विदेश मंत्री एस जयशंकर ऑस्ट्रेलिया दौरे पर हैं। सोमवार की सुबह उन्होंने ब्रिस्बेन में रोमा स्ट्रीट पार्कलैंड पर स्थित राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर नमन किया। जयशंकर ने ट्वीट में लिखा कि आज सुबह महात्मा गांधी को श्रद्धासुमन अर्पित किए। उनका संदेश शांति और सद्भाव पूरे विश्व में स्थापित होना चाहिए।'
इंडोनेशिया में ज्वालामुखी विस्फोट के चलते कम से कम नौ लोगों की मौत हो गई है। इंडोनेशिया की आपदा प्रबंधन एजेंसी ने यह जानकारी दी है। ये ज्वालामुखी विस्फोट दूरदराज के द्वीप आइसलैंड ऑफ फ्लोर्स में हुए हैं। ये ज्वालामुखी विस्फोट बीते हफ्ते से हो रहे हैं। इसके चलते हवा में दो हजार मीटर ऊंचाई तक राख देखी जा रही है, जिससे आसपास के गांवों में हालात खराब हैं और इन गावों में कई मकान तबाह हो गए हैं।
चीन ने सोमवार को कहा कि पूर्वी लद्दाख में सैनिकों को पीछे हटाने के लिए भारत के साथ समझौते का कार्यान्वयन ‘इस समय सुचारू रूप से’’ जारी है, लेकिन इसने देपसांग और डेमचोक में दो टकराव बिंदुओं पर गश्त फिर से शुरू होने के बारे में टिप्पणी नहीं की। चीनी विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता माओ निंग ने यहां संवाददाताओं के एक सवाल के जवाब में कहा, चीनी और भारतीय सैनिक उस समाधान को क्रियान्वित कर रहे हैं जिस पर दोनों पक्ष सीमा क्षेत्र से संबंधित मुद्दों पर पहुंचे हैं। यह इस समय सुचारू रूप से जारी है।’
पाकिस्तान के पंजाब प्रांत की मुख्यमंत्री मरियम नवाज को स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के चलते यहां के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। प्रांतीय सरकार ने सोमवार को यह जानकारी दी। वरिष्ठ मंत्री मरयम औरंगजेब ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया कि मुख्यमंत्री मरयम नवाज़ को कल रात स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के चलते लाहौर स्थित शरीफ मेडिकल सिटी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उन्होंने थायरॉइड की जांच कराई।
पाकिस्तान की नौसेना ने एक युद्धपोत से 350 किलोमीटर की मारक क्षमता वाली स्वदेशी बैलिस्टिक मिसाइल का सफल परीक्षण किया। पाकिस्तान की नौसेना के अनुसार, यह मिसाइल जमीन और समुद्र दोनों ही जगहों पर सटीकता से निशाना साधने में सक्षम है। यह प्रणाली उन्नत नेविगेशन प्रणाली से सुसज्जित है जिसमें दिशा और गति बदलने की विशेषताएं हैं। नौसेना प्रमुख एडमिरल नवीद अशरफ, पाकिस्तानी नौसेना के वरिष्ठ अधिकारी, वैज्ञानिक और इंजीनियर मिसाइल के परीक्षण के समय मौजूद रहे। राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी, प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ, संयुक्त चीफ ऑफ स्टाफ कमेटी के अध्यक्ष और सेवा प्रमुखों ने मिसाइल परीक्षण पर शामिल नौसेना इकाइयों और वैज्ञानिकों को बधाई दी।