सूर्य किरण अभ्यास में भाग लेने भारतीय टुकड़ी नेपाल रवाना
सलझंडी में 29 दिसंबर से 13 जनवरी तक आयोजित होने वाले भारत-नेपाल संयुक्त सैन्य अभ्यास सूर्य किरण में भाग लेने के लिए भारतीय सेना की 300 से अधिक कर्मियों वाली टुकड़ी शनिवार को नेपाल के लिए रवाना हुई। अभ्यास का उद्देश्य दोनों देशों के सर्वोत्तम सैनिक प्रथाओं को साझा करना, अंतरसंचालनीयता बढ़ाना और संयुक्त अभियानों के संचालन में मजबूत सहयोग को बढ़ावा देने के काबिल बनाना है। यह एक वार्षिक प्रशिक्षण कार्यक्रम है, जो दोनों देशों में बारी-बारी से आयोजित किया जाता है। भारतीय सेना का प्रतिनिधित्व 11वीं गोरखा राइफल्स की बटालियन और नेपाल सेना की टुकड़ी का प्रतिनिधित्व श्रीजंग बटालियन करेगी। अतिरिक्त सार्वजनिक सूचना महानिदेशालय ने कहा, अभ्यास के तहत दोनों देशों की सैन्य टुकड़ियां जंगल में युद्ध, पर्वतों में आतंक-रोधी अभियान आदि आयोजित करेंगी।
भारत से पेट्रोल व केरोसिन आयात परीक्षण नेपाल में शुरू
बुनियादी ढांचे में विस्तार के पूरा होने के बाद मोतीहारी-अमलेखगंज पाइपलाइन के माध्यम से भारत से पेट्रोलियम उत्पादों को आयात करने का परीक्षण शनिवार से शुरू हो गया है। पाइपलाइन जो पहले नेपाल को केवल डीजल की आपूर्ति करती रही है, ने शनिवार को भारत से केरोसिन और पेट्रोल के आयात के लिए परीक्षण शुरू किया। पेट्रोलियम उत्पादों का नियमित आयात शुरू में जनवरी 2025 में शुरू होने वाला था, इसमें मामूली देरी की आशंका है क्योंकि अंतिम तैयारी चल रही है। अमलेखगंज में नेपाल ऑयल कॉरपोरेशन (एनओसी) के मधेश प्रांतीय कार्यालय के प्रमुख प्रलयंकर आचार्य ने परीक्षण की प्रगति की पुष्टि की।
नाइजीरिया में हवाई हमले के दौरान गलती से 10 आम लोग मरे
नाइजीरिया में हथियारबंद समूह को निशाना बनाकर किए गए हवाई हमले के दौरान चूक हो जाने के कारण 10 असैन्य (आम) नागरिकों की मौत हो गई। नाइजीरियाई रक्षा प्रवक्ता एडवर्ड बूबा ने इसकी पुष्टि भी की। इससे पहले प्रांतीय सरकार ने कहा था कि क्षेत्र से चरमपंथियों को खदेड़ने के दौरान वायुसेना ने गलती से ग्रामीणों पर बम गिरा दिए। बूबा ने कहा कि लकुरावा चरमपंथियों पर प्रत्यक्ष रूप से हमला किया गया और आम लोगों की मौत हमले के बाद हुए अन्य विस्फोटों के कारण हुई।
श्रीराम कृष्णन पर नस्ली हमलों की प्रवासी समूह ने की निंदा
भारतीय प्रवासी समूह ने नव निर्वाचित राष्ट्रपति ट्रंप दवारा एआई सलाहकार चुने गए श्रीराम कृष्णन पर हुए नस्लवादी हमलों की कड़ी निंदा की है। समूह ने शनिवार को मीडिया एडवाइजरी जारी कर कहा, श्रीराम कृष्णन नस्ली हमलों का निशाना बन गए हैं। हमारे यहां द्वेषपूर्ण, प्रतिशोधी, नस्ली व निजी आक्षेपों की कोई जगह नहीं है। संगठन ने कहा, हम इस अहम पद पर श्रीराम के चुने जाने का मजबूती से समर्थन करते हैं, क्योंकि हमें विश्वास है कि वह अमेरिका की अच्छे से सेवा करेंगे।
चीन में भ्रष्टाचारियों के लिए 200 नए हिरासत केंद्र
चीन ने राष्ट्रपति शी जिनपिंग के व्यापक भ्रष्टाचार विरोधी अभियान को देखते हुए संदिग्धों से पूछताछ के लिए देशभर में 200 से अधिक विशेष हिरासत केंद्र बनाए गए हैं। यह कदम सार्वजनिक क्षेत्रों में भ्रष्टाचार के खिलाफ मुहिम को विस्तार देने के प्रयासों का हिस्सा है।
चीन के जासूसी अभियान की शिकार हुई नौवीं अमेरिकी टेलीकॉम कंपनी
चीन अपना जासूसी अभियान किस तरह अंतरराष्ट्रीय स्तर पर फैला रहा है इसका ताजा उदाहरण अमेरिकी दूरसंचार कंपनी की हैकिंग से पता चलता है। व्हाइट हाउस की शीर्ष अधिकारी ऐनी न्यूबर्गर ने कहा कि नौवीं अमेरिकी दूरसंचार कंपनी को चीनी जासूसी अभियान के तहत हैक कर लिया गया है। इससे बीजिंग में बैठे अधिकारियों को अज्ञात संख्या में अमेरिकियों के निजी संदेशों और फोन पर हुई बातचीत के बारे में जानकारी मिल गई है। बाइडन प्रशासन के अधिकारियों ने इस महीने कहा था कि कम से कम आठ दूरसंचार कंपनियां और दर्जनों देश ‘साल्ट टाइफून’ के नाम से जाने जाने वाले चीनी हैकिंग हमले से प्रभावित हुए हैं।
पाकिस्तान में आत्मघाती कार बम विस्फोट में तीन सुरक्षाकर्मी घायल
उत्तर पश्चिमी पाकिस्तान में फ्रंटियर कोर चेक पोस्ट के पास एक आत्मघाती हमलावर ने विस्फोटकों से भरे वाहन में विस्फोट कर दिया, जिससे तीन सुरक्षाकर्मी घायल हो गए। सुरक्षा अधिकारियों ने बताया कि घटना शनिवार को खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के टैंक जिले में हुई। अधिकारियों ने बताया कि हमलावर ने विस्फोटकों से भरी गाड़ी को फ्रंटियर कोर चेक पोस्ट के पास उड़ाया, लेकिन सुरक्षा बलों ने उसे चौकी तक पहुंचने से पहले ही रोक लिया। अधिकारियों के अनुसार, एक दर्जन से अधिक आतंकवादियों ने इस चौकी पर हमला किया, लेकिन सुरक्षा बलों ने उनकी कोशिश को सफलतापूर्वक नाकाम कर दिया। एक अधिकारी ने बताया कि यह चौकी को तोड़ने का प्रयास था, जिसे विफल कर दिया गया।