संदेश जारी किया, जिसके बाद ब्रिटिश नावें, विमान और फ्रांसीसी हेलीकॉप्टर सहित कई बचाव इकाइयाँ मौके पर पहुंचीं। इस साल इंग्लिश चैनल को पार करते हुए अब तक कम से कम 12 लोगों की मौत हो चुकी है। यह जलमार्ग प्रवासियों के लिए बेहद खतरनाक लेकिन आम रास्ता बना हुआ है।
अमेरिका में ट्रेन की चपेट में आकर दो महिलाओं और 5 साल की बच्ची की मौत
अमेरिका के ओहायो राज्य में रविवार रात एक दर्दनाक हादसा हुआ, जब एक ट्रेन ने एक परिवार को रेलवे पुल पर टक्कर मार दी। इस हादसे में दो महिलाओं और एक 5 साल की बच्ची की मौत हो गई, जबकि एक साल की बच्ची को गंभीर हालत में बचा लिया गया है। मामले में फ्रेमोंट शहर के मेयर डैनी सांचेज़ के अनुसार, इंडियाना के फोर्ट वेन शहर से आया यह परिवार सैंडस्की नदी के किनारे मछली पकड़ने आया था। हादसे के वक्त परिवार रेलवे पुल पर मौजूद था, जब ट्रेन पुल पर आई और टक्कर हो गई।
भारत विरोधी गतिविधियों के आरोप में प्रोफेसर की ओसीआई रद्द की
ब्रिटेन स्थित वेस्टमिंस्टर विश्वविद्यालय में राजनीति और अंतरराष्ट्रीय संबंधों की एक ब्रिटिश-कश्मीरी प्रोफेसर निताशा कौल ने दावा किया है कि भारत विरोधी गतिविधियों के कारण भारतीय अधिकारियों ने उनकी प्रवासी भारतीय नागरिकता (ओसीआई) रद्द कर दी है। जबकि भारतीय उच्चायोग द्वारा निर्धारित ओसीआई नियमों के तहत भारत सरकार भारतीय संविधान के प्रति प्रवासी नागरिक की ओर से दुर्भावना जताने जैसे कुछ विशिष्ट आधारों पर किसी भी व्यक्ति का ओसीआई पंजीकरण रद्द कर सकती है।
भारत सरकार से प्राप्त निरस्तीकरण दस्तावेज के एक अंश में कौल पर अंतरराष्ट्रीय मंचों पर कई शत्रुतापूर्ण लेखन, भाषण व पत्रकारिता गतिविधियों का आरोप लगाया गया है, जो देश की संप्रभुता मामलों में भारत और उसके सार्वजनिक संस्थानों को निशाना बनाते हैं। निताशा कौल ने सोशल मीडिया पर भारत से प्राप्त पत्र का विवरण पोस्ट किया, जिसमें उन पर ‘दुर्भावना से प्रेरित होने और तथ्यों या इतिहास की पूर्ण अवहेलना’ करने का आरोप लगाया गया है। एजेंसी
कौल बोलीं-यह क्रूर उदाहरण
वेस्टमिंस्टर विश्वविद्यालय में ‘सेंटर फॉर स्टडी ऑफ डेमोक्रेसी’ की निदेशक कौल ने ओसीआई रद्द किए जाने की निंदा करते हुए इसे “बुरा इरादा, प्रतिशोधी, अंतरराष्ट्रीय दमन का क्रूर उदाहरण” बताया और दावा किया कि उन्हें “अल्पसंख्यक विरोधी और लोकतंत्र विरोधी नीतियों पर विद्वतापूर्ण कार्य” के लिए दंडित किया गया है। मामले में विवि ने लंदन स्थित भारतीय उच्चायोग से बयान के लिए संपर्क किया गया है।
अमेरिका ने शुरू की स्वैच्छिक वापसी योजना, 68 प्रवासी स्वदेश लौटे
अमेरिका में सोमवार को होंडुरास और कोलंबिया के 68 प्रवासियों को उनके देश वापस भेजा गया। यह ट्रंप प्रशासन की नई स्वैच्छिक वापसी योजना के तहत पहली उड़ान थी, जिसमें सरकार द्वारा प्रवासियों को वापसी के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है। होंडुरास के सैन पेड्रो सुला शहर में 38 लोग, जिनमें 19 बच्चे शामिल थे, अमेरिका की तरफ से भेजे गए चार्टर्ड विमान से उतरे। सभी को अमेरिका सरकार की ओर से 1,000 डॉलर के डेबिट कार्ड दिए गए। साथ ही भविष्य में वैध रूप से अमेरिका में प्रवेश की अनुमति का आश्वासन भी मिला।
सीबीपी ऐप के जरिए आसानी से हो रहा आवेदन
मामले में ह्यूस्टन में तीन साल रहने वाले केविन एंटोनियो पोसादास ने बताया कि उन्होंने सीबीपी होम ऐप के जरिए आवेदन किया और तीन दिन में स्वीकृति मिल गई। उन्होंने कहा कि ये प्रक्रिया वापसी का खर्च बचता है और अगर आप खुद से वापस जाने का मन है तो यह अच्छा विकल्प है।
सरकार की चेतावनी
अमेरिका की गृह सुरक्षा सचिव क्रिस्टी नोएम ने कहा कि अगर आप अमेरिका में अवैध रूप से रह रहे हैं तो CBP ऐप से वापसी की प्रक्रिया अपनाएं और आर्थिक सहायता पाएं। अन्यथा जुर्माना, गिरफ्तारी और भविष्य में अमेरिका में प्रवेश पर स्थायी रोक झेलनी होगी।
यूएस कैपिटल दंगे के दौरान मारी गई युवती के परिजनों को 50 लाख डॉलर देगी ट्रंप सरकार
अमेरिका की ट्रंप सरकार एश्ली बाबित के परिवार को 50 लाख डॉलर देने के लिए तैयार हो गई है। दरअसल एश्ली बाबित की यूएस कैपिटल हिल दंगे के दौरान पुलिस की गोली से मौत हो गई थी। इसके खिलाफ बाबित के परिवार ने मुकदमा दायर किया था। कैपिटल हिल दंगे के दौरान बाबित स्पीकर लॉबी जाने के लिए एक टूटी हुई खिड़की से ऊपर चढ़ने की कोशिश कर रही थी। इसी दौरान पुलिस ने उसे गोली मार दी थी। यूएस अटॉर्नी जनरल ने गोली मारने वाले पुलिसकर्मी को बरी कर दिया था। बाबित के परिजनों का कहना है कि बाबित को गोली मारने से पहले कोई चेतावनी भी नहीं दी गई। मुकदमें कैपिटल हिल पुलिस की लापरवाही की तरफ भी ध्यान दिलाया गया है। 6 जनवरी 2021 को बड़ी संख्या में ट्रंप समर्थक यूएस कैपिटल हिल में घुस गए थे। इस दौरान भड़की हिंसा में 100 से ज्यादा पुलिसकर्मी घायल हुए थे।
चार्ल्स कुशनर के नाम पर सीनेट की मंजूरी
डोनाल्ड ट्रंप ने अपने दामाद जेरेड कुशनर के पिता चार्ल्स कुशनर को फ्रांस में अमेरिका का राजदूत नियुक्ति किया था। अब कुशनर के नाम को सीनेट की भी मंजूरी मिल गई है। कुशनर को सीनेट ने 51-45 के मत से मंजूरी दी। चार्ल्स कुशनर को टैक्स चोरी का दोषी पाया गया था। दिसंबर 2020 में ट्रंप ने अपने समधि की सजा माफ कर दी थी। चार्ल्स कुशनर, कुशनर कंपनियों के संस्थापक हैं। चार्ल्स कुशनर के बेटे जेरेड की ट्रंप की बड़ी बेटी इवांका से शादी हुई है।
पश्चिम नेपाल 4.7 तीव्रता का भूकंप
पश्चिम नेपाल के कास्की जिले में मंगलवार की दोपहर भूकंप के झटके महसूस किए गए। रिक्टर पैमाने पर भूकंप की तीव्रता 4.7 मापी गई। देश के राष्ट्रीय भूकंप निगरानी और अनुसंधान केंद्र के मुताबिक, भूकंप का केंद्र कास्की जिले के सिनुवा में था। यह स्थान राजधानी काठमांडू से ढाई सौ किलोमीटर दूर है। भूकंप दोपहर 1.59 बजे दर्ज किया गया। तनाह, पार्वत सहित पड़ोसी जिलों में भूकंप के झटके महसूस किए गए।
अमेरिका: टेक्सास में एक भारतीय ने दूसरे की चाकू मारकर की हत्या, जेल भेजा गया
अमेरिका के टेक्सास राज्य के ऑस्टिन शहर में एक भारतीय व्यक्ति को उसी बस में सफर कर रहे एक अन्य भारतवंशी ने कथित तौर पर चाकू मारकर हत्या कर दी। ऑस्टिन पुलिस विभाग के अनुसार, अक्षय गुप्ता (30 वर्षीय) 14 मई की शाम को एक सार्वजनिक बस में सफर कर रहे थे। पुलिस और आपातकालीन मेडिकल टीम को चाकू से हमले की सूचना मिली। जब पुलिस मौके पर पहुंची, तो उन्होंने गुप्ता को गंभीर हालत में पाया।
पुलिस ने बताया कि गुप्ता को बचाने की कोशिश की गई, लेकिन घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई। आरोपी की पहचान दीपक कंडेल (31 वर्षीय) के रूप में हुई है। जांच में सामने आया कि बस में कंडेल, गुप्ता के बगल में बैठा था और बिना किसी उकसावे के उसने गुप्ता की गर्दन पर चाकू से हमला कर दिया। बस रुकने के बाद, कंडेल बाकी यात्रियों के साथ शांति से बस से उतर गया। थोड़ी ही देर बाद पुलिस ने उसे ढूंढ निकाला और हिरासत में ले लिया। पूछताछ में कंडेल ने कबूल किया कि उसने गुप्ता पर इसलिए हमला किया क्योंकि वह उसे अपने चाचा जैसा लग रहा था। कंडेल को पहले दर्जे की हत्या (फर्स्ट डिग्री मर्डर) के आरोप में गिरफ्तार किया गया और ट्रैविस काउंटी जेल में भेज दिया गया है।
जीत का नहीं, शांति का जश्न मना रहे: आईएसपीआर महानिदेशक
पाकिस्तानी सेना के एक वरिष्ठ जनरल ने कहा है कि पाकिस्तान के लोग ‘विजय का नहीं, शांति का जश्न मना रहे हैं’, जो देश की स्थिरता के प्रति प्राथमिकता को दर्शाता है। उन्होंने शांति के प्रति अपने देश की 'प्रतिबद्धता' पर बल दिया। ‘एक्सप्रेस ट्रिब्यून’ अखबार की रिपोर्ट के अनुसार, इंटर-सर्विसेज पब्लिक रिलेशंस (आईएसपीआर) के महानिदेशक लेफ्टिनेंट जनरल अहमद शरीफ चौधरी ने कहा, हम भी विकास और स्थिरता की ओर बढ़ना चाहते हैं। हम पाकिस्तान के लोगों और अपनी आने वाली पीढ़ियों के प्रति ऋणी हैं। इसलिए हमारी प्राथमिकता हमेशा शांति है। सेना के प्रवक्ता ने कहा कि पाकिस्तानी जीत का नहीं, शांति का जश्न मना रहे हैं।