फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

World News: अमेरिका की यूरोपीय संघ को धमकी; ट्रंप की हत्या की धमकी देने की आरोपी महिला के खिलाफ मामला वापस

Sat, 06 Sep 2025 08:56 AM IST
ज्योति भास्कर वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला।
विज्ञापन
दुनिया की बड़ी खबरें - फोटो : amar ujala graphics
विज्ञापन
कैरेबियन देश जमैका के प्रधानमंत्री एंड्रयू होल्नेस ने लगातार तीसरी बार चुनावी जीत हासिल की है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को उन्हें इस उपलब्धि पर बधाई दी। पीएम मोदी ने कहा कि वे भारत और जमैका के बीच मित्रता के संबंधों को और प्रगाढ़ करने और आपसी सहयोग को मजबूत बनाने की दिशा में काम करने के इच्छुक हैं। उन्होंने सोशल मीडिया पर संदेश में लिखा, डॉ. एंड्रयू होल्नेस को तीसरी बार जमैका पार्टी को जीत दिलाने के लिए हार्दिक बधाई। भारत-जमैका के मित्रतापूर्ण संबंधों को गहरा करने और दोनों देशों के बीच सहयोग को और मजबूत करने की प्रतीक्षा है।
विज्ञापन


ट्रंप के सलाहकार नवारो का एक और बेतुका बयान
अमेरिकी राष्ट्रपति के व्यापार और विनिर्माण मामलों के वरिष्ठ सलाहकार पीटर नवारो ने एक बार फिर बेतुका बयान दिया है। उन्होंने एक्स  पर एक पोस्ट में लिखा, भारत द्वारा लगाए गए सबसे ऊंचे टैरिफ से अमेरिकी नौकरियां खत्म हो रही हैं। भारत रूसी तेल पूरी तरह से लाभ कमाने के लिए खरीदता है। इसी राजस्व से रूस अपने युद्ध की मशीन चला रहा है। यूक्रेन और रूस के लोग मारे जा रहे हैं। अमेरिकी करदाताओं को अधिक भुगतान करना पड़ता है। भारत सच/झूठ को बर्दाश्त नहीं कर सकता।'

श्रीलंका में 10 करोड़ के कुश संग भारतीय नागरिक गिरफ्तार
श्रीलंका के कोलंबो अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर एक भारतीय नागरिक को शुक्रवार को 10 करोड़ के 10.75 किग्राकुश (भांग की अत्यंत नशीली प्रजाति) के साथ गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार 43 वर्षीय व्यक्ति नई दिल्ली में जूते की दुकान में काम करता है। सीमा शुल्क विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि उन्होंने अवैध मादक पदार्थों की खेप का पता लगाने के लिए ग्रीन चैनल में स्थापित स्कैनिंग मशीनों का इस्तेमाल किया। अधिकारियों ने बताया कि उसने कुश की खेप बैंकॉक, थाईलैंड से खरीदी थी।

पाकिस्तान-चीन ने शुरू किया सीपीईसी का दूसरा चरण
पाकिस्तान और चीन ने विवादित चीन-पाकिस्तान आर्थिक कॉरिडोर (सीपीईसी) के दूसरे चरण की औपचारिक शुरुआत की और 21 समझौतों व संयुक्त उपक्रमों पर हस्ताक्षर किए। इनकी कुल कीमत करीब 8.5 अरब डॉलर है। ये समझौते बृहस्पतिवार को बीजिंग में प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ और चीनी प्रधानमंत्री ली कियांग के बीच हुई बैठक और निवेशक सम्मेलन के दौरान हुए। भारत लंबे समय से सीपीईसी का विरोध करता आया है, क्योंकि यह परियोजना पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (पीओके) से होकर गुजरती है। 

भारत के साथ रिश्ते पर अमेरिकी राष्ट्रपति ने फिर दिया चौंकाने वाला बयान
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारत के साथ रिश्ते को लेकर बयान दिया है। टैरिफ वार और रूस से तेल खरीद को लेकर बढ़े तनाव के बीच ट्रंप ने कहा, भारत-अमेरिका के बीच “विशेष संबंध” हैं और चिंतित होने की जरूरत नहीं। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को 'महान नेता' बताते हुए कहा कि वे हमेशा उनके दोस्त रहेंगे। ट्रंप ने हालांकि भारत द्वारा रूस से अधिक तेल खरीदने पर निराशा जताई और 50% टैरिफ लगाने की बात को भी रेखांकित किया।

 

गूगल-एपल पर जुर्माने से भड़के ट्रंप, धारा 301 के तहत कार्यवाही की चेतावनी
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर कर गूगल पर जुर्माने को लेकर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा, यूरोप ने आज एक और महान अमेरिकी कंपनी, गूगल पर 3.5 अरब डॉलर का जुर्माना लगाया है। वह पैसा छीन लिया गया है जो अमेरिकी निवेश और रोज़गार के लिए जाता। यह कई अन्य जुर्मानों और करों के अलावा है जो गूगल और अन्य अमेरिकी टेक कंपनियों पर लगाए गए हैं। यह कार्रवाई बहुत ही अनुचित है। अमेरिकी करदाता इसे बर्दाश्त नहीं करेंगे! जैसा कि मैंने पहले भी कहा है, मेरा प्रशासन इन भेदभावपूर्ण कार्रवाइयों को बर्दाश्त नहीं करेगा। उदाहरण के लिए, एपल को 17 अरब डॉलर का जुर्माना भरने के लिए मजबूर किया गया, जो मेरे विचार से, नहीं लगना चाहिए था। एपल को अपना पैसा वापस मिलना चाहिए! हम शानदार और अभूतपूर्व अमेरिकी प्रतिभा के साथ ऐसा नहीं होने दे सकते और अगर ऐसा हुआ, तो मुझे इन करदाता अमेरिकी कंपनियों पर लगाए जा रहे अनुचित जुर्मानों को रद्द करने के लिए धारा 301 के तहत कार्यवाही शुरू करने के लिए मजबूर होना पड़ेगा।

ट्रंप को जान से मारने की धमकी देने की आरोपी महिला के खिलाफ मामला वापस लिया

अमेरिकी न्याय विभाग ने राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को जान से मारने की धमकी देने की आरोपी महिला के खिलाफ मामला वापस ले लिया है। अमेरिकी अटॉर्नी जीनिन पिरो के कार्यालय द्वारा शुक्रवार को जिला अदालत में नथाली रोज जोन्स के मामले को खारिज करने के अनुरोध से पहले एक ग्रैंड जूरी ने उन पर अभियोग लगाने से इनकार कर दिया था। पिरो के कार्यालय द्वारा बताया गया है कि जोन्स के खिलाफ मामला खारिज करना न्याय के हित में है, लेकिन इसमें विस्तार से कुछ नहीं कहा गया है।

इंडियाना के लाफायेट की 50 वर्षीय जोन्स को 16 अगस्त को वाशिंगटन में सोशल मीडिया पर और सीक्रेट सर्विस एजेंटों के साथ एक साक्षात्कार के दौरान ट्रंप को जान से मारने की धमकी देने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। अभियोजकों ने कहा कि जोन्स ने 6 अगस्त को फेसबुक पर एक संदेश पोस्ट किया था कि 'वह इस राष्ट्रपति का पेट फाड़कर और उनकी सांस नली को काटकर उन्हें मारने को तैयार हैं।'

अभियोजकों के अनुसार, जब सीक्रेट सर्विस एजेंटों ने 15 अगस्त को उससे पूछताछ की, तो जोन्स ने कहा कि 'वह ट्रंप को शांतिपूर्वक पद से हटाना चाहती हैं, लेकिन अगर मुझे ऐसा करना पड़ा तो मैं उन्हें परिसर में ही मार डालूंगी'। जोन्स को एक दिन बाद वाशिंगटन में गिरफ्तार कर लिया गया, जहां वह व्हाइट हाउस के पास एक विरोध प्रदर्शन में शामिल हुईं। जोन्स के वकील के अनुसार, जोन्स ने सीक्रेट सर्विस एजेंटों से बार-बार कहा कि उनका किसी को नुकसान पहुंचाने का कोई इरादा नहीं था, उनके पास कोई हथियार नहीं था और वह शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन के लिए वाशिंगटन गई थीं।
 
विज्ञापन

 पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा में क्रिकेट मैच के दौरान धमाका, एक की मौत
पाकिस्तान के अशांत खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में शनिवार को उस समय दहशत फैल गई जब एक क्रिकेट मैदान में जोरदार धमाका हुआ। पुलिस के अनुसार, इस घटना में कम से कम एक व्यक्ति की मौत हो गई जबकि कई अन्य लोग, जिनमें बच्चे भी शामिल हैं, घायल हुए हैं।

धमाका बाजौर जिले की खार तहसील के कौसर क्रिकेट ग्राउंड में हुआ, जहां स्थानीय खिलाड़ी मैच खेल रहे थे। बाजौर जिला पुलिस अधिकारी ने बताया कि विस्फोट आईईडी के जरिए किया गया था। धमाके के तुरंत बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने इलाके को घेर लिया है और जांच शुरू कर दी है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें