फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

World: अमेरिकी संसद में अश्लीलता संबंधी अहम विधेयक पास; शेख हसीना की बेटी के अपार्टमेंट को जब्त करने का आदेश

Tue, 29 Apr 2025 10:42 AM IST
नितिन गौतम वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला
विज्ञापन
दुनिया की बड़ी खबरें - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स
विज्ञापन
इस्राइल के घरेलू सुरक्षा प्रमुख जून में पद छोड़ेंगे। उन्होंने कहा है कि उनकी एजेंसी हमास के बीते 7 अक्तूबर, 2023 के हमलों के बारे में चेतावनी देने में विफल रही। आंतरिक सुरक्षा सेवा- शिन बेट के प्रमुख रोनेन बार ने सोमवार को इस्तीफे का एलान किया और कहा कि वे  15 जून को औपचारिक रूप से पद छोड़ देंगे। इसका मकसद प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के साथ बढ़ते तनाव को कम करना है। बता दें कि पीएम नेतन्याहू ने पिछले महीने बार को बर्खास्त करने का कदम उठाया था। हालांकि, उनके इस फैसले से इस्राइल में खासा हंगामा हुआ। ऐसा इसलिए भी क्योंकि शिन बेट नेतन्याहू और कतर के बीच संबंधों की जांच कर रही है। गौरतलब है कि गाजा में बीते करीब 19 महीने से जारी हिंसक संघर्ष के मुद्दे पर बात करने के लिए हमास और इस्राइल के बीच कतर प्रमुख मध्यस्थ की भूमिका निभा रहा है।
विज्ञापन


ट्रंप ने कनाडा को 51वां अमेरिकी राज्य बनने का ऑफर दिया, चुनाव के बीच जनता से अपील
कनाडा में हो रहे आम चुनाव के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का बयान एक बार फिर चर्चा में है। उन्होंने कनाडाई जनता को चुनाव की शुभकामनाएं देने के साथ-साथ कनाडा को 51वां अमेरिकी राज्य बनने का ऑफर एक बार फिर दिया। ट्रंप ने कनाडा की जनता से अमेरिका के 51वें राज्य के रूप में उनके देश में शामिल होने का आग्रह किया। उन्होंने दावा किया कि अमेरिका हर साल कनाडा पर सैकड़ों अरब डॉलर खर्च करता है। जब तक कनाडा अमेरिकी राज्य नहीं बन जाता, इस तरह के वित्तीय समर्थन ठीक नहीं हैं। ट्रंप ने कहा कि कई साल पहले की तरह दोनों देशों के बीच अब कोई कृत्रिम रेखा नहीं रहेगी। अमेरिकी राष्ट्रपति ने कनाडा की जनता से कहा, आप उस व्यक्ति को चुनें जिसके पास आपके करों को आधा करने, आपकी सैन्य शक्ति को मुफ्त में दुनिया की सबसे शानदार ताकत बनाने, आपकी कार, स्टील, एल्युमीनियम, लकड़ी, ऊर्जा और अन्य सभी व्यवसायों को चौगुना आकार देने की शक्ति और बुद्धि है।

अब सऊदी खरीदेगा एयर बोइंग के विमान
अमेरिका और चीन के बीच बढ़ते व्यापार युद्ध के कारण बोइंग के चीनी एयरलाइन के लिए बनाए गए विमानों को अब सऊदी अरब की नई एयरलाइन रियाद एयर खरीदेगी। रियाद एयर के सीईओ टोनी डगलस ने सोमवार को कहा, यदि विमान चीन डिलीवर नहीं होते, तो उनकी कंपनी इन्हें खरीदने के लिए तैयार है। बोइंग ने हाल ही में दर्जनों विमानों को चीन से बाहर बेचने की योजना बनाई है, जो टैरिफ के कारण रुके हुए हैं।

कैलाश मानसरोवर यात्रा की तैयारियां शुरू: चीन
चीनी विदेश मंत्रालय ने बताया, भारतीय तीर्थयात्रियों की कैलाश मानसरोवर यात्रा को फिर से शुरू करने के लिए चीन और भारत के बीच तैयारियां जोरों पर हैं। 2020 से पांच साल बाद यह यात्रा इस साल जून में फिर से शुरू की जा रही है। चीनी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता गुओ जियाकुन ने कहा, चीन के तिब्बती स्वायत्त क्षेत्र में कैलाश पर्वत व मानसरोवर की यात्रा दोनों देशों में सांस्कृतिक व लोगों के बीच आदान-प्रदान का महत्वपूर्ण हिस्सा है।

भारत-ब्रिटेन मुक्त व्यापार समझौते को बढ़ाने को तैयार
भारत और ब्रिटेन के बीच मुक्त व्यापार समझौते (एफटीए) पर अगले दौर की वार्ता के लिए केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल सोमवार को लंदन पहुंचे। दो दिनों तक चलने वाली महत्वपूर्ण द्विपक्षीय व्यापार वार्ता के तहत गोयल ने ब्रिटेन के व्यापार एवं कारोबार मंत्री जोनाथन रेनॉल्ड्स से मुलाकात की। एफटीए पर दोनों देशों की सात दौर की बैठक हो चुकी है। गोयल ने कहा, द्विपक्षीय व्यापार और निवेश संबंधों को मजबूत करने के लिए दो दिनी चर्चा में एफटीए पर बातचीत को आगे बढ़ाने के मकसद से रेनॉल्ड्स के साथ सार्थक बैठक काफी सार्थक रही।

फिलीपींस दौरे पर जापानी पीएम, चीन से निपटने की तैयारी

जापान के प्रधानमंत्री शिगेरु इशिबा मंगलवार को फिलीपींस के दौरे पर जा रहे हैं। इस दौरे का मकसद चीन के खिलाफ सहयोग को मजबूत करना है। गौरतलब है कि दक्षिण और पूर्व चीन सागर में चीन का दबदबा बढ़ रहा है और दोनों ही देशों का चीन के साथ विवाद चल रहा है। शिगेरु इशिबा फिलीपींस की राजधानी मनीला में राष्ट्रपति फर्दिनांद मार्कोस से मुलाकात करेंगे। इस मुलाकात में जापान और फिलीपींस के बीच दो अहम रक्षा समझौतों पर भी बात हो सकती है। इनमें से एक है कि दोनों देश एक दूसरे की सेनाओं को रसद आपूर्ति में मदद करेंगी और साथ ही खुफिया सुरक्षा जानकारी एक दूसरे के साथ साझा करेंगे। दोनों नेताओं के बीच अमेरिका द्वारा लगाए गए टैरिफ पर भी बात हो सकती है। 


 

अमेरिकी संसद में अहम विधेयक पारित

अमेरिका की संसद ने एकमत होकर बदले की भावना से की गई अश्लीलता संबंधी विधेयक को पारित कर दिया। अब यह विधेयक मंजूरी के लिए राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के पास भेजा जाएगा। यह विधेयक यूएस कांग्रेस से 409-2 के मुकाबले से पारित हुआ। इसके तहत किसी की निजी तस्वीरों और वीडियो को, फिर चाहे वो असली हों या एआई से बनी, बिना व्यक्ति की मंजूरी के प्रकाशित या पोस्ट किया जाता है तो वह अपराध माना जाएगा। विधेयक में अश्लील तस्वीरों को इंटरनेट से हटाने का भी प्रावधान रखा गया है। डीपफेक और एआई जैसी तकनीकों के बाद इस संबंध में अपराध बहुत बढ़ गए हैं। यही वजह है कि दुनियाभर में इसे लेकर कानून बनाने की मांग हो रही है। 
विज्ञापन

ढाका: शेख हसीना की बेटी के अपार्टमेंट को जब्त करने का आदेश

ढाका की एक अदालत ने मंगलवार को पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना की बेटी साइमा वाजेद पुतुल के गुलशन स्थित अपार्टमेंट को जब्त करने का आदेश दिया। प्रथम अलो अखबार ने बताया कि ढाका मेट्रोपॉलिटन के वरिष्ठ विशेष न्यायाधीश मोहम्मद जाकिर हुसैन गालिब ने भ्रष्टाचार निरोधक आयोग (एसीसी) के उप निदेशक मोहम्मद मोनिरुल इस्लाम की याचिका पर सुनवाई के बाद यह आदेश पारित किया गया। एसीसी की याचिका में कहा गया है कि पुतुल के खिलाफ अवैध रूप से धन संचय के आरोपों की जांच चल रही है। आदेश में कहा गया है कि संपत्ति की बिक्री या हस्तांतरण को रोकने के लिए इस जब्ती को आवश्यक माना गया है। इससे पहले 5 मार्च को इसी अदालत ने पुतुल की ओर से स्थापित सुचोना फाउंडेशन के 14 बैंक खातों में 483 करोड़ टका को फ्रीज करने का आदेश दिया था।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें