फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

World News: अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने बाइडन के पुराने आदेश निरस्त किए; गिनी बिसाऊ में इलिडियो विएरा नए पीएम

Sat, 29 Nov 2025 05:51 AM IST
ज्योति भास्कर वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला।
विज्ञापन
दुनिया की बड़ी खबरें - फोटो : amar ujala graphics
विज्ञापन
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने पूर्व राष्ट्रपति जो बाइडन के आदेशों को निरस्त कर दिया है। उन्होंने वरिष्ठ डेमोक्रेट नेता बाइडन की आलोचना करते हुए उन्हें सोने वाला या बिना होश के फैसले करने वाला राष्ट्रपति भी बताया। ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर जारी एक संदेश में लिखा, 'स्लीपी जो बाइडेन ने कई दस्तावेजों पर ऑटोपेन से हस्ताक्षर किए थे। लगभग 92 फीसदी आदेशों को तत्काल प्रभाव से निरस्त किया जाता है। अब इनका कोई प्रभाव नहीं होगा।
विज्ञापन


नेपाल: लैंडिंग के दौरान विमान से टकराया पक्षी
नेपाली एयरलाइन के एक निजी विमान से शनिवार को एक पक्षी टकरा गया। यह घटना उस समय हुई, जब विमान पोखरा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उतर रहा था। यह हवाई अड्डा काठमांडू से करीब 200 किलोमीटर पश्चिम में स्थित है। हवाई अड्डे के सूत्रों के मुताबिक, इस घटना में यात्री और चालक दल के सभी सदस्य सुरक्षित हैं।

एक अधिकारी ने बताया कि काठमांडू से पोखरा जाते समय दोपहर पौने चार बजे लैंडिंग के दौरान बुद्धा एअर के 9एन एओसी विमान से पक्षी टकराया। घटना के बाद एक तकनीकी टीम ने विमान की सुरक्षा जांच की। अधिकारी ने कहा कि इस घटना में विमान के प्रोपेलर ब्लेड को थोड़ी क्षति पहुंची है।   
विज्ञापन


डेमोक्रेट नेता बाइडन को ट्रंप ने आड़े हाथों लिया
ट्रंप ने साफ किया कि जब तक अमेरिका के राष्ट्रपति विशेष रूप से इन दस्तावेजों का अनुमोदन नहीं करते पुराने सभी आदेश निरस्त माने जाएंगे। उन्होंने आगे लिखा, 'ऑटोपेन का उपयोग करने की अनुमति नहीं है।' व्हाइट हाउस से जुड़े नियमों का जिक्र करते हुए ट्रंप ने कहा, 'ओवल ऑफिस में खूबसूरत रेजोल्यूट डेस्क के चारों ओर बाइडन को घेरे रहने वाले कट्टरपंथी वामपंथी लोगों ने उनसे राष्ट्रपति पद छीन लिया। इसलिए वे सभी कार्यकारी आदेशों समेत तमाम आदेशों को रद्द कर रहा हूं, जिन पर सीधे तौर पर बाइडन ने हस्ताक्षर नहीं किए गए थे।' उन्होंने कहा कि ऑटोपेन का संचालन करने वाले लोगों ने राष्ट्रपति के हस्ताक्षर अवैध रूप से किए थे। बाइडन ऑटोपेन प्रक्रिया में शामिल नहीं थे। अगर वे अब ऐसा कहेंगे तो उन पर झूठी गवाही देने के आरोप लगाए जाएंगे।'

गिनी बिसाऊ में इलिडियो विएरा नए प्रधानमंत्री
पश्चिमी अफ्रीकी देश- गिनी-बिसाऊ में हालिया चुनाव के कुछ दिनों के भीतर ही तख्तापलट के बाद सेना ने शुक्रवार को इलिडियो विएरा ते को नया प्रधानमंत्री नियुक्त नियुक्त किया है। विएरा ते हटाए गए राष्ट्रपति उमारो सिस्सोको एम्बालो के करीबी सहयोगी हैं। उन्होंने रविवार को हुए राष्ट्रपति चुनाव के दौरान उनके कैंपेन डायरेक्टर के तौर पर काम किया था।  देश के नए मिलिट्री लीडर जनरल होर्ता इंटा-आ ने एक आदेश कर उन्हें प्रधानमंत्री नियुक्त करने की घोषणा की है। गौरतलब है कि, बुधवार को राष्ट्रीय चुनावों के तीन दिन बाद सेना ने सत्ता पर कब्जा कर लिया था। अपदस्थ राष्ट्रपति उमारो सिस्सोको एम्बालो पड़ोसी सेनेगल चले गए हैं। इस बीच, विपक्ष ने कहा कि चुनाव में हार से बचने के लिए एम्बालो ने तख्तापलट की साजिश रची थी। सेना के जरिये कर्फ्यू हटाए जाने के बाद राजधानी बिसाऊ में शांति लौट आई है। लोग और गाड़ियां शहर की सड़कों पर घूम रही हैं। मुख्य स्टॉक एक्सचेंज और बाहरी ज़िलों के बाजार, बैंक भी फिर से खुल गए हैं। गिनी-बिसाऊ दुनिया के सबसे गरीब देशों में से एक है।

ब्रिटेन में कुल प्रवासन घटकर 2.04 लाख पर पहुंचा 
ब्रिटेन में कुल प्रवासन जून 2025 तक तेजी से घटकर 2,04,000 रह गया है। देश के राष्ट्रीय सांख्यिकी कार्यालय (ओएनएस) के अनुसार यह गिरावट मुख्यतः नए अप्रवासियों में कमी और देश छोड़ने वालों की संख्या में हल्की बढ़ोतरी के कारण हुई। जून 2023 में कुल प्रवासन 9.06 लाख के उच्च स्तर पर था। रिपोर्ट में बताया गया कि जून 2025 तक ईयू और यूके दोनों नागरिक समूहों में शुद्ध बाहर जाने वालों की संख्या अधिक रही। इनमें देश छोड़ने वाले अधिकांश ब्रिटिश नागरिक 35 वर्ष से कम आयु के थे।

गूगल ने माइक्रोसॉफ्ट के खिलाफ वापस ली शिकायत
गूगल ने माइक्रोसॉफ्ट के क्लाउड व्यवसाय के खिलाफ दायर अपनी यूरोपीय यूनियन से प्रतिस्पर्धा रोधी शिकायत वापस ले ली है। यह कदम ऐसे समय आया है, जब यूरोपीय आयोग ने हाल ही में क्लाउड सेक्टर में माइक्रोसॉफ्ट की जांच शुरू की है। गूगल ने पिछले साल आरोप लगाया था कि माइक्रोसॉफ्ट अपने एज्यूर प्लेटफॉर्म पर ग्राहकों को बांधकर प्रतिस्पर्धा घटा रहा है। क्लाउड बाजार में अमेजन 30 फीसदी हिस्सेदारी के साथ शीर्ष पर है, जबकि माइक्रोसॉफ्ट 20 फीसदी और गूगल 13 फीसदी पर है।

अफगान सरकार की ईंधन की खपत कम करने की अपील 
अफगानिस्तान के काबुल में नगर पालिका ने सर्दियों में बढ़ते प्रदूषण को देखते हुए निवासियों से ईंधन की खपत कम करने की अपील की है। अधिकारियों ने कहा कि छोटे घरों में चलने वाले स्टोव व चूल्हे इसके प्रमुख स्रोत हैं। शहर में प्रदूषण पिछले साल की तुलना में अधिक दर्ज किया गया है, जिससे लोगों की सेहत पर असर पड़ रहा है। विशेषतौर से सुबह और शाम के समय धुआं व धूल आंखों व सांस लेने में परेशानी पैदा कर रहे हैं।

इमरान की रिहाई के लिए कराची में सड़कों पर पीटीआई समर्थक
जेल में बंद पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान के हजारों समर्थकों ने शुक्रवार को कराची में अपने नेता के स्वास्थ्य के बारे में जानकारी पाने के लिए प्रदर्शन किया। इमरान खान की पार्टी पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) के समर्थकों का आरोप है कि पूर्व पीएम के साथ अदियाला जेल में बेहद अमानवीय व्यवहार किया जा रहा है। जेल प्रशासन इमरान के स्वास्थ्य के बारे में भी जानकारी नहीं दे रहा है। समर्थकों ने पूर्व पीएम की रिहाई के लिए जमकर नारेबाजी की।

सिंगापुर-भारत-आईलैंड समुद्री अभ्यास का 5वां संस्करण जारी
भारतीय नौसेना पोत (आईएनएस) करमुक सिंगापुर-भारत-थाईलैंड समुद्री अभ्यास (सिटमेक्स-25) में अपनी सप्ताह भर की भागीदारी पूरी करने के करीब है। यह पांचवां संस्करण है, जो इस वर्ष सिंगापुर गणराज्य की नौसेना द्वारा आयोजित किया गया। इसका उद्देश्य समुद्री सहयोग को बढ़ावा देना, अंतर-संचालन को बढ़ाना और हिंद-प्रशांत क्षेत्र में तीनों नौसेनाओं की सामूहिक क्षमता को मजबूत करना है।इस अभ्यास की शुरुआत तीन दिनी हार्बर चरण के साथ हुई, जिसमें भाग लेने वालों में समझ-सौहार्द बनाने के लिए क्रॉस-डेक दौरे, पेशेवर आदान-प्रदान और मैत्रीपूर्ण खेल शामिल थे।

द. सीरिया में इस्राइली सेना की कार्रवाई में 13 नागरिक मारे गए
दक्षिणी सीरिया के बेत जिन गांव में इस्राइली सेना की छापेमारी के दौरान हुई गोलीबारी में कम से कम 13 लोग मारे गए। स्थानीय मीडिया और अधिकारियों के अनुसार, गोलीबारी स्थानीय निवासियों के प्रतिरोध के दौरान हुई। सीरियाई सरकारी समाचार एजेंसी सना के मुताबिक, इस्राइली सैनिक गांव में प्रवेश कर स्थानीय लोगों को हिरासत में लेने का प्रयास कर रहे थे। प्रतिरोध होने पर सेना ने गोलीबारी की, जिससे कई परिवारों को घर छोड़ने के लिए मजबूर होना पड़ा।

PAK ने ताजिकिस्तान में तीन चीनी कामगारों की हत्या की निंदा
पाकिस्तान ने ताजिकिस्तान के सीमा क्षेत्र में अफगानिस्तान से आए ड्रोन के हमले में तीन चीनी श्रमिकों की हत्या की शुक्रवार को कड़ी निंदा की। पाकिस्तान ने कहा, आतंकी तत्वों द्वारा अफगान भूमि का बार-बार उपयोग और अफगान तालिबान शासन के संरक्षण में उनकी निरंतर मौजूदगी पूरे क्षेत्र और व्यापक अंतरराष्ट्रीय समुदाय के लिए गंभीर चिंता का विषय है। अफगानिस्तान ने घटना पर अफसोस जताते हुए हमले की कड़ी निंदा की व सहयोग का वादा किया है। 

US में नेशनल गार्ड्स पर गोलीबारी के संदिग्ध पर हत्या के आरोप
वॉशिंगटन डीसी में बुधवार को व्हाइट हाउस के पास दो नेशनल गार्ड जवानों पर गोलीबारी की गई थी। इस मामले में आरोपी रहमानुल्लाह लाकानवाल (29) पर लगे आरोपों को अपग्रेड कर दिया गया है। अमेरिकी अटॉर्नी जीनिन पिरो ने शुक्रवार को कहा कि लाकानवाल अफगानिस्तान युद्ध के दौरान सीआईए के साथ काम कर चुका था। गोलीबारी में गंभीर रूप से घायल 20 वर्षीय स्पेशलिस्ट सारा बेकस्ट्रॉम और 24 वर्षीय स्टाफ सार्जेंट एंड्रयू वोल्फ को अस्पताल में भर्ती कराया गया था। बेकस्ट्रॉम की इलाज के दौरान मौत हो गई। आरोपों को अपग्रेड किए जाने के संबंध में अभियोजकों ने बताया कि लाकानवाल पर अब पहले दर्जे की हत्या (First-Degree Murder) का मुकदमा चलाया जाएगा। इसके अलावा हिंसक अपराध के दौरान हथियार रखने के तीन आरोप और हत्या के इरादे से हमला करने के दो आरोप भी लगाए गए हैं। राष्ट्रपति ट्रंप ने इस घटना को आतंकी हमला बताया है। उन्होंने आरोप लगाया है कि जो बाइडन प्रशासन ने उन अफगानों को अमेरिका में प्रवेश दिया जो युद्ध के दौरान अमेरिकी बलों के साथ काम करते थे।

रूस के राष्ट्रपति से मिले हंगरी के PM ओरबान, मांगा और अधिक रूसी तेल और गैस
हंगरी के प्रधानमंत्री विक्टर ओरबान ने शुक्रवार को मॉस्को में रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से मुलाकात की, जिससे उन्होंने यूक्रेन पर हमले के बाद रूस को अलग-थलग करने के यूरोपीय संघ (EU) के प्रयासों को नजरअंदाज किया। पिछले वर्ष के बाद यह ओरबान की दूसरी मास्को यात्रा है। वे EU नेताओं में पुतिन के सबसे करीबी साझेदार माने जाते हैं और हंगरी अब भी रूसी जीवाश्म ईंधन का बड़ा आयातक है। ओरबान ने कहा कि रूस के साथ ऊर्जा सहयोग पर बाहरी दबाव के बावजूद कोई समझौता नहीं किया जाएगा और रूसी ऊर्जा हंगरी की आपूर्ति का आधार है। यूक्रेन युद्ध पर उनकी 'युद्धविराम' की मांग ने EU और NATO सहयोगियों को नाराज किया है। पुतिन ने वार्ता में ओरबान की 'संतुलित स्थिति' की तारीफ की। इससे पहले ओर्बान ने वॉशिंगटन में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से भी मुलाकात की। इसमें उन्होंने रूसी ऊर्जा कंपनियों पर लगाए गए प्रतिबंधों से छूट हासिल कर हंगरी की ऊर्जा सुरक्षा सुनिश्चित करने की कवायद की।

मध्य अमेरिकी देश होंडुरास के पूर्व राष्ट्रपति जुआन को माफ करेंगे ट्रंप
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि वे मध्य अमेरिकी देश होंडुरास के पूर्व राष्ट्रपति जुआन ऑरलैंडो हर्नांडेज़ को माफ कर देंगे। हर्नांडेज को 2024 में ड्रग तस्करी और हथियारों के आरोपों में 45 साल की सजा मिली थी। ट्रंप ने सोशल मीडिया पर लिखे एक संदेश में कहा, हर्नांडेज के साथ 'कठोर और अनुचित बर्ताव' हुआ है। बता दें कि हर्नांडेज पर अमेरिका में कोकीन की तस्करी की साजिश का दोष साबित हुआ था। ट्रंप ने होंडुरास चुनाव में टिटो अस्फुरा का समर्थन किया था और चेतावनी दी थी कि गलत नेता बड़ा नुकसान करा सकता है। होंडुरास के मौजूदा राष्ट्रपति सियोमारा कास्त्रो ने अमेरिका के साथ सहयोग की नीति अपनाई है। इसमें प्रत्यर्पण और सैन्य समझौतों पर नरमी भी शामिल है।
विज्ञापन

इस्राइल सीमा पर लेबनानी सैनिकों की संख्या बढ़ाई गई, हिजबुल्ला की कई चौकियां ध्वस्त
लेबनान की सेना ने इस्राइल की सीमा से लगते क्षेत्रों में अपना अभियान तेज कर दिया है। इस्राइल और हिजबुल्ला के बीच 14 महीने तक युद्ध का केंद्र रहा यह क्षेत्र पहले हिजबुल्ला का गढ़ था। लितानी नदी के दक्षिण और सीमा के उत्तरी इलाके वाले इस क्षेत्र में लेबनानी सेना और संयुक्त राष्ट्र शांति सैनिकों का प्रवेश प्रतिबंधित था। युद्धविराम के बाद सेना ने यहां लगभग 10,000 सैनिक तैनात किए। तस्करी के लिए इस्तेमाल होने वाले 11 रास्ते बंद किए गए। लेबनान की सेना के अभियान तेज होने के बाद पत्रकारों को सीमा क्षेत्र का दौरा भी कराया गया। बता दें कि नवंबर 2024 से ही इस्राइल इन इलाकों में लगभग हर दिन हवाई हमले कर रहा है। हिजबुल्ला ने इस्राइली सेना के कब्जे वाले पांच पहाड़ी क्षेत्रों से सैनिकों की वापसी तक हथियार न छोड़ने की शर्त रखी है। इस कारण हालात संवेदनशील हैं।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें