फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

World News: स्पेन जा रही बोट पलटी, 40 से अधिक पाकिस्तानी डूबे; USISPF बोर्ड के सदस्यों से मिले सुलिवन

Fri, 17 Jan 2025 09:39 AM IST
ज्योति भास्कर वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला
विज्ञापन
दुनिया की बड़ी खबरें - फोटो : amar ujala graphics
विज्ञापन
प्रवासियों को लेकर स्पेन जा रही एक नाव मोरक्को के दखला बंदरगाह के पास पलट गई, जिसमें 40 से अधिक पाकिस्तानियों के डूबने की खबर है। प्रवासी अधिकार समूह वॉकिंग बॉर्डर्स ने कहा कि 2 जनवरी को मॉरिटानिया से 86 प्रवासियों को लेकर बोट रवाना हुई थी, जिनमें 66 पाकिस्तानी नागरिक थे। वॉकिंग बॉर्डर्स की सीईओ हेलेना मालेनो ने सोशल मीडिया पर नाव पलटने की जानकारी दी। पाकिस्तानी दूतावास स्थानीय अधिकारियों के संपर्क में है।
विज्ञापन


नाइजीरियाई सेना का दावा- बोर्नो राज्य में एक सप्ताह तक चले अभियान के दौरान 76 चरमपंथी ढेर
आतंकवाद के खिलाफ कार्रवाई में नाइजीरियाई सेना को उल्लेखनीय सफलता मिली है। सेना ने गुरुवार को बताया कि बोर्नो राज्य के विभिन्न हिस्सों में चलाए गए अभियानों के दौरान देश के पूर्वोत्तर में 76 इस्लामी आतंकवादियों को ढेर किया गया। नाइजीरियाई सेना के प्रवक्ता एडवर्ड बूबा ने देश की राजधानी अबुजा में संवाददाताओं को बताया, सेना का अभियान 7 जनवरी से 13 जनवरी के बीच चला। उन्होंने बताया कि सेना ने 72 संदिग्धों को गिरफ्तार भी किया। सुरक्षा बलों ने आतंकवादियों के चंगुल से आठ अपहृत लोगों को मुक्त कराने में भी सफलता पाई। बूबा ने चरमपंथियों के संगठन को लेकर विस्तृत जानकारी नहीं दी। हालांकि, जिस क्षेत्र में सेना ने अभियान चलाया यह लंबे समय से बोको हरम समूह और उसके अलग हुए गुट के हमलों से त्रस्त है। बोको हरम को इस्लामिक स्टेट समूह का वफादार माना जाता है।

पाकिस्तान में सुरक्षा बलों ने छह आतंकी मार गिराए
पाकिस्तान के कुर्रम जिले में रसद आपूर्ति के लिए जा रहे 35 वाहनों के काफिले पर आतंकवादियों ने बृहस्पतिवार को रॉकेट से हमला कर दिया, जिसमें एक पाकिस्तानी सैनिक की मौत हो गई। जवाब में सुरक्षा बलों ने छह आतंकवादी भी मार गिराए। कुरर्म में पिछले साल नवंबर से ही शिया और सुन्नी जनजातियों के बीच सांप्रदायिक झड़पें हो रही हैं, जिसमें 130 लोगों की जान जा चुकी है।
विज्ञापन

जैक सुलिवन ने यूएसआईएसपीएफ बोर्ड के सदस्यों से की मुलाकात

निवर्तमान अमेरिकी राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार जैक सुलिवन ने गुरुवार को यूएस-भारत रणनीतिक और साझेदारी मंच के बोर्ड सदस्यों से मुलाकात की। इस महीने की शुरुआत में सुलिवन ने भारत का दौरा किया था, जिसमें उन्होंने पीएम मोदी, भारतीय एनएसए अजित डोभाल और भारतीय विदेश मंत्री एस जयशंकर से भी मुलाकात की। भारत दौरे पर शीर्ष नेताओं के साथ मुलाकात के बारे में सुलिवन ने यूएसआईएसपीएफ सदस्यों को भी जानकारी दी। इस दौरान यूएसआईएसपीएफ मंच ने कहा कि उन्होंने अमेरिका भारत संबंधों और बाइडन सरकार के दौरान शुरू की गई पहलों पर बात की। सुलिवन ने आपसी हितों को बढ़ाने और एक सुरक्षित और समृद्ध इंडो-पैसिफिक क्षेत्र में योगदान देने के लिए भारत और अमेरिका के बीच रक्षा, प्रौद्योगिकी, साइबर और समुद्री सुरक्षा और आर्थिक सहयोग बढ़ाने की अहमियत को रेखांकित किया। 

यूएसआईएसपीएफ के अध्यक्ष मुकेश अघी ने कहा, 'जैक सुलिवन ने मजबूत यूएस-भारत संबंधों के लिए मार्ग तैयार करने में अहम भूमिका निभाई। उनके प्रयासों के चलते आईसीईटी पहल से लेकर भारत अमेरिका के बीच प्रौद्योगिकी और रक्षा सहयोग बढ़ा है। वह संबंधों के लिए एक बेहतरीन राजदूत रहे हैं और साझेदारी को उस शिखर तक पहुंचाया है।

श्रीलंका: संपत्ति को लेकर पुलिस ने गोटाबाया राजपक्षे से की पूछताछ 
श्रीलंकाई पुलिस के अपराध जांच विभाग (सीआईडी) ने शुक्रवार सुबह पूर्व राष्ट्रपति गोटाबाया राजपक्षे से दक्षिण कतरगामा शहर में स्थित एक संपत्ति को लेकर पूछताछ की। गोपटाबाया राजपक्षे से पुलिस ने दो घंटे तक पूछताछ की और उनका बयान दर्ज किया। पुलिस ने उन्हें कतरगामा में स्थित संपत्ति को लेकर नोटिस जारी किया था। नवंबर 2024 में अनुरा कुमारा दिसानायके के नेतृत्व में नई सरकार बने के बाद राजपक्षे परिवार के किसी सदस्य से पहली बार पूछताछ की गई है। 
 
 

अपना रक्षा बजट बढ़ाएगा लिथुआनिया, राष्ट्रपति ने की घोषणा
लिथुआनिया ने घोषणा की है कि वह 2026 से अपने रक्षा खर्च को अपने सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) का 5 से 6 फीसदी तक बढ़ाएगा, क्योंकि रूस के आक्रमण का खतरा बढ़ गया है। लिथुआनिया अभी अपनी रक्षा पर जीडीपी का तीन फीसदी व्यय करता है। लिथुआनिया के राष्ट्रपति गितानास नौसेडा ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। 

पाकिस्तान: कुर्रम जिले में हिंसा में गोलीबारी में मरने वालों की संख्या बढ़कर पांच हुई
पाकिस्तान के उत्तर-पश्चिम क्षेत्र में मदद लेकर जा रहे ट्रकों पर रॉकेट और गोलीबारी के हमले में मरने वालों की संख्या बढ़कर पांच हो गई है। स्थानीय अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

यह हमला गुरुवार को हुआ जब, जब ट्रक खाद्य सामग्री, दवाइयां आदि लेकर कुर्रम जिले जा रहे थे। कुर्रम खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में सांप्रदायिक हिंसा से प्रभावित क्षेत्र है। इन ट्रकों में राहत सामग्री उन लोगों के लिए जा रही थी, जो कुर्रम में सांप्रदायिक हिंसा के पीड़ित हैं। 

रूस: कोर्ट ने नवलनी के तीन वकीलों को सुनाई सजा
रूस की एक कोर्ट ने शुक्रवार को विपक्ष के दिवंगत नेता एलेक्सी नवलनी के तीन वकीलों को सजा सुनाई। वकील वादिम कोब्जेव, इगोर सर्गुनिन और एलेक्सी लिप्तसेर पहले से हिरासत में थे और उन्हें पेतुष्की शहर की कोर्ट ने 3.5 से 5 साल की सजा सुनाई। पेतुष्की शहर, मॉस्को से करीब 100 किलोमीटर पूर्व में स्थित है। इन वकीलों को अक्तूबर 2023 में गिरफ्तार किया गया था और उन पर चरमपंथी समूहों से जुड़े होने का आरोप लगाया गया था। सरकार ने नवलनी के नेटवर्क को चरमपंथी घोषित किया था। 

कैलिफोर्निया स्थित एक बड़े बैटरी संयंत्र में लगी आग, इलाका खाली करने का निर्देश
विस्ट्रा एनर्जी के एक बैटरी भंडारण संयंत्र में भीषण आग लग गई। दुनिया के सबसे बड़े बैटरी भंडारण संयंत्रों में शुमार इस प्लांट में आग लगने के बाद इलाके के खाली करने का निर्देश जारी किया गया है, जिससे सैकड़ों को लोग प्रभावित हुए हैं। उधर, उत्तरी कैलिफोर्निया में राजमार्ग-1 का एक हिस्सा बंद कर दिया गया है।

द मर्करी न्यूज की रिपोर्ट के अनुसार, आग बृहस्पतिवार दोपहर लगी और ऊंची लपटें तथा काला धुआं उठने लगा। लगभग 1,500 लोगों को मॉस लैंडिंग व एल्कहॉर्न स्लॉ क्षेत्र छोड़ने का निर्देश दिया गया। सैन फ्रांसिस्को से लगभग 77 मील ( करीब 124 किलोमीटर) दूर दक्षिण में स्थित मॉस लैंडिंग पॉवर प्लांट का स्वामित्व टेक्सास की कंपनी विस्ट्रा एनर्जी के पास है और इसमें हजारों लिथियम बैटरियां हैं। ये बैटरियां सौर ऊर्जा जैसे नवीकरणीय ऊर्जा स्रोतों से ऊर्जा संग्रहित करने के लिए महत्वपूर्ण हैं, लेकिन अगर वे आग की चपेट में आ जाती हैं तो आग को बुझाना बेहद मुश्किल हो सकता है।

नेपाल के उपराष्ट्रपति से मिले भारतीय राजदूत
नेपाल में भारत के राजदूत नवीन श्रीवास्तव ने शुक्रवार को नेपाली उप राष्ट्रपति राम सहाय प्रसाद यादव से शिष्टाचार मुलाकात की। उप राष्ट्रपति कार्यालय के मुताबिक, इस मुलाकात में दोनों देशों के बीच विभिन्न आपसी हितों और द्विपक्षीय संबंधों, उच्च स्तरीय दौरों का आदान-प्रदान, आर्थिक सहयोग, नेपाल की विकास प्राथमिकताएं और द्विपक्षीय, क्षेत्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंचों पर सहयोग जैसे मुद्दों पर चर्चा की गई। राजदूत श्रीवास्तव ने बताया कि भारत सरकार ने गेहूं निर्यात पर प्रतिबंध के बावजूद नेपाल को दो लाख टन गेहूं भेजने की अनुमति दी है, क्योंकि भारत पड़ोसी पहले नीति के लिए प्रतिबद्ध है। 

पाकिस्तान: अदालत ने शादमान चौक का नाम बदलने की मांग करने वाली याचिका खारिज की
पाकिस्तान की एक अदालत ने शुक्रवार को लाहौर के शादमान चौक का नाम स्वतंत्रता सेनानी भगत सिंह के नाम पर रखने और वहां उनकी प्रतिमा स्थापित करने की याचिका को खारिज कर दिया। लाहौर हाईकोर्ट के जज शम्स महमूद मिर्जा ने भगत सिंह मेमोरियल फाउंडेशन की याचिका को खारिज करते हुए कहा कि शादमान चौक का नाम भगत सिंह के नाम पर रखने और उनकी प्रतिमा स्थापित करने के प्रस्ताव को लाहौर नगर निगम ने रद्द कर दिया है। इस पर फाउंडेशन क अध्यक्ष वकील इम्तियाज राशिद कुरैशी ने कहा कि वह लाहौर हाईकोर्ट के इस फैसले को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती देंगे। 

इस्राइल को लेबनान के इलाकों से पीछे हटना चाहिए: संयुक्त राष्ट्र प्रमुख
संयुक्त राष्ट्र प्रमुख एंटोनियो गुटेरेस ने कहा कि इस्राइल को लेबनान के क्षेत्रों से पीछे हटना चाहिए और लेबनान में सैन्य अभियान रोकने चाहिए। गुटेरेस ने कहा कि यह सैन्य अभियान 14 महीने के इस्राइल-हिजबुल्ला युद्ध को रोकने वाले संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद के प्रस्ताव का उल्लंघन कर रहे हैं। उन्होंने यह बयान दक्षिण लेबनान में इस्राइल की सीमा के पास स्थित संयुक्त राष्ट्र शांति रक्षा बल के मुख्यालय का दौरा करते समय दिया। 

बेलारूसी महिला के दुष्कर्म और हत्या मामले में पोलैंड के व्यक्ति को उम्रकैद की सजा
पोलैंड की एक अदालत ने शुक्रवार को एक व्यक्ति को बेलारूसी महिला से दुष्कर्म, लूट और हत्या का दोषी पाया और उसे उम्रकैद की सजा सुनाई। अदालत ने साथ ही उसे चिकित्सा उपार का आदेश दिया। वारसॉ की स्थानीय कोर्ट ने कहा कि आरोपी डोरियन एस ने पिछले साल फरवरी में वारसॉ में सड़क पर एक 25 वर्षीय महिला पर हमला किया। महिला निर्वस्त्र और बेहोश हालत में पाई गई। 25 फरवरी को एक सफाईकर्मी ने महिला को एक दरवाजे के पास पाया। महिला को अस्पताल में इलाज के दौरान मृत घोषित कर दिया गया। महिला ने कई साल पहले बेलारूस छोड़ दिया था और वारसॉ में बस गई थी। वारसॉ हाल के वर्षों में बेलारूसियों और यूक्रेनियों के लिए शरण स्थल बना हुआ है।

दिसानायके के दौरे से मजबूत हुए चीन-श्रीलंका रणनीतिक संबंध: चीनी विदेश मंत्रालय
चीन ने शुक्रवार को कहा कि श्रीलंकाई राष्ट्रपति अनुरा कुमारा दिसानायके के चार दिवसीय दौरे ने दोनों देशों रणनीतिक संबंधों को मजबूत किया है और वह सिचुआन प्रांत के दौरे के साथ अपनी यात्रा समाप्त कर रहे हैं। चीनी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता गुओ जियाकुन ने प्रेस को संबोधित करते हुए कहा कि दोनों देशों ने रणनीतिक सहयोग साझेदारी को गहरा करने के लिए महत्वपूर्ण समझौतों पर सहमति जताई। उन्होंने कहा कि दोनों पक्षों ने बीआरआई पर एक समझौते पर हस्ताक्षर किए। इसके अलावा द्विपक्षीय सहयोग के कई दस्तावेजों पर भी हस्ताक्षर किए।
 

चीन ने पाकिस्तानी उपग्रह को अंतरिक्ष में भेजा
चीन ने शुक्रार को जिउकुआन सैटेलाइन लॉन्च केंद्र से पाकिस्तान का एक उपग्रह सफलतापूर्व अंतरिक्ष में भेजा। शिन्हुआ की रिपोर्ट के मुताबिक, यह उपग्रह बीजिंग के समयानुसार दोपहर 12:07 बजे लॉन्ग मार्च-2डी रॉकेट द्वारा लॉन्च किया गया और यह अपनी तय कक्षा में सफलतापूर्वक प्रवेश कर गया।  
विज्ञापन

आईसीसी अभियोजक का दमिश्क दौरा, सीरियाई नेताओं से किया मुलाकात 
अंतरराष्ट्रीय अपराध न्यायालय के मुख्य अभियोजक करीम खान ने दमिश्क का अप्रत्याशित दौरा किया। उनका मकसद सीरिया में कथित युद्ध अपराधों के लिए जवाबदेही सुनिश्चित करने के बारे में चर्चा करना था। आईसीसी के कार्यालय के मुताबिक करीम खान ने सीरिया की नई सरकार के नेता अहमद अल-शारा और विदेश मंत्री से मुलाकात की। इस मुलाकात के दौरान सीरिया में जारी गृह युद्ध के पीड़ितों के लिए न्याय सुनिश्चित करने के उपायों पर चर्चा की। यह युद्ध अब तक पांच लाख से ज्यादा लोगों की जान ले चुका है और 60 लाख से ज्यादा लोग विस्थापित हो चुके हैं। 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें