फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

World Updates: मध्य कैलिफोर्निया में आग से 800 इमारतों को खतरा; पाकिस्तान में पीटीआई के नौ सांसद अयोग्य घोषित

Tue, 05 Aug 2025 10:32 PM IST
नितिन गौतम वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला
विज्ञापन
दुनिया की बड़ी खबरें - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स
विज्ञापन

मध्य कैलिफोर्निया के जंगल में लगी भीषण आग से 800 से अधिक इमारतें खतरे में हैं। लॉस पैड्रेस जंगल में लगी भीषण आग में कम से कम तीन लोग घायल हो गए हैं। अमेरिकी वन सेवा ने बताया कि गिफर्ड फायर ने तटीय सांता बारबरा और सैन लुइस ओबिस्पो काउंटी के 293 वर्ग किलोमीटर से अधिक क्षेत्र को झुलसा दिया है। तीन प्रतिशत क्षेत्र पर नियंत्रण कर लिया है। आग बुझाने के लिए 1900 से ज्यादा कर्मचारी काम कर रहे हैं। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। राष्ट्रीय मौसम सेवा ने चेतावनी दी है कि आग से अभी भी काफी धुआं निकल रहा है। यह दक्षिण-पश्चिम कैलिफोर्निया के कुछ हिस्सों को प्रभावित करेगा। धुआं स्वास्थ्य के लिए खतरा है। आग ने लगभग 872 इमारतों को खतरे में डाल दिया है। इसके चलते सांता बारबरा काउंटी में राजमार्ग को बंद करना पड़ा। 

विज्ञापन


पाक चुनाव आयोग ने इमरान खान की पार्टी के 9 सांसदों को अयोग्य घोषित किया
पाकिस्तान के चुनाव आयोग ने जेल में बंद पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान की पार्टी पाकिस्तान तहरीक ए इंसाफ (पीटीआई) के नौ सांसदों को अयोग्य घोषित कर दिया। ये सांसद 9 मई के दंगा मामले में दोषी ठहराए जाने के बाद अयोग्य घोषित किए गए हैं। दोषी ठहराए गए लोगों में नेशनल असेंबली में विपक्ष के नेता उमर अयूब खान और सीनेट में विपक्ष के नेता शिबली फ़राज़ शामिल हैं। संसद सदस्य जरताज गुल, हामिद रजा, शेख राशिद शफीक, कंवल शौजाब, फराह आगा, राय हैदर खराल और मुहम्मद अहमद चट्ठा को भी दोषी पाया गया। सभी नौ लोगों को 10 वर्ष के कठोर कारावास की सजा सुनाई गई।

हाउस कमेटी ने एपस्टीन की फाइलों, क्लिंटन और अन्य अधिकारियों के साथ हुई गवाही के लिए न्याय विभाग को भेजा समन
हाउस ओवरसाइट कमेटी ने जेफरी एपस्टीन की यौन तस्करी जांच से संबंधित फाइलों के लिए मंगलवार को न्याय विभाग को समन भेजा। इसके अलावा समिति ने पूर्व राष्ट्रपति बिल क्लिंटन, पूर्व विदेश मंत्री हिलेरी क्लिंटन और आठ पूर्व शीर्ष कानून प्रवर्तन अधिकारियों की गवाही के लिए भी समन जारी किए। समिति की कार्रवाई से साफ है कि सांसदों की एपस्टीन की फाइलों में काफी दिलचस्पी है। वहीं ट्रंप ने एपस्टीन के अपराधों के बारे में पहले से जानकारी होने से इनकार किया है और दावा किया है कि उन्होंने बहुत पहले ही उनसे रिश्ता तोड़ लिया था। उन्होंने बार-बार न्याय विभाग द्वारा जांच का पूरा ब्योरा जारी न करने के फैसले को टालने की कोशिश की है। सांसदों ने पूर्व एफबीआई निदेशकों जेम्स कॉमी और रॉबर्ट मुलर को भी समन भेजा है।
विज्ञापन


श्रीलंका के निलंबित पुलिस अफसर बर्खास्त
श्रीलंकाई संसद ने मंगलवार को निलंबित पुलिस प्रमुख देशबंधु तेनाकून को बर्खास्त करने के लिए मतदान किया। दिन भर चली बहस के बाद 177 सदस्यों ने उन्हें हटाने के पक्ष में मतदान किया जबकि एक सदस्य अनुपस्थित रहा। टेन्नाकून को उनके विरुद्ध लगाए गए 23 आरोपों में से 19 में दोषी पाया गया। मार्च में उन्हें हटाने के लिए संसद के 115 सदस्यों द्वारा एक प्रस्ताव पर हस्ताक्षर किए गए थे, जिसके बाद निलंबित पुलिस प्रमुख द्वारा सत्ता के दुरुपयोग की जांच के लिए अप्रैल में एक संसदीय समिति नियुक्त की गई थी। पिछले महीने जांच समिति ने उन्हें कदाचार और सत्ता के गंभीर दुरुपयोग का दोषी पाया और उन्हें हटाने की सिफारिश की।

भारत-फिलीपीन का दक्षिण चीन सागर में पहला साझा अभ्यास
चीन की नाक तले भारत और फिलीपीन की नौसेनाओं न दक्षिण चीन सागर में पहली बार एक साथ नौवहन अभ्यास शुरू किया है। सोमवार को अधिकारियों ने बताया कि फिलीपीन से विदेशी नौसेनाओं के साथ समुद्री सहगोगात्मक गतिविधियां संचालित की गई हैं जो जलमार्ग पर चीन के बढ़ते दावों का मुकाबला करने के प्रयासों का हिस्सा हैं। इस अभ्यास में संधि सहयोगी अमेरिका, जापान, ऑस्ट्रेलिया, फ्रांस और कनाडा के साझा नौवहन शामिल हैं। इस बीच, फिलीपीनी राष्ट्रपति फर्डिनेंड मार्कोस मनीला से नई दिल्ली की 5 दिनी राजकीय यात्रा पर रवाना हुए। फिलीपीन के सैन्य प्रमुख रोमियो ब्राउनर ने कहा, दो दिनी साझा नौवहन अभ्यास फिलीपीन के विशेष आर्थिक क्षेत्र के अंदर था। फिलहाल यहां कोई अप्रिय घटना नहीं हुई है।

भारत व अमेरिकी संबंधों में प्रवासी जीवंत पुल:  क्वात्रा
अमेरिका में भारत के राजदूत विनय मोहन क्वात्रा ने भारतीय-अमेरिकी समुदाय के प्रमुख सदस्यों के साथ बातचीत में प्रवासियों की भूमिका को जीवंत पुल बताया है। यह बातचीत न्यूयॉर्क स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास में हुई। इसमें न्यूयॉर्क, न्यूजर्सी, कनेक्टिकट और पेंसिल्वेनिया के प्रवासी भारतीय शामिल हुए। भारतीय राजदूत ने द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने में प्रवासियों की अहम भूमिका रेखांकित की है।

नए वाणिज्य दूतावास केंद्रों से होगा लाभ
क्वात्रा ने अमेरिका में शुक्रवार को खोले गए 8 नए भारतीय वाणिज्य दूतावास आवेदन केंद्रों का जिक्र करते हुए कहा, यह प्रवासियों की सेवा के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। शुक्रवार को बोस्टन, कोलंबस, डलास, डेट्रॉइट, एडिसन, ऑरलैंडो, रैले और सैन जोस में खोले गए इन केंद्रों का वर्चुअल उद्घाटन किया गया था। जल्द ही लॉस एंजिलिस में एक और केंद्र खुलेगा। अमेरिका में अब इन केंद्रों की कुल संख्या 17 हो गई है। इससे वीजा, पासपोर्ट और अन्य सेवाएं अब और सुलभ होंगी।

पीटीआई के विरोध के चलते रावलपिंडी में धारा 144 लागू

पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) द्वारा मंगलवार को देशव्यापी विरोध प्रदर्शनों की आशंका के चलते रावलपिंडी में सीआरपीसी की धारा 144 लागू कर दी गई है। देश में विरोध प्रदर्शनों का एक नया दौर शुरू हो गया है क्योंकि पीटीआी ने घोषणा की है कि वह इमरान खान की कैद के दो साल पूरे होने पर 5 अगस्त को पूरे पाकिस्तान में सड़कों पर उतरेगी और उनकी रिहाई और महंगाई से प्रभावित जनता के लिए राहत की मांग करेगी।

पाकिस्तानी मीडिया के अनुसार प्रतिबंध 4 अगस्त से 10 अगस्त तक प्रभावी रहेगा। इसके तहत सभी प्रकार की रैलियों, धरना-प्रदर्शनों, प्रदर्शनों और चार से अधिक लोगों के जमावड़े पर रोक रहेगी। अदियाला जेल प्रशासन ने भी जेल के बाहर पीटीआई समर्थकों के संभावित विरोध प्रदर्शन को रोकने के लिए अतिरिक्त सुरक्षा की मांग की।

ताइवान की सीमा में चीनी सैन्य विमानों ने फिर की घुसपैठ

ताइवान के रक्षा मंत्रालय (एमएनडी) ने अपने क्षेत्र के आसपास चीनी सेना पीएलए के विमानों, 5 पीएलएएन जहाजों और 1 आधिकारिक जहाज की 12 उड़ानें दर्ज कीं। एमएनडी ने एक्स पर एक पोस्ट में बताया कि '12 में से 8 उड़ानें मध्य रेखा को पार करके ताइवान के उत्तरी और पूर्वी एडीआईजेड में प्रवेश कर गईं। हमने स्थिति पर नजर रखी है और कार्रवाई की है।'

सोमवार को भी ताइवानी रक्षा मंत्रालय ने अपने क्षेत्र के आसपास पीएलए विमानों, छह पीएलएएन जहाजों और एक आधिकारिक जहाज की 5 उड़ानें देखीं। रविवार को भी चीन ने ऐसा ही किया था और ताइवान के क्षेत्र में घुसपैठ कर उसकी संप्रभुता को चुनौती दी थी। 

तिब्बत में लगे भूकंप के झटके

राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र (एनसीएस) के अनुसार, मंगलवार तड़के तिब्बत में 3.0 तीव्रता का भूकंप आया। एनसीएस के अनुसार, भूकंप भारतीय मानक समय (आईएसटी) के अनुसार 3:25 बजे, 10 किलोमीटर की गहराई पर आया। भूकंप के किसी तरह के जान माल के नुकसान की खबर नहीं हैं। 

अली लारीजानी बने ईरान की राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद के सचिव

ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियन ने अनुभवी राजनेता अली लारीजानी को सुप्रीम नेशनल सिक्योरिटी काउंसिल का नया सचिव नियुक्त किया है। लारीजानी इस पद पर पहले 2005 से 2007 तक दो साल तक रहे थे। वह जनरल अली अकबर अहमदियन की जगह लेंगे। 
वे ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई के सलाहकार रहे हैं। उन्होंने 2008 से 2020 तक संसद अध्यक्ष के रूप में भी कार्य किया।  

ईरान में एक दिन के लिए व्यापार और कार्यालय बंद करने का आदेश

ईरान में अधिकारियों ने देश के अधिकांश हिस्सों में सरकारी कार्यालयों और बैंकों को बुधवार को बंद करने का आदेश दिया। ऐसा इसलिए किया गया क्योंकि गर्मी बढ़ने और जल संकट के कारण बिजली ग्रिड पर दबाव बढ़ रहा है। राजधानी तेहरान में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच गया है। इसलिए अधिकारियों ने निवासियों से चरम गर्मी के दौरान बाहरी गतिविधियों से बचने और पानी व ऊर्जा बचाने का आग्रह किया है।
विज्ञापन

बांग्लादेश के पूर्व सेना प्रमुख मृत मिले
बांग्लादेश के पूर्व सेना प्रमुख लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) एम हारुन-अर-रशीद सोमवार को चटगांव क्लब के एक कमरे में मृत पाए गए। ढाका ट्रिब्यून अखबार ने पुलिस के हवाले से बताया कि 77 वर्षीय हारुन रविवार को अदालत की सुनवाई में शामिल होने के लिए ढाका से चटगांव पहुंचे थे।

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, डेस्टिनी ग्रुप के एक वरिष्ठ अधिकारी ने उनकी मृत्यु की पुष्टि की है, जिसके अध्यक्ष सेवानिवृत्त लेफ्टिनेंट जनरल थे। जब वह निर्धारित समय पर अदालत में पेश नहीं हुए और उन्होंने फोन कॉल का भी जवाब नहीं दिया तो उनकी तलाश शुरू हुई। क्लब के अधिकारी उनके कमरे में गए तो वह मृत मिले। हारुन 2000 से 2002 तक बांग्लादेश के सेना प्रमुख थे। डेस्टिनी समूह से जुड़े वित्तीय अनियमितता के मामले में वह कोर्ट में पेश होने आए थे। उनकी मौत की वजह अभी साफ नहीं हो पाई है। ब्रेन हेमरेज से मौत की आशंका जताई जा रही है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें