पाकिस्तान में शनिवार तड़के 1:59 बजे रिक्टर स्केल पर 4.5 तीव्रता का भूकंप आया। राष्ट्रीय भूकंपीय केंद्र के अनुसार भूकंप के केंद्र की गहराई 10 किलोमीटर में रही। इससे पहले 2 अक्तूबर को भी कराची में 3.2 तीव्रता का भूकंप दर्ज किया गया था। इसका केंद्र मलिर के उत्तर-पश्चिम में 7 किलोमीटर दूर था। खबर लिखे जाने तक विस्तृत जानकारी नहीं मिली है। लगातार भूकंप के झटकों ने क्षेत्र में चिंता बढ़ा दी है। संबंधित एजेंसियां स्थिति की निगरानी कर रही हैं।
ब्रिटेन: शिनागॉग पर हमले के बाद गिरफ्तार छह लोगों से पूछताछ
पुलिस ने शनिवार को छह लोगों से पूछताछ की, जिन्हें उत्तर-पश्चिम इंग्लैंड में एक सिनागॉग पर हुए हमले के बाद गिरफ्तार किया गया था। इस हमले में दो पुरुष मारे गए थे। इस घटना से ब्रिटेन के यहूदी समुदाय में गहरा शोक है।
जिहाद अल-शामी (35 वर्ष) को पुलिस ने गुरुवार को मैनचेस्टर के हीटन पार्क कांग्रेगेशन सिनागॉग के बाहर गोली मारी। उसने कार से पैदल चलने वालों को टक्कर मारी, चाकू से हमला किया और सिनागॉग में घुसने की कोशिश की। हमले में कांग्रेगेशन के सदस्य मेलविन क्राविट्ज (66 वर्षीय) और एड्रियन डाउल्बी (53 वर्षीय) की मौत हो गई। यह हमला यहूदी धर्म के सबसे पवित्र दिन योम किप्पुर पर हुआ। पुलिस के अनुसार, डाउल्बी को एक अधिकारी ने गलती से गोली मार दी, जब वह और अन्य लोग अल-शामी को सिनागॉग में प्रवेश करने से रोकने की कोशिश कर रहे थे।
रूस ने यूक्रेन के गैस संयंत्रों पर बड़े पैमाने पर हमले शुरू किए
रूसी सेनाओं ने शुक्रवार को यूक्रेन के कई सैन्य ठिकानों और गैस ढांचों पर बड़े पैमाने पर हमले किए। रूस के रक्षा मंत्रालय के अनुसार, मिसाइलों और लंबी दूरी के ड्रोन से रातभर चलाए गए हमलों में सभी निर्धारित लक्ष्य नष्ट कर दिए गए। यूक्रेन की सरकारी ऊर्जा कंपनी नाफ्तोगाज ने इसे देश के गैस स्थलों पर अब तक का सबसे बड़ा हमला बताया, जिसमें खार्किव और पोलतावा क्षेत्रों में लगभग 35 मिसाइलें दागी गईं। कंपनी ने नुकसान को गंभीर बताया। इससे पहले, 7 सितंबर को रूस ने अब तक का सबसे बड़ा हवाई हमला किया था, जिसमें 800 से अधिक ड्रोन और मिसाइलें दागी गईं। इस हमले में कीव सहित कई शहरों को निशाना बनाया गया और दो लोगों, जिनमें एक शिशु भी शामिल था, की मौत हुई। यूक्रेनी वायुसेना के अनुसार, रूस ने कुल 810 ड्रोन, चार बैलिस्टिक और नौ क्रूज मिसाइलें छोड़ीं, जिनमें से अधिकांश को मार गिराया गया। राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने हमलों को 'घृणित अपराध' बताया और कहा कि यह शांति प्रक्रिया को लंबा करने की कोशिश है। प्रधानमंत्री यूलिया स्विरीडेंको ने इसे बड़ा हमला बताया। उन्बोंने कहा कि इससे कीव, ओडेसा, ड्नीप्रो, क्रीमेनचुक और क्रिवी रीह सहित कई शहर प्रभावित हुए हैं।
विक्रम मिस्री ने भूटानी पीएम से की मुलाकात, द्विपक्षीय व्यापार बढ़ने पर दिया जोर
भारत के विदेश सचिव विक्रम मिस्री ने भूटान की राजधानी थिम्फू में प्रधानमंत्री शेरिंग तोबगे के साथ मुलाकात की। इस दौरान दोनों पक्ष ने द्विपक्षीय संबंध, व्यापार और संपर्क को बढ़ाने पर जोर दिया। मिस्री शुक्रवार को भूटान पहुंचे थे। उनकी यह यात्रा इस सप्ताह पहले भारत और भूटान के बीच रेलवे लिंक की स्थापना के लिए हस्ताक्षरित अंतर-सरकारी समझौता (एमओयू) के बाद हुई। भूटान स्थित भारती दूतावास ने सोशल मीडिया पर लिखा, नियमित उच्च स्तरीय संवाद की परंपरा के अनुसार, विदेश सचिव विक्रम मिस्री ने शुक्रवार को भूटान का दौरा किया। उन्होंने द्विपक्षीय सहयोग के मजबूत करने पर व्यापक चर्चा की। मिस्री ने अपने दौरे के दौरान भूटान के राजा जिग्मे खेसेर नामग्येल वांगचुक से भेंट की और प्रधानमंत्री तोबगे तथा विदेश मंत्री डी एन ढुंग्येल से भी मुलाकात की।
त्रिनिदाद और टोबैगो में जयपुर फुट कैंप की साझेदारी से बनेगा कृत्रिम अंग केंद्र
त्रिनिदाद और टोबैगो की प्रधानमंत्री कमला प्रसाद-बिसेसर ने अपने देश में एक स्थायी कृत्रिम अंग केंद्र की स्थापना का एलान किया है। उन्होंने कहा कि यह केंद्र जयपुर फुट कैंप के साथ साझेदारी के जरिये स्थापित होगा और इसका लाभ कैरीकॉम समुदाय को भी मिलेगा।
प्रधानमंत्री कमला प्रसाद-बिसेसर ने 3 अक्तूबर को कृत्रिम अंग फिटमेंट कैंप के उद्घाटन के दौरान यह एलान किया। भारत 100,000 अमेरिकी डॉलर कीमत की यह मशीनरी दान कर रहा है और इसके अतिरिक्त मशीनरी स्थापित करने के लिए 75,000 अमेरिकी डॉलर का अनुदान दे रहा है। पीएम प्रसाद-बिसेसर ने भारत को इस मानवीयता और उदारता के लिए धन्यवाद दिया। गौरतलब है कि इस पहल का वादा भारतीय पीएम नरेंद्र मोदी ने इस साल जुलाई में अपनी त्रिनिदाद और टोबैगो यात्रा के दौरान किया था। तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हैं और अस्पताल में भर्ती हैं। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि क्या हमलावर अकेला था। ब्रिटेन में यहूदियों के खिलाफ नफरत की घटनाएं बढ़ रही हैं।
मिस्र ने 20 साल बाद फिर से खोला फिरौन अमेनहोटेप तृतीय का मकबरा
मिस्र ने शनिवार को दक्षिणी शहर लक्सोर में स्थित एक फिरौन अमेनहोटेप तृतीय के प्राचीन मकबरे को 20 साल के लंबे जीर्णोद्धार के बाद आम लोगों के लिए फिर से खोल दिया। यह कदम काहिरा में मिस्र के भव्य संग्रहालय के औपचारिक उद्घाटन से पहले उठाया गया है।
अमेनहोटेप तृतीय प्राचीन मिस्र के 18वें वंश के एक महान फिरौन थे, जिन्होंने 1390 ईसा पूर्व से 1350 ईसा पूर्व तक शासन किया। उन्हें अक्सर 'अमेनहोटेप द ग्रेट' कहा जाता है। उन्होंने किशोर अवस्था में गद्दी संभाली और करीब 38 साल तक शासन किया। यह विशाल मकबरा वैली ऑफ द किंग्स (राजाओं की घाटी) के पश्चिमी हिस्से में स्थित है। इसे 1799 में खोजा गया था, लेकिन इसके बाद इसे लूट लिया गया, जिसमें ताबूत भी शामिल था। इस मकबरे का नवीनीकरण जापानी विशेषज्ञों के नेतृत्व में तीन चरणों में हुआ। इसमें दीवारों पर बनी अमेनहोटेप और उनकी पत्नी की चित्रकारी को दिखाया गया है।
तूफान से ब्रिटेन, आयरलैंड और स्कैंडिनेविया में जनजीवन प्रभावित, एक की मौत
ब्रिटेन, आयरलैंड और स्कैंडिनेविया को 'एमी' नाम के एक बड़े तूफान ने प्रभावित किया है। तूफान के कारण भारी बारिश हुई है और तेज हवाएं चली हैं। लंदन के मशहूर रॉयल पार्कों ने शनिवार को अपने गेट बंद कर दिए। तूपना के कारण सड़क रेल और समुद्री यात्रा में बाधाएं आईं। वहीं, आयरलैंड और नॉर्दर्न आयरलैंड में दो लाख से अधिक घर बिना बिजली के रह गए और शुक्रवार उत्तर पश्चिम आयरलैंड के लेटरकेनी में एक व्यक्ति की मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि मौसम से जुड़े हादसे के कारण व्यक्ति की मौत हुई। हालांकि, उसने अधिक जानकारी नहीं दी।
ब्रिटेन के मौसम विभाग ने कहा कि स्कॉटलैंड के पश्चिमी तट के निकट टाइरी द्वीप पर शुक्रवार को 154 किलोमीटर प्रति घंटे की तेज हवा दर्ज की गई। स्कॉटलैंड में कई फेरी सेवाएं बंद कर दी गईं और सड़कों व रेल लाइनों पर पेड़ गिरने से रुकावटें आ गईं।
कैंटरबरी में पहली महिला आर्कबिशप चुनी गईं सारा मौलली
लंदन की बिशप सारा मौलली शुक्रवार को कैंटरबरी में आर्कबिशप नियुक्त की गई हैं। यह पहली बार है जब किसी महिला को ‘चर्च ऑफ इंग्लैंड’ का आध्यात्मिक नेता चुना गया है। उन्हें महिलाओं व एलजीबीटीक्यू लोगों संग व्यवहार को लेकर चर्च में मौजूद मतभेदों का सामना करना पड़ेगा।
इटली : भीषण सड़क दुर्घटना में दो भारतीयों की मौत
इटली के ग्रोसेटो में शुक्रवार सुबह हुई सड़क दुर्घटना में दो भारतीयों सहित तीन लोगों की मौत हो गई। न्यूज एजेंसी अंसा के अनुसार, ऑरेलिया स्टेट रोड पर एक वैन और नौ सीट वाली मिनीबस में टक्कर हुई। हादसे में बच्चों सहित पांच लोग घायल हो गए। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इटली में भारतीय दूतावास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर बताया कि मृतक नागपुर के भारतीय नागरिक थे।
थाईलैंड : राजनेता की हत्या के दोषी को आजीवन कारावास
बैंकॉक की एक कोर्ट ने कंबोडिया के एक विपक्षी राजनेता की गोली मारकर हत्या करने के जुर्म में थाईलैंड के एक व्यक्ति को दोषी करार देते हुए आजीवन कारावास की सजा सुनाई है। कंबोडिया नेशनल रेस्क्यू पार्टी के पूर्व विधायक लिम किमया की 7 जनवरी को बैंकॉक में हत्या कर दी गई थी। थाई नागरिक एक्कलाक फीनोई को इस मामले में गिरफ्तार किया गया था और उसने कबूल किया था कि उसे हत्या के लिए किराए पर लिया गया था।
बच्ची को डुबोने की कोशिश पर महिला को पांच साल की सजा
अमेरिका के टेक्सास में एलिजाबेथ वुल्फ (43) नाम की एक महिला को नस्लीय पूर्वाग्रह से प्रेरित एक घटना में तीन वर्षीय फलस्तीनी-अमेरिकी मुस्लिम बच्ची को डुबोने की कोशिश के लिए पांच साल की जेल की सजा सुनाई गई है। घटना मई 2024 में यूलिस के एक अपार्टमेंट कॉम्प्लेक्स के स्विमिंग पूल में हुई थी। बाद में बच्ची की मां ने उसे पानी से बाहर निकालकर जान बचाई थी। महिला ने हत्या के प्रयास और बच्ची को चोट पहुंचाने के जुर्म को स्वीकार कर लिया था।
कनाडा : गोलीबारी के बाद दक्षिण एशियाई फिल्मों की स्क्रीनिंग रद्द
कनाडा के टोरंटो के पश्चिम में ओकविल के एक सिनेमा कंपनी ने पिछले सप्ताह हुई गोलीबारी और आगजनी के प्रयास के बाद सभी दक्षिण एशियाई फिल्मों की स्क्रीनिंग रद्द करने का एलान किया है। फिल्म.सीए सिनेमाज ने बताया कि 25 सितंबर को आगजनी की कोशिश और बृहस्पतिवार सुबह बंद थिएटर पर गोलीबारी हुई। हालांकि, इसमें कोई घायल नहीं हुआ। सिनेमा के सीईओ जेफ नॉल ने घटना की कड़े शब्दों में निंदा की है।
चर्च ऑफ इंग्लैंड को मिलेगा नया नेतृत्व, घोटाले बड़ी चुनौती
चर्च ऑफ इंग्लैंड को आर्कबिशप ऑफ कैंटरबरी के रूप में नया नेतृत्व मिलने की उम्मीद है। पूर्व आर्कबिशप जस्टिन वेल्बी ने बाल यौन शोषण की जानकारी पुलिस को न देने के आरोप के बाद नवंबर में इस्तीफा दे दिया था। नए आर्कबिशप के सामने यौन शोषण घोटालों से उबरने और यौन मुद्दों तथा लिंग से संबंधित मतभेदों को हल करने की चुनौती होगी। गुली फ्रांसिस-देहकानी और रशेल ट्रेवीक जैसी दो महिलाएं भी इस पद की दौड़ में हैं। चर्च के विशेषज्ञों ने इस पूरी प्रक्रिया को 11 महीने की मैराथन बताया है। यह प्रक्रिया बहुत गोपनीय है और किंग चार्ल्स-3 के जरिये इसकी पुष्टि होनी है।
भारतीय राजदूत क्वात्रा की अमेरिकी सांसद से मुलाकात; कई अहम मुद्दों पर चर्चा
अमेरिका में भारत के राजदूत विनय मोहन क्वात्रा ने बृहस्पतिवार को नॉर्थ कैरोलाइना के रिपब्लिकन सांसद ग्रेग मर्फी से मुलाकात की और हालिया घटनाक्रम सहित विभिन्न द्विपक्षीय मुद्दों पर चर्चा की। क्वात्रा ने सोशल मीडिया पर जानकारी साझा करते हुए कहा कि बातचीत में व्यापार, रक्षा और प्रौद्योगिकी क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर जोर दिया गया। उन्होंने विशेष रूप से अमेरिका में कानूनी गतिशीलता (लीगल मोबिलिटी) को स्वास्थ्य सेवा, प्रौद्योगिकी और शोध जैसे क्षेत्रों के लिए दीर्घकालिक लाभकारी बताया। क्वात्रा ने कहा कि दोनों पक्षों ने मिलकर संबंधों को और प्रगाढ़ बनाने पर सहमति जताई। क्वात्रा लगातार अमेरिकी नेताओं से मुलाकात कर भारत-अमेरिका रिश्तों को मजबूती देने के प्रयास कर रहे हैं। इससे पहले 19 सितंबर को उन्होंने रिपब्लिकन नेता स्टीव स्केलिस से भी मुलाकात की थी। उस बैठक में भी दोनों देशों के बीच सहयोग बढ़ाने पर चर्चा हुई थी। स्केलिस ने इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जन्मदिन की शुभकामनाएं भी दी थीं।
दो भारतीय पर्यटकों को सिंगापुर में जेल की सजा, लूटपाट और मारपीट के आरोप
सिंगापुर में छुट्टियां मनाने गए भारत के दो युवकों, अरोक्कियासामी डैसन (23) और राजेन्द्रन मयिलारासन (27) को जेल की सजा सुनाई गई है। अदालत ने यौनकर्मियों से लूटपाट और मारपीट के आरोप में पांच साल एक महीने की जेल और 12 बेंत की सजा सुनाई। दोनों ने होटल में महिलाओं को बुलाकर पहले उन्हें बांधा, फिर मारपीट कर नकदी, पासपोर्ट और अन्य सामान लूट लिया। दूसरी पीड़िता ने अगले दिन एक व्यक्ति को घटना बताई, जिससे पुलिस को सूचना मिली। दोनों ने अदालत में गरीबी और पारिवारिक समस्याओं का हवाला देकर दया की अपील की, लेकिन कानून के अनुसार उन्हें सख्त सजा दी गई।
इंडोनेशिया स्कूल हादसा: मरने वालों की संख्या बढ़कर 14 हुई, मलबे में दबे हैं कई शव
इंडोनेशिया के जावा द्वीप स्थित सिदोआर्जो में एक इस्लामिक स्कूल की इमारत गिरने से मृतकों की संख्या शुक्रवार को बढ़कर 14 हो गई। सोमवार को हुई इस दुर्घटना में सैकड़ों लोग प्रार्थना हॉल में मौजूद थे। बचाव दल ने गुरुवार तक हाथों से खोज की, लेकिन जीवन के कोई संकेत न मिलने पर शुक्रवार को भारी मशीनों का उपयोग किया गया। अब भी लगभग 50 छात्र लापता हैं। मृतकों में अधिकांश 12 से 19 वर्ष के छात्र हैं। कुछ शव प्रार्थना स्थल और निकास द्वार के पास मिले। प्रशासन राहत कार्य में जुटा है और मृतकों की संख्या बढ़ सकती है।
एच-1बी वीजा मुद्दा: अमेरिका की संघीय अदालत में मुकदमा दायर
अमेरिका में H-1B वीजा आवेदन पर नई एक लाख डॉलर फीस के खिलाफ स्वास्थ्य संस्थानों, धार्मिक समूहों और शिक्षकों के गठबंधन ने संघीय अदालत में मुकदमा दायर किया है। यह फीस राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के आदेश से लागू की गई थी, जिसके बाद नियोक्ताओं और कर्मचारियों में अफरा-तफरी मच गई। याचिका में कहा गया कि यह कदम अस्पतालों, स्कूलों और उद्योगों में विशेषज्ञ कर्मचारियों की कमी पैदा करेगा। संगठनों ने इसे 'ट्रंप की नई विरोधी-आव्रजन साजिश' बताया। उनका दावा है कि इतनी भारी फीस प्रतिभाशाली पेशेवरों को अमेरिका आने से रोकेगी और यह कदम कानूनी रूप से असांविधानिक है।
इस्राइल पर हमास के घातक हमले के पीछे 1 बिलियन USD का फंड नहीं
न्यूयॉर्क की एक संघीय अदालत ने उस मुकदमे को खारिज कर दिया जिसमें आरोप लगाया गया था कि संयुक्त राष्ट्र की एजेंसी- UNRWA ने हमास को एक अरब डॉलर से अधिक की सहायता दी। न्यायाधीश एनालिसा टोरेस ने कहा कि UNRWA, संयुक्त राष्ट्र का हिस्सा है। ऐसे यह मुकदमे से रक्षित है। पीड़ित परिवारों ने एजेंसी और उसके सात अधिकारियों पर हमास को समर्थन देने का आरोप लगाया था। पूर्व राष्ट्रपति जो बाइडन प्रशासन ने भी मुकदमा खारिज करने की सिफारिश की थी, जबकि ट्रंप प्रशासन ने बाद में इसका विरोध किया।
इटली में शुक्रवार को गाजा के समर्थन और मानवीय सहायता मिशन के लिए 100 से अधिक शहरों के लोगों ने एकजुटता दिखाई। 20 लाख से ज्यादा लोगों ने एक दिन की हड़ताल में हिस्सा लिया। हड़ताल प्रमुख यूनियन- CGIL ने बुलाई। यह पर्यावरण कार्यकर्ता ग्रेटा थनबर्ग समेत कई लोगों पहल- 'फ्लोटिला' (नावों का बेड़ा) पर की गई कार्रवाई है। बता दें कि नावों के इस बेड़े को गाजा की सीमा पर 'इस्राइली नौसेना' ने रोक दिया। हालांकि, रोम में अकेले '3 लाख लोग' सड़कों पर रोका गया, जिससे परिवहन, शिक्षा और अन्य सेवाएं ठप हो गईं।
इटली तक पहुंची विरोध की आग
प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी ने हड़ताल की निंदा करते हुए इसे “राजनीतिक रूप से प्रेरित” बताया। मिलान, ट्यूरिन, बोलोग्ना और नेपल्स में विरोध प्रदर्शन हुए, जिनमें अधिकांश शांतिपूर्ण रहे, हालांकि कुछ जगह हल्की झड़पें हुईं। फ्लोरेंस में प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि इटली की इस्राइल के खिलाफ वर्ल्ड कप क्वालिफायर मैच रद्द किया जाए। मेलोनी पर अब गाजा संकट के बीच इज़राइल के समर्थन को लेकर बढ़ता दबाव है।
यहूदी धर्मस्थल हमला: मैनचेस्टर पुलिस ने गलती से गोली मारी, हमलावर को रोकने के प्रयास में फायरिंग
ब्रिटेन के मैनचेस्टर में एक यहूदी आराधनालय पर हुए कार और चाकू हमले में पुलिस ने चौंकाने वाली जानकारी दी है। पुलिस के मुताबिक मारे गए दो लोगों में से एक व्यक्ति की मौत का कारण 'गलती से लगी पुलिस की गोली' है। पुलिस के अनुसार, 53 वर्षीय एड्रियन डॉल्बी और 66 वर्षीय सुरक्षा गार्ड मेल्विन क्रेविट्ज़ ने 'योम किप्पुर' के दिन हमलावर को ढेर कर दिया। हमलावर ने पहले कार से लोगों को कुचला, फिर चाकू से हमला किया। उसने नकली 'विस्फोटक बेल्ट' भी पहनी हुई थी। पुलिस ने उसे सात मिनट में मार गिराया। प्रारंभिक जांच में डॉल्बी की मौत गोली लगने से हुई बताई गई, जो संभवतः पुलिस की गोली थी।
रूस पर ट्रंप का 'कागजी शेर' वाला हमला, माओ की याद दिलाता है
माओत्से तुंग द्वारा अमेरिका को 'कागजी शेर' कहे जाने के लगभग 80 साल बाद अब अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप रूस को कागजी शेर कहा है। ट्रुथ सोशल पर 23 सितंबर को लिखे एक पोस्ट में, ट्रंप ने रूस की सैन्य शक्तियों का मजाक उड़ाया और देश को कागजी शेर कहा, जिसके बाद क्रेमलिन ने भी पलटवार किया। ट्रंप ने मंगलवार को सैन्य अधिकारियों को संबोधित करते हुए यूक्रेन के साथ युद्ध पर तंज कसते हुए रूस के लिए कहा कि 'आप चार साल से एक ऐसे युद्ध में लड़ रहे हैं जिसे एक हफ्ते में खत्म हो जाना चाहिए था। क्या आप कागजी शेर हैं?' गुरुवार को, पुतिन ने पलटवार करते हुए कहा, 'हम नाटो के पूरे गुट के खिलाफ लड़ रहे हैं। हम एक कागजी शेर हैं तो नाटो खुद क्या है?'