फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

World Updates: अमेरिका में कैथोलिक स्कूल में गोलीबारी, गाजा में पत्रकारों की हत्या पर भारत चिंतित

Wed, 27 Aug 2025 08:46 PM IST
ज्योति भास्कर वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला।
विज्ञापन
दुनिया की बड़ी खबरें - फोटो : amar ujala graphics
विज्ञापन

अमेरिका के मिनेसोटा गवर्नर और अधिकारियों ने बताया कि मिनियापोलिस के एक कैथोलिक स्कूल में बुधवार को कक्षाओं के पहले गोलीबारी हुई। किसी के घायल होने की तत्काल कोई सूचना नहीं है। गवर्नर टिम वाल्ट्ज ने सोशल मीडिया पर कहा कि उन्हें एनुंसिएशन कैथोलिक स्कूल में हुई गोलीबारी की जानकारी दी गई है। मैं बच्चों और शिक्षकों के लिए प्रार्थना कर रहा हूं, जिनके स्कूल का पहला सप्ताह हिंसा की इस भयावह घटना से प्रभावित हुआ। स्कूल ने बताया कि छात्रों को वहां से निकाला जा रहा है। स्कूल की वेबसाइट के अनुसार, बुधवार सुबह 8:15 बजे सामूहिक प्रार्थना सभा निर्धारित थी। सोमवार स्कूल का पहला दिन था।

विज्ञापन


गाजा में पत्रकारों की हत्या चौंकाने वाली: भारत
भारत ने बुधवार को गाजा में इस्राइल के हमले में पांच पत्रकारों की मौत के मामले को 'चौंकाने वाला' और 'बेहद दुर्भाग्यपूर्ण' बताया। खान यूनुस स्थित नासेर अस्पताल पर हुए इस्राइली हमलों में मारे गए 20 लोगों में ये पत्रकार भी शामिल हैं। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा, पत्रकारों की हत्या चौंकाने वाली और बेहद दुखद है।  उन्होंने आगे कहा, भारत ने हमेशा संघर्षों में नागरिकों की मौत की निंदा की है। हमें जानकारी है कि इस्राइल ने इस घटना की जांच शुरू कर दी है। इस हमले के बाद इस्राइली की अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आलोचना हो रही है।

कोलंबिया में सैनिकों को गांवों वालों ने किया अगवा
कोलंबिया सरकार ने मंगलवार को जानकारी दी कि देश के दक्षिणी हिस्से में विद्रोहियों से लड़ रहे 34 सैनिकों को गांववालों ने अगवा कर लिया है। सरकार का कहना है कि ये गांववाले एक विद्रोही गुट के निर्देश पर काम कर रहे हैं। घटना गुआवियारे प्रांत के एल रेतोर्नो गांव में हुई है, जहां सैनिकों को रविवार से बंधक बनाकर रखा गया है। कोलंबिया के रक्षा मंत्री पेद्रो सांचेज ने बताया कि ये सैनिक एक सैन्य अभियान के तहत कार्रवाई कर रहे थे, जब विद्रोहियों के साथ मुठभेड़ में 10 उग्रवादी मारे गए। इसके बाद गांववालों ने सैनिकों को घेर लिया और बंधक बना लिया। वे विद्रोहियों में से एक मारे गए व्यक्ति का शव वापस मांग रहे हैं, जिसे प्रांतीय राजधानी के मुर्दाघर ले जाया गया था।
विज्ञापन

 

पाकिस्तान में पोलियो के दो और नए मामले, 2025 में अब तक कुल 23 केस
पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में पोलियो के दो नए मामले सामने आए हैं, जिससे इस साल देशभर में कुल मामलों की संख्या 23 हो गई है। 'डॉन' की रिपोर्ट के मुताबिक, ये नए केस टैंक जिले के मल्लाजई यूनियन काउंसिल की 16 महीने की बच्ची और उत्तर वज़ीरिस्तान के मीरान शाह-3 यूनियन काउंसिल की 24 महीने की बच्ची में पाए गए हैं। पोलियो अब भी पाकिस्तान और अफगानिस्तान में पूरी तरह खत्म नहीं हुआ है। सुरक्षा चुनौतियों, वैक्सीन को लेकर झिझक और अफवाहों की वजह से पोलियो उन्मूलन की कोशिशें धीमी पड़ रही हैं।

इस्लामाबाद स्थित नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ हेल्थ (NIH) की रिपोर्ट में बताया गया है कि 2025 में अब तक KP से 15, सिंध से 6, पंजाब और गिलगित-बाल्टिस्तान से 1-1 पोलियो केस सामने आ चुके हैं। NIH ने दोहराया कि पोलियो बेहद संक्रामक और लाइलाज बीमारी है, जिससे जीवनभर के लिए लकवा हो सकता है। इससे बचने का एकमात्र तरीका बार-बार पोलियो की दवा (ओरल पोलियो वैक्सीन) देना है।

एनआईएच ने बताया कि जिन बच्चों तक वैक्सीन पहुंचना मुश्किल है या जहां लोगों में वैक्सीन को लेकर संकोच है, वहां खतरा सबसे अधिक बना रहता है। इसलिए केंद्र और राज्य स्तर पर पोलियो वैक्सीनेशन अभियानों को और मजबूत किया जा रहा है। सितंबर 2025 में एक विशेष पोलियो टीकाकरण अभियान चलाया जाएगा। 1 से 7 सितंबर तक देशभर में और 15 सितंबर से दक्षिणी KP में अभियान शुरू होगा, जिसमें 5 साल से कम उम्र के 2.8 करोड़ बच्चों को पोलियो की दवा दी जाएगी।

 

अमेरिका से निर्वासितों को लेने के समझौते पर घिरा युगांडा
युगांडा और अमेरिका के बीच एक विवादित समझौता सुर्खियों में है, जिसके तहत युगांडा अमेरिकी निर्वासितों को अपने देश में लेने के लिए तैयार हुआ है। इस समझौते को लेकर युगांडा में तीखी आलोचना हो रही है, खासकर इसलिए क्योंकि इसे संसद की मंजूरी के बिना ही तय कर लिया गया।

क्या है पूरा मामला?
यह समझौता अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के प्रशासन के साथ हुआ है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, युगांडा में इस डील को राष्ट्रपति योवेरी मुसेवेनी पर अमेरिकी दबाव कम करने की कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है। अमेरिकी सरकार हाल ही में युगांडा के कई अधिकारियों, जिनमें संसद की स्पीकर भी शामिल हैं, पर प्रतिबंध लगा चुकी है।

गांधी को जिन्ना से बड़ा रहनुमा मानने वाला मौलाना गिरफ्तार
पाकिस्तान में मोहम्मद अली जिन्ना के बजाय महात्मा गांधी को बड़ा रहनुमा मानने वाले मौलवी को मंगलवार को गिरफ्तार कर लिया गया। एक शिकायत के बाद इंजीनियर मोहम्मद अली मिर्जा को पंजाब के झेलम शहर में 30 दिनों के लिए पकड़ा गया। झेलम के उपायुक्त मोहम्मद मीसम अब्बास ने बताया कि मौलवी को एमपीओ अध्यादेश की धारा-3 के तहत पकड़ा गया है। यह धारा अधिकारियों को सार्वजनिक सुरक्षा के लिए हानिकारक कार्य करने से रोकने या सार्वजनिक व्यवस्था बनाए रखने के लिए संदिग्ध व्यक्तियों को हिरासत में लेने का अधिकार देता है।

यह कार्रवाई सोमवार को एक धार्मिक समूह की ओर से मिर्जा के खिलाफ शिकायत दर्ज कराने के बाद की गई। उसमें एक साक्षात्कार के दौरान उनकी विवादास्पद टिप्पणियों के लिए कार्रवाई की मांग की गई थी। पेशे से इंजीनियर मिर्जा ने वर्षों पहले धर्म के क्षेत्र में स्वतंत्र करिअर शुरू करने के लिए अपना पेशा छोड़ दिया था व सोशल मीडिया पर प्रवचन और व्याख्यान देकर प्रसिद्धि अर्जित की। झेलम शहर के मशीन मोहल्ला निवासी मिर्जा अपने रूढ़िवादी धार्मिक विचारों के कारण विवादों में रहे हैं। 

भारत-बांग्लादेश में सीमा पार अपराध और नदी प्रबंधन पर जोर
बॉर्डर गार्ड बांग्लादेश (बीजीबी) और भारतीय सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) की चार दिनी 56वें महानिदेशक स्तरीय बैठक मंगलवार को ढाका में हुई। पिलखाना स्थित बीजीबी मुख्यालय में दोनों देशों के बीच सीमा पार अपराध और नदी प्रबंधन पर खासतौर से जोर दिया गया। भारत से बीएसएफ महानिदेशक दलजीत सिंह के साथ 11 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल पहुंचा।

द. अफ्रीका में सिखों की शांति पहल में 300 से ज्यादा धार्मिक नेता
सिख समुदाय द्वारा अफ्रीकी महाद्वीप में अंतर-धार्मिक सद्भाव को बढ़ावा देने व शांति के लिए धार्मिक शांति अकादमी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में 300 से ज्यादा धार्मिक व सामुदायिक नेता जुटे। आयोजकों ने कहा, अपनी तरह के इस पहले आयोजन का उद्देश्य महाद्वीप में शांति बढ़ाना है। 

इंडोनेशिया में सांसद भत्तों के विरोध में छात्र प्रदर्शन पर उतरे, हिंसा
इंडोनेशिया में सांसदों के भत्तों का विरोध जताने के लिए संसद पहुंचने की कोशिश कर रहे हजारों छात्रों को दंगा रोधी पुलिस ने रोका, जिस पर छात्र भड़क गए और हिंसा पर उतारू हो गए। छात्रों ने हाथों में पत्थर लिए और पुलिस पर फेंकना शुरू कर दिया। उन्हें रोकने के लिए पुलिस ने आंसू गैस के गोले भी छोड़े। 

UN के प्रतिबंधों को लागू होने से रोकने पर यूरोपीय और ईरानी राजनयिकों में असहमति
ब्रिटेन, फ्रांस और जर्मनी (E3) ने ईरान के साथ अहम वार्ता की। हालांकि, स्विटजरलैंड के जिनेवा में हुई यह वार्ता बिना किसी निष्कर्ष के समाप्त हो गई। यूरोपीय देश ईरान के परमाणु कार्यक्रम को लेकर चिंतित हैं और यदि प्रगति नहीं हुई तो अगस्त अंत तक संयुक्त राष्ट्र प्रतिबंधों की पुनः बहाली के लिए "स्नैपबैक" तंत्र लागू कर सकते हैं। इसका मतलब हथियार प्रतिबंध, मिसाइल विकास पर रोक, संपत्ति जब्ती और यात्रा पर प्रतिबंध होगा। खबरों के मुताबिक ईरान उच्च स्तर (60%) तक यूरेनियम संवर्धन कर रहा है। पश्चिमी दुनिया के देश इसे परमाणु हथियार-स्तर के निकट मानते हैं। ईरान दावा करता है कि उसका कार्यक्रम शांतिपूर्ण है और यूरोपीय देशों के पास कार्रवाई का कानूनी आधार नहीं है।


डॉग बोर्डिंग सेंटर के मालिकों पर लगे गंभीर आरोप, 21 कुत्तों की हुई है मौत
अमेरिका में न्यूयॉर्क राज्य में एक डॉग बोर्डिंग सेंटर के मालिकों पर 21 कुत्तों की मौत के मामले में आरोप लगाए गए हैं। वाशिंगटन काउंटी शेरिफ़ कार्यालय से जारी बयान के मुताबिक जांच में पाया गया कि अर्ज़ाइल में अनास्तासिया एकर्स डॉग बोर्डिंग सुविधा (Anastasia's Acres Dog Boarding Facility) में कुत्तों को पर्याप्त पानी और वेंटिलेशन नहीं दिया गया, जिसके कारण उनकी मौत हुई। एक अन्य कुत्ता अभी पशु चिकित्सक की देखरेख में है। मालिकों पर दुराचार (misdemeanour) के 22 मामले दर्ज किए गए हैं। मुकदमे की सुनवाई नगर अदालत में होगी। डॉग बोर्डिंग सेंटर बंद किया जाएगा।

अमेरिका से बढ़ते तनाव के बीच वेनेजुएला ने ड्रग तस्करी रोकने के लिए समुद्री अभियान शुरू किया
वेनेजुएला ने देश के समुद्री इलाकों में नशीली दवाओं की तस्करी रोकने के लिए सैन्य पोत तैनात करने का एलान किया है। यह कदम ऐसे वक्त उठाया गया है जब अमेरिका ने भी वेनेजुएला के पास तीन युद्धपोत तैनात किए हैं, जिससे दोनों देशों के बीच तनाव बढ़ गया है। वेनेजुएला के रक्षा मंत्री व्लादिमीर पाद्रीनो लोपेज ने मंगलवार को बताया कि ये सैन्य पोत कैरेबियन सागर और वेनेजुएला की खाड़ी में गश्त करेंगे। उन्होंने कहा कि इस अभियान में थल और जल दोनों क्षेत्रों में लगभग 15,000 सैनिक हिस्सा लेंगे। अभियान का मकसद कोलंबिया सीमा पर सक्रिय हथियारबंद, आतंकवादी और ड्रग तस्कर गिरोहों को रोकना है।

यह घोषणा अमेरिका द्वारा वेनेजुएला के पास तीन गाइडेड मिसाइल विध्वंसक युद्धपोत तैनात करने के एक हफ्ते बाद आई है। अमेरिका ने यह कदम लैटिन अमेरिकी ड्रग कार्टेल से खतरे को देखते हुए उठाया है। इस पर प्रतिक्रिया देते हुए वेनेजुएला ने अपने नागरिकों से स्वैच्छिक मिलिशिया में शामिल होने की अपील की थी, ताकि वे सशस्त्र बलों का साथ दे सकें। राष्ट्रपति निकोलस मादुरो ने सोमवार को कहा कि उनकी सरकार कोका की खेती और कोकीन उत्पादन के खिलाफ पूरी तरह सख्त है और देश इससे मुक्त है। उन्होंने अमेरिका पर आरोप लगाया कि वह अपने देश में नशे की खपत पर ध्यान नहीं दे रहा।

भारतीय सेना प्रमुख ने अल्जीरिया की सैन्य अकादमी का दौरा किया, आपसी सहयोग बढ़ाने पर जोर
भारतीय थल सेनाध्यक्ष जनरल उपेन्द्र द्विवेदी ने अल्जीरिया की प्रमुख सैन्य प्रशिक्षण संस्था चर्चेल मिलिट्री अकादमी का दौरा किया। यह अकादमी अल्जीरियाई सेना के अधिकारियों को प्रशिक्षण देने वाली शीर्ष संस्था है। दौरे के दौरान सीओएएस को बताया गया कि यह अकादमी किस तरह से सेना के कैडेट्स को नेतृत्व की भूमिका के लिए तैयार करती है।

जनरल द्विवेदी ने वहां के शिक्षकों और प्रशिक्षण स्टाफ से बातचीत की और उनकी प्रतिबद्धता और उत्कृष्ट प्रशिक्षण स्तर की सराहना की। उन्होंने कहा कि राष्ट्र की सेवा में उत्कृष्टता की दिशा में यह समर्पण प्रेरणादायक है। सीओएएस ने यह भी कहा कि वे चर्चेल अकादमी और भारतीय सशस्त्र बलों की प्रशिक्षण संस्थाओं के बीच सहयोग और सर्वोत्तम अभ्यासों के आदान-प्रदान को आगे बढ़ाने के इच्छुक हैं।

भारत भविष्य की तकनीकों में बनेगा अग्रणी: हर्षवर्धन श्रृंगला
वर्जीनिया के रेस्टन में भारत के पूर्व विदेश सचिव और राज्यसभा सांसद हर्षवर्धन श्रृंगला ने कहा है कि भारत आने वाले वर्षों में तकनीकी क्षेत्र में बड़ी छलांग लगाने की तैयारी कर रहा है। अमेरिका जैसे देशों के साथ मिलकर भारत सेमीकंडक्टर निर्माण और रेयर अर्थ मिशन जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में तेज़ी से काम कर रहा है। उन्होंने कहा कि हम अपनी क्षमताएं खुद विकसित कर रहे हैं और इस दिशा में अमेरिका जैसे साझेदारों के साथ सहयोग भी बढ़ा रहे हैं। हम मजबूत सेमीकंडक्टर उत्पादन क्षमता बना रहे हैं और दुर्लभ खनिजों पर भी विशेष मिशन चला रहे हैं।

श्रृंगला ने आगे कहा कि भारत अगले 20 वर्षों में तेज़ी से आगे बढ़ेगा, इसलिए हमें नई और उभरती तकनीकों के लिए अभी से तैयारी करनी होगी। ये तकनीकें भारत की विकास यात्रा में अहम भूमिका निभाएंगी। उन्होंने यह भी जोड़ा कि भारत सिर्फ उपयोगकर्ता नहीं, बल्कि तकनीक का निर्माता बनना चाहता है और यह लक्ष्य अब दूर नहीं।

भारत-अमेरिका के बीच जल्द हो सकता है मुक्त व्यापार समझौता- हर्षवर्धन श्रृंगला
इसके साथ ही पूर्व विदेश सचिव और राज्यसभा सांसद हर्षवर्धन श्रृंगला ने उम्मीद जताई है कि भारत और अमेरिका के बीच मुक्त व्यापार समझौता जल्द ही हो सकता है। उन्होंने कहा कि यह समझौता दोनों देशों के लिए लाभकारी होगा और इससे द्विपक्षीय संबंध एक नई ऊंचाई पर पहुंचेंगे।

श्रृंगला ने कहा कि उम्मीद है कि हम अमेरिका के साथ ऐसा मुक्त व्यापार समझौता जल्द कर पाएंगे, जो दोनों देशों के हित में हो। यह समझौता जितनी जल्दी होगा, उतना बेहतर होगा। उन्होंने यह भी कहा कि यह समझौता अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की भारत यात्रा के बाद द्विपक्षीय रिश्तों को और मजबूती देने वाला कदम साबित होगा।

ईरान के दक्षिण-पूर्व में सुरक्षा बलों ने 13 आतंकियों को मार गिराया
ईरान के सरकारी टेलीविजन ने बुधवार को बताया कि देश के दक्षिण-पूर्वी हिस्से में सुरक्षा बलों ने तीन अलग-अलग अभियानों में 13 आतंकवादियों को मार गिराया है। रिपोर्ट के मुताबिक, मारे गए आतंकियों में से आठ उस समूह से थे, जिसने पिछले शुक्रवार को गश्त कर रही पुलिस पर हमला करके पांच पुलिसकर्मियों की हत्या कर दी थी। ईरानी मीडिया ने इस हमले के लिए 'जैश अल-अदल' नाम के आतंकवादी संगठन को जिम्मेदार ठहराया है। यह संगठन खुद को ईरान की बलूच जातीय अल्पसंख्यक के लिए अधिक अधिकारों की मांग करने वाला बताता है।

पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा में स्थानीय कबीलों और आतंकियों की झड़प, दो आतंकी मारे गए
पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में प्रतिबंधित संगठन तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (टीटीपी) के आतंकियों और स्थानीय कबीलों के लोगों के बीच हुई झड़प में दो आतंकी मारे गए। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी।

मंगलवार को यह झड़प लक्की मरवत जिले की नौरंग तहसील में उस समय शुरू हुई जब आतंकियों ने कथित तौर पर तक्खती खेल मरवत जनजाति के चार युवकों को अगवा कर लिया। इसके जवाब में कबीले के लोगों ने हथियारों से लैस होकर अपहरणकर्ताओं पर हमला कर दिया, जिससे दोनों पक्षों के बीच भारी गोलीबारी शुरू हो गई। सूत्रों के अनुसार, आतंकवादियों की जवाबी गोलीबारी में एक कबीलाई व्यक्ति घायल हो गया, लेकिन बाद में अगवा किए गए चारों युवक सुरक्षित छुड़ा लिए गए।

एक अलग घटनाक्रम में, बन्नू क्षेत्र के कबीलों ने घोषणा की है कि वे आतंकवादियों के परिवारों और उनके मददगारों को इलाके से बाहर निकालेंगे, ताकि शांति और सुरक्षा बहाल की जा सके। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर प्रशासन ने कोई कार्रवाई नहीं की, तो वे खुद यह कदम उठाएंगे

अल्जीरिया: सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी ने शेरशेल सैन्य अकादमी का दौरा किया
सेना प्रमुख (सीओएएस) जनरल उपेंद्र द्विवेदी ने अल्जीरिया की शेरशेल सैन्य अकादमी का दौरा किया। वहां उन्हें बताया गया कि यह अकादमी कैसे कैडेट्स को सेना में नेतृत्व की भूमिकाओं के लिए तैयार करती है। भारतीय सेना के जनसंपर्क विभाग (एडीजीपीआई) ने बुधवार को इस बारे में जानकारी दी।

एडीजीपीआई ने बताया कि जनरल द्विवेदी ने अकादमी के शिक्षकों से बातचीत की और उन्हें समर्पण व प्रशिक्षण की उच्च गुणवत्ता के लिए सराहा। उन्होंने यह भी कहा कि वह भारतीय सेना के प्रशिक्षण संस्थानों और शेरशेल अकादमी के बीच अनुभवों के आदान-प्रदान और सहयोग की उम्मीद करते हैं।

उन्होंने लिखा, जनरल उपेंद्र द्विवेदी ने अल्जीरिया की प्रमुख अधिकारी प्रशिक्षण संस्था शेरशेल सैन्य अकादमी का दौरा किया। वहां उन्हें बताया गया कि यह अकादमी अल्जीरियाई सेना के लिए अधिकारी तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। शिक्षकों से बातचीत के दौरान उन्होंने उनके समर्पण और बेहतरीन प्रशिक्षण मानकों की सराहना की और उन्हें अपने देश की सेवा में उत्कृष्टता बनाए रखने के लिए प्रेरित किया। जनरल द्विवेदी ने कहा कि वह भारतीय सशस्त्र बलों के प्रशिक्षण संस्थानों और शेरशेल अकादमी के बीच सहयोग और बेहतरीन तरीकों के आदान-प्रदान की उम्मीद करते हैं। 

टेलर स्विफ्ट के कॉन्सर्ट पर हमले की साजिश
जर्मनी की एक अदालत ने मंगलवार को एक 16 वर्षीय लड़के को आतंकवादी हमले की साजिश में मदद करने का दोषी पाया है। यह साजिश अमेरिकी पॉप सिंगर टेलर स्विफ्ट के ऑस्ट्रिया में होने वाले कॉन्सर्ट पर हमला करने की थी, जिसे पिछले साल नाकाम कर दिया गया था। दोषी लड़का सीरिया का नागरिक है और जर्मनी में रहता है। गोपनीयता नियमों के चलते उसका नाम मोहम्मद ए. बताया गया है। अदालत ने उसे 18 महीने की निलंबित सजा सुनाई है। इसका मतलब है कि अगर वह भविष्य में कोई और अपराध नहीं करता, तो उसे जेल नहीं भेजा जाएगा।

अदालत ने टिप्पणी कि जब वह लड़का सिर्फ 14 साल का था, तब वह इस्लामिक स्टेट (आईएस) की विचारधारा से प्रभावित था। वह सोशल मीडिया के जरिए ऑस्ट्रिया में रहने वाले एक अन्य युवक के संपर्क में था, जो विएना में टेलर स्विफ्ट के कॉन्सर्ट पर हमला करने की योजना बना रहा था। मोहम्मद ने न केवल उसे बम बनाने की वीडियो भेजी, बल्कि उसे IS के एक सदस्य से संपर्क भी कराया। इस साजिश के उजागर होने के बाद 7 अगस्त 2024 को विएना में होने वाले टेलर स्विफ्ट के तीन कॉन्सर्ट रद्द कर दिए गए थे। उस समय ऑस्ट्रिया में तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया था।

विज्ञापन

पाकिस्तान में बाढ़ के चलते करतारपुर कॉरिडोर में जलभराव, 100 लोग फंसे
रावी नदी में बाढ़ के कारण पाकिस्तान में गुरुद्वारा दरबार साहिब सहित करतारपुर कॉरिडोर जलमग्न हो गया। यहां 100 से अधिक लोग फंस गए जिनमें से अधिकतर कर्मचारी थे। करतारपुर कॉरिडोर परियोजना प्रबंधन इकाई के प्रमुख सैफुल्लाह खोखर ने बताया कि गुरुद्वारा दरबार साहिब सहित पूरा करतारपुर कॉरिडोर परिसर बाढ़ के पानी में डूब गया है।  फंसे हुए लोगों को नावों और एक हेलीकॉप्टर से बचाया जा रहा है, जिनमें से ज़्यादातर करतारपुर परियोजना प्रबंधन इकाई के कर्मचारी हैं। सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रही तस्वीरों और वीडियो में पवित्र सिख तीर्थस्थल बाढ़ के पानी से घिरा हुआ दिखाई दे रहा है। पाकिस्तान सरकार ने नवंबर 2019 में करतारपुर कॉरिडोर खोला था, जो पाकिस्तान-भारत सीमा से लगभग 4.1 किलोमीटर दूर है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें